मध्य प्रदेश: भिंड-ग्वालियर हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत

इमेज स्रोत, Getty Images
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में आठ मज़दूरों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, हादसा भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे पर छिमका गांव के पास रात को करीब एक बजे हुआ.
पुलिस के मुताबिक़, मज़दूर धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद ग्वालियर से उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी पिकअप गाड़ी की सामने से आ रहे डंपर ट्रक से ज़ोरदार टक्कर हो गई.
गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने बताया, "शुरुआती जांच में सामने आया है कि हाईवे पर बैठे मवेशियों को बचाने की कोशिश में पिकअप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद पिकअप गलत दिशा में चली गई और सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई."
हादसे में पांच मज़दूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने वाहन में फंसे मज़दूरों को बाहर निकाला.
गंभीर रूप से घायल मज़दूरों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है.












