रॉबर्ट पैटिनसन बनेंगे नए जेम्स बॉन्ड, कहा- 'ये कहना भी कम कि सपना सच हुआ'
इमेज स्रोत, 007/INSTAGRAM
रॉबर्ट पैटिनसन को जेम्स बॉन्ड की भूमिका के लिए चुना गया है. सोशल मीडिया पर अभिनेता की इस भूमिका में एक तस्वीर जारी की गई है.
40 वर्षीय ब्रिटिश अभिनेता ने एक बयान में कहा, "यह भूमिका मिलना मेरे सपने के सच होने जैसा है. हालांकि, यह कहना भी कम होगा."
पैटिनसन आधिकारिक फ़िल्म सिरीज़ में जेम्स बॉन्ड की भूमिका निभाने वाले सातवें अभिनेता होंगे. सिनेमा की दुनिया में यह सबसे बड़ी भूमिकाओं में से एक है.
'पीकी ब्लाइंडर्स' के निर्माता स्टीवन नाइट नई फ़िल्म की पटकथा लिख रहे हैं, जबकि डेनिस विलेन्यूव इसका निर्देशन करेंगे.
फ़िल्म की रिलीज़ की तारीख़ अभी तय नहीं हुई है.
मई में अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज़ ने फ्रेंचाइज़ी का नियंत्रण अपने हाथ में लेने के बाद घोषणा की थी कि जेम्स बॉन्ड की भूमिका के लिए कलाकारों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है.
डेनियल क्रेग की जगह कौन लेगा, इसे लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं.
ख़बरों के मुताबिक, जोश ओ'कॉनर, कैलम टर्नर और जैक लोडेन उन अभिनेताओं में शामिल थे, जिन्होंने आखिरी दौर के स्क्रीन टेस्ट दिए थे.
ट्रंप ने कहा- 'जेनसन हुआंग को उनका पद वापस मिल जाए तो मुझे कोई आपत्ति नहीं', माइकल रेस, बिज़नेस रिपोर्टर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सितंबर 2026 में एक मुलाक़ात के दौरान जेनसन हुआंग (बाएं) और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर एनवीडिया के पूर्वसीईओ जेनसन हुआंग को उनका पद वापस मिल जाता है, तो उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं होगी.
हुआंग के सहयोगी भी उन्हें दोबारा इस पद पर बहाल करने की मांग कर रहे हैं.
एआई चिप बनाने वाली दिग्गज कंपनी एनवीडिया के प्रमुख पद से हुआंग ने पिछले हफ्ते इस्तीफ़ा दे दिया था.
यह फ़ैसला उनके दो महिलाओं के साथ कथित संबंधों का खुलासा होने के बाद आया.
इनमें से एक महिला पर चीन के लिए जासूसी करने का संदेह है, जबकि दूसरी के बारे में दावा किया गया है कि वह एनवीडिया की ही एक कर्मचारी थीं.
इस घटनाक्रम से दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल एनवीडिया संकट में घिर गई है.
कंपनी एआई उद्योग और उसके तेजी से हो रहे विस्तार में अहम भूमिका निभाती है.
हालांकि, अब स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क और फोर्टनाइट गेम बनाने वाली कंपनी एपिक गेम्स के सीईओ टिम स्वीनी समेत कई दिग्गज कारोबारी हुआंग की वापसी के समर्थन में सामने आए हैं.
उन्होंने एनवीडिया के निदेशक मंडल से अपील की है कि वह हुआंग को दोबारा कंपनी का प्रमुख बनाए.
हुआंग को पद पर बहाल करने की मांग वाली एक खुली चिट्ठी पर 1,75,000 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं. इसमें कंपनी के निदेशक मंडल से अपील की गई है कि आंतरिक जांच पूरी होने तक हुआंग को फिर से सीईओ बनाया जाए.
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को हुआंग के भविष्य को लेकर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि अगर पूर्व सीईओ को उनका पद वापस मिल जाता है, तो उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं होगी.
व्हाइट हाउस से निकलते समय पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, "मेरा मानना है कि शायद एक सबक दूसरे से ज्यादा अहम है, लेकिन उन्हें दोबारा पद पर देखना मुझे निश्चित रूप से बुरा नहीं लगेगा."
पिछले सप्ताह हुआंग के पद छोड़ने के बाद कोलेट क्रेस को एनवीडिया का अंतरिम सीईओ बनाया गया था.
वह पहले से ही कंपनी की कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफ़ओ) के पद पर थीं.
आर्थिक सहयोग संगठन की बैठक में मिले पाकिस्तान और ईरान के विदेश मंत्री, क्या कहा
इमेज स्रोत, PAKISTAN FORIEGN OFFICE
इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची (बाएं) और पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक डार इस्लामाबाद में एक मुलाक़ात के दौरान
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक डार ने इस्लामाबाद में आर्थिक सहयोग संगठन (ईसीओ) की विदेश मंत्रियों की परिषद की 30वीं बैठक के दौरान ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची से मुलाक़ात की.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के मुताबिक़, बैठक में दोनों नेताओं ने पाकिस्तान और ईरान के बीच द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय स्थिति और आपसी हित के अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की.
विदेश कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक़ बैठक के दौरान इसहाक डार ने इस बात पर जोर दिया कि समस्याओं को हल करने, तनाव को कम करने और क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता के लिए बातचीत ही एक मात्र तरीका है.
दोनों विदेश मंत्रियों ने पाकिस्तान और ईरान के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया.
इस मौके पर ईरानी विदेश मंत्री ने ईसीओ शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी के लिए पाकिस्तान को बधाई भी दी.
यूरोपियन यूनियन से ब्रिटेन के अलग होने पर अफ़सोस जता सकते हैं पीएम बर्नहैम, बेकी मॉर्टन, राजनीतिक संवाददाता
इमेज स्रोत, Tobias Schwarz / AFP via Getty Images
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम इस हफ़्ते ब्रिटेन और यूरोपियन यूनियन (ईयू) के बीच होने वाले शिखर सम्मेलन से पहले एक भाषण में कह सकते हैं कि यूरोपियन यूनियन से अलग होने (ब्रेक्ज़िट) के बाद ब्रिटेन को फ़ायदे से ज्यादा नुक़सान हुआ है.
सोमवार को लॉर्ड मेयर के भोज में अपने संबोधन के दौरान बर्नहैम ब्रिटेन के ब्रेक्ज़िट समझौते की तुलना 'बादशाह के नए कपड़े' वाली कहानी से करेंगे. वह कहेंगे कि बिना किसी ज़रूरत के यूरोपियन यूनियन से अलग होने के कड़े फ़ैसले ने कारोबारियों के लिए बाधाएं पैदा कीं और 'नियंत्रण वापस लेने' का वादा भी पूरा नहीं हुआ.
शुक्रवार को होने वाले शिखर सम्मेलन में उन्हें यूरोपियन यूनियन के साथ खाद्य पदार्थों, ऊर्जा और युवाओं की आवाजाही से जुड़े नए समझौतों पर हस्ताक्षर करने हैं. इन समझौतों की रूपरेखा उनके पूर्ववर्ती कीर स्टार्मर ने तय की थी.
कंज़र्वेटिव पार्टी ने आरोप लगाया है कि लेबर पार्टी 'पिछले दरवाज़े से हमें यूरोपियन यूनियन में वापस ले जा रही है.
अलग से, बर्नहम ने कहा है कि वह यूरोपियन यूनियन के साथ ब्रिटेन के दीर्घकालीन संबंधों के अलग-अलग विकल्पों के फायदे और नुकसान पर विचार करना चाहते हैं.
विदेश मंत्री एड मिलिबैंड ने बीबीसी को बताया कि प्रधानमंत्री ब्रिटेन-यूरोपियन यूनियन के बाद इन संभावित विकल्पों की रूपरेखा पेश करेंगे.
हालांकि, बर्नहैम ने अगले आम चुनाव से पहले बड़े बदलावों की संभावना से इनकार किया है.
सोमवार को बर्नहैम अपने भाषण में कह सकते हैं, "यह बिल्कुल 'बादशाह के नए कपड़े' वाली कहानी जैसा है, जहां कोई भी साफ-साफ सच बोलने को तैयार नहीं है. लेकिन मैं जो देखता हूं, वही कहता हूं. और सच तो यह है कि बादशाह के पास पहनने के लिए कुछ भी नहीं है."
शेख़ हसीना की वापसी पर अड़ी सरकार? ,सड़कों पर क्यों उतरे समर्थक? | 16 नवंबर, 2026 | दिनभर
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
ईयू के पांच देश प्रवासियों को भेजने के लिए रवांडा में बना सकते हैं 'रिटर्न हब', ओलिविया आयरलैंड और बेथनी बेल, वियना
इमेज स्रोत, Reuters
राजनयिक सूत्रों के मुताबिक़, यूरोपियन यूनियन के पांच देश अफ़्रीकी देश रवांडा में प्रवासियों को वापस भेजने के लिए एक सेंटर बनाने की घोषणा कर सकते हैं.
यह कदम प्रवासियों के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज करने और अनियमित इमिग्रेशन पर रोक लगाने की व्यापक कोशिश का हिस्सा है.
जर्मनी, डेनमार्क, ऑस्ट्रिया, ग्रीस और नीदरलैंड ने सितंबर में कहा था कि वे यूरोपियन यूनियन से बाहर किसी देश के साथ एक समझौते की दिशा में काम कर रहे हैं.
इसके तहत प्रवासियों को वापस भेजने के लिए केंद्र (रिटर्न हब) बनाए जाने हैं.
अगस्त में रवांडा ने कहा था कि उसने कई यूरोपीय देशों के साथ इस बारे में शुरुआती बातचीत की है.
समझा जाता है कि यह योजना सिर्फ उन शरणार्थियों पर लागू होगी, जिनके पास यूरोपियन यूनियन में रहने के लिए कानूनी विकल्प खत्म हो चुके हैं. यह ब्रिटेन की उस रद्द की जा चुकी योजना से अलग है, जिसके तहत प्रवासियों को उनके शरण के दावों पर विचार करने के लिए रवांडा भेजा जाना था.
कानूनी चुनौतियों के कारण ब्रिटेन की यह योजना कभी लागू नहीं हो सकी. 2024 में सत्ता में आई लेबर पार्टी की सरकार ने इसे रद्द कर दिया था.
पांचों यूरोपीय देशों का कहना है कि प्रवासियों को दूसरे देश भेजने की यह योजना यूरोपियन यूनियन और अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों के अनुरूप है. हालांकि, मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि इससे प्रवासियों के अधिकारों का उल्लंघन हो सकता है.
यह समझौता यूरोपियन यूनियन के हालिया सुधारों के बाद हुआ है, जिनमें संघ से बाहर ऐसे केंद्र बनाने की अनुमति दी गई है.
कार्टून: राजनीति का चमत्कार
इमेज कैप्शन, दिल्ली में प्रदूषण पर जारी राजनीति पर आज का कार्टून
पाकिस्तान: सुप्रीम कोर्ट को इमरान ख़ान की चिट्ठी, कहा- मेरी और पत्नी की मेडिकल हालत पर ध्यान दें, शहजाद मलिक, बीबीसी उर्दू, इस्लामाबाद
इमेज स्रोत, Getty Images
रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने अपने वकील के ज़रिये सुप्रीम कोर्ट, फेडरल संवैधानिक कोर्ट और इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को एक चिट्ठी लिखकर अपनी और पत्नी बुशरा बीबी की मेडिकल स्थिति पर ध्यान देने की अपील की है.
इमरान ख़ान ने इस पत्र में लिखा है उनके जीवन और स्वास्थ्य को गंभीर ख़तरा है.
वहीं दूसरी ओर, उनकी पत्नी ने अपने वकीलों के माध्यम से इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर अस्पताल में भर्ती होने की मांग की है.
इमरान ख़ान को 10 और 11 नवंबर की रात को इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) अस्पताल में भी लाया गया था.
प्रशासन के मुताबिक़ वहां उनकी मेडिकल जांच की गई और आंखों के इलाज का फॉलो-अप किया गया.
दूसरी ओर पाकिस्तान सरकार ने बार-बार दावा किया है कि पूर्व प्रधानमंत्री, जो अपनी दाहिनी आंख में सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन से पीड़ित थे, को जेल में बेहतरीन चिकित्सा सुविधा दी गई. उन्हें समय पर उपचार देने में कोई कमी नहीं की गई.
जय शाह के दोबारा आईसीसी का चेयरमैन बनने पर शाहरुख़ ख़ान ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Photo by Prodip Guha/Getty Images
इमेज कैप्शन, शाहरुख़ ख़ान ने जय शाह को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल का दूसरी बार चेयरमैन बनने पर बधाई दी है (फ़ाइल फ़ोटो)
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख ख़ान ने दूसरी बार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) का चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह को बधाई दी है.
''2028 ओलंपिक क्रिकेट के लिए एक अहम पड़ाव होगा. इससे ख़ासकर अमेरिका में क्रिकेट के विस्तार और विकास को नई गति मिलेगी.''
''ढेर सारा प्यार और आपकी आगे की जिम्मेदारियों के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं!''
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल ने जय शाह को दूसरी बार अपना चेयरमैन नियुक्त किया है. उन्हें निर्विरोध इस पद के लिए चुना गया है.
आईसीसी ने बताया कि बाली में हुई बोर्ड और कमेटी की बैठकों में आईसीसी निदेशकों ने जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव रखा था.
आईसीसी बोर्ड का कहना है कि यह फ़ैसला जय शाह के नेतृत्व पर उसके भरोसे को दिखाता है. साथ ही, इससे क्रिकेट के भविष्य की योजनाओं को आगे बढ़ाने में निरंतरता बनी रहेगी.
जय शाह ने कहा, "आईसीसी बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उससे मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं. मैं सभी निदेशकों का उनके लगातार भरोसे और समर्थन के लिए आभारी हूं."
"आईसीसी चेयरमैन के तौर पर काम करना मेरे लिए सम्मान की बात है और इसके साथ एक ज़िम्मेदारी भी जुड़ी है."
बांग्लादेश : शेख़ हसीना के गृह जिले गोपालगंज में हालात अब भी सामान्य नहीं, तारेकुज्जमान शिमुल, बीबीसी न्यूज़ बांग्ला
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, गोपालगंज में 15 नवंबर के हिंसक प्रदर्शन के बाद वहां हालात अब भी सामान्य नहीं
बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में प्रतिबंधित अवामी लीग और उसके विभिन्न संबद्ध संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से विरोध प्रदर्शनों और हिंसा के बाद हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए हैं.
हालांकि सोमवार को विरोध प्रदर्शन या हिंसा की कोई नई घटना नहीं हुई, लेकिन गोपालगंज जिले भर में स्थिति तनावपूर्ण बताई जा रही है.
अहम चौराहों और सड़कों पर पुलिस, एसआरबी और समेत सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है.
स्थानीय पत्रकारों ने बताया कि आम लोग जरूरी न होने पर ही घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं.
इस बीच, रविवार को घरों और दुकानों पर हुए हमलों और तोड़फोड़ को लेकर स्थानीय बीएनपी नेताओं और कार्यकर्ताओं में चिंता देखी जा रही है.
जिला बीएनपी नेताओं ने कहा कि हमलों के डर से उनमें से कई लोग सुरक्षित जगहों की तलाश में अपने घर छोड़कर चले गए हैं.
इमेज स्रोत, CHOUDHARY HASAN MEHMOOD
इमेज कैप्शन, 15 नवंबर को गोपालगंज में अवामी लीग के समर्थकों का प्रदर्शन
15 नवंबर को शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के नेताओं और समर्थकों की ओर से गोपालगंज में हिंसा और प्रदर्शन के बाद पुलिस उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को उनके पद से हटा दिया है.
सरकार ने उस दिन उनकी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा रखा था.
लाल सागर के अहम समुद्री मार्ग के पास से यमन की सेना पीछे हटी, हूती विद्रोहियों का कब्जा, केटी वाटसन यरुशलम और ओलिविया आयरलैंड
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, सरकार समर्थक सेना ने कहा कि अस्थायी राजधानी अदन की रक्षा के लिए सैनिकों को दूसरी जगह तैनात किया जा रहा है (फ़ाइल फ़ोटो).
यमन की सरकार समर्थक सेना ने कहा है कि वह रणनीतिक रूप से अहम बाब अल-मंदेब स्ट्रेट के पास स्थित एक इलाके से पीछे हट रही है.
अब इस इलाके पर ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों का नियंत्रण हो गया है.
यमन की सेना ने कहा कि वह लाल सागर के दक्षिणी छोर पर स्थित इस अहम समुद्री मार्ग से अपने सैनिकों को हटाकर अस्थायी राजधानी अदन की रक्षा के लिए तैनात कर रही है.
इस फैसले के साथ ही इस इलाके पर नियंत्रण हासिल करने के लिए कई हफ्तों से चल रहा सैन्य अभियान खत्म हो गया है.
सितंबर में हूती विद्रोहियों ने अचानक हमला करके इस इलाके पर कब्जा कर लिया था.
इसके कारण दुनिया के अलग-अलग देशों को तेल निर्यात प्रभावित हुआ और हजारों लोगों को अपना घर छोड़कर भागना पड़ा.
रविवार को बाद में हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले मीडिया ने ख़बर दी कि समूह ने इस पूरे इलाके पर कब्जा कर लिया है.
सऊदी अरब ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है.
अखिलेश ने कहा- 'बीजेपी आरक्षण ख़त्म करना चाहती है, जाति जनगणना कराए'
इमेज स्रोत, Deepak Gupta/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने कहा है कि बीजेपी आरक्षण ख़त्म करने में लगी हुई है
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नज़दीक आते ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज़ हो गया है.
समाजवादी पार्टी के प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यंमत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी आरक्षण ख़त्म करना चाहती है.
उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा, ''देश जाति जनगणना मांग रहा है, जाति जनगणना होगी तो सामाजिक न्याय का रास्ता खुलेगा.''
उन्होंने कहा, ''भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है जिसने लेटरल एंट्री से आरक्षण छीना है. इसने नौकरियों में आरक्षण छीना है और 26 हजार से ज़्यादा स्कूल बंद कर दिए हैं. जो सरकारी नौकरियां मिलनी चाहिए थी उनके पेपर लीक करा दिए.''
अखिलेश यादव ने कहा, ''ये वो सरकार है जो सामाजिक न्याय के राज के रास्ते पर नहीं चलना चाहती. उनसे क्या उम्मीद करेंगे. वो किस बात की गिनती कर रहे हैं. सरकार जाति जनगणना कराए और आबादी के हिसाब से सबको सम्मान और हक दिला दें.''
उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होंगे. ऐसी ख़बरें हैं कि दिसंबर के आख़िर में चुनावों की घोषणा हो सकती है.
ईरानी नौसेना का दावा, होर्मुज़ स्ट्रेट में एक और तेल टैंकर बारूदी सुरंग से टकराया
इमेज कैप्शन, ईरानी नौसेना का कहना है कि वह होर्मुज़ के पूरब में जहाज़ों की आवाजाही पर लगातार नज़र रख रही है, यह तस्वीर 4 मई 2026 की है
ईरानी नौसेना ने दावा किया है कि होर्मुज़ स्ट्रेट में एक और तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, ईरानी नौसेना ने बयान जारी कर बताया कि यह घटना सोमवार सुबह होर्मुज़ के पूरब में एक सीमित समुद्री क्षेत्र में हुई.
बयान में जहाज़ को 'नियमों का उल्लंघन करने वाला' बताया गया है.
ईरानी नौसेना का कहना है कि वह होर्मुज़ के पूरब में जहाज़ों की आवाजाही पर लगातार नज़र रख रही है और इस पर उसका कंट्रोल है.
इससे पहले, इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया था कि होर्मुज़ स्ट्रेट में दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए थे.
आईआरजीसी के मुताबिक़, रविवार से अब तक होर्मुज़ में छह तेल टैंकरों में आग लग चुकी है.
अभी तक बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.
ह्यूमन राइट्स एंड रिलीजियस फ्रीडम जर्नलिस्ट अवॉर्ड्स में बीबीसी हिन्दी की स्टोरी विजेता घोषित
इमेज स्रोत, BBC/SERAJ ALI
इमेज कैप्शन, बस्तर के जंगलों में गश्त लगाते छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान
ह्यूमन राइट्स एंड रिलीजियस फ्रीडम जर्नलिस्ट (HRRFJ) अवॉर्ड्स 2026 की 'बेस्ट वीडियो स्टोरी ऑन ह्यूमन राइट्स एंड रिलिजियस फ़्रीडम' कैटेगरी में बीबीसी हिन्दी की वीडियो स्टोरी को विजेता घोषित किया गया है.
बीबीसी के जुगल पुरोहित और सेराज अली ने इस स्टोरी में छत्तीसगढ़ के जंगलों तक विशेष पहुंच के ज़रिए यह दिखाया था कि माओवादी विद्रोहियों के ख़िलाफ़ ज़िला रिज़र्व गार्ड (डीआरजी) को किस तरह तैनात किया जा रहा था. साथ ही इसमें आदिवासियों का हाल भी बताया गया था.
इसके अलावा बीबीसी न्यूज़ मराठी की एक वीडियो स्टोरी 'बेस्ट स्टोरी ऑन ह्यूमन सोलिडेरिटी' कैटेगरी के फाइनलिस्ट में जगह बनाने में कामयाब रही. श्रीकांत बंगाले की ये स्टोरी उस गांव के बारे में है, जिसने जाति-मुक्त समाज के पक्ष में प्रस्ताव पारित किया था.
तालिबान ने कंधार में रेडियो स्टेशनों को क्रिकेट से जुड़ी ख़बरें प्रसारित करने से रोका
इमेज स्रोत, Patrick AVENTURIER/Gamma-Rapho via Getty Images
इमेज कैप्शन, कंधार तालिबान नेता मुल्ला हैबतुल्लाह अख़ुंदज़ादा का गृह नगर है (फ़ाइल फ़ोटो)
अफ़ग़ानिस्तान के कंधार में तालिबान सरकार के अधिकारियों ने रेडियो स्टेशनों को क्रिकेट से जुड़ी कोई भी सामग्री प्रसारित करने से रोक दिया है.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, समाचार एजेंसी एएफ़पी ने बताया है कि दो रेडियो स्टेशनों के अधिकारियों और प्रांतीय सूत्रों ने रविवार को इस पाबंदी की पुष्टि की.
कंधार तालिबान नेता मुल्ला हैबतुल्लाह अख़ुंदज़ादा का गृह नगर है. तालिबान सरकार इससे पहले क्रिकेट का समर्थन करती रही है.
सत्ता में वापसी की सालगिरह के मौक़े पर क्रिकेट मैच भी आयोजित कराए जा चुके हैं.
एएफ़पी के मुताबिक़, कंधार के सूचना और संस्कृति विभाग ने शनिवार को रेडियो स्टेशनों को बताया कि वे अब क्रिकेट से जुड़ी कोई सामग्री प्रसारित नहीं कर सकते.
विभाग के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर एएफ़पी से इस पाबंदी की पुष्टि की.
उनके मुताबिक़, सिर्फ़ मैचों की कमेंट्री ही नहीं, बल्कि क्रिकेट की ख़बरें और मैचों में जीत से जुड़ी रिपोर्ट प्रसारित करने पर भी रोक लगाई गई है.
इमेज स्रोत, Sanaullah SEIAM / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, 15 सितंबर, 2026 को अफ़ग़ानिस्तान के कंधार प्रांत के स्पिन बोल्दक ज़िले में सड़क पर क्रिकेट खेलते अफ़ग़ानी लड़के
एक स्थानीय रेडियो स्टेशन के प्रमुख ने एएफ़पी को बताया कि उन्हें सूचना और संस्कृति विभाग की ओर से फ़ोन आया था. उनसे कहा गया कि वे अब रेडियो पर क्रिकेट की कवरेज नहीं कर सकते.
इस पाबंदी की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. हालांकि, यह ऐसे समय में आई है जब अफ़ग़ानिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीम संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शहर शारजाह में ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ दूसरा टेस्ट मैच खेल रही है.
तालिबान सरकार अफ़ग़ानिस्तान में एमएमए समेत कुछ मार्शल आर्ट्स और खेल गतिविधियों पर पाबंदी लगा चुकी है. हालांकि, लड़कों को क्रिकेट खेलने की अनुमति है.
दूसरी ओर, महिलाओं और लड़कियों को खेलों में हिस्सा लेने और स्पोर्ट्स क्लब जाने की अनुमति नहीं है.
मिडिल ईस्ट में अमेरिका के तीन एयरक्राफ़्ट कैरियर एक साथ तैनात
इमेज स्रोत, Kevin Carter/Getty Images
इमेज कैप्शन, एयरक्राफ़्ट कैरियर के कॉम्बैट ग्रुप एक तय व्यवस्था के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी तैनाती की जगह बदलते रहते हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में एक और एयरक्राफ़्ट कैरियर 'यूएसएस थियोडोर रूज़वेल्ट' तैनात किया है. बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़,अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने यह जानकारी सीबीएस न्यूज़ को दी है.
इस क्षेत्र में पहले से ही अमेरिका के दो अन्य एयरक्राफ़्ट कैरियर 'यूएसएस जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश' और 'यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन' मौजूद हैं.
हालांकि, इन तीनों एयरक्राफ़्ट कैरियर की एक साथ मौजूदगी अस्थायी रहने की संभावना है.
ऐसा इसलिए है क्योंकि एयरक्राफ़्ट कैरियर के कॉम्बैट ग्रुप एक तय व्यवस्था के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी तैनाती की जगह बदलते रहते हैं.
जय शाह फिर बने आईसीसी चेयरमैन, निर्विरोध चुने गए
इमेज स्रोत, Gareth Copley/Getty Images
इमेज कैप्शन, आईसीसी बोर्ड का कहना है कि यह फ़ैसला जय शाह के नेतृत्व पर उसके भरोसे को दिखाता है (फ़ाइल फ़ोटो)
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने जय शाह को दूसरी बार अपना चेयरमैन नियुक्त किया है. उन्हें निर्विरोध इस पद के लिए चुना गया है.
आईसीसी ने बताया कि बाली में हुई बोर्ड और कमेटी की बैठकों में आईसीसी निदेशकों ने जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव रखा था.
आईसीसी बोर्ड का कहना है कि यह फ़ैसला जय शाह के नेतृत्व पर उसके भरोसे को दिखाता है. साथ ही, इससे क्रिकेट के भविष्य की योजनाओं को आगे बढ़ाने में निरंतरता बनी रहेगी.
जय शाह ने कहा, "आईसीसी बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उससे मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं. मैं सभी निदेशकों का उनके लगातार भरोसे और समर्थन के लिए आभारी हूं."
"आईसीसी चेयरमैन के तौर पर काम करना मेरे लिए सम्मान की बात है और इसके साथ एक ज़िम्मेदारी भी जुड़ी है."
38 साल के जय शाह इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव थे. उन्होंने दिसंबर 2024 में आईसीसी चेयरमैन का पद संभाला था.
प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन भारत पहुंचे, पीएम मोदी से करेंगे मुलाक़ात, डेनिएला रेल्फ़, सीनियर रॉयल संवाददाता, मुंबई
इमेज स्रोत, Chris Jackson/Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रिंस विलियम और प्रिंसेज़ चार साल बाद पहली बार एक साथ आधिकारिक विदेश दौरे पर आए हैं
चार साल में पहली बार ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी प्रिंसेज़ कैथरीन एक साथ आधिकारिक विदेश दौरे पर भारत पहुँचे हैं. इस दौरान वे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाक़ात करेंगे.
कैथरीन के कैंसर का इलाज चलने के कारण उनकी विदेश यात्राएं सीमित रही हैं. हालांकि, इस हफ्ते वह अपने पति के साथ कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी.
इनमें से ज़्यादातर कार्यक्रम अर्थशॉट प्राइज़ से जुड़े हैं. इसकी शुरुआत प्रिंस विलियम ने की थी.
इसके तहत जलवायु परिवर्तन की बड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए बेहतर समाधान देने वालों को पांच पुरस्कार दिए जाते हैं.
शाही परिवार के एक प्रवक्ता ने कहा, "प्रिंसेस को अर्थशॉट के ज़रिए प्रिंस की उपलब्धियों पर बहुत गर्व है. वह इस साल के उनके सबसे अहम कार्यक्रमों में से एक में उनके साथ शामिल होने का इंतज़ार कर रही हैं."
पीएम मोदी के साथ मुलाक़ात शाही जोड़े के कार्यक्रम में बाद में जोड़ी गई. मोदी ने पुष्टि की थी कि वह फ़िलीपींस के अपने तय दौरे से समय पर लौट आएंगे और उनसे मुलाक़ात करेंगे.
प्रिंस विलियम और प्रिंसेज़ बुधवार को इस मुलाक़ात के लिए मुंबई से दिल्ली आएंगे.