सोनिया गांधी ने बताया क्यों लगता था इंदिरा गांधी से डर?

'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव' के लॉन्च पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ सोनिया गांधी
इमेज कैप्शन, 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव' के लॉन्च पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ सोनिया गांधी
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 8 मिनट

दिल्ली में 16 नवंबर को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव' के लॉन्च के मौक़े पर उन्होंने और उनके बेटे और लोकसभा में नेता, प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गांधी परिवार के निजी जीवन से जुड़े कई पहलुओं के बारे में बात की.

इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, डिंपल यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फ़ारूक़ अब्दुल्लाह, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी, एनसीपी (एसपी) की सुप्रिया सुले और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए.

ख़ास बात ये रही कि बीजेपी नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी समारोह में पहुंचे थे.

सोनिया गांधी ने बताया कि शादी के बाद अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ उनके शुरुआती रिश्ते कैसे थे. उन्होंने यह भी बताया कि इंदिरा गांधी को 'मां' या 'मम्मी' कहने में उन्हें क्यों झिझक होती थी.

इंदिरा गांधी से रिश्ते

सोनिया गांधी ने अपनी सास इंदिरा गांधी के साथ अपने रिश्ते के बारे में बताया
इमेज कैप्शन, सोनिया गांधी ने अपनी सास इंदिरा गांधी के साथ अपने रिश्ते के बारे में बताया

सोनिया गांधी ने कहा कि वह इंदिरा गांधी से डरती थीं. उन्हें समझ नहीं आता था कि उनसे कैसे बात करें और क्या कहें.

इसकी एक वजह यह भी थी कि राजीव गांधी और उनके भाई संजय गांधी उन्हें 'मां' कहकर बुलाते थे. ऐसे में सोनिया गांधी से भी उम्मीद थी कि वह उन्हें 'मां' या 'मम्मी' कहें.

लेकिन सोनिया गांधी के लिए ऐसा करना आसान नहीं था.

उन्होंने कहा, "मैं ऐसा बिल्कुल नहीं करने वाली थी. क्योंकि मेरे लिए तो मां सिर्फ़ एक थीं और वो मेरी मां थीं, मेरी इतालवी मां. मैं उन्हें अपनी मां नहीं कहने वाली थी."

सोनिया गांधी ने बताया कि वह इंदिरा गांधी से सीधे बात करने के बजाय कोई ऐसा रास्ता तलाशती थीं, जिससे उन्हें मां कहे बिना अपनी बात कह सकें.

उन्होंने कहा, "फिर धीरे-धीरे, जब मैं उन्हें जानने लगी, तो उन्हें मां कह सकती थी. लेकिन इसमें वक़्त लगा."

किताब के लॉन्च के मौक़े पर राहुल गांधी और सोनिया गांधी
इमेज कैप्शन, किताब के लॉन्च के मौक़े पर राहुल गांधी और सोनिया गांधी

सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी को एक प्रभावशाली व्यक्तित्व वाली महिला बताया. उन्होंने कहा कि वह उनसे प्रभावित थीं और थोड़ा डरती भी थीं.

सोनिया गांधी ने कहा, "कभी-कभी वह अपना आपा खो देती थीं और उस वक़्त मुझे अपने पिता की याद आती थी. इसलिए मैं एकदम चुप हो जाती थी."

सोनिया गांधी ने बताया कि शुरुआत में उन्हें इंदिरा गांधी को 'मां' कहने में झिझक महसूस होती थी
इमेज कैप्शन, सोनिया गांधी ने बताया कि शुरुआत में उन्हें इंदिरा गांधी को 'मां' कहने में झिझक महसूस होती थी

उन्होंने बताया कि ऐसे मौक़ों पर राजीव गांधी और संजय गांधी भी चुपचाप बैठकर इंदिरा गांधी का ग़ुस्सा शांत होने का इंतज़ार करते थे.

हालांकि, राहुल और प्रियंका के जन्म के बाद इंदिरा गांधी का व्यवहार बदल गया था.

सोनिया गांधी ने कहा, "जब राहुल और प्रियंका पैदा हुए, तो वह पूरी तरह बदल गईं. मुझे लगता है कि ज़्यादातर दादियां-नानियां बच्चों के आने के बाद नरम हो जाती हैं. फिर आपको लगता है कि वे ज़्यादा समझने लगी हैं."

राजीव गांधी की मौत के बाद कैसे बदल गईं सोनिया गांधी?

15 दिसंबर 1983 को भुज के दौरे के दौरान राजीव गांधी और सोनिया गांधी
इमेज कैप्शन, 15 दिसंबर 1983 को भुज के दौरे पर राजीव गांधी और सोनिया गांधी (फ़ाइल फोटो)

सोनिया गांधी ने किताब लिखने के दौरान अपने जीवन के कई मुश्किल पलों को दोबारा याद किया.

उन्होंने कहा, "मेरे बचपन और जवानी के दिनों को लिखना बहुत आसान था. मुझे कई ऐसी बातें याद आ गईं, जिनके बारे में मैंने बरसों से सोचा भी नहीं था."

लेकिन इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या से जुड़े अध्याय लिखना उनके लिए आसान नहीं था.

उन्होंने कहा, "जब मेरी सास की हत्या हुई और फिर जब मेरे पति की हत्या हुई, तो वे पल बहुत मुश्किल थे. जो कुछ हुआ था, उससे मैं इतनी सदमे में थी, स्तब्ध थी और इतना दर्द हुआ था कि मैं कुछ बातें भूल भी गई थी."

राजीव गांधी से पहली मुलाक़ात और बच्चों के जन्म की यादें उनके लिए अपेक्षाकृत आसान थीं, लेकिन इन दोनों हत्याओं से जुड़ी यादों को फिर से जोड़ना एक अलग अनुभव था.

शॉर्ट वीडियो देखिए
वीडियो कैप्शन, सोनिया गांधी और राजीव गांधी की शादी के वो पल

राहुल गांधी क्या बोले?

इंदिरा गांधी की मौत के बाद बेटे राहुल गांधी को दिलासा देते राजीव गांधी (फ़ाइल फ़ोटो)
इमेज कैप्शन, इंदिरा गांधी की मौत के बाद बेटे राहुल गांधी को दिलासा देते राजीव गांधी (फ़ाइल फ़ोटो)

इस मौक़े पर राहुल गांधी ने भी अपनी मां के जीवन में आए बदलाव के बारे में बात की.

उन्होंने कहा कि परिवार ने पहले इंदिरा गांधी को खोया और फिर राजीव गांधी को. राहुल गांधी ने दोनों को परिवार का सहारा बताया.

उन्होंने कहा, "अचानक हमने अपने सहारे (इंदिरा गांधी) को गोली लगते देखा और फिर हमने अपने सबसे बड़े सहारे (राजीव गांधी) को खो दिया."

राहुल गांधी ने बताया कि वह अक्सर अपनी मां से इस बारे में बात करते हैं कि जब उनके पिता की मौत हुई थी, तब क्या हुआ था.

उन्होंने कहा, "मेरी मां की याददाश्त बहुत अच्छी है. वह कुछ नहीं भूलतीं, सिवाय एक चीज़ के. अगर आप उनसे पूछें कि पापा की मौत के वक़्त क्या हुआ था, तो उन्हें कुछ याद नहीं आता."

किताब के लॉन्च के मौक़े पर सोनिया गांधी के साथ समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव
इमेज कैप्शन, किताब के लॉन्च के मौक़े पर सोनिया गांधी के साथ समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव

राहुल गांधी के मुताबिक़, किताब में उस दौर से जुड़ी बातें उनकी बहन प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी ने मिलकर यादों के आधार पर जोड़ी हैं.

उन्होंने अपने माता-पिता के रिश्ते का ज़िक्र करते हुए कहा, "यह अद्भुत ज़िंदगी थी, उनके बीच अद्भुत प्यार था. और एक दिन में यह सब ग़ायब हो गया."

राहुल गांधी ने कहा कि राजीव गांधी के जाने के बाद उनकी मां की ज़िंदगी बदल गई.

उन्होंने कहा, "यह उनके लिए बहुत डरावना दौर था, क्योंकि उन्हें पता था कि ऐसा होने वाला है."

राहुल गांधी ने किताब के शीर्षक 'बिलॉन्गिंग' का ज़िक्र करते हुए कहा, "वह मेरे पिता की थीं और मेरे पिता उनके थे. फिर मेरे पिता चले गए और उन्होंने एक नया सफ़र शुरू किया."

उन्होंने आगे कहा, "वह हंसती-खेलती मां, मुस्कुराती हुई मां ग़ायब हो गईं. उनकी जगह एक नई मां आ गई."

किताब लिखने का फ़ैसला क्यों किया?

किताब के लॉन्च पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह, नेशनल कॉन्फ़्रेंस के नेता फ़ारूक़ अब्दुल्लाह, तमिलनाडु के सीएम जोसेफ़ विजय, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
इमेज कैप्शन, किताब के लॉन्च पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह, नेशनल कॉन्फ़्रेंस के नेता फ़ारूक़ अब्दुल्लाह, तमिलनाडु के सीएम जोसेफ़ विजय, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

सोनिया गांधी ने किताब लिखने की वजह भी बताई. उनके मुताबिक़, उनके परिवार के बारे में लगातार ऐसी बातें कही जाती रही हैं, जो वास्तविकता से मेल नहीं खातीं.

उन्होंने कहा, "किताब लिखने की एक वजह यह है कि मेरे परिवार के बारे में बहुत कुछ कहा जा रहा है. मेरी सास, मेरे पति, मेरे बेटे, मेरी बेटी और मेरे बारे में. और उनमें से ज़्यादातर बातें बिल्कुल ग़लत थीं. उनका हमारे वास्तविक जीवन से कोई लेना-देना नहीं है."

उन्होंने कहा कि राजनीति में उनके सहयोगियों और दोस्तों के साथ भी शायद ऐसा ही होता होगा. सोनिया गांधी ने कहा, "आपके बारे में कहानियां गढ़ी जाती हैं, झूठी बातें गढ़ी जाती हैं और ऐसी आहत करने वाली बातें कही जाती हैं, जिनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं होता."

उन्होंने कहा कि उन्हें लगा कि किताब के ज़रिए वह अपनी भावनाएं और अपने परिवार के बारे में वह सब बता सकती हैं, जो वह जानती हैं.

सोनिया गांधी ने कहा, "मैंने सोचा कि यह अपनी भावनाएं सामने रखने का एक तरीक़ा हो सकता है. मैं अपने परिवार के बारे में जो जानती हूं, वह बता सकती हूं. और शायद लोग मेरी कहानी सुनने के लिए भी तैयार हों."

किताब की आलोचना पर क्या बोलीं सोनिया गांधी?

मंच पर मौजूद सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी
इमेज कैप्शन, मंच पर मौजूद सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी

सोनिया गांधी ने किताब को मिल रही प्रतिक्रियाओं पर भी बात की. उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार और अपनापन देखकर वह अभिभूत हैं.

उन्होंने कहा, "लोगों ने अपनी टिप्पणियों में जो प्यार और अपनापन दिखाया है, उससे मैं बहुत प्रभावित हूं. लोगों का किताब ख़रीदना और यहां तक कि आलोचकों की प्रतिक्रियाएं भी मेरे लिए मायने रखती हैं. आलोचना ज़रूरी है."

हालांकि, उन्होंने आलोचनाओं के अलग-अलग स्वरूप का भी ज़िक्र किया.

सोनिया गांधी ने कहा, "कुछ आलोचनाएं ऐसी हैं जो थोड़ी दुर्भावनापूर्ण हैं. कुछ ज़्यादा वास्तविक हैं. उनमें लोग ठीक वही कहते हैं, जो वे सोचते हैं. वे बताते हैं कि उन्हें क्या कहना चाहिए था और क्या नहीं कहना चाहिए था."

कब बाज़ार में आई किताब, बीजेपी और कांग्रेस ने क्या कहा?

वीडियो कैप्शन, सोनिया की किताब कहां मुखर, कहां मौन?

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव' 10 नवंबर 2026 को बाज़ार में आई थी. 16 नवंबर को दिल्ली में इसका औपचारिक विमोचन हुआ.

प्रकाशक के मुताबिक़, एक हफ़्ते से भी कम समय में इसकी दो लाख से ज़्यादा प्रतियां बिक चुकी थीं.

किताब को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बहस भी हुई.

बीजेपी ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने किताब में अपने परिवार और कांग्रेस के इतिहास से जुड़े विवादित प्रसंगों को अपने पक्ष में पेश करने की कोशिश की है.

बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने किताब को 'व्हाइटवॉशिंग' यानी इतिहास पर पर्दा डालने की कोशिश बताया. उन्होंने आपातकाल और 1984 के सिख विरोधी दंगों का हवाला देते हुए सोनिया गांधी की आलोचना की.

वहीं, कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी की आलोचना को किताब पर राजनीति करने की कोशिश बताया. उनका कहना था कि यह सोनिया गांधी की निजी यादों और अनुभवों पर आधारित किताब है और इसे उसी नज़रिए से देखा जाना चाहिए.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.