जी-7 की बैठक के लिए इटली में एकजुट हुए दुनिया के नेता, मोदी भी हुए रवाना

जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.

सारांश

  • नीट-यूजी में ग्रेस मार्क्स दिए गए 1,563 छात्रों के लिए दोबारा होगी परीक्षा. एनटीए ने नोटिफ़िकेशन जारी कर बताया 23 जून को होंगे एग्ज़ाम.
  • पीएम नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने इटली रवाना हुए. तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद मोदी का यह पहला विदेश दौरा है.
  • अजीत डोभाल को एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त कर दिया गया है.
  • चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान में जम्मू और कश्मीर पर की गई टिप्पणी पर भारत के विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
  • पेमा खांडू ने लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. चोओना मीन ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. सीडीएस ने अग्निवीरों की सेवा अवधि के बारे में दिया ये अहम अपडेट

    चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि

    चीफ़ ऑफ़ डिफ़ेंस स्टाफ़ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर अग्निवीर योजना पर नई जानकारी दी है.

    अग्निवीर योजना के तहत जिन युवाओं को चार साल के लिए सेना में नियुक्त किया गया था, अब उनकी सेवा अवधि दो साल और बढ़ाने की बात कही गई है.

    सीडीएस जनरल एनएस राजा ने कहा, "आज भारतीय रक्षा बलों और हमारे अग्निवीरों के लिए बेहद अहम दिन है. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सभी अग्निवीरों को भारतीय रक्षा बलों में शामिल होने का रास्ता दिया है."

    उन्होंने कहा, "जैसा कि आप जानते हैं, अग्निपथ योजना 14 जून 2022 को शुरू की गई थी. उस समय कहा गया था कि अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार मूल्यांकन किया जाएगा और समय-समय पर इस योजना की समीक्षा होगी."

    उन्होंने बताया कि अग्निवीरों का पहला बैच अब अपनी चार साल की सेवा अवधि पूरी करने के क़रीब है. इन चार वर्षों में उनके प्रदर्शन के मूल्यांकन के आधार पर उनकी कार्यक्षमता को लेकर काफ़ी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है.

    जनरल सुब्रमणि ने कहा, "जैसा कि आप जानते हैं, कि पहले के प्रावधान के मुताबिक़, 25 फ़ीसदी अग्निवीरों को योग्यता के आधार पर नियमित सैन्य बलों में शामिल किया जाना है. बाकी के 75 फ़ीसदी अग्निवीरों की अनुशासित और प्रेरित युवा के तौर पर समाज में लौटने की व्यवस्था थी."

    उन्होंने कहा, "लेकिन संशोधित योजना के तहत अब बाकी 75 फ़ीसदी अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर दिया जाएगा. इस दो साल की अवधि के पूरा होने के बाद, सशस्त्र बलों में शामिल होने के इच्छुक सभी अग्निवीरों को चयन मानदंडों के आधार पर सेना में भर्ती किया जाएगा."

  2. एलन मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रचार पर ख़र्च किए 4,300 करोड़ रुपये, लिली जमाली, बीबीसी संवाददाता

    एलन मस्क

    अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के नतीजों में एलन मस्क की भूमिका भी चर्चा में है.

    ओपनसीक्रेट्स की ओर से अमेरिकी चुनावी फंडिंग से जुड़े दस्तावेज़ों के विश्लेषण के मुताबिक़, मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों और रूढ़िवादी विचारधारा वाले संगठनों का समर्थन करने के लिए कम से कम 45.5 करोड़ डॉलर (क़रीब 4,300 करोड़ रुपए) ख़र्च किए. यह किसी एक व्यक्ति की ओर से चुनाव में किया गया अब तक का सबसे बड़ा ख़र्च है.

    टेक्सस में सीनेट चुनाव के दौरान मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवार केन पैक्सटन के समर्थन में 20 करोड़ डॉलर से ज़्यादा ख़र्च किए. हालांकि, इसके बावजूद पैक्सटन डेमोक्रेटिक पार्टी के जेम्स तालारिको से हार गए.

    कुछ साल पहले मस्क ने अपना निवास और अपने कुछ कारोबारी हित टेक्सस में स्थानांतरित कर लिए थे.

    जीत के बाद अपने भाषण में तालारिको ने समर्थकों से कहा, "हमने इस राज्य और देश के हर अरबपति दानदाता, हर खरबपति दानदाता और इस ख़राब राजनीतिक व्यवस्था का बचाव करने वाले हर भ्रष्ट व्यक्ति को एक संदेश दिया है: सत्ता जनता के हाथ में है."

    इससे पहले, सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कई घंटों तक चुप रहने के बाद मस्क ने पोस्ट किया, "लगता है कि इस बार चुनाव में दख़ल देने वाली मेरी स्पेस लेज़र काम नहीं आईं."

  3. अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं-

  4. मध्य प्रदेश: अवैध शराब तस्करी के ट्रक से थाना प्रभारी की मौत के मामले में गिरफ़्तार ड्राइवर पुलिस मुठभेड़ में घायल, विष्णुकांत तिवारी

    पुलिस वाले की तस्वीर

    मध्य प्रदेश के देवास ज़िले में थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के मामले में गिरफ्तार ट्रक चालक गजेंद्र रावत उर्फ़ अक्कू कथित पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गए हैं. गजेंद्र रावत को पैर में गोली लगी है.

    दिलीप पुरी 1 नवंबर को अवैध शराब ले जा रहे ट्रक को रोकने की कोशिश कर रहे थे जब उनकी इसी ट्रक से कुचल कर हत्या कर मौत हो गई.

    देवास के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया, "फ़रार चल रहे ड्राइवर गजेंद्र रावत को अलीराजपुर ज़िले से हिरासत में लेकर देवास लाया जा रहा था. इसी दौरान बरोठा थाना क्षेत्र में उसने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की."

    "इसके बाद निर्धारित मानक प्रक्रिया के तहत कारवाई की गई, जिसमें आरोपी को पैर में गोली लगी है. उसे घायल अवस्था में तत्काल देवास ज़िला अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है."

    पुलिस के मुताबिक़, एसआईटी की टीम अभियुक्त को लेकर खातेगांव जा रही थी. इसी दौरान राजोदा और बरोठा के बीच पुलिस की गाड़ी का टायर पंचर हो गया. जब पुलिसकर्मी टायर बदल रहे थे, तब गजेंद्र ने कस्टडी में तैनात एक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर भागने की कोशिश की.

    पुलिस के मुताबिक, गजेंद्र ने पुलिस कर्मियों पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कारवाई में उसके पैर में गोली लगी. घायल गजेंद्र रावत को बुधवार रात करीब 10:30 बजे देवास ज़िलाअस्पताल पहुंचाया गया.

    क्या है पूरा मामला?

    देवास ज़िले के खातेगांव थाने के प्रभारी दिलीप पुरी की 1 नवंबर की देर रात अवैध शराब ले जा रहे एक ट्रक को रोकने की कोशिश के दौरान मौत हो गई थी.

    देवास के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को बताया था कि अवैध शराब के परिवहन की सूचना मिलने के बाद पुलिस की कई टीमें कारवाई के लिए भेजी गई थीं. इनमें से एक टीम का नेतृत्व दिलीप पुरी कर रहे थे.

    पुलिस के मुताबिक, इंदौर-बैतूल हाईवे पर ट्रक को रोकने की कोशिश के दौरान चालक ने भागने की मंशा से ट्रक को तेज़ी से आगे बढ़ा दिया और उसका पिछला पहिया दिलीप पुरी के ऊपर चढ़ गया. गंभीर रूप से घायल पुरी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

    दिलीप पुरी मूल रूप से धार ज़िले के बरमंडल गांव के रहने वाले थे. उनके परिवार में पत्नी कविता और एक बेटा और बेटी हैं. वह 2007 में सब इंस्पेक्टर के तौर पर पुलिस में भर्ती हुए थे.

    गौरतलब है कि देवास ज़िले के चंदाना और बिंजाना गांवों में हाल ही में संदिग्ध ज़हरीली शराब पीने से 13 से अधिक लोगों की मौत का मामला सामने आया था.

    ग्रामीणों ने दावा किया था कि क़रीब 20 दिनों के भीतर दोनों गांवों में इतनी मौतें हुईं. इसके अलावा कई लोगों की आंखों की रोशनी भी प्रभावित होने की बात कही गई थी.

  5. इसराइल के विपक्षी नेता ने कहा- अमेरिकी मिडटर्म नतीजों से नेतन्याहू की उम्मीद ख़त्म

    बिन्यामिन नेतन्याहू और ट्रंप
    इमेज कैप्शन, बिन्यामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के रुझानों में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को मिले झटके के बाद इसराइल के पूर्व प्रधानमंत्री और विपक्ष के नेता याएर लापिड ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "सुबह आए अमेरिकी चुनाव नतीजों का एक अप्रत्याशित असर हुआ है. इससे नेतन्याहू के नेतृत्व में राष्ट्रीय एकता सरकार बनने की सारी संभावनाएं खत्म हो गई हैं."

    "इसराइल नेतन्याहू को प्रधानमंत्री पद पर बनाए रखने का जोखिम नहीं उठा सकता. इससे देश की सुरक्षा और लोकतंत्र ख़तरे में पड़ेंगे और दुनिया में हमारी छवि को नुकसान पहुंचेगा."

    ग़ौरतलब है कि बीते दिनों इसराइल में प्रधानमंत्री के लिए हुए चुनावों में बिन्यामिन नेतन्याहू की पार्टी के अगुवाई वाले गठबंधन को बहुमत नहीं मिला.वहां अरब पार्टियों के अबतक के ज़बरदस्त प्रदर्शन के बाद विपक्ष को गठबंधन सरकार बनाने की उम्मीद है.

  6. सर्दियां शुरू होते ही हर साल दिल्ली की हवा इतनी ख़राब क्यों हो जाती है?

  7. ट्रंप के समर्थन के बाद भी भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी ओहायो गवर्नर पद का चुनाव हारे

    विवेक रामास्वामी
    इमेज कैप्शन, चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप ने विवेक रामास्वामी को वोट देने के लिए दो बार अपील की थी

    अमेरिका के ओहायो राज्य में गवर्नर पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन ने जीत हासिल की है. उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी को हराया. ट्रंप ने चुनाव प्रचार के दौरान विवेक रामास्वामी का दो बार समर्थन किया था.

    न्यूज़ एजेंसी एपी के मुताबिक, ओहायो में 20 साल बाद किसी डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ने गवर्नर पद का चुनाव जीता है.

    एक्टन पेशे से डॉक्टर हैं और कोरोना महामारी के दौरान राज्य की स्वास्थ्य निदेशक रह चुकी हैं. इसके साथ ही एक्टन ओहायो की पहली महिला गवर्नर बन गई हैं.

    एमी एक्टन की मां को लेकर बनाए गए टीवी विज्ञापन की वजह से विवादों में आए विवेक रामास्वामी का ट्रंप ने बचाव भी किया था.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हार के बाद विवेक रामास्वामी ने कहा, "मुझे भरोसा है कि कभी-कभी चीजें किसी वजह से होती हैं. ईश्वर की अपनी योजना है और हम उसके माध्यम हैं. मुझे अभी भी विश्वास है कि आने वाले समय में, हमारे राज्य और हमारे देश के सबसे अच्छे दिन अभी आने बाकी हैं. यह मानव इतिहास का सबसे महान देश है..."

    एमी एक्टन ने चुनाव प्रचार के दौरान आम लोगों के जीवन-यापन के खर्च और स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच जैसे मुद्दे उठाए.

    उन्होंने अपने बचपन के संघर्षों का भी जिक्र किया. एक्टन ने बताया था कि बचपन का कुछ समय उन्होंने बेघर रहते हुए बिताया और एक सर्दी टेंट में भी गुजारी थी.

    जीत के बाद अपने संबोधन में एक्टन ने कहा, "आज से घाव भरने की शुरुआत होती है."

  8. अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजों पर ईरानी संसद के स्पीकर ग़ालिबाफ़ ने क्या कहा?

    ईरानी संसद के स्पीकर एमबी ग़ालिबफ़
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के शुरुआती नतीजों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है

    ईरानी संसद के स्पीकर एमबी ग़ालिबाफ़ ने अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "चाहे अंतरात्मा की आवाज़ हो या जीवन-यापन का सवाल, अमेरिकी लोगों ने युद्ध के ख़िलाफ़ 'ना' कहा है. हम उनके इस संदेश का समर्थन करते हैं."

    उन्होंने आगे लिखा, "अगर अमेरिकी सरकार अंतरराष्ट्रीय आकाओं और ब्लैकमेल करने वालों के दबाव में आकर अपनी जनता की इच्छा के ख़िलाफ़ जाती है, तो उसे हमारी 'ना' के गंभीर नतीजे भुगतने होंगे."

    अमेरिका में 3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनाव में हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव की सभी 435 सीटों और सीनेट की 100 में से 35 सीटों पर मतदान हुआ. इसके अलावा 36 राज्यों में गवर्नर पद के लिए भी चुनाव हुए.

    इन चुनाव के नतीजों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को कड़ी चुनौती मिल रही है. शुरुआती नतीजों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में बहुमत हासिल करने की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है.

    चुनावी नतीजों के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा कि वह मिडटर्म चुनाव के नतीजों को पूरी तरह स्वीकार करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने विपक्षी पार्टी के साथ मिलकर काम करने की बात भी कही है.

  9. ट्रंप ने माना, ईरान जंग का मिडटर्म चुनाव पर असर पड़ा

    ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माना कि मिडटर्म चुनाव के दौरान ईंधन की बढ़ती क़ीमतों से रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान हुआ.

    उन्होंने कहा कि जब लोगों को ईंधन के लिए ज़्यादा डॉलर देने पड़े, तो उन्हें यह पसंद नहीं आया.

    फॉक्स न्यूज़ से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वह चुनावी नतीजों को अपने राष्ट्रपति कार्यकाल के ख़िलाफ़ झटका नहीं मानते.

    रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस के दोनों सदनों में नियंत्रण खोती दिख रही है.

    उन्होंने कहा कि डेमोक्रेट्स कई सालों से इस बड़ी जीत की कोशिश कर रहे थे और उन्होंने आख़िरकार इसे हासिल कर लिया. ट्रंप ने उन्हें "अच्छा काम" करने के लिए बधाई भी दी.

    राष्ट्रपति ने इस दौरान पिछले दो साल की उपलब्धियां भी गिनाईं. उन्होंने अर्थव्यवस्था और अमेरिका की दक्षिणी सीमा पर सुरक्षा को अपनी प्रमुख उपलब्धियां बताईं.

  10. डेमोक्रेटिक पार्टी की ऐतिहासिक बढ़त के बाद ओबामा ने क्या कहा

    ओबामा
    इमेज कैप्शन, पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि अमेरिका जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है

    अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में डेमोक्रेटिक पार्टी के संभावित बहुमत के बीच पूर्व राष्ट्रपति और पार्टी के नेता ओबामा ने प्रतिक्रिया दी है.

    ओबामा ने एक्स पर लिखा, "आज रात अमेरिकी जनता ने एक स्पष्ट संदेश दिया है. वे ऐसी राजनीति चाहते हैं जो लोगों को बांटने के बजाय उन्हें एकजुट करे. वे ऐसे नेता चाहते हैं जो उनकी चुनौतियों का ठोस समाधान पेश करें."

    "ये नतीजे देश के हर हिस्से में चुनाव लड़ने वाले बेहतरीन उम्मीदवारों की वजह से संभव हुए हैं. इनमें वे क्षेत्र भी शामिल हैं, जहां पहले जीत की संभावना बहुत कम मानी जाती थी. ये उम्मीदवार अलग-अलग पृष्ठभूमि से आए और अलग-अलग राजनीतिक विचारों का प्रतिनिधित्व करते थे. लेकिन वे साझा मूल्यों, जनसेवा में विश्वास और अपने निर्वाचन क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता के साथ एकजुट थे."

    "हम दोनों पार्टियों के उन हजारों चुनाव अधिकारियों और स्वयंसेवकों के भी आभारी हैं, जिन्होंने चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा कराने में मदद की. उन्होंने हमारे लोकतंत्र के सबसे जरूरी कामों में से एक को जिम्मेदारी के साथ पूरा किया."

    "इस प्रशासन के पास अभी दो साल और हैं. अब हमारा काम पूरी मेहनत से जुटना, जहां भी हमारे पास अधिकार है वहां बदलाव करना, आगे होने वाले नुकसान को रोकना और भविष्य की मजबूत नींव तैयार करना है."

    इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि मिडटर्म चुनावी नतीजों के नतीजों को स्वीकार करेंगे.

  11. इतनी बड़ी पतंगें देखी हैं कभी

  12. अमेरिकी मिडटर्म चुनावः रिपब्लिकन पार्टी ने चुनाव में हार के लिए ट्रंप को ज़िम्मेदार ठहराया

    ट्रंप
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने निराशाजनक प्रदर्शन के लिए उम्मीदवारों को ज़िम्मेदार ठहराया था

    अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में जैसे जैसे अनुमान स्पष्ट होते जा रहे हैं, रिपब्लिकन पार्टी को अपनी हार की गंभीरता का एहसास होने लगा है.

    पार्टी के नेताओं को शुरू से ही आशंका थी कि वे प्रतिनिधि सभा में अपना बहुमत खो देंगे, लेकिन कई लोगों को अब भी उम्मीद थी कि सीनेट में चुनाव उनके पक्ष में जा सकता है.

    लेकिन अब जब चुनावी हार का पैमाना स्पष्ट हो रहा है, तो कई रिपब्लिकन दोनों सदनों पर नियंत्रण खोने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दोषी ठहरा रहे हैं.

    टेक्सस के एक अनुभवी रिपब्लिकन लॉबिस्ट बिल मिलर ने कहा, "इसकी ज़िम्मेदारी उन्हीं की है. किसी और की नहीं. यह राष्ट्रपति ट्रंप को पूरी तरह से अस्वीकार करने का परिणाम है."

    डेमोक्रेट्स ने कई राज्यों में सीनेट की सीटें जीती हैं, जहां वे सालों से, और कुछ जगहों पर दशकों से नहीं जीत पाए थे.

    टेक्सस और दक्षिण कैरोलाइना इस सूची में सबसे ऊपर हैं. डेमोक्रेट्स ने आयोवा और ओहायो जैसे राज्यों में भी महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की है, जो ट्रंप के शासनकाल में रिपब्लिकन के पक्ष में चले गए थे.

    रिपब्लिकन पार्टी का कहना है कि ट्रंप की कम लोकप्रियता रेटिंग, अलोकप्रिय नीतियां और महंगाई को लेकर मतदाताओं की चिंताओं को बार-बार नजरअंदाज करने से पार्टी को नुकसान पहुंचा है.

    मिनेसोटा के रिपब्लिकन रणनीतिकार ग्रेग पिपेन ने कहा, "एक के बाद एक ग़लतियां होती रहीं. स्पष्ट रूप से विभिन्न राज्यों के लोगों को राष्ट्रपति की नीतियां पसंद नहीं आईं."

  13. इसराइल में अरब पार्टियां किसी की भी बना सकती हैं सरकार, कोई क्यों नहीं ले रहा है समर्थन?

  14. ट्रंप बोले, मिडटर्म चुनाव के नतीजे स्वीकार करने को तैयार हूं

    ट्रंप
    इमेज कैप्शन, मिडटर्म चुनावों में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी का प्रदर्शन बहुत ख़राब नज़र आ रहा है

    रिपब्लिकन पार्टी के मजबूत गढ़ माने जाने वाले कुछ चुनावी क्षेत्रों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की जीत के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स को नई प्रतिक्रिया दी है.

    न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि वह मिडटर्म चुनाव के नतीजों को पूरी तरह स्वीकार करने के लिए तैयार हैं.

    उन्होंने विपक्षी पार्टी के साथ मिलकर काम करने की बात भी कही.

    ट्रंप ने कहा, "हां, मैं इन नतीजों को पूरी तरह स्वीकार करने के लिए तैयार हूं."

    उन्होंने आगे कहा, "हम उनके साथ काम करने की उम्मीद करेंगे."

    ट्रंप ने कहा, "हम शायद मिलकर कोई रास्ता निकाल लेंगे."

    हालांकि कुछ देर पहले ट्रंप ने सोशल मीडिया ट्रुथ सोशल के अपने हैंडल पर वीटो लिखी कैप की तस्वीर साझा की है.

    इससे पहले बीबीसी के अमेरिकी न्यूज़ पार्टनर सीबीएस से कहा था कि वो राष्ट्रपति की अपनी सारी शक्तियों का इस्तेमाल करेंगे. इससे ऐसा संकेत मिला कि सीनेट और हाउस में बहुमत खोने के बाद भी ट्रंप फ़ैसलों को लेकर अपने अधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं.

    अमेरिकी सीनेट
    अमेरिकी हाउस ऑफ़ रेप्रेज़ेंटेटिव
  15. सेटिंग बदली और फ़्रीज़र का सामान ख़राब: साइबर हमले का ख़तरा फ़ोन और कंप्यूटर तक नहीं रहा सीमित

  16. मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को लगे झटके के बाद ट्रंप ने उम्मीदवारों पर फोड़ा ठीकरा, डैनियल बुश, वॉशिंगटन संवाददाता

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, रिपब्लिकन पार्टी की संभावित हार को देखते हुए ट्रंप ने पहले ही अपनी पार्टी से दूरी बना ली है

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया से देशभर के रिपब्लिकन नेताओं में नाराजगी बढ़ सकती है.

    रिपब्लिकन पार्टी को मिल रही हार के बीच ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पहली प्रतिक्रिया दी है.

    ट्रंप ने लिखा, "मैं चुनाव मैदान में नहीं था. अगर मैं चुनाव लड़ रहा होता, तो हम भारी अंतर से जीतते."

    ट्रंप ने अपनी पोस्ट में दोहराया कि वह इस चुनाव में उम्मीदवार नहीं थे और अगर वह मैदान में होते तो उनकी पार्टी बड़े अंतर से जीत हासिल करती.

    इस संक्षिप्त बयान के जरिए ट्रंप अपनी ही पार्टी से दूरी बनाते और चुनाव में मिल रही हार की ज़िम्मेदारी रिपब्लिकन उम्मीदवारों पर डालते नज़र आए.

    मिडटर्म चुनावों को लेकर ट्रंप के रुख से पहले ही कई रिपब्लिकन नेता नाराज़ थे.

    हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में नियंत्रण गंवाने और सीनेट में भी हार की आशंका के बीच ट्रंप के इस बयान से पार्टी के भीतर मतभेद और बढ़ सकते हैं.

    अब रिपब्लिकन नेताओं के सामने चुनावी हार के नतीजों से निपटने की चुनौती है.

  17. सीबीएस का अनुमान: अमेरिकी हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव पर डेमोक्रेट्स का कब्ज़ा

    अमेरिकी मिडटर्म चुनाव

    अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में बहुमत हासिल करने जा रही है. जबकि सीनेट का चुनाव भी डेमोक्रेट की ओर झुका दिखाई दे रहा है.

    बीबीसी के अमेरिकी न्यूज़ पार्टनर सीबीएस के अनुमान के मुताबिक़, डेमोक्रेट्स ने रिपब्लिकन पार्टी से प्रतिनिधि सभा का नियंत्रण छीन सकते हैं.

    435 सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा में बहुमत के लिए 218 सीटों की ज़रूरत होती है. सीबीएस के मुताबिक़, डेमोक्रेट्स कम से कम 218 सीटें जीतने की राह पर हैं. जबकि रिपब्लिकन पार्टी को कम से कम 160 सीटें मिलने का अनुमान है.

    हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव अमेरिकी कांग्रेस का निचला सदन है. इसके सदस्यों का कार्यकाल दो साल का होता है.

    आमतौर पर क़ानूनों के प्रस्ताव सबसे पहले हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में पेश किए जाते हैं और उन पर चर्चा होती है. इसके बाद उन्हें सीनेट में भेजा जाता है.

    पिछले एक घंटे में डेमोक्रेट्स ने रिपब्लिकन पार्टी से दो और सीटें छीन ली हैं.

    केन्टकी में जैक डेम्बो और न्यू जर्सी में रेबेका बेनेट के जीतने का अनुमान है. इन दोनों की जीत से हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में डेमोक्रेट्स की सीटों की संख्या बढ़ेगी.

  18. मिडटर्म चुनाव: 36 राज्यों के गवर्नर चुने जाएंगे, डेमोक्रेटिक पार्टी की स्थिति मज़बूत

    विवेक रामास्वामी
    इमेज कैप्शन, ओहायो के गवर्नर पद के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी का समर्थन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किया था

    अमेरिका में हो रहे मिडटर्म चुनावों की मतगणना जारी है. साथ ही वहां 36 राज्यों के गवर्नर पद के लिए भी मतदान हुए हैं.

    बीबीसी के अमेरिकी न्यूज पार्टनर सीबीएस ने कई राज्यों में गवर्नर पद के चुनावी मुकाबलों को लेकर अपना आकलन जारी किया है, जिसमें डेमोक्रेटिक पार्टी को भारी बढ़त मिलती दिख रही है.

    ओहायो के गवर्नर पद के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवार और भारतीय मूल के विवेक रामास्वामी भी मैदान में हैं.

    बीबीसी के अमेरिकी न्यूज पार्टनर सीबीएस ने अपने अनुमान में, कंसास में सीनेट और गवर्नर, दोनों पदों के चुनावी मुकाबलों को डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में 'लीन डेमोक्रेट' श्रेणी में रखा गया है, यानी डेमोक्रेट पार्टी की स्थिति मजबूत है.

    कंसास में 1932 के बाद से किसी भी डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ने सीनेट का चुनाव नहीं जीता है.

    • एरिजोना: डेमोक्रेटिक पार्टी की स्थिति मजबूत
    • आयोवा: डेमोक्रेटिक पार्टी की स्थिति मजबूत
    • कंसास: मुकाबला कांटे का
    • मिशिगन: डेमोक्रेटिक पार्टी की स्थिति मजबूत
    • मिनेसोटा: डेमोक्रेटिक पार्टी की स्थिति मजबूत
    • नेब्रास्का: मुकाबला कांटे का.
    • न्यू मैक्सिको: डेमोक्रेटिक पार्टी की स्थिति मजबूत
    • साउथ डकोटा: रिपब्लिकन पार्टी की जीत की संभावना मजबूत
    • टेक्सास: मुकाबला कांटे का
    • विस्कॉन्सिन: मुकाबला कांटे का
  19. अमेरिकी मिडटर्म चुनावः डेमोक्रेट उम्मीदवार रॉय कूपर ने नॉर्थ कैरोलाइना में खेल पलटा

    रॉय कूपर
    इमेज कैप्शन, रॉय कूपर ने नॉर्थ कैरोलाइना में जीत दर्ज की है

    नॉर्थ कैरोलिना से डेमोक्रेटिक पार्टी के रॉय कूपर ने अपने समर्थकों को संबोधित किया. वह रात में सीनेट की पहली ऐसी सीट जीतने वाले उम्मीदवार बने हैं, जिस पर पहले रिपब्लिकन का क़ब्ज़ा था.

    समर्थकों को संबोधित करते हुए कूपर ने कहा, "आपने अपनी आवाज़ बुलंद की है और यह आवाज़ काफ़ी तेज़ थी."

    उन्होंने कहा, "नॉर्थ कैरोलिना के बहुत से लोगों के लिए मिडिल क्लास का हिस्सा बनना एक दूर का सपना बनता जा रहा था, जबकि सबसे अमीर अमेरिकी हमारी क़ीमत पर ऐसी दौलत कमा रहे थे, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती."

    कूपर ने कहा कि "वॉशिंगटन में अराजकता और भ्रष्टाचार" से लोगों को नुक़सान पहुंच रहा था. आज आपने कह दिया कि अब यह सब बंद होना चाहिए."

    उन्होंने आगे कहा, "अमेरिकी सीनेट में आपके नए प्रतिनिधि के तौर पर मैं इस संदेश को वॉशिंगटन तक पहुंचाने और इस दिशा में काम करने के लिए तैयार हूं."

    इस बीच बीबीसी के अमेरिकी न्यूज पार्टनर सीबीएस के मुताबिक़, सीनेट की पांच और अहम सीटों पर मुकाबला अब भी कांटे का है.

    सीबीएस ने उन राज्यों की सीनेट सीटों के चुनावी मुकाबलों का आकलन जारी किया है, जहां मतदान ख़त्म हो चुका है, लेकिन नतीजे अभी स्पष्ट नहीं हैं.

    • साउथ कैरोलिना: डेमोक्रेटिक पार्टी की स्थिति मजबूत.
    • आयोवा: मुकाबला कांटे का.
    • कंसास: मुकाबला कांटे का.
    • मिशिगन: मुकाबला कांटे का.
    • नेब्रास्का: मुकाबला कांटे का.
    • टेक्सास: मुकाबला कांटे का.
  20. अमेरिका में मिडटर्म चुनाव: कब तक आएंगे अंतिम नतीजे और कैसे होती है वोटों की गिनती?