जी-7 की बैठक के लिए इटली में एकजुट हुए दुनिया के नेता, मोदी भी हुए रवाना

जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.

सारांश

  • नीट-यूजी में ग्रेस मार्क्स दिए गए 1,563 छात्रों के लिए दोबारा होगी परीक्षा. एनटीए ने नोटिफ़िकेशन जारी कर बताया 23 जून को होंगे एग्ज़ाम.
  • पीएम नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने इटली रवाना हुए. तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद मोदी का यह पहला विदेश दौरा है.
  • अजीत डोभाल को एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त कर दिया गया है.
  • चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान में जम्मू और कश्मीर पर की गई टिप्पणी पर भारत के विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
  • पेमा खांडू ने लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. चोओना मीन ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. अमेरिकी मिडटर्म चुनावः डेमोक्रेट उम्मीदवार रॉय कूपर ने नॉर्थ कैरोलाइना में खेल पलटा

    रॉय कूपर
    इमेज कैप्शन, रॉय कूपर ने नॉर्थ कैरोलाइना में जीत दर्ज की है

    नॉर्थ कैरोलिना से डेमोक्रेटिक पार्टी के रॉय कूपर ने अपने समर्थकों को संबोधित किया. वह रात में सीनेट की पहली ऐसी सीट जीतने वाले उम्मीदवार बने हैं, जिस पर पहले रिपब्लिकन का क़ब्ज़ा था.

    समर्थकों को संबोधित करते हुए कूपर ने कहा, "आपने अपनी आवाज़ बुलंद की है और यह आवाज़ काफ़ी तेज़ थी."

    उन्होंने कहा, "नॉर्थ कैरोलिना के बहुत से लोगों के लिए मिडिल क्लास का हिस्सा बनना एक दूर का सपना बनता जा रहा था, जबकि सबसे अमीर अमेरिकी हमारी क़ीमत पर ऐसी दौलत कमा रहे थे, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती."

    कूपर ने कहा कि "वॉशिंगटन में अराजकता और भ्रष्टाचार" से लोगों को नुक़सान पहुंच रहा था. आज आपने कह दिया कि अब यह सब बंद होना चाहिए."

    उन्होंने आगे कहा, "अमेरिकी सीनेट में आपके नए प्रतिनिधि के तौर पर मैं इस संदेश को वॉशिंगटन तक पहुंचाने और इस दिशा में काम करने के लिए तैयार हूं."

    इस बीच बीबीसी के अमेरिकी न्यूज पार्टनर सीबीएस के मुताबिक़, सीनेट की पांच और अहम सीटों पर मुकाबला अब भी कांटे का है.

    सीबीएस ने उन राज्यों की सीनेट सीटों के चुनावी मुकाबलों का आकलन जारी किया है, जहां मतदान ख़त्म हो चुका है, लेकिन नतीजे अभी स्पष्ट नहीं हैं.

    • साउथ कैरोलिना: डेमोक्रेटिक पार्टी की स्थिति मजबूत.
    • आयोवा: मुकाबला कांटे का.
    • कंसास: मुकाबला कांटे का.
    • मिशिगन: मुकाबला कांटे का.
    • नेब्रास्का: मुकाबला कांटे का.
    • टेक्सास: मुकाबला कांटे का.
  2. अमेरिका में मिडटर्म चुनाव: कब तक आएंगे अंतिम नतीजे और कैसे होती है वोटों की गिनती?

  3. ट्रंप की आर्थिक नीतियों को लेकर अमेरिकी लोगों में नाराज़गी: वोटर सर्वे, क्रिस जेवन्स, डेटा पत्रकार

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों को लेकर वोटरों में एक किस्म की नाराज़गी देखने को मिली है

    अमेरिकी मिडटर्म चुनावों से पहले मतदाताओं के एक सर्वेक्षण के प्रारंभिक परिणामों के अनुसार, लगभग दो-तिहाई मतदाताओं का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रंप की नीतियों ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था की स्थिति को और ख़राब कर दिया है.

    इसके उलट, 28 प्रतिशत मतदाताओं का मानना ​​है कि ट्रंप की नीतियों ने आर्थिक स्थितियों में सुधार किया है, जबकि केवल आठ प्रतिशत ने कहा कि राष्ट्रपति की नीतियों का अर्थव्यवस्था पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ा है.

    सर्वे में मतदाताओं से यह भी पूछा गया कि क्या उनके मतदान का एक कारण राष्ट्रपति ट्रंप के प्रति समर्थन या विरोध व्यक्त करना था.

    43 प्रतिशत ने कहा कि उनके मतदान का एक कारण राष्ट्रपति के प्रति विरोध व्यक्त करना था, जबकि 41 प्रतिशत ने कहा कि ट्रंप उनके निर्णय में कोई महत्वपूर्ण कारक नहीं थे.

    केवल 16 प्रतिशत मतदाताओं ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति के प्रति समर्थन व्यक्त करने के लिए मतदान किया.

    हालांकि, ये आंकड़े प्रारंभिक हैं और रात भर में अधिक जानकारी मिलने पर इनमें बदलाव हो सकता है.

    रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक मतदाताओं के बीच विभाजन के बारे में विस्तृत जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है.

  4. इसराइल और इंडिया केवल रहे साथ, रूस ने भी पाकिस्तान के प्रस्ताव का किया समर्थन

  5. अमेरिकी मिडटर्म चुनावः भारतीय मूल की पिया डांडिया ने फ़्लोरिडा से रिपब्लिकन उम्मीदवार को हराया

    पिया डांडिया
    इमेज कैप्शन, डेमोक्रेट उम्मीदवार पिया डांडिया

    अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजे आने लगे हैं और डेमोक्रेट पार्टी को शुरुआती बढ़त के अनुमान लगाए जा रहे हैं.

    बीबीसी के सहयोगी चैनल सीबीएस के अनुसार, डेमोक्रेटिक पार्टी उम्मीदवार और भारतीय मूल की पिया डांडिया ने फ़्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट की सीट जीत ली है.

    उन्होंने साउथ फ़्लोरिडा के सबसे चर्चित चुनावी मुक़ाबलों में से एक में रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी अस्कर को हराया.

    डांडिया की जीत ऐसे नए चुनावी क्षेत्र में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत है, जिसका परिसीमन 2026 के मिडटर्म चुनावों से पहले फ़्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस की कांग्रेसनल री-डिस्ट्रिक्टिंग प्रक्रिया के तहत किया गया था.

    डांडिया पहले हार्लेम में टीचर और हाई स्कूल की प्रिंसिपल रह चुकी हैं. वह व्हाइट हाउस फ़ेलो के तौर पर भी काम कर चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने एप्पल में भी काम किया है.

    भारतीय प्रवासी माता-पिता के घर पाम बीच काउंटी में जन्मीं और पली-बढ़ीं डांडिया ने अपने चुनाव प्रचार में शिक्षा, महंगाई से जुड़ी चुनौतियों और आर्थिक अवसरों को प्रमुख मुद्दा बनाया.

    उनके प्रतिद्वंद्वी केसी अस्कर नेपल्स के कारोबारी और मरीन कॉर्प्स के पूर्व सैनिक हैं. उन्होंने रेस्टोरेंट फ्रेंचाइजी के कारोबार में अपना करियर बनाया. चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने खुद को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी सरकार की नीतियों का समर्थक बताया.

    डांडिया ने अगस्त में डेमोक्रेटिक पार्टी का प्राइमरी चुनाव जीता था.

  6. अमेरिका मिडटर्म चुनाव: मतदान ख़त्म होने की ओर, जॉर्जिया में डेमोक्रेट उम्मीदवार जीत की ओर

    डोनाल्ड
    इमेज कैप्शन, अमेरिका में मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट पार्टी को बढ़त मिलने की संभावना जताई जा रही है

    अमेरिका में मिडटर्म चुनाव में मतदान ख़त्म होने की ओर है और शुरुआत में पांच राज्यों में डेमोक्रेट पार्टी के भारी बढ़त का अनुमान लगाया जा रहा है.

    डेमोक्रेटिक पार्टी के जॉन ओसॉफ जॉर्जिया की अहम सीनेट सीट जीतने की ओर बढ़ रहे हैं. मिडटर्म चुनावों के शुरुआती बड़े नतीजों में यह एक महत्वपूर्ण नतीजा है.

    शुरुआती अनुमानों के अनुसार जॉर्जिया में डेमोक्रेट उम्मीदवार को 65 प्रतिशत से अधिक वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है.

    सभी की नजरें नॉर्थ कैरोलिना, साउथ कैरोलिना और ओहायो की सीनेट सीटों पर हैं, जहां मतदान हाल ही में ख़त्म हुआ है.

    अगले कुछ घंटों में 20 अन्य राज्यों में भी मतदान ख़त्म हो जाएगा.

    नॉर्थ अमेरिका में मौजूद बीबीसी संवाददाता के अनुसार, इस बीच, एक बड़े सर्वे में ज़्यादातर मतदाताओं ने कहा है कि वे देश की अर्थव्यवस्था से खुश नहीं हैं. यह सर्वे फ़िलहाल डेमोक्रेट्स को कुछ राहत दे सकता है.

    हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव की सभी 435 सीटों, सीनेट की 100 में से 35 सीटों और राज्य स्तर के कई पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं. इनमें गवर्नर के पद भी शामिल हैं.

    डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के पास फ़िलहाल हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव और सीनेट, दोनों पर नियंत्रण है.

  7. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

  8. US ELECTIONS: कमज़ोर Trump से कैसे डील करेगी Modi सरकार?

  9. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  10. किंग चार्ल्स ने ग़ुलामों के व्यापार को बताया 'शर्मनाक इतिहास'

    किंग चार्ल्स
    इमेज कैप्शन, राष्ट्रमंडल देशों के नेताओं को संबोधित करते किंग चार्ल्स

    ब्रिटेन के किंग चार्ल्स ने एंटीगुआ और बारबुडा में राष्ट्रमंडल देशों के नेताओं की बैठक का उद्घाटन किया. इस मौक़े पर उन्होंने ग़ुलामों के व्यापार के इतिहास का ज़िक्र किया.

    उन्होंने कहा कि इतिहास का यह शर्मनाक दौर उन्हें डराता है. किंग चार्ल्स ने इस मुद्दे पर अपनी निजी भावनाएं भी ज़ाहिर कीं.

    हालांकि, उन्होंने ब्रिटेन की ओर से सीधे तौर पर माफ़ी नहीं मांगी.

    बीबीसी के वरिष्ठ रॉयल संवाददाता के मुताबिक़, किंग ने अपने भाषण में सोच-समझकर शब्दों का इस्तेमाल किया. उन्होंने इस मुद्दे पर निजी तौर पर बात की, जिसका वहां मौजूद नेताओं पर असर पड़ सकता है.

    किंग चार्ल्स ने दुनिया के सामने मौजूद कई बड़ी चुनौतियों का भी ज़िक्र किया.

    उन्होंने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे भीषण संघर्षों, जलवायु परिवर्तन के गंभीर असर और तेजी से बदलती तकनीक का ज़िक्र किया.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने इस बैठक में कहा कि वह ग़ुलामों के व्यापार के लिए ब्रिटेन की ओर से औपचारिक माफ़ी मांगने के विचार के ख़िलाफ़ नहीं हैं.

    हालांकि, उनका मानना है कि मुआवज़ा देना इसका सही रास्ता नहीं है. बर्नहम राष्ट्रमंडल देशों के नेताओं के साथ बातचीत में कर्ज़ से जुड़ी एक नई योजना भी रख सकते हैं.

    इसका मक़सद उन देशों की मदद करना है, जिन्हें कर्ज़ पर बढ़ते ब्याज का बोझ उठाना पड़ रहा है.

    राष्ट्रमंडल देशों के नेताओं की यह बैठक हर दो साल में होती है. इसमें 56 देशों के नेता और प्रतिनिधि आपसी साझेदारी के भविष्य पर चर्चा करते हैं.

  11. 'दिवाली दीये के बिना अधूरी है, मगर लगता नहीं मेरे बच्चे ये काम करेंगे'

  12. इंडिया ब्लॉक की रैली से क्या कारोबार पर असर पड़ा है? दिल्ली के बाज़ारों से ग्राउंड रिपोर्ट

  13. पराली जलाने के मुद्दे पर बीजेपी और आप नेता भिड़े

    पंजाब के तरन-तारन में पराली में लगाई गई आग, यह तस्वीर 21 अक्तूबर की है
    इमेज कैप्शन, पंजाब के तरन-तारन में पराली में लगाई गई आग, यह तस्वीर 21 अक्तूबर की है

    राजधानी दिल्ली में हवा के बढ़ते प्रदूषण के साथ ही पंजाब में पराली जलाने के मुद्दे पर बीजेपी और आम आदमी पार्टी आमने-सामने आ गई है.

    आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने दावा किया कि पराली जलाने की घटनाओं में 86 फ़ीसदी की कमी आई है, इसके बाद भी "बीजेपी के नेता झूठ बोल" रहे हैं.

    संजय सिंह ने दावा किया कि साल 2021 में पंजाब में पराली जलाने के 71 हज़ार मामले दर्ज किए गए थे, जबकि साल 2025 में यह घटकर पांच हज़ार के क़रीब हो गया.

    संजय सिंह ने कहा, "मैं भारतीय जनता पार्टी, नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मनजिंदर सिंह सिरसा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हर किसी से कहूंगा कि पढ़ लिखकर बात करें."

    इससे पहले दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा था अरविंद केजरीवाल दिल्ली में हार का बदला ले रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की आप सरकार किसानों पर दबाव डालकर पराली जलवा रही है.

    दिल्ली में मंगलवार सुबह प्रदूषण का स्तर बढ़ने के साथ ही एयर क्वालिटी 'बेहद ख़राब' श्रेणी में पहुंच गई.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक़, दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 332 दर्ज किया गया.

    सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह 9 बजे तक दिल्ली के 57 निगरानी केंद्रों में से आठ केंद्रों पर एयर क्वालिटी 'गंभीर' श्रेणी में रही.

  14. केदारताल में लापता ट्रेकर्स की तलाश के दौरान मिले महिला और पुरुष के शव, पहचान नहीं हो सकी, आसिफ़ अली, देहरादून से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    केदारताल ट्रेक

    उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में केदारताल ट्रेक पर लापता आठ लोगों की तलाश के दौरान मंगलवार को हिमस्खलन के मलबे में एक महिला और एक पुरुष के शव मिले हैं.

    हालांकि, दोनों की पहचान नहीं हो सकी है. ख़राब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू टीमों का अभियान जारी है.

    उत्तरकाशी के जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की तीन नवंबर को जारी रिपोर्ट के मुताबिक़, एनआईएम और एसडीआरएफ़ की संयुक्त टीम ने सुबह करीब 7:30 बजे से लापता लोगों की संभावित लोकेशन पर तलाशी अभियान चलाया.

    इस दौरान हिमस्खलन के मलबे में दबे महिला और पुरुष के शव दिखाई दिए. टीम ने काफ़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला. प्रशासन के मुताबिक़, शवों की पहचान नहीं हो पाई है.

    रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे तलाशी अभियान समाप्त कर टीम बेस कैंप लौट आई. अब बुधवार, चार नवंबर को दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा.

    प्रशासन के मुताबिक़, रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर एक वैकल्पिक हेलीपैड भी तैयार किया है, ताकि ज़रूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टर की मदद ली जा सके. यह स्थान समुद्र तल से करीब 4,005 मीटर की ऊंचाई पर है.

    ग़ौरतलब है कि सात ट्रेकर्स और एक स्थानीय गाइड 27 अक्तूबर को गंगोत्री से केदारताल के लिए रवाना हुए थे. भारी बर्फ़बारी और हिमस्खलन के बाद से वे लापता हैं.

  15. दिल्ली पुलिस ने एक्स से आईएफ़एफ़ का अकाउंट और पोस्ट हटाने को कहा, सीजेपी ने किया विरोध

    दिल्ली पुलिस

    दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स से इंटरनेट फ़्रीडम फ़ाउंडेशन (आईएफ़एफ़) का अकाउंट हटाने को कहा है.

    साथ ही आईएफ़एफ़ की छह पोस्ट, सॉफ़्टवेयर फ़्रीडम लॉ सेंटर और जियो ब्लॉक इन इंडिया के अकाउंट और 16 दूसरे यूज़र्स की पोस्ट को भी हटाने को कहा गया है.

    आईएफ़एफ़ ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उसे एक्स की ओर से तीन नवंबर 2026 की सुबह दिल्ली पुलिस के दोनों नोटिस की कॉपी मिली.

    आईएफ़एफ़ के मुताबिक, पुलिस ने इसके पीछे तर्क दिया है कि ये पोस्ट राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की छवि ख़राब करती हैं.

    आईएफ़एफ़ को मिले नोटिस में तीनों संगठनों से सरकारी ब्लॉकिंग आदेशों की आलोचना और उनका दस्तावेज़ीकरण बंद करने की मांग की गई थी.

    आईएफ़एफ़ ने दिल्ली पुलिस से दोनों नोटिस वापस लेने की मांग की है. संगठन ने कहा है कि अगर नोटिस वापस नहीं लिए गए, तो वह उन्हें अदालत में चुनौती देगा.

    इस पोस्ट को सीजेपी के सौरव दास ने भी शेयर किया है.

    सौरव दास ने एक्स पर लिखा, "आईएफ़एफ़ ने लोगों की ऑनलाइन आज़ादी की रक्षा के लिए शानदार काम किया है. उसके एक्स अकाउंट और पोस्ट हटाने के लिए दिल्ली पुलिस का नोटिस बेहद पिछड़ा है और अभिव्यक्ति की आज़ादी के प्रति गहरी असहिष्णुता दिखाता है. हम इसका कड़ा विरोध करते हैं और आईएफ़एफ़ के साथ एकजुटता से खड़े हैं."

    आईएफ़एफ़ क्या है?

    आईएफ़एफ़ भारत का एक डिजिटल अधिकारों से जुड़ा संगठन है.

    इस संगठन की शुरुआत इंटरनेट की निष्पक्षता के समर्थन में चलाए गए 'सेव द इंटरनेट' आंदोलन से हुई थी. आईएफ़एफ़ नेट न्यूट्रलिटी, अभिव्यक्ति की आज़ादी, निजता और तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयोग जैसे कई मुद्दों पर काम करता है.

  16. जब आसमान में राज करते थे विशालकाय शिकारी पक्षी, इंसानी बच्चों का भी करते थे शिकार

  17. ट्रंप ने कहा, हमने ईरान के एयर डिफ़ेंस सिस्टम को निशाना बनाया, ईरान बोला- लड़ाई किसी के हित में नहीं

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ॉक्स न्यूज़ को दिए एक टेलीफ़ोनिक इंटरव्यू में पुष्टि की है कि अमेरिका ने ईरान पर हमले किए हैं.

    इससे पहले ऐसी ख़बरें आई थीं कि अमेरिका ने होर्मुज़ स्ट्रेट में स्थित क़ेश्म द्वीप को निशाना बनाया था.

    ट्रंप ने कहा, "ईरान ने एयर डिफ़ेंस सिस्टम की एक इकाई बनाई थी और जैसे ही यह पूरी हुई, हमने बीती रात उसे सफलतापूर्वक निशाना बनाया."

    उन्होंने इस कार्रवाई को "सीमित हमला" बताया.

    दूसरी ओर, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच दोबारा युद्ध किसी के हित में नहीं होगा. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब मध्य पूर्व में तनाव के एक नए दौर को टालने के लिए कूटनीतिक कोशिशें जारी हैं.

    पेज़ेश्कियान ने सरकारी बैठक को संबोधित करते हुए कहा, "इस युद्ध से किसी को फ़ायदा नहीं होगा."

    उन्होंने कहा कि विवाद को "बातचीत के ज़रिए" सुलझाने की कोशिशें जारी हैं.

    ईरानी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि इस्लामी गणराज्य के सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई ने सरकार को उन मुद्दों पर बातचीत करने की इजाज़त दी है, जिन्हें पहले प्रतिबंधित माना जाता था. हालांकि, उन्होंने इन मुद्दों के बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया.

  18. ईरान ने दो अमेरिकी ड्रोन मार गिराने का दावा किया

    ड्रोन

    ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने मंगलवार को होर्मोज़गान प्रांत में दो अमेरिकी ड्रोन मार गिराए हैं.

    आईआरजीसी के होर्मोज़गान प्रांत स्थित मुख्यालय के बयान के मुताबिक़, इन ड्रोनों को बंदरख़मीर शहर के आसमान में एकीकृत हवाई रक्षा प्रणाली की मदद से मार गिराया गया.

    इस मामले पर अमेरिका की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    वहीं, अमेरिकी मीडिया ने सैन्य अधिकारियों के हवाले से बताया है कि मंगलवार सुबह आईआरजीसी की ओर से एक अमेरिकी लड़ाकू विमान को निशाना बनाए जाने के बाद अमेरिका ने क़ेश्म द्वीप के कुछ ठिकानों पर हमला किया.

    ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाग़र ग़ालिबाफ़ ने मंगलवार को कहा, "क्षेत्र के देशों को पता होना चाहिए कि जिस तरह इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान हथियारों के साथ युद्ध के लिए तैयार है, उसी तरह उसने अमेरिकी पक्ष को भी कड़ा और तर्कसंगत जवाब दिया है. अब गेंद अमेरिका के पाले में है कि वह युद्ध रोकने के लिए क्या करता है."

  19. राहुल गांधी बोले, '24 घंटे हो गए मोदी जी, आ जाइए, डरिए मत', पीएम की किस बात पर फिर दी खुली चुनौती?

  20. अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के लिए वोटिंग शुरू, राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल की दिशा होगी तय

    वोटिंग के बाद एक महिला

    अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान हो रहा है. अमेरिकी मतदाता यह तय करने के लिए वोट डाल रहे हैं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के आख़िरी दो वर्षों में कांग्रेस (संसद) पर किस पार्टी का नियंत्रण होगा.

    इन चुनावों में हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स यानी निचले सदन की 435 सीटों और सीनेट यानी ऊपरी सदन की 35 सीटों के साथ ही कुछ राज्यों के महत्वपूर्ण पदों के लिए मतदान हो रहा है. इनमें गवर्नर के चुनाव भी शामिल हैं.

    अमेरिकी न्याय विभाग (डीओजे) के मुताबिक़, देश के इतिहास में पहली बार सभी 50 राज्यों में क़रीब एक हज़ार चुनाव मॉनिटर और पर्यवेक्षक तैनात किए जा रहे हैं.

    डीओजे ने कहा है कि इन पर्यवेक्षकों की मदद से यह जांच की जाएगी कि संघीय चुनाव क़ानूनों का पालन हो रहा है या नहीं. इसका मक़सद "स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव" सुनिश्चित करने में मदद करना है.

    फिलहाल ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी का कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण है. डेमोक्रेटिक पार्टी को उम्मीद है कि वह पर्याप्त सीटें जीतकर दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर सकती है.

    अगर कांग्रेस पर डेमोक्रेटिक पार्टी का नियंत्रण हो जाता है, तो उनके लिए ट्रंप की योजनाओं को रोकना आसान हो जाएगा. वे राष्ट्रपति और उनकी टीम के ख़िलाफ़ जांच भी शुरू कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ के नॉर्थ अमेरिका संवाददाता एंथनी जर्चर के अनुसार, इसमें ट्रंप के ख़िलाफ़ महाभियोग की कार्यवाही शुरू करने की कोशिश भी शामिल हो सकती है.

    इन चुनावों के शुरुआती नतीजे अमेरिकी समयानुसार शाम 6 बजे (ईएसटी) यानी भारत में 4 नवंबर की सुबह करीब 4:30 बजे (आईएसटी) के बाद आने शुरू होंगे.