जी-7 की बैठक के लिए इटली में एकजुट हुए दुनिया के नेता, मोदी भी हुए रवाना

जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.

सारांश

  • नीट-यूजी में ग्रेस मार्क्स दिए गए 1,563 छात्रों के लिए दोबारा होगी परीक्षा. एनटीए ने नोटिफ़िकेशन जारी कर बताया 23 जून को होंगे एग्ज़ाम.
  • पीएम नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने इटली रवाना हुए. तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद मोदी का यह पहला विदेश दौरा है.
  • अजीत डोभाल को एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त कर दिया गया है.
  • चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान में जम्मू और कश्मीर पर की गई टिप्पणी पर भारत के विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
  • पेमा खांडू ने लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. चोओना मीन ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. ईरान में परमाणु अप्रसार संधि से निकलने की मांग तेज

    तेहरान में लगे ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह मोज़तबा ख़ामेनेई के पोस्टर (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, तेहरान में लगे ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह मोज़तबा ख़ामेनेई के पोस्टर (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के सर्वोच्च नेता की विशेषज्ञ सभा (असेंबली ऑफ़ एक्सपर्ट्स) ने एक बयान जारी कर परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने वाली संधि (एनपीटी) से बाहर निकलने की संभावना पर विचार करने की मांग की है. उसने देश की रक्षा नीति की समीक्षा करने की मांग की है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, बयान में कहा गया है कि एनपीटी से बाहर निकलने की समीक्षा और जरूरी सुरक्षा कवच तैयार करने के लिए रक्षा सिद्धांत में बदलाव अब 'एक ज़रूरत' और 'राष्ट्रीय मांग' बन गया है.

    विशेषज्ञ सभा ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर ईरान पर दोबारा हमला होता है, तो देश की सशस्त्र सेनाएं तुरंत और प्रभावी तरीके से जवाब देंगी. इस संस्था ने विभिन्न सरकारी विभागों की भागीदारी और सर्वोच्च नेतृत्व की निगरानी में युद्ध अर्थव्यवस्था मुख्यालय बनाने का आह्वान भी किया है.

    सभा ने ख़ास तौर पर संस्कृति और हिजाब से जुड़े मुद्दों का ज़िक्र किया.

    हाल के हफ़्तों में ईरान के कई अधिकारियों और सांसदों ने भी परमाणु नीति की समीक्षा की मांग की थी. कुछ नेताओं ने खुलकर यह भी कहा है कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की दिशा में बढ़ना चाहिए.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने दोहराया है कि ईरान अब भी परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने वाली संधि को लेकर प्रतिबद्ध है.

  2. अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में गोलीबारी, संदिग्ध हमलावर समेत दो की मौत, चार घायल

  3. छठ के लिए घर जा रहे लोगों को क्या दिक्कतें हो रही हैं?

  4. आम आदमी पार्टी ने पंजाब चुनाव के लिए जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट

    आम आदमी पार्टी
    इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ अरविंद केजरीवाल (फ़ाइल फ़ोटो)

    आम आदमी पार्टी (आप) ने 12 नवंबर 2026 को पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है.

    पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता ने यह सूची जारी की. इससे पहले 31 अक्तूबर 2026 को पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी.

    दूसरी सूची के साथ आप अब तक पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से 71 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है.

    पार्टी ने दो मौजूदा लोकसभा सांसदों को भी विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारा है. संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं, डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा विधानसभा सीट से मौका मिला है. चब्बेवाल अभी होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं.

    दूसरी सूची में करमजीत सिंह रिंटू को अमृतसर उत्तर सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया है. डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर को अमृतसर दक्षिण सीट से टिकट मिला है.

    हरमीत सिंह संधू को तरनतारन सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. ब्रह्म शंकर शर्मा जिम्पा होशियारपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे.

  5. कार्टून: पेश है W20 मिल्क

    दूध के दाम बढ़ने पर आज का कार्टून
    इमेज कैप्शन, दूध के दाम बढ़ने पर आज का कार्टून
  6. एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग ने इस्तीफ़ा दिया, अब किसे मिली ज़िम्मेदारी

  7. 'अमेरिका में अरब और मुस्लिम नेताओं का बढ़ता असर': अब्दुल अल-सैयद की जीत को कैसे देख रहा है अरब और इसराइली मीडिया

  8. न्यूयॉर्क में इमारत गिरने से मरने वालों की संख्या 8 हुई, मेयर ममदानी ने क्या कहा?

    मेयर जोहरान ममदानी
    इमेज कैप्शन, हादसे के बाद मौके पर पहुंचे न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी

    अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में एक इमारत गिरने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है. कम से कम 17 लोग घायल हुए हैं. घायलों में तीन दमकलकर्मी भी शामिल हैं.

    न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर यह जानकारी दी. उन्होंने कहा, "इस नुकसान को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता." मेयर ने कहा कि राहतकर्मियों ने पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया है. वो फंसे लोगों को खोजने और बचाने की कोशिश कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "मुझे गहरा दुख है कि 8 न्यूयॉर्क निवासियों की जान जा चुकी है और कम से कम 17 लोग घायल हुए हैं. मेरी संवेदना उन परिवारों और प्रियजनों के साथ है जिन्होंने अपने लोगों को खोया है. मैं घायलों और पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा हूं."

    रेस्क्यू ऑपरेशन
    इमेज कैप्शन, हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते कर्मी

    मेयर ने लोगों से अपील की कि वे हादसे वाली जगह से दूर रहें और राहतकर्मियों को अपना काम करने दें.

    न्यूयॉर्क सिटी फ़ायर डिपार्टमेंट के मुताबिक़, उन्हें बुधवार को स्थानीय समय के अनुसार शाम लगभग 4 बजे ब्रुकलिन में स्थित इमारत गिरने की सूचना मिली थी.

    साल 1930 में बनी इस इमारत में चार फ़्लैट थे.

    मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने डब्ल्यूएबीसी से बातचीत में कहा कि उन्हें लगता है कि मलबे से बचाई गई महिला उनकी पत्नी हैं, जो छह महीने की गर्भवती हैं.

  9. ईरान में महिलाओं का मिलिट्री ट्रेनिंग कैंप शुरू, देखें तस्वीरें

    ईरान
    इमेज कैप्शन, 10 नवंबर 2026 को तेहरान के फ़्रीडम स्क्वायर में प्रशिक्षण लेती महिला

    ईरान ने राजधानी तेहरान में महिलाओं के लिए एक नया सैन्य प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया है.

    यह क़दम ऐसे समय उठाया गया है, जब ईरानी अधिकारियों को अमेरिका और इसराइल की ओर से संभावित नए हमलों की आशंका है. साथ ही, कूटनीतिक मध्यस्थता की कोशिशें भी ठप बताई जा रही हैं.

    ईरान
    इमेज कैप्शन, 10 नवंबर 2026 को तेहरान में प्रशिक्षण के दौरान दीवार में चढ़ती एक महिला

    मंगलवार को खोले गए इस केंद्र में महिला वॉलंटियर्स को अलग-अलग सैन्य और आपात स्थितियों से निपटने की ट्रेनिंग दी जा रही है.

    जारी किए गए वीडियो में दर्जनों महिला स्वयंसेवक दिखाई देती हैं. इन्हें "जान-ए-फ़िदा" कहा जाता है.

    ईरान की राजधानी तेहरान
    इमेज कैप्शन, ईरान की राजधानी तेहरान में महिला सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में निशानेबाज़ी करती महिला

    ईरान की ओर से जारी किए वीडियो में महिलाओं को रस्सियों के सहारे दीवारों से नीचे उतरते और ज़िप लाइन का अभ्यास करते देखा जा सकता है.

    ईरान
    इमेज कैप्शन, सैन्य प्रशिक्षण शिविर में अभ्यास करतीं महिला स्वयंसेवक

    ईरान इससे पहले पुरुषों और महिलाओं, दोनों के लिए ऐसे तीन प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कर चुका है. अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान के तहत 10 लाख स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है.

    ईरान की राजधानी तेहरान
    इमेज कैप्शन, 10 नवंबर 2026 को ईरान की राजधानी तेहरान में प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेतीं महिलाएं

    कुछ महिलाओं को हथियारों के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में हिस्सा लेते हुए भी दिखाया गया है.

    ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, इन केंद्रों में नागरिक सुरक्षा, वायु रक्षा और राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़े कोर्स भी कराए जा रहे हैं.

  10. ओवैसी और चंद्रशेखर साथ मिलकर लड़ेंगे यूपी विधानसभा चुनाव

  11. दिल्ली: हेरिटेज साइट पर अंधेरे में क्यों निकलीं ये महिलाएं?

  12. क्या दिवाली के दौरान दिल्ली में प्रदूषण के आंकड़े भ्रामक थे?

  13. भारत आने के लिए वीज़ा नियमों में फ़ेरबदल, गृह मंत्रालय ने बताए बदलाव

    गृह मंत्रालय के मुताबिक़, वीज़ा की सभी 23 उपश्रेणियों के आवेदन फ़ॉर्म में मांगी जाने वाली जानकारी 65 से 70 फ़ीसदी तक कम की गई है
    इमेज कैप्शन, गृह मंत्रालय के मुताबिक़, वीज़ा की सभी 23 उपश्रेणियों के आवेदन फ़ॉर्म में मांगी जाने वाली जानकारी 65 से 70 फ़ीसदी तक कम की गई है

    भारत सरकार ने विदेशी नागरिकों के लिए वीज़ा व्यवस्था में बदलाव किए हैं. वीज़ा की मुख्य श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर नौ और उपश्रेणियों की संख्या 49 से घटाकर 23 कर दी गई है.

    गृह मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, ये बदलाव 27 अगस्त, 2026 को किए गए थे.

    मंत्रालय ने बताया कि सभी 23 उपश्रेणियों के आवेदन फ़ॉर्म में भरी जाने वाली जानकारियों की संख्या भी 65 से 70 फ़ीसदी तक कम की गई है. सरकार का कहना है कि इससे आवेदन की प्रक्रिया आसान और तेज़ होगी.

    इन बदलावों का मक़सद भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों, इलाज कराने वाले लोगों और छात्रों की संख्या बढ़ाना है.

    मंत्रालय के मुताबिक़, अलग-अलग वीज़ा श्रेणियों के बीच दोहराव कम किया गया है. इससे पर्यटकों, मरीज़ों, छात्रों, शोधकर्ताओं, निवेशकों और कारोबारी पेशेवरों को अपनी यात्रा के मक़सद के हिसाब से वीज़ा का विकल्प चुनने में आसानी होगी.

    इससे पहले अक्टूबर, 2025 में भी वीज़ा व्यवस्था में बदलाव हुए थे. तब मुख्य श्रेणियों की संख्या 22 से घटाकर 13 और उपश्रेणियों की संख्या 63 से घटाकर 49 की गई थी.

    गृह मंत्रालय का कहना है कि व्यवस्था को आसान बनाने के लिए विकसित देशों के वीज़ा सिस्टम और अंतरराष्ट्रीय मानकों का अध्ययन किया गया.

  14. अंडर-19 एशिया कप: अफ़ग़ानिस्तान को हराकर भारत फ़ाइनल में, पाकिस्तान से होगी टक्कर

    फ़ाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगा भारत
    इमेज कैप्शन, फ़ाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगा भारत

    अंडर-19 एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफ़ाइनल में टीम इंडिया ने अफ़ग़ानिस्तान को हराकर फ़ाइनल में जगह बना ली है.

    ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मैच में अफ़ग़ानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया.

    हालांकि अफ़ग़ानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को 29 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा. इसके बाद नोमान सालारज़ई और शाह फ़ैज़ल रहीमी ने पारी को संभाला.

    नोमान सालारज़ई और शाह फ़ैज़ल रहीमी ने 51-51 रन बनाए. वहीं कप्तान सोहेल ख़ान 36 रन बनाकर नाबाद रहे.

    अफ़ग़ानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट के नुक़सान पर 227 रन बनाए. भारत की ओर से ईशान सूद ने सबसे ज़्यादा 3 विकेट लिए. आर्यन को 2 विकेट मिला.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की. पहले विकेट के लिए लक्ष्य राजेश और आर्यवीर सहवाग के बीच शतकीय साझेदारी हुई.

    लक्ष्य राजेश ने 93 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और 1 छक्का लगाया.

    वहीं, आर्यवीर सहवाग ने 51 रन बनाए. वीके विनीत ने 57 रन की पारी खेली.

    भारतीय टीम ने 8 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया. इसके साथ ही टीम ने फ़ाइनल का टिकट भी पक्का कर लिया.

    अब 14 नवंबर को फ़ाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा. पहले सेमीफ़ाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई थी.

  15. फ़्रांस ने क्यों की ईरान पर प्रतिबंध और कड़े करने की तैयारी

    फ़्रांस
    इमेज कैप्शन, पिछले महीने पूरे फ़्रांस में सैकड़ों स्टोर के रेफ्रिजरेटर और फ्रीजर बंद हो गए थे (फ़ाइल फ़ोटो)

    फ़्रांस के यूरोपीय मामलों के मंत्री बेंजामिन हद्दाद ने कहा है कि हालिया साइबर हमले के बाद ईरान के ख़िलाफ़ प्रतिबंध और कड़े किए जाएंगे.

    11 और 12 अक्तूबर को हुए साइबर हमलों का असर फ़्रांस के सैकड़ों स्टोरों पर पड़ा था. इन हमलों के कारण रेफ़्रिजरेटर और फ़्रीज़र का तापमान बढ़ गया था.

    इसके चलते लाखों रुपये कीमत का खाने का सामान ख़राब हो गया था. इससे कारोबारियों को भारी नुक़सान हुआ.

    फ़्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बारो ने इस हमले को आक्रामकता के लिहाज़ से ख़तरनाक बताया. उन्होंने कहा कि हमले के लिए ज़िम्मेदार लोगों को प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा.

    फ़्रांसीसी सरकार ने 9 नवंबर को कहा कि इन साइबर हमलों के पीछे रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) का हाथ है. इसके बाद फ़्रांस ने 10 नवंबर की सुबह ईरानी राजदूत को तलब किया.

    फ़्रांस ने कहा कि यह क़दम "ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के साइबर हमले" के जवाब में उठाया गया है.

    वहीं, ईरान ने इन आरोपों को ख़ारिज कर दिया है. ईरान का कहना है कि यह आरोप फ़्रांस में जनता को गुमराह करने के लिए गढ़ी गई मनगढ़ंत कहानी का हिस्सा है.

  16. 40 लाख बैरल से ज़्यादा तेल ले जा रहे दो टैंकरों के साथ होर्मुज़ में क्या हुआ?

    आईआरजीसी के मुताबिक़, होर्मुज़ में विस्फोट के बाद रुके दो टैंकरों में कुल 40 लाख बैरल से ज़्यादा तेल था.
    इमेज कैप्शन, आईआरजीसी के मुताबिक़, होर्मुज़ में विस्फोट के बाद रुके दो टैंकरों में कुल 40 लाख बैरल से ज़्यादा तेल था

    ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) की नौसेना ने कहा है कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य के दक्षिणी रास्ते से गुज़र रहे दो तेल टैंकरों को विस्फोट के बाद रुकना पड़ा.

    बीबीसी पर्शियन से मिली जानकारी के मुताबिक, नौसेना के जनसंपर्क विभाग ने बताया, यह घटना बुधवार रात हुई. बयान में इसे 'भयानक विस्फोट' बताया गया है.

    आईआरजीसी के अनुसार, दोनों जहाज़ ‘सुपर टैंकर’ थे और उनमें कुल मिलाकर 40 लाख बैरल से ज़्यादा तेल था.

    बयान में दावा किया गया है कि टैंकरों ने दक्षिणी रास्ते को लेकर बार-बार दी गई चेतावनियों को अनदेखा किया था. आईआरजीसी ने इस रास्ते को ''अवैध और असुरक्षित'' बताया है.

    ईरान का कहना है कि जहाज़ों को होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने के लिए उसके तय किए हुए रास्ते का इस्तेमाल करना होगा.

    रिपोर्टों के मुताबिक़, कुछ जहाज़ और टैंकर ईरान की ओर से घोषित पाबंदियों से बचने के लिए एक वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं.

  17. अंडर-19 एशिया कप में बांग्लादेश को हराकर फ़ाइनल में पहुंचा पाकिस्तान

    सेमीफ़ाइनल में पाकिस्तान और बांग्लादेश
    इमेज कैप्शन, सेमीफ़ाइनल में पाकिस्तान और बांग्लादेश

    अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट 2026 के पहले सेमीफ़ाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फ़ाइनल में एंट्री कर ली है.

    ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया.

    हालांकि बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को दूसरे ही ओवर में पहला झटका लगा. 100 रन से पहले ही उसके पांच विकेट गिर गए थे.

    बांग्लादेश की ओर से अब्दुल्लाह अल मुही ने सबसे ज़्यादा 50 रन बनाए. टीम 10 विकेट पर 138 रन ही बना सकी.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने शानदार शुरुआत की. पहले विकेट के लिए उस्मान ख़ान और हयाम ख़ान के बीच 123 रन की साझेदारी हुई.

    हयाम ख़ान ने एक छक्के और आठ चौकों की मदद से 69 रन बनाए. वहीं उस्मान ख़ान ने 64 रन की पारी खेली.

    पाकिस्तान ने 22वें ओवर में 9 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया. इसके साथ ही टीम ने फ़ाइनल में जगह पक्की कर ली.

  18. कुलगाम में सीआरपीएफ़ टीम पर हमले के बाद दूसरे दिन भी तलाशी अभियान जारी, अब तक क्या पता है

  19. सैम पित्रोदा ने की पीएम की तारीफ़, जवाब में मोदी क्या बोले

    सैम पित्रोदा
    इमेज कैप्शन, इंडियन ओवरसीज़ कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा

    इंडियन ओवरसीज़ कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा के बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टिप्पणी की है.

    न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में सैम पित्रोदा ने कहा कि पीएम मोदी उनके दोस्त हैं और दोनों के बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है.

    उन्होंने कहा, "वह मेरे एक गुजराती दोस्त हैं. एक इंसान के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं. मेरी पत्नी और मैं उनसे मिल चुके हैं. व्यक्तिगत रूप से वह बेहद स्नेहपूर्ण, दयालु और ख़्याल रखने वाले रहे हैं. वह अच्छे वक्ता हैं और कड़ी मेहनत करते हैं. हमारे बीच अच्छी बनती है. कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है."

    सैम पित्रोदा ने आगे कहा, "एक गुजराती नेता, दोस्त या शुभचिंतक के रूप में मुझे पीएम मोदी से कोई दिक्कत नहीं है. उन्होंने हमेशा मेरे प्रति स्नेह दिखाया है और मैं इसकी क़द्र करता हूं. मैं गुजरात में उनके घर भी कई बार जा चुका हूं."

    हालांकि, पित्रोदा ने वैचारिक मतभेद की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उन्हें पीएम मोदी की विचारधारा से असहमति हो सकती है, लेकिन इससे उनके व्यक्तिगत रिश्तों पर असर नहीं पड़ता.

    उन्होंने कहा, "वह पीएम मोदी से असहमत होने के बावजूद उनके साथ बैठकर खाना खा सकते हैं और हंसी-मज़ाक कर सकते हैं."

    पित्रोदा के इस बयान पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "सैम भाई, आपको और अंजना बेन को दिवाली और नूतन वर्ष अभिनंदन की शुभकामनाएं. आने वाले वर्ष में सुख, स्वास्थ्य और आनंद के लिए प्रार्थना करता हूं. जय जगन्नाथ!"

  20. दुर्लभ बीमारी से चलना-बोलना भूल रहे हैं बच्चे, इलाज तक पहुंचने के लिए चाहिए क़रीब 33 करोड़ रुपये