आईपीएल 2021: KKRvsRR- आईपीएल 2021: राजस्थान की दूसरी जीत, 6 विकेट कोलकाता की हुई चौथी हार

डेविड मिलर और संजू सैमसन
प्रकाशित

सधी हुई गेंदबाज़ी और कप्तान संजू सैमसन की नाबाद पारी से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2021 में दूसरी जीत दर्ज़ की.

134 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान ने आसानी से मैच 6 विकेट से मैच जीत लिया. कप्तान संजू सैमसन (42 रन) और डेविड मिलर (24 रन) ने अंत तक आउट नहीं हुए.

गेंदबाज़ी के बाद इस लो स्कोर मैच में राजस्थान ने बल्लेबाज़ी के दौरान भी शुरू से ही पकड़ बनाए रखी.

यशस्वी जायसवाल
इमेज कैप्शन, यशस्वी जायसवाल

अंतिम एकादश में लाए गए सलामी बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल ने फील्डिंग के बाद बैटिंग में भी प्रभावित किया और कुछ आकर्षक शॉट्स खेले. 17 गेंदों में 22 रन बनाने के दौरान उन्होंने पाँच चौके जड़े.

राजस्थान की जीत में मध्यक्रम के बल्लेबाज़ शिवम दुबे ने भी महत्वपूर्ण 22 रन बनाए.

इस मैच के लिए कोलकाता ने अपनी टीम में शिवम मावी को शामिल किया और उन्होंने अपने चयन को सही साबित करते हुए बेहतरीन गेंदबाज़ी की. उन्होंने अपने चार ओवर में केवल 19 रन दिए और यशस्वी जायसवाल का विकेट लिए.

दिनेश कार्तिक
इमेज कैप्शन, दिनेश कार्तिक

कोलकाता की पारी

टॉस जीत कर राजस्थान ने कोलकाता को बल्लेबाज़ी के लिए उतारा. धीमी शुरुआत के बाद दिनेश कार्तिक और राहुल त्रिपाठी की पारियों की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 133 रन बनाए.

ओपनर नीतीश राणा ने 22 रन, शुभमन गिल ने 11, राहुल त्रिपाठी ने सर्वाधिक 36 रन और कार्तिक ने 25 रन का सहयोग किया.

इयोन मॉर्गन की टीम के दोनों ओपनर्स शुभमन गिल और नीतीश राणा ने बेहद धीमी शुरुआत की. पहले पाँच ओवर में केवल 23 रन जोड़े.

यशस्वी जायसवाल
इमेज कैप्शन, यशस्वी जायसवाल ने सुनील नारायण का शानदार कैच लपका. ये मैच का बेस्ट कैच रहा.

छठे ओवर में शुभमन गिल रन आउट हो गए. दो ओवर बाद ही नीतीश राणा को सकारिया ने विकेट के पीछे कप्तान संजू सैमसन के हाथों आउट कराया. अगले ही ओवर में सुनील नारायण भी आउट हो गए. उनादकट की गेंद पर यशस्वी जायसवाल ने बहुत शानदार कैच पकड़ा. 10 ओवर तक स्कोर तीन विकेट पर 55 रन था.

इसके बाद पिच पर कप्तान इयोन मॉर्गन आए लेकिन अगले ही ओवर में रन आउट हो गए. उन्हें एक भी गेंद खेलने का मौका नहीं मिला.

कप्तान मॉर्गन के रन आउट होने के बाद राहुल त्रिपाठी ने हाथ खोलना शुरू किया तो रन रेट छह से कुछ आगे बढ़ा.

राहुल त्रिपाठी
इमेज कैप्शन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ़ द मैच बने राहुल त्रिपाठी को लेट्स क्रैक सिक्स अवार्ड भी मिला

15वाँ ओवर ख़त्म होने तक स्कोर 93 रन पर पहुँचा. लेकिन इसके बाद राहुल त्रिपाठी आउट हो गए. 36 रनों की पारी खेलने वाले त्रिपाठी ने टीम के टोटल में सबसे बड़ा योगदान दिया.

16वें ओवर की दूसरी गेंद पर मुस्तफिज़ुर ने कोलकाता के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले राहुल त्रिपाठी को रियान पराग के हाथों कैच आउट कराया. तब कोलकाता का स्कोर पाँच विकेट पर 94 रन था.

इसके बाद चेन्नई की ख़िलाफ़ कोलकाता के हीरो रहे आंद्र रसेल पिच पर आए और कार्तिक के साथ बेहद तेज़ 23 रन की साझेदारी निभाई.

क्रिस मॉरिस ने चार विकेट लिए
इमेज कैप्शन, क्रिस मॉरिस ने चार विकेट लिए, गेम चेंजर ऑफ़ द मैच के साथ ही मैन ऑफ़ द मैच भी बने

ये 23 रन केवल आठ गेंदों पर बने. लेकिन रसेल जल्द ही सात गेंद में 9 रन बनाकर मौरिस की गेंद पर डेविड मिलर के हाथों कैच आउट हुए.

इसी ओवर की आखिरी गेंद पर मॉरिस ने कार्तिक को भी पवेलियन लौटा दिया. उनका बेहतरीन कैच सकारिया ने लपका. कार्तिक के आउट होने तक राजस्थान का स्कोर 7 विकेट पर 118 रन था. अंतिम दो ओवर में कोलकाता ने 15 रन और जोड़े.

कोलकाता की तरफ से क्रिस मॉरिस ने चार विकेट लिए. जयदेव उनादकट, चेतन सकारिया और मुस्तफ़िज़ुर रहमान ने एक एक विकेट लिए. वहीं कप्तान इयोन मॉर्गन और शुभमन गिल दो बल्लेबाज़ रन आउट हुए.

राजस्थान ने अंतिम एकादश में दो बदलाव करते हुए यशस्वी जायसवाल और जयदेव उनादकद को मौका दिया है जबकि केकेआर ने शिवम मावी को शामिल किया है.

संजू सैमसन और इयोन मॉर्गन
इमेज कैप्शन, राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन और कोलकाता के कप्तान इयोन मॉर्गन

आईपीएल में कोलकाता vs राजस्थान

दोनों टीमों के बीच आईपीएल में लगभग बराबरी का मुक़ाबला रहता है. अब तक दोनों ने आपस में 23 मैच खेले हैं. इस हार के बावजूद 12 जीत के साथ कोलकाता को राजस्थान (11 जीत) पर बढ़त हासिल है.

हालाँकि बीते आठ मुक़ाबलों में से छह जीत कर कोलकाता ने हाल के वर्षों में अपनी पकड़ मजबूत की है.

कोलकाता नाइट राइडर्स

कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम

नीतीश राणा, शुभमन गिल, राहुल त्रिपाठी, इयोन मॉर्गन (कप्तान), आंद्रे रसेल, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), सुनील नरेन, पैट कमिंस, शिवम मावी, प्रसिद्ध कृष्णा और वरुण चक्रवर्ती.

राजस्थान रॉयल्स

राजस्थान रॉयल्स की टीम

संजू सैमसन (विकेटकीपर, कप्तान), जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल, डेविड मिलर, शिवम दुबे, रियान पराग, राहुल तेवतिया, क्रिस मॉरिस, चेतन सकारिया, जयदेव उनादकट और मुस्तफिज़ुर रहमान.

ये भी पढ़ें

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)