फ़लस्तीनी फ़ुटबॉलर ने भारतीय कप्तान के साथ ऐसा क्या किया कि लगा नस्लभेद का आरोप

भारत ने यह मुक़ाबला 4-1 से जीता लेकिन मैच नतीजे से ज़्यादा विवादों की वजह से चर्चा में रहा (सांकेतिक तस्वीर)
इमेज कैप्शन, भारत ने यह मुक़ाबला 4-1 से जीता लेकिन मैच नतीजे से ज़्यादा विवादों की वजह से चर्चा में रहा (सांकेतिक तस्वीर)
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 5 मिनट

अंडर-17 फ़ुटबॉल के भारत और फ़लस्तीनी टीमों के बीच 17 नवंबर को मलेशिया में खेला गया मुक़ाबला दो वजहों से विवादों में आ गया.

पहली घटना में एक फ़लस्तीनी खिलाड़ी को भारतीय खिलाड़ी को किक मारने के लिए रेड कार्ड दिखाया गया.

दूसरी घटना में एक अन्य फ़लस्तीनी खिलाड़ी पर भारतीय कप्तान की तरफ़ नस्लभेदी इशारा करने का आरोप लगा.

भारत ने यह मुक़ाबला 4-1 से जीता. लेकिन मैच के दौरान हुई दूसरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई.

भारतीय फ़ुटबॉल महासंघ ने इस मामले में एशियाई फ़ुटबॉल परिसंघ (एशियन फ़ुटबॉल फ़ेडरेशन) से शिकायत की है.

आख़िर मैच में हुआ क्या था और नस्लभेदी इशारे का आरोप क्यों लगा?

फ़लस्तीनी खिलाड़ी को रेड कार्ड

भारत और फ़लस्तीन के बीच यह मैच एएफ़सी अंडर-17 एशियन कप 2027 के क्वालिफ़ायर मुक़ाबलों का हिस्सा था.

मैच के आठवें मिनट में भारतीय खिलाड़ी कमगौहाओ डौंगेल ने गोल करके भारत को बढ़त दिलाई.

इसके कुछ ही देर बाद फ़लस्तीनी खिलाड़ी मोहम्मद जमहूर और भारतीय खिलाड़ी राज सिंह वाहेंगबाम के बीच विवाद हो गया.

जमहूर ने वाहेंगबाम को टचलाइन के पास गिरा दिया. इसके बाद उन्होंने मैदान पर गिरे भारतीय खिलाड़ी को दो बार पैर से मारा.

रेफ़री ने इस हरकत के लिए जमहूर को सीधे रेड कार्ड दिखा दिया. इस तरह फ़लस्तीन की टीम मैच के शुरुआती 10 मिनट में ही 10 खिलाड़ियों तक सिमट गई.

मैच के बाद फ़लस्तीनी कोच यूसुफ़ शरबाजी ने अपने खिलाड़ी के व्यवहार के लिए माफ़ी मांगी. उन्होंने कहा कि उनके खिलाड़ी की इस हरकत का कोई औचित्य नहीं था.

भारतीय कप्तान की तरफ़ नस्लभेदी इशारा करने का आरोप

मैच के दौरान एक फ़लस्तीनी खिलाड़ी पर भारतीय कप्तान की तरफ़ नस्लभेदी इशारा करने का आरोप लगा (सांकेतिक तस्वीर)
इमेज कैप्शन, मैच के दौरान एक फ़लस्तीनी खिलाड़ी पर भारतीय कप्तान की तरफ़ नस्लभेदी इशारा करने का आरोप लगा (सांकेतिक तस्वीर)

मैच के पहले हाफ़ के आख़िरी मिनटों में एक और घटना हुई. इस बार विवाद फ़लस्तीनी मिडफ़ील्डर ताहा सुवेइदान को लेकर था.

मैच के प्रसारण के वीडियो में दिखा कि सुवेइदान भारतीय कप्तान डल्लालमुआन गांगटे के पास से गुज़रते हुए अपने हाथ से नाक के सामने हवा करने जैसा इशारा कर रहे थे.

इस इशारे को कई लोगों ने नस्लभेदी माना. उनका कहना था कि यह भारतीयों और दक्षिण एशियाई लोगों को 'बदबू से जोड़ने वाले नस्लभेदी इशारे' जैसा था.

गांगटे ने इस पर आपत्ति जताई और दोनों खिलाड़ियों के बीच मैदान पर बहस हुई. इसके बाद रेफ़री को मिंकुक ने बीच-बचाव किया और दोनों खिलाड़ियों को चेतावनी दी.

हालांकि, मैच के दौरान इस घटना के लिए सुवेइदान को रेड कार्ड नहीं दिखाया गया.

फ़लस्तीनी खिलाड़ी ने क्या सफ़ाई दी?

विवाद बढ़ने के बाद ताहा सुवेइदान ने इंस्टाग्राम पर अपनी सफ़ाई दी.

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके ख़िलाफ़ लगाए जा रहे आरोपों से उन्हें हैरानी हुई है.

सुवेइदान के मुताबिक़, मलेशिया में ज़्यादा उमस और नमी के कारण उन्हें परेशानी हो रही थी. उन्होंने नाक के सामने हवा करने का इशारा इसी वजह से किया था.

उन्होंने कहा कि इस हरकत के पीछे भारतीय कप्तान का अपमान करने या उन्हें निशाना बनाने का कोई इरादा नहीं था.

सुवेइदान ने यह भी कहा कि उन्हें जब सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद के बारे में पता चला तो वह ख़ुद गांगटे के पास गए और उन्हें अपने इरादे के बारे में बताया.

उन्होंने कहा कि वह नस्लवाद के हर रूप को ख़ारिज करते हैं और उन्हें अफ़सोस है कि उनकी सामान्य प्रतिक्रिया को नस्लभेदी इशारे के तौर पर समझा गया.

यह सफ़ाई उन्होंने 17 नवंबर को इंस्टाग्राम पर जारी बयान में दी.

भारतीय फ़ुटबॉल महासंघ ने क्या कहा?

18 नवंबर को भारतीय फ़ुटबॉल महासंघ ने इस मामले में एशियाई फ़ुटबॉल परिसंघ (एएफ़सी) से औपचारिक शिकायत की.

भारतीय फ़ुटबॉल महासंघ ने अपने बयान में कहा कि उसने एएफ़सी से घटना की समीक्षा करने, मैच के उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच करने और संबंधित नियमों के तहत उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.

महासंघ ने कहा कि वह नस्लवाद और किसी भी तरह के भेदभाव को बेहद गंभीरता से लेता है.

भारतीय फ़ुटबॉल महासंघ के मुताबिक़, फ़ुटबॉल सम्मान, समानता, निष्पक्ष खेल और खेल भावना के मूल्यों पर आधारित है. इसमें नस्लवाद या भेदभाव के लिए कोई जगह नहीं है.

अब तक एएफ़सी या फ़लस्तीन फ़ुटबॉल एसोसिएशन ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

मैच का नतीजा

विवादों के बीच भारतीय टीम ने मैदान पर अपना दबदबा बनाए रखा.

भारत ने यह मुक़ाबला 4-1 से जीता. भारत की तरफ़ से कमगौहाओ डौंगेल ने आठवें मिनट में पहला गोल किया.

फ़लस्तीनी कप्तान यज़ान ख़लीफ़ा ने 32वें मिनट में पेनल्टी पर गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया.

दूसरे हाफ़ में भारत की तरफ़ से मुकुंदो सिंह निंगथौजम ने 52वें मिनट, कप्तान डल्लालमुआन गांगटे ने 59वें मिनट और ज़ोरामदिंथारा लालहुनमाविया ने 89वें मिनट में गोल किए.

भारी बारिश के कारण दूसरे हाफ़ का खेल दो घंटे से ज़्यादा समय तक रुका भी रहा.

इस जीत के साथ भारतीय टीम ग्रुप ई में लगातार तीसरी जीत दर्ज करके शीर्ष पर बनी रही.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.