नर्मदा के किनारे बच्चों को क्या मिला जिसका इतिहास हो सकता है लाखों साल पुराना?

शुरुआती जांच करने वाले वैज्ञानिकों ने संभावना जताई है कि यह जबड़ा किसी प्राचीन हाथी या उस जैसे किसी जीव का है.
इमेज कैप्शन, वैज्ञानिकों ने संभावना जताई है कि यह जबड़ा किसी प्राचीन हाथी या उस जैसे किसी जीव का है

10 नवंबर की एक सर्द सुबह थी. मध्य प्रदेश के रायसेन ज़िले में नर्मदा नदी के किनारे बसे पतई गांव के पास पतई घाट पर अरुण नौरिया और उनके साथ के कुछ बच्चे खेलने पहुंचे थे.

खेलते हुए अरुण की नज़र ज़मीन से बाहर निकले कुछ दांतों पर पड़ी. अरुण को समझ नहीं आया कि ये किस चीज के दांत हैं. बच्चों की उत्सुकता बढ़ी और उन्होंने आसपास की मिट्टी हटानी शुरू की. कुछ ही देर में ज़मीन के नीचे एक बड़े जबड़े जैसी आकृति दिखाई दी.

अरुण और अन्य बच्चों को तो यह अंदाज़ा भी नहीं था कि वह क्या देख रहे हैं.

धीरे-धीरे बात सरकारी दफ़्तरों तक पहुंची और अब बच्चों की इस छोटी-सी खोज ने वैज्ञानिकों का ध्यान नर्मदा घाटी के उस हिस्से की ओर खींचा है, जहां लाखों साल पुराने जीवों के फॉसिल (जीवाश्म) जमीन के भीतर दबे हो सकते हैं.

शुरुआती जांच करने वाले वैज्ञानिकों ने संभावना जताई है कि यह जबड़ा किसी प्राचीन हाथी या उस जैसे किसी जीव का है.

फ़िलहाल इसकी पहचान विलुप्त हो चुकी पैलियोलॉक्सोडॉन नमाडिकस प्रजाति के रूप में होने की संभावना जताई गई है. यह धरती पर रहने वाले सबसे विशालकाय हाथियों में से एक माने जाते हैं.

मध्य प्रदेश के डॉ. रवि उपाध्याय नर्मदा घाटी में फॉसिल और प्राचीन जीवों के अवशेषों पर शोध करते रहे हैं.

डॉ.रवि उपाध्याय, जिन्होंने इस फॉसिल की शुरुआती जांच की है, उन्होंने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "ये जो फॉसिल मिला है इसकी बनावट किसी प्राचीन हाथी जैसे जीव से मेल खाती है. अभी तक बहुत ज़्यादा संभावना है कि यह पैलियोलॉक्सोडॉन नमाडिकस प्रजाति के हाथी का फॉसिल है".

कैसा है यह फॉसिल और किस जीव का हो सकता है?

शोधकर्ताओं के मुताबिक इस फॉसिल की लंबाई करीब 75 सेंटीमीटर और चौड़ाई 25 सेंटीमीटर है
इमेज कैप्शन, शोधकर्ताओं के मुताबिक इस फॉसिल की लंबाई करीब 75 सेंटीमीटर और चौड़ाई 25 सेंटीमीटर है

शोधकर्ताओं के मुताबिक इस फॉसिल की लंबाई करीब 75 सेंटीमीटर और चौड़ाई 25 सेंटीमीटर है. इस फॉसिल में मोलर दांतों में सात से नौ कतारों में निशान बने हैं.

डॉ. उपाध्याय के मुताबिक, दांतों की बनावट और जबड़े का आकार किसी प्राचीन हाथी जैसे जीव की ओर इशारा करता है.

वह कहते हैं कि पैलियोलॉक्सोडॉन होने की संभावना ज्यादा है, जबकि स्टेगोडॉन (हाथी जैसा विलुप्त जीव) होने की संभावना कम है. ये दोनों ही हाथी जैसे जीवों की विलुप्त प्रजातियां हैं.

डॉ. उपाध्याय के मुताबिक, जबड़े में दांतों की कतारों को देखने से ऐसा लगता है कि यह पूरी तरह विकसित वयस्क जीव नहीं था.

वह कहते हैं, "जबड़े में दांतों को देखने पर एक तरफ छह और दूसरी तरफ सात कतारें दिखाई देती हैं. इससे लगता है कि यह कम उम्र का हाथी था. यह पूरी तरह विकसित वयस्क नहीं था."

उनके मुताबिक, जबड़े में डेंटाइन (दांत की अंदरूनी परत) भी साफ दिखाई दे रही है. दांतों की आगे की जांच से इसकी पहचान के बारे में ज्यादा जानकारी मिल सकती है.

कितना पुराना है ये फॉसिल?

डॉक्टर रवि उपाध्याय
इमेज कैप्शन, शोधकर्ता डॉक्टर रवि उपाध्याय ने संभावना जताई है कि जो फ़ॉसिल मिला है वो चार से पांच लाख साल पुराना हो सकता है
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

इस फॉसिल की उम्र को लेकर वैज्ञानिकों के शुरुआती अनुमान अलग-अलग हैं.

डॉ. रवि उपाध्याय का कहना है कि जिस पीली मिट्टी में यह फॉसिल मिला है, वह प्लाइस्टोसीन काल (करीब 26 लाख से 11,700 साल पहले का समय) की है. इस काल में पैलियोलॉक्सोडॉन जैसी हाथियों की प्रजातियां मौजूद थीं.

उनका शुरुआती अनुमान है कि यह फॉसिल करीब चार से पांच लाख साल पुराना हो सकता है.

वहीं, भोपाल स्थित बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त जेनेटिक्स प्रोफेसर डॉ. एचके गोस्वामी का अनुमान है कि इसकी उम्र करीब सात से आठ लाख साल हो सकती है.

हालांकि, डॉ. गोस्वामी भी कहते हैं कि बिना वैज्ञानिक जांच के इसकी उम्र को लेकर कोई अंतिम दावा नहीं किया जा सकता.

उन्होंने कहा, "यह काफी अच्छा फॉसिल है. अभी तक की जांच से लगता है कि यह करीब सात-आठ लाख साल पुराना होगा. लेकिन जब तक इसके दांतों की जांच नहीं होती, इसके शरीर की बनावट का अध्ययन नहीं किया जाता और वैज्ञानिक तरीके से इसकी उम्र पता नहीं लगाई जाती, तब तक इसका सही पता नहीं लगाया जा सकता."

फॉसिल की उम्र पता करने के लिए वैज्ञानिकों को उसके दांतों और आसपास की मिट्टी के नमूनों की जांच करनी होगी.

फॉसिल की उम्र पता करने के लिए वैज्ञानिक उसमें मौजूद चीजों और उसके आसपास की मिट्टी या चट्टानों की जांच करते हैं. इसके लिए रेडियोमेट्रिक डेटिंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है.

रेडियोमेट्रिक डेटिंग में वैज्ञानिक चट्टानों में मौजूद कुछ खास पदार्थों में समय के साथ होने वाले बदलाव को मापते हैं. इससे पता चलता है कि चट्टान कितनी पुरानी है और उसके आधार पर फॉसिल की उम्र का ज़्यादा सटीक अंदाजा लगाया जाता है.

नर्मदा घाटी में और क्या मिल सकता है?

मिला जीवाश्म

वैज्ञानिकों का मानना है कि पतई घाट पर मिला यह फॉसिल अकेली खोज नहीं हो सकता. इसके आसपास का पूरा इलाका प्राचीन जीवों के अध्ययन के लिहाज से महत्वपूर्ण है.

डॉ. रवि उपाध्याय के मुताबिक, मौजूदा जगह से करीब एक किलोमीटर के दायरे में जमीन की अलग-अलग परतें मौजूद हैं. इनमें अलग-अलग समय के जीवों के फॉसिल दबे हो सकते हैं.

वह कहते हैं कि नर्मदा घाटी में पहले गैंडे, दरियाई घोड़े और घोड़ों जैसे जीवों के फॉसिल मिल चुके हैं.

उनका कहना है कि अगर इस पूरे इलाके में वैज्ञानिक तरीके से खुदाई की जाए तो संभव है कि मौजूदा फॉसिल से जुड़े शरीर के दूसरे हिस्से भी मिलें.

शोधकर्ताओं के मुताबिक आसपास हड्डियों के कुछ टुकड़े और कई जगहों पर खनिजों के जमावड़े के भी अंश मिले हैं. इसलिए यह जानना जरूरी है कि क्या यहां किसी एक जीव के शरीर के हिस्से हैं या अलग-अलग प्रजातियों के फॉसिल भी मौजूद हैं.

पतई घाट पर मिले फॉसिल को लेकर डॉ. एचके गोस्वामी की दिलचस्पी सिर्फ प्राचीन जानवरों तक सीमित नहीं है. उनका कहना है कि नर्मदा घाटी मानव विकास के इतिहास को समझने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है.

डॉ. गोस्वामी लंबे समय से मानव विकास के विषय में रुचि रखते हैं. उनका दावा है कि करीब 10 से 12 लाख साल पहले होमो इरेक्टस (मानव की विलुप्त प्रजाति) इस क्षेत्र में मौजूद था.

डॉ. गोस्वामी कहते हैं कि नर्मदा नदी के किनारे और खासकर इसके रेतीले इलाकों में सही तरीके से सर्वे किया जाना चाहिए.

उनका मानना है कि इससे मानव विकास के शुरुआती इतिहास से जुड़े ऐसे प्रमाण मिल सकते हैं जो अब तक सामने नहीं आए हैं.

जीएसआई और पुरातत्व विभाग क्या कर रहे हैं?

रवि उपाध्याय का कोट कार्ड

इस खोज के बाद भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की भोपाल स्थित चार सदस्यीय टीम ने 13 नवंबर को पतई घाट का निरीक्षण किया था.

टीम ने फॉसिल और उसके आसपास की मिट्टी की परतों का अध्ययन किया.

इस टीम के साथ मौजूद रहे रायसेन के देवरी क्षेत्र के एसडीएम अंकित जैन ने पत्रकारों को बताया कि वैज्ञानिकों ने फॉसिल और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया है. टीम जल्द ही अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपेगी. इसके बाद इसकी पहचान और ऐतिहासिक महत्व के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

वहीं, मध्य प्रदेश के पुरातत्व विभाग ने भी इस फॉसिल की जांच के लिए विशेषज्ञों की एक टीम गठित की है.

इस टीम में मानव विज्ञानी, जंतु विज्ञानी और दूसरे विषयों के विशेषज्ञ शामिल हैं. यह टीम फॉसिल की उम्र और पहचान का अध्ययन करने के साथ आसपास के इलाके का भी सर्वे करेगी.

फिलहाल प्रशासन ने उस जगह पर बैरिकेडिंग कर दी है जहां यह फॉसिल मिला है, ताकि लोग वहां खुदाई या किसी तरह की छेड़छाड़ न कर सकें.

डॉ. रवि उपाध्याय का कहना है कि इस क्षेत्र को सुरक्षित रखने के साथ यहां वैज्ञानिक तरीके से खुदाई की जरूरत है.

उनके मुताबिक, प्रशासन को भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और दूसरे वैज्ञानिक संस्थानों के विशेषज्ञों के साथ मिलकर एक शोध परियोजना शुरू करनी चाहिए.

दूसरी ओर अरुण और उनके साथ मौजूद अन्य बच्चे लाखों साल पुराना फॉसिल ढूँढ़ने की बात से आगे बढ़ चुके हैं. उन्होंने खेलने के लिए दूसरी जगह की तलाश शुरू कर दी.

लेकिन उनकी ऐक्सिडेंटल डिस्कवरी ने वैज्ञानिकों के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या यह किसी विशालकाय प्राचीन हाथी का जबड़ा है? क्या इसके आसपास उस जीव के शरीर के दूसरे हिस्से भी दबे हुए हैं? और क्या नर्मदा घाटी में अभी ऐसे कई और फॉसिल खोजे जाने बाकी हैं?

इन सवालों के जवाब आगे होने वाली वैज्ञानिक जांच और खुदाई से ही मिल सकेंगे.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.