बंगाल की खाड़ी में बन रहा साइक्लोन 'अक्वान' अब कहाँ पहुँचा और कितना ख़तरनाक है?

इमेज स्रोत, Konaseema I&PR
चक्रवाती तूफान 'अक्वान' के 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने से पहले बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले चार दिनों के दौरान राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यधिक बारिश होने की चेतावनी दी है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा है कि फ़िलहाल बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में मौजूद यह तूफान मंगलवार शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है.
इसके बाद 19 नवंबर की सुबह के आसपास इसके और ताकतवर होकर बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है.
उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए यह 20 नवंबर, 2026 को दोपहर के आसपास नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तट से बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में टकरा सकता है. उस समय हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.

इमेज स्रोत, Getty Images
आईएमडी के मुताबिक इसके 20 नवंबर को दोपहर के आसपास नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र प्रदेश और यानम के तट से टकराने की संभावना है. उस समय हवा की अधिकतम रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
मंगलवार सुबह 8:30 बजे यह तूफान बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में केंद्रित था. इससे पहले के छह घंटों के दौरान यह तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा था.
आईएमडी के मुताबिक इस तूफान के प्रभाव से 18 से 21 नवंबर के बीच आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है.
इस साइक्लोन का नाम ईरान ने रखा है. 'अक्वान' नाम की जड़ें फ़ारसी पौराणिक कथाओं में हैं. यह नाम 'अक्वान-ए-दीव' से जुड़ा है, जो मशहूर फ़ारसी महाकाव्य 'शाहनामा' में एक राक्षस जैसा पात्र है. इस महाकाव्य की रचना फ़िरदौसी ने की थी.
मौसम विभाग की चेतावनी

इमेज स्रोत, Getty Images
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
और जानें
समाप्त
मौसम विभाग ने 16 से 22 नवंबर के बीच देश के कई हिस्सों में बारिश होने का अनुमान जताया है.
दक्षिण भारत में केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 16 से 22 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में 22 नवंबर को, तटीय और आंतरिक कर्नाटक में 20 से 22 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना है.
तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 16 से 18 नवंबर और 21 नवंबर को, जबकि रायलसीमा में 16 से 18 नवंबर और 21 से 22 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. तेलंगाना में 19 नवंबर को बारिश होने का अनुमान है.
इसके अलावा, 19 से 20 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा रायलसीमा में कई जगहों पर बारिश हो सकती है. तेलंगाना में 20 से 22 नवंबर के बीच भी कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है.
मध्य भारत में पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 से 22 नवंबर, पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 22 नवंबर, विदर्भ में 19 से 21 नवंबर और छत्तीसगढ़ में 18 से 22 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.
पूर्वी भारत में गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 20 नवंबर को, झारखंड में 20 से 21 नवंबर के बीच और ओडिशा में 19 से 22 नवंबर के बीच कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 16 से 17 नवंबर के बीच भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश में 21 से 22 नवंबर को, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में 19 से 21 नवंबर के बीच कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है. असम और मेघालय में 16 से 22 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.
बारिश के अलावा मौसम विभाग ने कोहरे की चेतावनी भी जारी की है.
विभाग के मुताबिक़, 17 से 20 नवंबर के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है. वहीं, 16 से 18 नवंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरा छा सकता है. 16 नवंबर को यहां कुछ जगहों पर बहुत घना कोहरा होने की आशंका है.
समुद्र की स्थिति

इमेज स्रोत, @Indiametdept
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी के अलग-अलग हिस्सों और आसपास के समुद्री इलाकों में समुद्र की स्थिति ख़राब होने की चेतावनी दी है.
दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 16 नवंबर तक समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रहने की संभावना है. 17 से 18 नवंबर के बीच यह बहुत ख़राब से अत्यंत ख़राब हो सकती है.
दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 15 नवंबर को समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रहने का अनुमान है. 16 नवंबर को यह बहुत ख़राब से अत्यंत ख़राब हो सकती है. 17 से 19 नवंबर के बीच स्थिति और बिगड़कर अत्यंत ख़राब से बहुत ही ज़्यादा ख़राब (वेरी हाई) हो सकती है.
पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 16 नवंबर को समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रहने की संभावना है. 17 से 18 नवंबर के बीच यह अत्यंत ख़राब से बहुत ही ज़्यादा ख़राब हो सकती है. 19 नवंबर से अगले 24 घंटों के दौरान समुद्र की स्थिति बहुत ही ज़्यादा ख़राब से लेकर 'असाधारण' (फ़ेनॉमिनल) स्तर तक पहुंच सकती है.
पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में 16 नवंबर को समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रहने का अनुमान है. 16 नवंबर की शाम से 19 नवंबर तक इसमें और गिरावट आ सकती है और यह अत्यंत ख़राब से बहुत ही ज़्यादा ख़राब हो सकती है.
उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर को समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रहने की संभावना है.
उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों के पास 18 नवंबर तक समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रह सकती है.
आंध्र प्रदेश और यनम के तटों के पास 17 नवंबर तक समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रहने की संभावना है. 19 नवंबर की सुबह तक इसमें और गिरावट आ सकती है और यह अत्यंत ख़राब से बहुत ही ज़्यादा ख़राब हो सकती है. इसके बाद 19 नवंबर की शाम से 20 नवंबर की सुबह तक समुद्र की स्थिति 'असाधारण' स्तर तक पहुंच सकती है.
ओडिशा के इन इलाक़ों के लिए ऑरेंज अलर्ट

'अक्वान' की वजह से ओडिशा के तट के पास 18 नवंबर से 20 नवंबर की सुबह तक समुद्र की स्थिति ख़राब से बहुत ख़राब रहने का अनुमान है.
ओडिशा राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा, "मौजूदा चक्रवात के 20 नवंबर की दोपहर आंध्र प्रदेश में नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकराने की आशंका है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अनुमान जताया है कि 19 नवंबर को गंजाम, गजपति और पुरी में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी."
उन्होंने बताया, "इन तीनों ज़िलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है. 20 नवंबर को चक्रवात के तट से टकराने वाले दिन मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश से काफ़ी असर पड़ने की आशंका है."
इस बीच मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे इन इलाकों में न जाएं:
- 17 नवंबर तक अंडमान सागर और अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह के आसपास के इलाकों में.
- 17 नवंबर तक दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में.
- 16 से 19 नवंबर के दौरान दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में.
- 16 से 20 नवंबर के दौरान मध्य बंगाल की खाड़ी में.
- 19 से 20 नवंबर के दौरान उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में.
साइक्लोन के नाम देने की दिलचस्प कहानी

इमेज स्रोत, Getty Images
साल 2000 में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में उठने वाले चक्रवातों को नाम देने की पद्धति एशिया और प्रशांत क्षेत्र के लिए संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक आयोग (ईएससीएपी) और विश्व मौसम संगठन (डब्लूएमओ) ने शुरू की.
इसके तहत बांग्लादेश, भारत, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, श्रीलंका और थाईलैंड जैसे देशों के एक समूह ने बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में उठने वाले चक्रवातों के लिए 13 नामों की एक सूची सौंपी.
2018 में इन देशों के पैनल में ईरान, क़तर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और यमन का नाम भी जुड़ गया. इस पैनल का काम चक्रवातों के नाम तय करना है.
इन देशों की ओर से सुझाए गए नाम देश के नाम की वर्णमाला के हिसाब से सूचीबद्ध किए जाते हैं. इस सूची की शुरुआत बांग्लादेश से होती है.
फिर इसके बाद इसमें भारत, ईरान, मालदीव, ओमान, पाकिस्तान का नाम आता है.
इस क्रम के हिसाब से ही चक्रवातों के नाम रखे जाते हैं. 2020 में आए चक्रवात निवार के बाद जिन चक्रवातों के नाम सुनाई पड़ने वाले हैं वो हैं बुरेवी (मालदीव), तौकते (म्यांमार), यास (ओमान) और गुलाब (पाकिस्तान).
अप्रैल 2020 में इन नामों वाली नई सूची सदस्य देशों की ओर से मंजूर की गई है.
प्रस्तावित नाम किसी भी राजनीतिक पार्टी, शख्सियत, धर्म, संस्कृति और लिंग के आधार पर नहीं होने चाहिए.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.






















