जी-7 की बैठक के लिए इटली में एकजुट हुए दुनिया के नेता, मोदी भी हुए रवाना

जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.

सारांश

  • नीट-यूजी में ग्रेस मार्क्स दिए गए 1,563 छात्रों के लिए दोबारा होगी परीक्षा. एनटीए ने नोटिफ़िकेशन जारी कर बताया 23 जून को होंगे एग्ज़ाम.
  • पीएम नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने इटली रवाना हुए. तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद मोदी का यह पहला विदेश दौरा है.
  • अजीत डोभाल को एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त कर दिया गया है.
  • चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान में जम्मू और कश्मीर पर की गई टिप्पणी पर भारत के विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
  • पेमा खांडू ने लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. चोओना मीन ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. फ़ारुक़ अब्दुल्लाह की नाराज़ विधायकों के साथ बैठक, कहा- पार्टी तोड़ने की कोशिश करने वाले नाकाम होंगे, श्रीनगर से बीबीसी संवाददाता जहांगीर अली

    फ़ारूक़ अब्दुल्ला
    इमेज कैप्शन, फ़ारूक़ अब्दुल्लाह और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने नेशनल कॉन्फ़्रेंस के नाराज़ विधायकों के एक दल से मुलाक़ात की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    नेशनल कॉन्फ़्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने शुक्रवार को श्रीनगर स्थित अपने आवास पर पार्टी के नाराज़ विधायकों के एक समूह से मुलाक़ात की.

    इस मुलाक़ात के जरिए उन्होंने पार्टी में टूट की आशंकाओं को दूर करने की कोशिश की.

    इस बैठक में उनके बेटे और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह भी शामिल हुए.

    फ़ारूक़ अब्दुल्लाह ने अपने आवास के बाहर पत्रकारों से कहा, "बेबुनियाद ख़बरें फैलाई जा रही हैं कि नेशनल कॉन्फ़्रेंस अलग-अलग गुटों में बंट गई है. हमारी पार्टी एकजुट है और जो लोग इसे तोड़ने की सोच रहे हैं, वे कामयाब नहीं होंगे."

    पिता-पुत्र की इस जोड़ी ने पार्टी के नाराज़ विधायकों के एक समूह से मुलाक़ात की.

    ये विधायक 27 अक्तूबर को उमर अब्दुल्लाह मंत्रिमंडल में चार विधायकों- शमीमा फ़िरदौस, अली मोहम्मद सागर, मीर सैफ़ुल्लाह और अल्ताफ़ कल्लू को शामिल किए जाने के बाद नाराज हो गए थे.

  2. अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं-

  3. पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच दशकों पुराना बिजली विवाद सुलझा

    सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के बीच दशकों पुराने बिजली विवाद का निपटारा कर दिया है.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि पंजाब और हरियाणा 20 साल में हिमाचल को 1197 करोड़ यूनिट बिजली देंगे.

    कोर्ट ने भाखड़ा-नांगल और ब्यास परियोजनाओं से हिमाचल प्रदेश को मिलने वाली 7.19% बिजली की हिस्सेदारी लागू करने का तरीका तय किया है.

    बार एंड बेंच के मुताबिक़ चीफ़ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी की अगुवाई में हुई बातचीत के बाद तैयार नकद भुगतान रहित समझौते को मंजूरी दी.

    इस बातचीत में हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा शामिल थे.

    समझौते के तहत पंजाब और हरियाणा अगले 20 साल में हिमाचल प्रदेश को 1197.3 करोड़ यूनिट बिजली देंगे.

    सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी (सीईए) ने हिमाचल प्रदेश की मूल हिस्सेदारी 1306 करोड़ यूनिट तय की थी. बांधों के निर्माण पर हुए पुराने पूंजीगत खर्च के मद्देनजर समझौते में 420 करोड़ रुपये की कटौती भी शामिल की गई है.

    हिमाचल प्रदेश ने इस बिजली की आपूर्ति 10 साल में करने की मांग की थी, जबकि पंजाब ने 30 साल का समय मांगा था. अटॉर्नी जनरल ने 15 साल का सुझाव दिया था. जबकि सुप्रीम कोर्ट ने 20 साल की अवधि तय की.

  4. लॉस एंजेलिस मेयर चुनाव जीतने वालीं भारतीय मूल की नित्या रमन को जानिए

  5. राहुल गांधी ने आधार कार्ड को लेकर ललन सिंह के बयान पर कहा, 'साज़िश बहुत गहरी है'

    राहुल गांधी और ललन सिंह

    केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के एक बयान को शेयर करते हुए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर एक लंबी पोस्ट में केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.

    राहुल गांधी ने लिखा, "मोदी सरकार के मंत्री का ऐलान- योजनाओं का लाभ अब आधार कार्ड से नहीं, वोटर आईडी से तय होगा. साजिश बहुत गहरी है, इत्मीनान से समझिए."

    उन्होंने लिखा, "एसआईआर के नाम पर करोड़ों नाम वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं. रोका नहीं गया तो और भी काटे जाएंगे. ज़्यादातर नाम उनके हैं जो बीजेपी के ख़िलाफ़ आक्रोश में हैं."

    "वोटर लिस्ट एक निष्पक्ष चुनाव आयोग के हाथ में होनी चाहिए. मगर अब वो मोदी सरकार के कर्मचारी, ज्ञानेश कुमार के हाथ में है, जिनकी बीजेपी के साथ मिलीभगत में वोट चोरी हमने सबूत के साथ पकड़ी है. तैयारी है ऐसी लिस्ट बनाने की जिसमें बहुमत हमेशा बीजेपी का हो - और अब वही लिस्ट तय करेगी कि आपको योजना का लाभ मिलेगा या नहीं."

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया, "जिसने भी ठाना कि बीजेपी को हटाना है, तो चुन-चुन कर सबका नाम काटा जाएगा. नाम कटा - वोट गया. वोट गया - हक़ गया. देखते ही देखते आप एक हाइजैक्ड लोकतंत्र के अदृश्य नागरिक बन जाएंगे - जहां जनता सरकार नहीं चुनेगी, सरकार अपनी जनता चुनेगी."

    "आज पंचायती राज की योजनाएं. कल राशन? पेंशन? मनरेगा? आवास? छात्रवृत्ति? आरक्षण? यह चुनाव जीतने की राजनीति नहीं, चुनाव चोरी का इंतज़ाम और सत्ता में बने रहने का स्थायी बंदोबस्त है."

    राहुल गांधी ने लिखा, “वोट देना आपका अधिकार है, शर्त नहीं. किसी ग़रीब की पेंशन उसके वोटर कार्ड की ग़ुलाम नहीं हो सकती. ये सिर्फ़ वोट चोरी नहीं - ये हक़ चोरी है. हम ये होने नहीं देंगे.”

    पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने कहा है कि लाभार्थियों को उनके आधार नंबर के आधार पर लाभ का भुगतान करने की मौजूदा व्यवस्था की जगह जल्द ही एक ऐसी प्रणाली लाई जाएगी, जिसमें बायोमेट्रिक्स और वोटर आईडी नंबर का इस्तेमाल करके भुगतान किया जाएगा.

  6. फ़ॉर्म 6 से लेकर आईटी विभाग में काम के बंटवारे तक, चुनाव आयोग के पाँच बड़े 'यू-टर्न'

  7. दिल्ली के कई इलाक़ों में AQI 400 के पार

  8. पटना पुलिस का दावा- मुठभेड़ में तीन अपराधियों की मौत

    बिहार एसटीएफ़ और पटना पुलिस अपराध को रोकने के लिए विशेष अभियान चला रही है
    इमेज कैप्शन, बिहार एसटीएफ़ और पटना पुलिस अपराध को रोकने के लिए विशेष अभियान चला रही है

    पटना पुलिस ने बताया है कि बिहार एसटीएफ़ (स्पेशल टास्क फ़ोर्स) और पटना पुलिस की एक संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मनेर थाना इलाक़े में ऑपरेशन किया, इस दौरान पुलिस टीम और अपराधियों के बीच कथित तौर पर मुठभेड़ हुई.

    पुलिस के मुताबिक़ सूचना मिली थी आपराधिक रिकॉर्ड वाले कुछ लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.

    पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा, “ख़बर मिली थी कि ये लोग शेरपुर में कोई बड़ी घटना करने जा रहे हैं.”

    उन्होंने दावा किया, "पुलिस टीम के मौक़े पर पहुँचते ही अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. उनकी एक गोली मनेर थानाध्यक्ष की वर्दी को छूते हुए निकल गई. पुलिस टीम के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाकर फायरिंग की गई."

    उनका कहना है, "आत्मरक्षा के लिए की गई जवाबी कार्रवाई में तीन अपराधी घायल हो गए. उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया."

    कार्तिकेय शर्मा ने बताया है कि घटनास्थल से तीनों अपराधियों के पास से हथियार बरामद किए गए.

    "तीनों मृतकों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और इनके विरुद्ध दानापुर, शाहपुर, मनेर और आसपास के थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं."

    उन्होंने कहा, "हाल ही में दुर्गा पूजा के दौरान अष्टमी के दिन मनेर थाना क्षेत्र में हुई हत्या के एक मामले में भी इनके शामिल होने की बात सामने आई थी. उस मामले में तीनों की तलाश की जी रही थी."

  9. सड़क दुर्घटना देखने जुटी भीड़ को तेज़ रफ़्तार ट्रक ने कुचला, 7 लोगों की मौत

    हादसे वाली जगह पर लोग एक स्कूटर एक्सीडेंट देखने के लिए इकट्ठा थे
    इमेज कैप्शन, हादसे वाली जगह पर लोग एक स्कूटर एक्सीडेंट देखने के लिए इकट्ठा थे

    झारखंड के खूंटी ज़िले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई.

    पहले से हुई एक दुर्घटना को लेकर लोगों की भीड़ जमा थी, तभी एक 18 पहियों वाला ट्रक तेज़ रफ़्तार से गुजरा.

    मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

    यह घटना उस वक़्त हुई जब अंधेरे में यह ट्रक मोड़ पर मुड़ रहा था.

    झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि गुरुवार रात कुछ लोग कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर गड्ढे में गिरे एक स्कूटर सवार को बचाने के लिए पहुंचे थे. इस दौरान कई महिलाएं और बच्चे भी घटनास्थल पर जमा हो गए और हादसा देखने लगे.

    अधिकारी ने कहा, "इसी बीच तोरपा की ओर से आ रहे 18 पहियों वाले ट्रक ने तेज़ मोड़ लेते समय उन्हें कुचल दिया. अंधेरा होने के कारण संभव है कि ड्राइवर को सड़क पर जमा भीड़ दिखाई नहीं दी हो."

  10. सिनेमा से कितनी कमाई होती है और फ़िल्में बनाने में क्या चुनौतियां आती हैं?

  11. रुबियो और हेगसेथ के पद छोड़ने की अटकलों पर व्हाइट हाउस ने क्या कहा

    ट्रंप, रुबियो और हेगसेथ
    इमेज कैप्शन, मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की बड़ी हार हुई है (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के पद छोड़ने की ख़बरों पर व्हाइट हाउस ने प्रतिक्रिया दी है.

    व्हाइट हाउस ने उन अटकलों को ख़ारिज किया है कि चुनाव के बाद ट्रंप प्रशासन में फेरबदल के तहत रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो अपने पद छोड़ सकते हैं.

    अमेरिकी मीडिया की ख़बरों के मुताबिक़, हेगसेथ को पद से हटाने की मांग उठ रही है. ख़ास तौर पर ईरान युद्ध से निपटने के उनके तरीके को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.

    इस युद्ध को रिपब्लिकन पार्टी की चुनाव में बड़ी हार के लिए ज़िम्मेदार ठहराया जा रहा है.

    कांग्रेस का एक निवर्तमान रिपब्लिकन सदस्य अगले सप्ताह की शुरुआत में ही हेगसेथ के ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव पर मतदान कराने की कोशिश करने की धमकी दे चुके हैं,

    वहीं हेगसेथ ने एक वीडियो बयान जारी कर अपने कार्यकाल का बचाव किया और इस कोशिश की निंदा की.

    उन्होंने कहा, "देखिए, वे मुझ पर हमला करते हैं. वे हम पर हमला करते हैं, क्योंकि हम प्रभावशाली हैं. हम पीछे नहीं हटेंगे."

    इस बीच, रुबियो ने उन ख़बरों को ख़ारिज किया है कि वह साल 2028 में राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल होने से पहले अपना पद छोड़ने पर विचार कर रहे हैं.

    रुबियो ने द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि ट्रंप के कार्यकाल के अंत तक उनके साथ काम करना "हमेशा से मेरी योजना रही है."

  12. पुतिन से मिले मोहसिन रेज़ाई, बोले- ईरान अमेरिका से कोई नई बातचीत नहीं करेगा

    पुतिन और रेज़ाई
    इमेज कैप्शन, मोहसिन रेज़ाई ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई का संदेश देने के लिए मॉस्को गए थे

    ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी मेजर जनरल मोहसिन रेज़ाई ने रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाक़ात के बाद मीडिया से बातचीत की है.

    मोहसिन रेज़ाई ईरान के सर्वोच्च नेता मोज़तबा ख़ामेनेई का संदेश देने के लिए मॉस्को गए थे.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, रेज़ाई ने पत्रकारों को बताया कि रूसी राष्ट्रपति ने तेहरान में आयोजित चार देशों की बैठक का स्वागत किया, जिसमें सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने भाग लिया.

    रेज़ाई ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि क्रेमलिन इस क्षेत्र में युद्ध को समाप्त करने के लिए किसी भी प्रयास के लिए तैयार है क्योंकि उनके विचार में, 'न युद्ध और न शांति' की स्थिति का अंत ईरान के हित के साथ होगा.

    गुरुवार को पुतिन से मुलाकात के बाद, रेज़ाई ने एक बार फिर कहा कि अमेरिका से ईरान कोई नई बातचीत नहीं करेगा और होर्मुज़ स्ट्रेट को तब तक नहीं खोलेगा जब तक उसकी सात शर्तें पूरी नहीं हो जातीं.

    मोहसिन रेज़ाई ने यह भी कहा: "पुतिन के साथ बैठक के दौरान, रूस से ईरान तक गैस पाइपलाइन के निर्माण पर चर्चा हुई ताकि ईरान गैस की कमी को दूर कर सके और आसपास के देशों को रूसी गैस बेच सके."

  13. बिहार के नोमान अशरफ़ बने एएमयू छात्रसंघ के अध्यक्ष, फ़लस्तीन का मुद्दा उठाने से आए थे चर्चा में

    नोमान अशरफ़
    इमेज कैप्शन, नोमान अशरफ़ ने प्रेसिडेंशियल स्पीच में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों की चर्चा की और स्टूडेंट्स का ध्यान आकर्षित किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ चुनाव में नोमान अशरफ़ ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है.

    इन चुनावों में बी.टेक के छात्र मोहम्मद हमदान मानद सचिव बने. वहीं लॉ की छात्रा नशरा नईम ने विश्वविद्यालय के छात्रसंघ की उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है.

    नोमान अशरफ़ ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान ग़ज़ा और फ़लस्तीन के साथ ही कई ऐसे मुद्दे उठाए जिसकी वजह से चर्चा में रहे.

    नोमान अशरफ़ की सोशल मीडिया प्रोफ़ाइल के मुताबिक़ वह बिहार के सहरसा के रहने वाले हैं. वह एएमयू में इतिहास के छात्र हैं.

    नोमान अशरफ़ को चुनाव में 7797 वोट मिले और उन्होंने अपनी क़रीबी प्रत्याशी को 4121 वोटों के अंतर से हरा दिया.

    एएमयू में आठ साल के अंतराल के चुनाव हुए हैं और नतीजे आने के बाद यहां स्टूडेंट्स ने जश्न मनाया.

    नतीजे आने के बाद नोमान अशरफ़ ने कहा, "लंबे संघर्ष के बाद हमें यह मौक़ा मिला है. यह बड़ी खुशी की बात है. जो मुद्दे हमने चुनावों में उठाए थे और जो वादे हमने किए थे, हम उन वादों पर उतरने की पूरी कोशिश करेंगे. मैं सभी स्टूडेंट्स का शुक्रगुज़ार हूं, जिन्होंने इतने बड़े अंतर से मुझे जिताया है."

  14. क्या 13 नवंबर 2026 को ख़त्म हो जाएगी दुनिया? पुरानी भविष्यवाणी फिर चर्चा में

  15. दिल्ली: गफ़्फ़ार मार्केट की एक इमारत में लगी आग, कई दुकानें जलीं

    गफ़्फ़ार मार्केट में आग
    इमेज कैप्शन, इमारत में मोबाइल एक्सेसरीज़ और क्रॉकरी की दुकानें थीं

    शुक्रवार देर रात लगी इस आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश जारी है. इस घटना में किसी के मारे जाने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है.

    दिल्ली के उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी एमके चट्टोपाध्याय ने घटनास्थल पर समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "आप देख सकते हैं, इमारत से अभी भी धुआं निकल रहा है. इमारत में उचित वेंटिलेशन नहीं है. यहां केवल एक सीढ़ी है और हर मंजिल पर लगभग 14-15 दुकानें हैं. हम आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं."

    उन्होंने बताया कि इमारत के अंदर काफ़ी ज़्यादा गर्म है और फ़ायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग को पूरी तरह काबू करने में जुटे हुए हैं.

    उन्होंने बताया, "हमें उम्मीद है कि लगभग दो से तीन घंटे में ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त हो जाएगा. हमें रात 1:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. इमारत में एक बेसमेंट, एक ग्राउंड फ्लोर और तीन ऊपरी मंजिलें हैं. बेसमेंट सुरक्षित है."

    "आग ग्राउंड फ्लोर की एक या दो दुकानों में लगी और फिर ऊपरी मंजिलों तक फैल गई. इमारत में मोबाइल एक्सेसरीज़ और क्रॉकरी की दुकानें थीं. अब तक हमें किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है. आग बुझने के बाद हम तलाशी अभियान चलाएंगे."

  16. लॉस एंजेलिस की नई मेयर चुनी गईं नित्या रमन कौन हैं जिनकी ज़ोहरान ममदानी से होती है तुलना

  17. दिल्ली के कई इलाक़ों में एयर क्वालिटी बेहद गंभीर, एक्यूआई 400 के पार

    इंडिया गेट स्मॉग
    इमेज कैप्शन, सुबह के वक़्त स्मॉग की वजह से दिल्ली के कई इलाक़ों में ऐसे हालत दिख रहे हैं. यह तस्वीर गुरुवार की सुबह इंडिया गेट इलाक़े की है

    दिल्ली के कई इलाक़ों में हवा की गुणवत्ता (एक्यूआई) 400 के पार चली गई है. सेंट्रल पॉल्युशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक़ एक्यूआई के लिहाज से यह सिवियर स्थिति है.

    सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक़ शुक्रवार सुबह 8 बजे दिल्ली के आईटीओ इलाक़े में एक्यूआई 422 दर्ज की गई.

    वहीं जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम के पास भी एक्यूआई 421 रही.

    नजफ़गढ़ में भी एक्यूआई 414 रिकॉर्ड किया गया. वहीं चांदनी चौक में एक्यूआई 391 दर्ज की गई.

    सीपीसीबी के मुताबिक़ एक्यूआई 401 से 500 के बीच हो तो इसे सिवियर माना जाता है. यह स्वस्थ लोगों की सेहत पर भी असर डाल सकती है. ऐसी हवा बीमार लोगों पर गंभीर असर डाल सकती है.

    वहीं एक्यूआई 301 से 400 के बीच हो तो लंबे समय तक ऐसी हवा में सांस लेने पर स्वसन संबंधी बीमारी हो सकती है.

    सीबीसीबी के मुताबिक़ एक्यूआई 0 से 50 के बीच हो तभी इसे अच्छा माना जाता है. इसके 100 तक होना भी संतोषजनक है.

  18. शेयर बाज़ार में भारी गिरावट के लिए ट्रंप ने लोगों को ठहराया ज़िम्मेदार

    ट्रंप
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और एशिया के शेयर बाज़ारों में भारी गिरावट के लिए आम लोगों को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "आज शेयर बाज़ार इसलिए धराशायी हो गया क्योंकि टेमोक्रेटिक पार्टी ने मंगलवार को बड़ी जीत हासिल की. यह देखकर बेहद दुख होता है. इसके लिए आप खुद ही ज़िम्मेदार हैं."

    उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा "यह चुनाव के नतीजों के आधार पर शेयर बाज़ार के इतिहास के सबसे ख़राब दिनों में से एक रहा. यह सब देखना बेहद दुखद है. बाज़ार को उस स्तर तक पहुंचाने के लिए बहुत मेहनत की गई थी, जहां वह पहले कभी नहीं पहुंचा था, और फिर यह सब हो गया. इसलिए आपके रिटायरमेंट खातों की रकम भी घट गई है."

    "याद रखिए, इसके लिए रिपब्लिकन नहीं, बल्कि डेमोक्रेट्स ज़िम्मेदार हैं। हालांकि, चिंता न करें, हम जल्द ही किसी न किसी तरह पहले से कहीं ज़्यादा बड़े और मज़बूत होकर उभरेंगे."

    इससे पहले अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के बाद शेयर बाज़ार में भारी गिरावट देखने को मिली है. शेयर बाज़ार से अमेरिका और एशिया की प्रमुख टेक कंपनियों के सैकड़ों अरब डॉलर साफ़ हो गए हैं.

    इसकी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विकास की रफ़्तार धीमी पड़ने की आशंकाएं हैं.

    एआई के विकास को धीमा करने के मुद्दे पर चुनाव लड़ने वाले डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की जीत के बाद टेक्नोलॉजी और एआई क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई.

  19. अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन: टेक कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट, रचेल क्लन और ओसमोंड चिया

    न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज
    इमेज कैप्शन, शेयर बाज़ार में गिरावट के बाद न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में एक ट्रेडर की प्रतिक्रिया

    अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन के बाद शेयर बाज़ार में भारी गिरावट देखने को मिली है. शेयर बाज़ार से अमेरिका और एशिया की प्रमुख टेक कंपनियों के सैकड़ों अरब डॉलर साफ़ हो गए हैं.

    इसकी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विकास की रफ़्तार धीमी पड़ने की आशंकाएं हैं.

    एआई के विकास को धीमा करने के मुद्दे पर चुनाव लड़ने वाले डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की जीत के बाद टेक्नोलॉजी और एआई क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई.

    टेक कंपनियों की अधिक हिस्सेदारी वाले नैस्डैक कंपोजिट इंडेक्स में 5.5% से ज़्यादा की गिरावट दर्ज की गई. डाउ जोन्स के आंकड़ों के मुताबिक, इससे कंपनियों के बाज़ार मूल्य में अनुमानित 2.5 ट्रिलियन डॉलर की कमी आई.

    अमेरिका के अन्य प्रमुख शेयर बाज़ार सूचकांकों में भी भारी गिरावट दर्ज की गई. साल 2025 के बाद यह उनका सबसे ख़राब कारोबारी दिन रहा.

    यह बिकवाली एआई पर ख़र्च की जा रही भारी-भरकम रकम से होने वाले फ़ायदे को लेकर पहले से बनी चिंताओं के बीच हुई है.

    एशिया में भी शुक्रवार सुबह टेक कंपनियों की अधिक हिस्सेदारी वाले शेयर बाज़ार सूचकांकों में तेज़ गिरावट दर्ज की गई.

    जापान का निक्केई 225 शुरुआती कारोबार में 5% नीचे आ गया. इस दौरान पैनासोनिक के शेयरों में 10% से ज़्यादा की गिरावट आई, जबकि हिताची के शेयर लगभग 8% तक गिर गए.

    दक्षिण कोरिया की प्रमुख टेक कंपनियों के शेयरों में गिरावट के कारण कोस्पी सूचकांक भी 8.5% से ज़्यादा टूट गया. चिप निर्माता कंपनी एसके हाइनिक्स के शेयरों में 11.5% से ज़्यादा की गिरावट आई, जबकि सैमसंग के शेयर लगभग 10% नीचे आ गए.

    अमेरिका के अलग-अलग चुनावी क्षेत्रों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों ने डेटा सेंटरों और एआई के तेज़ी से हो रहे विस्तार को धीमा करने के मुद्दे पर चुनाव प्रचार किया था.

    देशभर में मतपत्रों पर ऐसे दर्जनों प्रस्ताव भी शामिल थे, जिनका मक़सद इस तकनीक को संचालित करने के लिए बेहद ज़रूरी डेटा सेंटरों के निर्माण और विकास पर प्रतिबंध लगाना था.

  20. मिलावटी मावे से बनी मिठाई सेहत के ल‍िए कितनी ख़तरनाक हो सकती है?