गोलीबारी रोकने के लिए ट्रंप ने किया अध्यापकों को बंदूकें देने का समर्थन

डोनल्ड ट्रंप
प्रकाशित

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने बंदूकों से होने वाली हिंसा पर व्हाइट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में स्कूलों के पास गन फ्री ज़ोन ख़त्म करने और अध्यापकों को बंदूकों से लेस करने के प्रति समर्थन जताया है.

उन्होंने कहा, "हथियारबंद अध्यापक हमले को रोक सकता है."

ट्रंप ने उस समय यह सुझाव दिया है जब पिछले हफ़्ते फ़्लोरिडा के स्कूल में गोलीबारी के बाद उनसे यह सुनिश्चित करने की अपील की जा रही है कि ऐसे हमले फिर न हों.

रिपब्लिकन राष्ट्रपति ने बंदूक ख़रीदने वालों की पृष्ठभूमि की सही ढंग से जांच करने की अपीलों का भी समर्थन किया है.

इस बीच हमले में बचे लोगों ने फ़्लोरिडा के जनप्रतिनिधियों के गन कंट्रोल के प्रति जनमत तैयार करने की कोशिश की है.

इस कार्यक्रम में ट्रंप हाथ में नोट्स लिए नज़र आए
इमेज कैप्शन, इस कार्यक्रम में ट्रंप हाथ में नोट्स लिए नज़र आए

क्या कहा ट्रंप ने

ट्रंप ने बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में मेजररी स्टोनमन डगल, हाई स्कूल के छात्रों को बताया, "हम पृष्ठभूमि की जांच सख़्ती से करेंगे और लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर ज़ोर देंगे." इस कार्यक्रम का टीवी पर प्रसारण किया गया.

"अब पहले की तरह बातें नहीं होंगी. बहुत लंबा सिलसिला चला है, कई घटनाएं हो चुकी हैं, अब हम इसे ख़त्म करेंगे."

अमरीकी राष्ट्रपति ने उस प्रस्ताव का भी समर्थन किया, जिसका प्रचार गन लॉबी समूह नैशनल राइफल एसोसिएशन (एनआरए) करता रहा है.

उन्होंने अध्यापकों और अन्य स्टाफ़ को बंदूकों से लैस करने की मांग 'मज़बूती' से समर्थन किया. उन्होंने कहा, "अगर ऐसा अध्यापक है जो हथियार चलाने में माहिर है तो हमले को तुरंत रोका जा सकता है."

गन-फ़्री ज़ोन की आलोचना

ट्रंप ने माना कि अध्यापकों को हथियार देने की योजना विवादित है. उन्होंने स्कूलों में गन-फ़्री ज़ोन की भी आलोचना की.

राष्ट्रपति ने कहा, "गन फ़्री ज़ोन पागलपन है क्योंकि कायर लोग कहते हैं- चलो अंदर चलकर हमला करें."

अमरीका में गन कंट्रोल पर बहस छिड़ी हुई है
इमेज कैप्शन, अमरीका में गन कंट्रोल पर बहस छिड़ी हुई है

ट्रंप ने लगभग 40 छात्रों, अध्यापकों और परिजनों की तरफ़ से भावुक कर देने वाली बातें सुनीं.

ट्रंप की इस मीटिंग से पहले व्हाइट हाउस के बाहर वॉशिंगटन डीसी के उपनगरीय इलाक़ों से आए सैकड़ों छात्रों ने रैली निकाली.

इस बीच फ्लोरिडा शूटिंग में बचे लोगों ने राज्य की राजधानी में जनप्रतिनिधियों से असॉल्ट राइफ़ल की बिक्री पर नियंत्रण लगाने की मांग की.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)