धोनी आईपीएल से हुए रिटायर, सीएसके ने दी ये नई ज़िम्मेदारी

महेंद्र सिंह धोनी
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 4 मिनट

"एक ऐसा खिलाड़ी, जो सदियों में एक बार आता है. एक नई भूमिका और एक ऐसा रिश्ता, जो हमेशा कायम रहेगा."

"महेंद्र सिंह धोनी अब चेन्नई सुपर किंग्स के टीम मेंटर की भूमिका निभाएंगे!

अनगिनत जीत, मुश्किल दौर और ऐसी यादों के साथ, जो हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी, एमएस धोनी शुरुआत से ही हमारे इस सफर का अहम हिस्सा रहे हैं.

हमें जीत की बुलंदियों तक पहुंचाने से लेकर सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी को मार्गदर्शन देने तक, थाला हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे.

और चेन्नई हमेशा उनका अपना घर रहेगा."

महेंद्र सिंह धोनी के लिए उनकी फ्रेंचाइजी, सीएसके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके नए रोल के बारे में एलान किया.

इंडियन प्रीमियर लीग की साल 2008 में शुरुआत से ही धोनी चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का हिस्सा बने रहे. बीच के दो साल (2016 और 2017) में जब सीएसके के आईपीएल में खेलने पर बैन लगा था तब वो राइजिंग पुणे सुपरजायंट टीम का हिस्सा बने थे लेकिन 2018 में वो फिर सीएसके लौट आए.

29 अक्तूबर, 2026 को एक कार्यक्रम के दौरान एमएस धोनी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्मृति मंधाना के साथ
इमेज कैप्शन, 29 अक्तूबर, 2026 को एक कार्यक्रम के दौरान एमएस धोनी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्मृति मंधाना के साथ

सीएसके की ऑनर रूपा गुरुनाथ ने धोनी के बारे में लिखा, "एमएस धोनी जैसा खिलाड़ी सदियों में एक बार आता है. हम खुशकिस्मत हैं और उनके बेहद आभारी हैं कि वह चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत से ही हमारे साथ रहे हैं और उन्होंने इस टीम की पूरी नींव रखी है."

"एमएस धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सिर्फ़ एक दिग्गज खिलाड़ी से कहीं बढ़कर हैं. उन्होंने मैदान के अंदर और बाहर हमें जो कुछ दिया है, उसका कोई मोल नहीं है. उनकी नेतृत्व क्षमता, विनम्रता, प्रतिबद्धता और करोड़ों प्रशंसकों के साथ उनका जुड़ाव वाकई ख़ास है. इन वर्षों में उन्होंने एक ऐसी विरासत बनाई है और हमें ऐसी यादें दी हैं, जिन्हें हम जीवनभर संजोकर रखेंगे."

"एमएस धोनी मेंटर के तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स परिवार का हिस्सा बने रहेंगे. उनका अनुभव और विशेषज्ञता हमारे लिए बेहद मूल्यवान हैं, खासकर बदलाव के इस दौर में. टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं और उनका मार्गदर्शन सीएसके की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करेगा."

बेहद कामयाब रहा आईपीएल का सफ़र

धोनी की कप्तानी में सीएसके ने पांच बार आईपीएल जीता
इमेज कैप्शन, धोनी की कप्तानी में सीएसके ने पांच बार आईपीएल जीता
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

सीएसके की वेबसाइट के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने कहा, "एक क्रिकेटर के तौर पर एमएस धोनी ने जो कुछ हासिल किया है, वह हर प्रशंसक की यादों में हमेशा के लिए दर्ज है. लेकिन धोनी को वास्तव में खास बनाती है उनकी यह खूबी कि वह पूरी तरह चेन्नई के हो गए. उन्होंने इस शहर को अपनाया और शहर ने भी उन्हें अपना मान लिया."

"जब हम पीछे मुड़कर देखेंगे तो ट्रॉफियां तो याद रहेंगी ही, लेकिन यह भी याद रहेगा कि हमने ये जीत किस अंदाज में हासिल कीं, यही उनकी असली विरासत है."

"भले ही हमें मैदान पर उन्हें पीली जर्सी में खेलते देखने की कमी खलेगी, लेकिन हमें खुशी है कि वह हमारे खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे. यह रिश्ता आगे भी मजबूत होता रहेगा और आने वाले कई वर्षों तक इस टीम को नई दिशा देता रहेगा."

धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच आईपीएल खिताब जीते हैं. किसी भी कप्तान के लिए यह संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा खिताब जीतने का रिकॉर्ड है. इसके अलावा, उनकी कप्तानी में टीम ने दो चैंपियंस लीग टी20 खिताब भी जीते, जो किसी भी कप्तान के मुकाबले सबसे ज्यादा हैं.

कप्तानी के अलावा धोनी आईपीएल के इतिहास के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में भी शामिल हैं. वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उनके नाम 5,314 रन हैं. साथ ही, वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे ज्यादा 272 मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं.

आखिरी गेंद पर उनके अनगिनत मैच जिताने वाले शॉट और हेलिकॉप्टर शॉट सीएसके और आईपीएल के इतिहास का यादगार हिस्सा बन चुके हैं.

जब दो साल बैन रही सीएसके, धोनी को दूसरी फ्रेंचाइज़ी के लिए खेलना पड़ा

2013 के आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग और सट्टेबाज़ी विवाद के बाद जुलाई 2015 में चेन्नई सुपरकिंग्स को दो साल के लिए सस्पेंड कर दिया था.

इस वजह से टीम 2016 और 2017 के आईपीएल में नहीं खेल सकी. इस दौरान सीएसके की जगह दो नई टीमें शामिल की गई थीं.

एमएस धोनी 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट की ओर से खेले.

जुलाई 2017 में बीसीसीआई ने चेन्नई सुपरकिंग्स की आईपीएल में वापसी का आधिकारिक एलान किया.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.