यरुशलम को इसराइल की राजधानी नहीं मानेंगे: यूरोपीय संघ

इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख फ़ेडरिका मोगेरिनी
प्रकाशित

यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख फ़ेडरिका मोगेरिनी ने कहा है कि जब तक अंतिम रूप से शांति समझौता नहीं हो जाता, तब तक उसके सदस्य यरुशलम को इसराइल की राजधानी नहीं मानेंगे.

यूरोपीय संघ की विदेश नीति के प्रमुख ने बात इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से मुलाक़ात के बाद कही है. नेतन्याहू चाहते हैं कि यूरोपीय संघ इस मामले में अमरीकी रुख़ पर अमल करे.

यरुशलम

फ़ेडरिका मोगेरिनी ने ब्रसेल्स में नेतन्याहू के साथ मुलाक़ात के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यूरोपीय संघ 'यरुशलम पर अंतरराष्ट्रीय सहमति' को मान्यता देना जारी रखेगा.

उन्होंने कहा, ''दोनों पक्षों के बीच सीधे बातचीत के ज़रिए अंतिम सहमति बनने तक यूरोपीय संघ और उसके सदस्य अंतरराष्ट्रीय सहमति का सम्मान करते रहेंगे.''

अमरीकी मान्यता एक 'वास्तविकता'

इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू

हालांकि इसराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि यरुशलम को इसराइली राजधानी के तौर पर अमरीका की मान्यता एक 'वास्तविकता' है.

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने यरुशलम को जबसे इसराइल की राजधानी के तौर पर मान्यता दी है, तभी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी आलोचना हो रही है.

गज़ा पट्टी में विरोध प्रदर्शन
इमेज कैप्शन, गज़ा पट्टी में विरोध प्रदर्शन

अमरीकी राष्ट्रपति के फ़ैसले के विरोध में मध्य-पूर्व के कई देशों में विरोध प्रदर्शन जारी हैं.

पाकिस्तान में विरोध प्रदर्शन
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान में भी विरोध प्रदर्शन हुए हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)