अमरीका: 'सीरिया में और हमलों के लिए तैयार, उम्मीद है ज़रूरत नहीं होगी'

अमरीकी बमबारी
प्रकाशित

सीरिया में संदिग्ध रासायनिक हमले के ख़िलाफ़ सीरियाई सैन्य अड्डे पर अमरीका की कार्रवाई पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मौजूदा स्थिति बिगड़ने से बचने की चेतावनी दी है.

वहीं सीरियाई सरकार ने गुरुवार की रात को किए गए अमरीकी हमले को ग़ैरज़िम्मेदाराना और जल्दबाज़ी में उठाया गया क़दम करार दिया है.

अमरीकी अधिकारियों ने कहा है कि मंगलवार को रासायनिक हमला लॉन्च करने के लिए जिस सैनय अड्डे का इस्तेमाल किया गया था, अमरीका ने इसी अड्डे पर बम बरसाए हैं.

निकी हेली
इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता फ़िलहाल अमरीका के पास है

संयुक्त राष्ट्र में अमरीका की राजदूत निकी हेली ने सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में कहा कि अमरीका ने नपा-तुला क़दम उठाया है लेकिन इससे आगे की सैन्य कार्रवाई के लिए भी अमरीका तैयार है.

हालांकि निकी हेली ने कहा कि उम्मीद है कि इसकी ज़रूरत नहीं होगी.

सीरियाई सरकार पर पहली सीधी अमरीकी सैन्य कार्रवाई में छह लोगों की मौत की रिपोर्टें हैं.

इदलिब प्रांत में विपक्ष के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को विद्रोहियों के नियंत्रण वाले ख़ान शैख़ौन में नर्व गैस के इस्तेमाल से 33 बच्चों और 18 महिलाओं समेत 89 लोगों की मौत हो गई थी. सीरियाई सरकार ने नर्व गैस के इस्तेमाल से इनकार किया है.

अमरीका की कार्रवाई का समर्थन

सीरिया में घायल बच्ची

अमरीका के सहयोगी देशों ने सीरिया में ताज़ा कार्रवाई को लेकर समर्थन की पेशकश की है.

ब्रिटेन ने सीरिया में हुए रासायनिक हमले को सीरियाई सरकार की तरफ़ से किया गया एक नृशंस रासायनिक हमला क़रार दिया है और अमरीका की कार्रवाई को इसका सही जवाब बताया है.

सीरिया

फ्रांस ने कहा है कि रासायनिक हमले को युद्ध अपराध मानकर उसकी सज़ा दी जानी चाहिए.

नैटो सैन्य गठबंध के महासचिव जेन्स स्टॉल्टनबर्ग ने कहा कि ऐसे हथियारों से किए गए हमले का जवाब न दिया जाए ये नहीं हो सकता था.

तुर्की और सउदी अरब ने भी अमरीकी कार्रवाई का स्वागत किया है.

सीरिया और रूस ने जताया कड़ा एतराज़

वहीं सीरिया में सैन्य अड्डों पर बमबारी के बाद अमरीका ने सीरियाई सरकार के खिलाफ़ कार्रवाई को आगे बढ़ाने के संकेत दिए हैं.

व्हाईट हाउस
इमेज कैप्शन, शॉन स्नेपाइसर ने ट्वीट कर फ़्लोरिडा में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ वरिष्ठ अधिकारियों की ये तस्वीर जारी की, सीरिया में अमरीरी मिसाइल हमले के परिणाम की जानकारी लेते हुए

ईरान भी सीरियाई सरकार के साथ खड़ा है और अमरीकी कार्रवाई की कड़ी निंदा की है.

व्लादिमीर सैफ़्रोनकॉफ़
इमेज कैप्शन, रूस का प्रतिनिधि व्लादिमीर सैफ़्रोनकॉफ़

रूस अमरीकी कार्रवाई से सख़्त नाराज़ है और संयुक्त राष्ट्र में रूस के उप राजदूत व्लादिमीर सैफ़्रोनकॉफ़ ने कहा कि अमरीकी कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है और इससे क्षेत्र में गंभीर परिणाम आ सकते हैं.

रूस ने अमरीका के साथ सीरिया में हवाई संघर्ष रोकने के एक समझौते को रद्द कर दिया है.

लेकिन अमरीकी सैन्य मुख्यालय पेंटागन ने इससे इनकार किया और कहा कि संवाद के सभी रास्ते खुले हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)