मोहम्मद सिराज को न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट में शामिल न करने पर गावस्कर समेत कई एक्सपर्ट्स ने जताई नाराज़गी

इमेज स्रोत, Viraj Kothalawala/MB Media/Getty Images

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच गुरुवार को वेलिंगटन के बेसिन रिज़र्व मैदान पर सिरीज़ का पहला टेस्ट शुरू हुआ. इसमें भारतीय टीम चार तेज़ गेंदबाज़ों के साथ उतरी.
इनमें जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं. वॉशिंगटन सुंदर को स्पिन ऑलराउंडर के तौर पर टीम में रखा गया. हैमस्ट्रिंग की चोट के बाद प्रसिद्ध न्यूज़ीलैंड पहुंचे थे.
लेकिन मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. इसी दौरे में इंडिया ए और न्यूज़ीलैंड ए के बीच क्राइस्टचर्च में टेस्ट मैच खेला गया था जिसमें सिराज ने एक पारी में 118 रन देकर 4 विकेट लिए थे.
टॉस के समय भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, "सिराज और गुरनूर (बराड़), दोनों को बाहर रखना बहुत मुश्किल था."
हालांकि, बुधवार को भारत के गेंदबाज़ी कोच मोर्ने मोर्कल ने मोहम्मद सिराज की तारीफ़ की थी, लेकिन ये भी कहा था कि 'देखिए कल क्या होता है.'
लेकिन अब सिराज को बाहर बिठाए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं. भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज कप्तान सुनील गवास्कर ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफ़र और कमेंटेटेर हर्षा भोगले ने भी सिराज को प्लेइंग इलेवन में ना रखने पर हैरानी जताई. वहीं सोशल मीडिया पर भी काफ़ी लोग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
गावस्कर ने क्या कहा?

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर सुनील गावस्कर ने सोनी स्पोर्ट्स पर एक चर्चा के दौरान कहा, "जब वह टेस्ट टीम के साथ जल्दी नहीं जुड़े थे तभी इसके संकेत मिल गए थे. जब उन्होंने आखिरी वनडे खेला तो मुझे लगा था कि वे उन्हें टेस्ट में खिलाने जा रहे हैं. लेकिन यह एक हैरानी की बात है. मुझे नहीं लगता कि उन्होंने भारत को निराश किया है. उन्होंने भारत को कभी निराश नहीं किया."
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
और जानें
समाप्त
गावस्कर ने यह भी स्पष्ट किया कि सिराज की मौजूदा फॉर्म या लय में ऐसी कोई गिरावट नहीं आई थी जिससे उन्हें टीम में न लिया जाए.
गावस्कर ने पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर सिराज के शानदार प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा, "उनकी गेंदबाज़ी में कुछ भी ग़लत नहीं हुआ है. उनकी लय अच्छी है. हाल ही में उन्होंने जो भी क्रिकेट खेला है मैंने जितना देखा है, वह बिल्कुल ठीक रहे हैं. उन्हें क्यों नहीं चुना गया यह मुझे नहीं पता. मैं बस यही उम्मीद करता हूं कि जिन खिलाड़ियों को उनसे पहले चुना गया है वे अच्छा प्रदर्शन करें."
उन्होंने कहा, ''प्रसिद्ध कृष्णा ने एक या दो साल पहले टेस्ट क्रिकेट खेलना शुरू किया. ऐसा ही मामला अंशुल कंबोज और आकाश दीप का है. दूसरी तरफ़ आपके सबसे अनुभवी गेंदबाज़ों में से एक मोहम्मद सिराज, जो उपलब्ध भी थे, उन्हें आपने शामिल नहीं किया.''
"मेरे हिसाब से आपके लिए शीर्ष चार गेंदबाज़ों में सिराज शामिल नहीं हैं, यह समझना थोड़ा मुश्किल है. मैं ये नहीं कह रहा कि वो विकेट नहीं ले रहे हैं, या इकोनॉमी रेट ठीक नहीं है. लेकिन अगर आज पहले सेशन के दौरान कुछ और विकेट लिए गए होते तो कहानी कुछ और होती."
गुरुवार से शुरू हुए इस पहले टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी. एक समय न्यूज़ीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर महज 70 रन था. लेकिन शुरुआती झटकों से उबरते हुए न्यूज़ीलैंड ने पहले दिन पांच विकेट पर 243 रन बना लिए हैं.
हेनरी निकोलस113 रन बनाकर और ग्लेन फ़िलिप्स 94 रन बनाकर नॉट आउट हैं.
जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट लिए. जबकि आकाश दीप और अंशुल कंबोज ने एक-एक विकेट झटके.
पूर्व भारतीय क्रिकेटर रवि शास्त्री ने भी सिराज को बाहर बिठाने पर आश्चर्य व्यक्त किया.
उन्होंने कहा, "ये बहुत इम्पार्टेंट मैच है. सिराज को न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच से बाहर रखना समझ से परे है, जबकि आप वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अहम मुकाबले खेल रहे हैं."
वसीम जाफ़र और हर्षा भोगले ने भी उठाए सवाल

इमेज स्रोत, Getty Images
पूर्व भारतीय टेस्ट क्रिकेटर वसीम जाफ़र ने प्लेइंग इलेवन को लेकर सवाल उठाए हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए वसीम जाफ़र ने कहा, "न्यूज़ीलैंड के बाएं हाथ के बल्लेबाज़ों को देखते हुए जडेजा की जगह वॉशिंगटन सुंदर को चुनने की बात मैं फिर भी समझ सकता हूं. लेकिन सिराज को टीम से बाहर रखना हैरान करने वाला है."
उन्होंने एक्स पर लिखा, "जिस खिलाड़ी ने अकेले दम पर इंग्लैंड के ख़िलाफ़ सिरीज़ बराबर कराई और जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की मौजूदा साइकल में भारत के लिए सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाला गेंदबाज़ है, उसे अनुकूल परिस्थितियों में भी टीम में जगह नहीं मिली?
"भारत को पहले ही दिन सिराज की कमी खल रही है. ऐसी परिस्थितियां सिराज के लिए ही बनी हैं. वह अपनी लगातार मेहनत और ऊर्जा से बल्लेबाज़ों को थकाते हैं, उनकी साझेदारियां तोड़ते हैं और मैच में कुछ न कुछ करके दिखाते हैं. यह फ़ैसला पचा पाना बेहद मुश्किल है!"
क्रिकेट एक्सपर्ट और कमेंटेटर हर्षा भोगले ने एक्स पर लिखा, "यह देखकर हैरानी और निराशा हुई कि भारत ने सिराज को टीम से बाहर कर दिया है. उन्होंने टीम के लिए जो भी ज़िम्मेदारी दी गई, उसे बख़ूबी निभाया है. बुमराह की गैरमौजूदगी में गेंदबाज़ी आक्रमण को संभाला है और एक सकारात्मक सोच वाले बेहतरीन टीम प्लेयर रहे हैं. कंबोज को शुभकामनाएं देनी चाहिए, लेकिन उम्मीद है कि सिराज के साथ इस फ़ैसले को लेकर बेहद ईमानदारी से बातचीत की जाएगी."
सोशल मीडिया पर क्या बोले लोग

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाए हैं. कुछ यूजर्स ने टीम मैनेजमेंट के फ़ैसले पर नाराजगी जताई, तो कुछ ने तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के प्रदर्शन की तुलना सिराज से की.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने लिखा, "जसप्रीत बुमराह के टीम में आते ही भारतीय गेंदबाजी का स्तर अलग हो जाता है. लेकिन बाकी गेंदबाज जहां तीन रन प्रति ओवर से कम खर्च कर रहे हैं, वहीं कृष्णा आठ ओवर में करीब पांच रन प्रति ओवर दे रहे हैं."
यूजर ने सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर भी सवाल उठाया.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "सिराज ने सिरीज़ में सिर्फ एक वनडे खेला है और दूसरे टेस्ट में भी उन्हें मौका मिलेगा या नहीं, यह तय नहीं है."
उन्होंने कोच गौतम गंभीर और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से इस फैसले पर जवाब मांगा.
एक अन्य यूजर ने भी सिराज की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल करने के फैसले पर नाराजगी जताई.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "सिराज ने विदेशी परिस्थितियों में कई बार भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है. ऐसे में उनके जैसे अनुभवी गेंदबाज को बाहर रखना समझ से परे है."
इस यूजर ने टीम मैनेजमेंट के चयन को निराशाजनक फैसला बताया.
सोशल मीडिया पर आई इन प्रतिक्रियाओं में मुख्य रूप से सिराज को टीम से बाहर रखने और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका देने के फैसले पर सवाल उठाए गए हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
























