एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग ने इस्तीफ़ा दिया, अब किसे मिली ज़िम्मेदारी

एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग (बाएं) और अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस
इमेज कैप्शन, एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग (बाएं) और अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 9 मिनट

अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी एनवीडिया के बोर्ड ने घोषणा की है कि इसके सीईओ जेनसन हुआंग ने इस्तीफ़ा दे दिया है.

बोर्ड ने कहा है कि कोलेट क्रेस ने अंतरिम सीईओ की ज़िम्मेदारी संभालने पर सहमति जताई है. वह पहले से ही कंपनी की कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफ़ओ) हैं.

अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस ने कहा, "हम उस काम को आगे बढ़ाते रहेंगे जिसने एनवीडिया को एक्सेलरेटेड कंप्यूटिंग और एआई के क्षेत्र में एक अग्रणी कंपनी बनाया है और आगे मौजूद अवसरों का पूरा लाभ उठाएंगे."

एनवीडिया के बोर्ड ने हुआंग के इस्तीफ़े की घोषणा करते हुए कंपनी के प्रमुख के तौर पर उनके काम की सराहना की है.

साथ ही बोर्ड और कंपनी ने "कंपनी और पूरे उद्योग में जेनसन के अतुलनीय योगदान" के लिए उनका धन्यवाद किया.

कंपनी के बयान में कहा गया है, "एनवीडिया में जेनसन का योगदान बेहद अहम रहा है.एनवीडिया दुनिया की सबसे अहम टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक है."

जेनसन हुआंग (बाएं) और एलिस हुआंग (जिन्हें हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है) एक कार्यक्रम में
इमेज कैप्शन, जेनसन हुआंग (बाएं) और एलिस हुआंग (जिन्हें हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है) एक कार्यक्रम में.एलिस हुआंग से उनके अफ़ेयर्स की ख़बर आई है

कौन हैं कंपनी की अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस

कोलेट क्रेस
इमेज कैप्शन, कोलेट क्रेस 2013 में एनवीडिया से जुड़ी थीं

कोलेट क्रेस सितंबर 2013 में एनवीडिया से जुड़ी थीं. इसके बाद क्रेस कंपनी की एग्ज़ीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ़ फ़ाइनेंशियल ऑफिसर (सीएफओ) बनीं.

कंपनी के बोर्ड के मुताबिक़, उन्होंने कंपनी के वित्तीय संगठन का नेतृत्व किया है और "एनवीडिया के विकास और बदलाव में अहम भूमिका निभाई है."

शॉर्ट वीडियो देखिए
वीडियो कैप्शन, जेनसेन हुआंग ने दिया इस्तीफ़ा

एनवीडिया से पहले क्रेस ने करीब 25 वर्षों तक सिस्को और माइक्रोसॉफ्ट समेत कई प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनियों में फ़ाइनेंस से जुड़े पदों पर काम किया.

अंतरिम सीईओ बनाए जाने के बाद क्रेस ने कहा, "एनवीडिया की ताक़त हमेशा से उसके लोगों से आई है और हमारी लीडरिशप टीम के साथ मिलकर मैं उस असाधारण नींव को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हूं, जिसे जेनसन ने पिछले 33 वर्षों में तैयार किया है.''

उन्होंने कहा, "हम उस काम को आगे बढ़ाते रहेंगे जिसने एनवीडिया को एक्सेलरेटेड कंप्यूटिंग और एआई के क्षेत्र में अग्रणी बनाया है और आगे मौजूद अवसरों को हासिल करने पर काम करेंगे. हमारा ध्यान अपने ग्राहकों, साझेदारों, डेवलपर्स और शेयरहोल्डर्स की सेवा पर बना रहेगा."

जेनसन हुआंग के दूसरे अफ़ेयर की ख़बर

 जेनसन हुआंग
इमेज कैप्शन, एक कथित चीनी जासूस के साथ अफ़ेयर्स की ख़बरों के बाद एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग ने इस्तीफ़ा दे दिया है
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

इससे पहले, 'न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट में बताया गया था कि जेनसन हुआंग के दूसरे अफ़ेयर की ख़बरों के बीच गुरुवार को कंपनी के शेयरों भारी गिरावट दर्ज की गई है.

बीबीसी बिज़नेस रिपोर्टर ओसमंड चिया के अनुसार, कंपनी के बाज़ार मूल्य की वैल्युएशन आधा ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से ज़्यादा घट गई है, जबकि उसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनी एएमडी के शेयरों में ज़बरदस्त उछाल देखने को मिली.

कंपनी की एक कर्मचारी किंबर्ली पॉवेल के साथ उनके अफ़ेयर की ख़बरें आने के बाद हुआंग का सीईओ बने रहना और मुश्किल लगने लगा था. किंबर्ली पावेल एनवीडिया के हेल्थकेयर की वाइस प्रेसिडेंट हैं.

बीबीसी नॉर्थ अमेरिका टेक्नोलॉजी रिपोर्टर लिली जमाली के मुताबिक़, हुआंग का दूसरा अफ़ेयर कथित तौर पर 2007 साल से ही चल रहा था. हुआंग के ख़िलाफ़ कंपनी ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी थी.

शुरू में हुआंग का जिस महिला के साथ अफ़ेयर होने की बात सामने आई थी, उन पर चीनी जासूस होने का आरोप लगा.

हुआंग ने अपनी पत्नी से बेवफ़ाई करने की बात स्वीकार की है और बच्चों को पहुंची तकलीफ़ के लिए भी माफ़ी मांगी है.

एपल के बाद दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अमीर कंपनी एनवीडिया के शेयर आठ प्रतिशत तक गिर गए.

एनवीडिया दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनियों में से एक है और उभरती हुई आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक के लिए हार्डवेयर बनाने में इसकी अहम भूमिका मानी जाती है.

जेनसन हुआंग 30 साल से ज़्यादा समय से कंपनी का नेतृत्व कर रहे थे.

दूसरे अफ़ेयर को नज़रअंदाज़ करना मुश्किल

जेनसन हुआंग
इमेज कैप्शन, जेनसन हुआंग एनवीडिया के सह संस्थापक हैं

वॉल स्ट्रीट जर्नल और फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, चिप बनाने वाली कंपनी अपने लंबे समय से सीईओ रहे हुआंग से जुड़े दो विवाहेतर संबंधों की ख़बरों का सामना कर रही है.

पहले अफ़ेयर की ख़बर जितनी भी गंभीर लगती हो लेकिन टेक्नोलॉजी जगत इसे ऐसी बात माना गया जिससे हुआंग उबर सकते थे.

लेकिन दूसरे अफ़ेयर की ख़बर को नज़रअंदाज़ करना कंपनी बोर्ड के लिए मुश्किल होगा. हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है लेकिन ख़बर है कि कंपनी की ही एक कर्मचारी के साथ अफ़ेयर को लेकर हुआंग पर आरोप लगे हैं.

टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री से जुड़े एक जानकार ने बुधवार को बीबीसी को बताया था, "अब उनका बचना मुश्किल है."

हुआंग को एनवीडिया की जबरदस्त सफलता का एक अहम हिस्सा माना जाता है. वह एनवीडिया के सहसंस्थापक हैं.

यह कंपनी उन कंप्यूटर चिप्स के सबसे बड़े निर्माताओं में से एक है, जिनकी ज़रूरत एआई टूल्स और लैंग्वेज मॉडल को चलाने के लिए होती है.

क्या हुआंग ने कंपनी की आचार संहिता तोड़ी?

जेनसन हुआंग
इमेज कैप्शन, जेनसन हुआंग ने विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की है

बीबीसी बिज़नेस रिपोर्टर ओसमंड चिया के अनुसार, एनवीडिया की आचार संहिता में कहा गया है कि कर्मचारियों को ऐसी स्थितियों से बचने की सलाह दी जाती है, जिनमें उनके काम से हितों का टकराव पैदा हो सकता है.

इसमें निजी संबंध भी शामिल हैं. कंपनी का कहना है कि वह गलत आचरण की शिकायतों की तुरंत जांच करती है.

हुआंग ने पहले कंपनी की आचार संहिता से जुड़े एक नोट में कहा था कि कर्मचारियों से एनवीडिया के मूल्यों को बनाए रखने और नैतिक मानकों का पालन करने की उम्मीद की जाती है.

रविवार को कर्मचारियों को भेजे गए एक मेमो में उन्होंने विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की और उनसे माफ़ी मांगी.

उन्होंने लिखा, "मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की. मेरे इस कदम से उन्हें और हमारे बच्चों को दुख पहुंचा. मैंने जो किया, उसका कोई बहाना नहीं है. मुझे इसका गहरा अफ़सोस है."

हुआंग को एलन मस्क का 'ऑफ़र'

एलन मस्क ने कहा है कि जेनसन हुआंग को नौकरी देना उनके लिए सम्मान की बात होगी
इमेज कैप्शन, एलन मस्क ने कहा है कि जेनसन हुआंग को नौकरी देना उनके लिए सम्मान की बात होगी

हुआंग के भविष्य पर चर्चा के बीच एलन मस्क ने कहा है कि उन्हें नौकरी देना "सम्मान की बात होगी."

मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर वित्तीय ख़बरें साझा करने वाले ज़ीरोहेज की एक पोस्ट के जवाब में यह लिखा.

एक दूसरी पोस्ट में एआई निवेशक गेविन बेकर ने कहा था कि एनवीडिया के बोर्ड को हुआंग को हटाने से पहले स्वतंत्र जांच के नतीजों का इंतज़ार करना चाहिए. मस्क ने इस पर "100" वाला इमोजी पोस्ट किया.

हुआंग की अगुवाई में एनवीडिया ने 2025 के आख़िर में मस्क की एआई कंपनी एक्सएआई में दो अरब डॉलर तक निवेश करने पर सहमति दी थी.

अक्तूबर 2025 में सीएनबीसी से बातचीत में हुआंग ने कहा था, "मुझे सिर्फ़ इस बात का अफ़सोस है कि मैंने उन्हें और पैसे नहीं दिए."

उन्होंने कहा था, "एलन जिन चीज़ों से जुड़े हैं, उनमें से लगभग हर चीज़ का आप भी हिस्सा बनना चाहेंगे."

यह मामला इतना बड़ा क्यों है?

चिप्स
इमेज कैप्शन, कंपनी ने हाल के समय में कम्प्यूटर चिप्स की रिकॉर्ड बिक्री की है

बीबीसी नॉर्थ अमेरिका संवाददाता शाइमा खलील के अनुसार, आम लोगों को शायद इस बात का अंदाज़ा न हो कि दुनिया भर के नेताओं के साथ उठने-बैठने वाले टेक्नोलॉजी जगत के दिग्गज जेनसन हुआंग कितने प्रभावशाली हैं और कंपनी में उनकी कितनी अहम भूमिका है.

हालांकि, कुछ लोग उन्हें उनकी चमड़े की जैकेट से पहचान सकते हैं.

लेकिन कई लोगों का पैसा पेंशन और निवेश फ़ंड के जरिए एनवीडिया में लगा हुआ है. अक्सर उन्हें इसका एहसास भी नहीं होता. ऐसे में कंपनी के शेयरों में तेज़ गिरावट का असर उनकी बचत पर भी पड़ सकता है.

हुआंग को पद से हटाए जाने की संभावना से जुड़ी खबरों के बाद आफ्टर-आवर्स ट्रेडिंग में एनवीडिया के शेयर करीब 8 फ़ीसदी गिर गए. जबकि एनवीडिया के शेयरों में 21% की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है.

इसके अलावा, इसका असर पूरे एआई उद्योग पर भी पड़ सकता है. एआई सिस्टम बनाने पर भारी रकम खर्च करने वाली कंपनियां एनवीडिया की चिप्स पर निर्भर हैं. वे चिप्स की सप्लाई, नए प्रोडक्ट्स और पहले किए गए वादों को पूरा करने को लेकर भरोसा चाहेंगी.

एनवीडिया के इंजीनियर, उसकी तकनीक और विशेषज्ञता कंपनी के पास बनी रहेगी. लेकिन कंपनी और पूरे उद्योग में हुआंग जैसा प्रभाव रखने वाले व्यक्ति की जगह किसी दूसरे को लाना एक बड़ी चुनौती होगी.

वित्तीय स्थिरता के बीच एनवीडिया की प्रतिद्वंद्वी कंपनी एएमडी को फ़िलहाल फ़ायदा मिलता दिख रहा है. एएमडी ग्राफ़िक्स प्रोसेसर और बड़े डेटा सेंटरों के लिए एआई चिप्स के बाज़ार में एनवीडिया को टक्कर देती है. हालांकि, एएमडी का आकार अब भी एनवीडिया के मुकाबले काफी छोटा है.

जेन्सेन हुआंग कौन हैं?

जेनसन हुआंग
इमेज कैप्शन, जेनसन हुआंग की अनुमानित कुल संपत्ति 145 अरब डॉलर है

बीबीसी बिज़नेस रिपोर्टर ओसमंड चिया के मुताबिक़, हुआंग ने 1993 में एक युवा इंजीनियर के रूप में एनवीडिया की सह-स्थापना की थी.

एआई उद्योग के तेजी से बढ़ने के साथ उन्होंने कंपनी को कई ट्रिलियन डॉलर की सेमीकंडक्टर कंपनी बना दिया.

हुआंग एआई की क्षमता को शुरुआती दौर में ही समझ गए थे. उन्होंने अपनी कंपनी के वीडियो गेम चिप्स के कारोबार को एआई के विकास के लिए जरूरी सेमीकंडक्टर बनाने की दिशा में मोड़ दिया.

हुआंग एनवीडिया का सार्वजनिक चेहरा रहे हैं और उनके प्रशंसकों के बीच उनकी लोकप्रियता किसी रॉकस्टार से कम नहीं है.

ताइवान में उनते प्रशंसक उन्हें 'डैडी हुआंग' कहते हैं. वहीं, कुछ लोग उनकी तुलना टेक्नोलॉजी जगत की 'टेलर स्विफ्ट' से करते हैं.

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक़, उनकी अनुमानित कुल संपत्ति 145 अरब डॉलर है.

एनवीडिया की प्रतिद्वंद्वी कंपनी एएमडी की सीईओ लिसा सु, हुआंग की दूर की रिश्तेदार हैं. दोनों का जन्म ताइवान में हुआ था.

एनवीडिया इतनी महत्वपूर्ण क्यों है?

एनवीडिया

एनवीडिया दुनिया की सबसे मूल्यवान शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनी है. इसकी कीमत करीब 4.5 ट्रिलियन डॉलर (भारत की कुल जीडीपी क़रीब चार ट्रिलियन) है. यह एडवांस कंप्यूटर चिप्स बनाने वाली प्रमुख कंपनियों में शामिल है.

ये चिप्स वीडियो गेम, ड्राइवरलेस गाड़ियों, बड़े डेटा सेंटरों और क्लाउड सर्वर समेत कई तरह की तकनीकों के लिए जरूरी हैं.

लेकिन एआई की दौड़ में इन चिप्स की सबसे बड़ी भूमिका है. इनका इस्तेमाल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को चलाने के लिए होता है. इनमें बड़े लैंग्वेज मॉडल और जेनरेटिव एआई सिस्टम भी शामिल हैं.

सबसे शक्तिशाली एआई सिस्टम बनाने की दौड़ में अमेरिका का सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी चीन है. वॉशिंगटन ने 2022 से एनवीडिया की सबसे एडवांस चिप्स के चीन को निर्यात पर प्रतिबंध लगा रखे हैं.

अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए इन प्रतिबंधों को सही ठहराया है. उसका कहना है कि ऐसी चिप्स के निर्यात से चीन की सैन्य क्षमताएं बढ़ सकती हैं. हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में कुछ प्रतिबंधों में ढील दी गई है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.