लाइव , सैफ चैंपियनशिप 2026: फ़ाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराया

मंगलवार को ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुक़ाबले में भारत ने जीत हासिल की.

सारांश

लाइव कवरेज

अभिषेक प्रताप सिंह, तेजस्वी सिंह

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को यहीं रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर सकते हैं.

  2. नागपुर: इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा ने कैसे बदली इन महिलाओं की ज़िंदगी?

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

    जलवायु परिवर्तन से जूझ रही दुनिया के लिए इलेक्ट्रिक गाड़ियों को एक सॉल्यूशन के तौर पर देखा जा रहा है.

    भारत में, महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी ने इलेक्ट्रिक ऑटोरिक्शा पेश किए हैं, जो न सिर्फ़ कार्बन एमिशन कम करते हैं, बल्कि सैकड़ों महिलाओं को रोज़ी-रोटी भी दे रहे हैं.

    मुंबई में एक अवॉर्ड समारोह में महिंद्रा की इस पहल को 'द अर्थशॉट प्राइज़ 2026' दिया गया है.

    ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने इस समारोह में युवाओं की सराहना करते हुए उन्हें "दुनियाभर में बदलाव की मुहिम का अगुआ" बताया.

  3. सैफ चैंपियनशिप 2026: फ़ाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराया

    भारत-पाकिस्तान
    इमेज कैप्शन, भारत की ओर से सुहैल अहमद भट और संदीप मंडी ने गोल किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत ने सैफ चैंपियनशिप 2026 के फ़ाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हरा दिया है. मंगलवार को ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुक़ाबले में भारत ने जीत हासिल की.

    भारत की ओर से सुहैल अहमद भट ने 60वें मिनट में गोल किया. इसके बाद संदीप मंडी ने 88वें मिनट में गोल किया.

    पाकिस्तान की ओर से आलमगीर ग़ाज़ी ने पहले हाफ़ के इंजरी टाइम में गोल किया था.

    इस तरह भारत ने फ़ाइनल मुक़ाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया.

    अखिल भारतीय फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफ़एफ़) ने एक्स पर लिखा, "ब्लू टाइगर्स को कभी कम मत आंकिए. भारत चैंपियन है."

    भारत ने सेमीफ़ाइनल में भूटान को 2-1 से हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई थी. वहीं, पाकिस्तान ने मेज़बान बांग्लादेश को 1-0 से हराया था.

  4. ईरान में बस पलटने से 13 लोगों की मौत, 14 घायल

    ईरान बस
    इमेज कैप्शन, एक अधिकारी ने कहा कि हादसे की वजह 24 घंटे के भीतर बताई जाएगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के इलाम प्रांत में एक बस पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हुए हैं.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, हादसे के बाद अधिकारियों की लापरवाही के विरोध में आबदानान में लोगों के जुटने की ख़बरें हैं.

    सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और रिपोर्टों में लोगों को हादसे के बाद अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन करते देखा जा सकता है.

    ईरान की यातायात पुलिस के मुताबिक़, हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है और 14 लोग घायल हुए हैं. एक अधिकारी ने कहा कि हादसे की वजह 24 घंटे के भीतर बताई जाएगी.

    यह बस शनिवार शाम को दुर्घटनाग्रस्त हुई थी. बस में दहलरान के एनजीएल परिसर में काम करने वाली ओयिको कंपनी के ऑपरेशन विभाग की शिफ़्ट के कर्मचारी सवार थे.

    घायलों को आबदानान के अस्पताल में भर्ती कराया गया.

  5. नेहा बोरा ने उत्तराखंड सरकार को घेरा, अंकिता भंडारी केस और एसआईआर पर उठाए सवाल, आसिफ़ अली, बीबीसी संवाददाता

    नेहा बोरा
    इमेज कैप्शन, अंकिता भंडारी हत्याकांड का ज़िक्र करते हुए नेहा बोरा ने कहा कि पीड़ित परिवार और प्रदेश के लोग लंबे समय से न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं

    उत्तराखंड में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के सातवें राज्य सम्मेलन में संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा.

    उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), दलितों और मुस्लिमों के खिलाफ हिंसा और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर सरकार को घेरा.

    अंकिता भंडारी हत्याकांड का ज़िक्र करते हुए नेहा बोरा ने कहा कि पीड़ित परिवार और प्रदेश के लोग लंबे समय से न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं. इसके बावजूद मामले में दोषियों के परिवार की ओर से अंकिता के चरित्र पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है.

    मतदाता सूची के एसआईआर पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में लाखों लोगों के नाम बिना उनकी जानकारी के हटाए जा रहे हैं.

    उनका दावा था कि फॉर्म-सात और फॉर्म-आठ के ज़रिए मतदाता सूची में बदलाव की प्रक्रिया का इस्तेमाल लोगों को उनके मतदान के अधिकार से वंचित करने के लिए किया जा रहा है.

    उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया.

    नेहा बोरा
    इमेज कैप्शन, नेहा बोरा ने कहा कि बारिश और पर्यावरणीय असंतुलन के कारण उत्तराखंड के गांव प्रभावित हो रहे हैं

    पर्यावरण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बारिश और पर्यावरणीय असंतुलन के कारण उत्तराखंड के गांव प्रभावित हो रहे हैं और लोग अपने पुश्तैनी गांव छोड़ने को मजबूर हैं.

    उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यावरण की कीमत पर कॉरपोरेट कंपनियों को फ़ायदा पहुंचाया जा रहा है और सरकार ग्रामीणों की सुरक्षा से जुड़े सवालों का जवाब नहीं दे रही है.

  6. आईपीएल 2027 में नहीं खेलेंगे ट्रैविस हेड, बताई ये वजह

    ट्रैविस हेड
    इमेज कैप्शन, ट्रैविस हेड ने सनराइज़र्स हैदराबाद को शुक्रिया कहा है

    ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ट्रैविस हेड ने आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2027 से हटने का फ़ैसला किया है.

    सनराइज़र्स हैदराबाद ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी.

    पोस्ट में बताया गया है कि ट्रैविस हेड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम और परिवार के साथ समय बिताने के लिए आईपीएल 2027 से हटने का फ़ैसला किया है.

    सनराइज़र्स हैदराबाद ने ट्रैविस हेड का एक बयान भी जारी किया है.

    इसमें ट्रैविस हेड ने कहा, "सनराइज़र्स हैदराबाद के साथ तीन शानदार साल बिताने के बाद मैं इस सफ़र का हिस्सा रहे सभी लोगों का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं."

    उन्होंने कहा, "यह फ़ैसला लेना मेरे लिए बहुत मुश्किल था. लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी महत्वाकांक्षाओं और परिवार के साथ काम और निजी ज़िंदगी के बीच बेहतर संतुलन बनाने की ज़रूरत को देखते हुए मुझे लगता है कि करियर के इस पड़ाव पर यह सही फ़ैसला है."

    "मैं टीम के मालिकों और मैनेजमेंट का भरोसा और साथ देने के लिए शुक्रिया अदा करता हूं. कोच, स्टाफ़ और खिलाड़ियों का दोस्ती और यादगार पलों के लिए भी आभार."

  7. आज़म ख़ान को ईडी केस में इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम ज़मानत, प्रेरणा, बीबीसी संवाददाता

    आज़म ख़ान
    इमेज कैप्शन, हाईकोर्ट की दो जजों की बेंच ने 10 दिसंबर 2026 को होने वाली अगली सुनवाई तक उन्हें अंतरिम ज़मानत देने का आदेश दिया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान को ईडी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से अंतरिम ज़मानत मिल गई है.

    हाईकोर्ट की दो जजों की बेंच ने 10 दिसंबर 2026 को होने वाली अगली सुनवाई तक उन्हें अंतरिम ज़मानत देने का आदेश दिया है.

    जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह की बेंच ने आज़म ख़ान की गिरफ़्तारी की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं.

    कोर्ट ने प्रथम दृष्टया माना कि गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1) और प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) की धारा 19 के तहत तय अनिवार्य प्रक्रिया का ईडी ने सख़्ती से पालन नहीं किया.

    दरअसल, 29 अक्तूबर को पैन कार्ड मामले में हाईकोर्ट से ज़मानत मिलने के बाद 31 अक्तूबर को आज़म ख़ान को रामपुर जेल से रिहा किया गया था. लेकिन जेल के गेट पर ही शाम करीब सात बजे ईडी ने उन्हें एक दूसरे मामले में गिरफ्तार कर लिया था.

    आज़म ख़ान की ओर से अदालत में दलील दी गई कि गिरफ़्तारी के समय उन्हें लिखित रूप में गिरफ़्तारी के आधार नहीं बताए गए और न ही रिमांड पर पेश किए जाने से पहले ये दस्तावेज़ दिए गए.

    ईडी का कहना था कि अधिकारियों ने उन्हें दस्तावेज़ देने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने लेने से इनकार कर दिया था.

    हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि रिकॉर्ड से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि गिरफ़्तारी के आधार लिखित रूप में आज़म ख़ान को रिमांड पर पेश किए जाने से पहले नहीं दिए गए थे.

    अदालत ने ईडी के उस दावे पर भी सवाल उठाया कि आज़म ख़ान ने दस्तावेज़ लेने से इनकार किया था.

    ईडी ने गिरफ़्तारी की वीडियो रिकॉर्डिंग होने की बात कही थी, लेकिन कोर्ट के मुताबिक ऐसा कोई वीडियो या फोटो पेश नहीं किया गया जिसमें अधिकारी उन्हें दस्तावेज़ देते और उनके इनकार करते दिखाई दे रहे हों. साथ ही, ईडी के रिमांड आवेदन में भी इस वीडियो रिकॉर्डिंग का ज़िक्र नहीं था.

    कोर्ट ने कहा कि मामले में ईडी के जवाब पर आगे विचार किया जाना बाकी है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में आज़म ख़ान अंतरिम ज़मानत के हकदार हैं. उन्हें व्यक्तिगत बॉन्ड और समान राशि के दो जमानतदार पेश करने होंगे.

    अदालत ने ईडी को विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है. मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी.

    इससे पहले आज़म ख़ान को बर्थ सर्टिफिकेट मामले में भी राहत मिली थी. आज़म ख़ान के वकील नासिर सुल्तान के मुताबिक़, "इस मामले में उनकी सज़ा पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रोक लगा दी थी."

    "हाईकोर्ट के इस आदेश को उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने आज़म ख़ान के संबंध में सरकार की अपील ख़ारिज कर दी. बर्थ सर्टिफिकेट मामले में दोषसिद्धि (कन्विक्शन) पर रोक की राहत आज़म ख़ान को मिली थी, जबकि उनके बेटे अब्दुल्ला आज़म और पत्नी डॉ. तज़ीन फ़ातिमा को यह राहत नहीं मिली थी."

  8. क्वाड नेताओं की बैठक में सीमा पार आतंकवाद की निंदा, हिंद-प्रशांत में समुद्री निगरानी बढ़ाने पर सहमति

    ट्रंप मोदी
    इमेज कैप्शन, क्वाड देशों ने सीमा पार आतंकवाद समेत हर तरह के आतंकवाद और हिंसक चरमपंथ की साफ़ शब्दों में निंदा की

    फिलीपींस की राजधानी मनीला में 17 नवंबर 2026 को क्वाड नेताओं की उच्चस्तरीय बैठक के बाद साझा बयान जारी किया गया.

    इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ और जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची साने शामिल थीं.

    भारत के विदेश मंत्रालय ने क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन का संयुक्त बयान जारी किया है.

    जारी संयुक्त बयान में चारों देशों ने सीमा पार आतंकवाद समेत हर तरह के आतंकवाद और हिंसक चरमपंथ की साफ़ शब्दों में निंदा की.

    उन्होंने आतंकवाद के ख़िलाफ़ क्वाड के मौजूदा सहयोग को और मज़बूत करने की प्रतिबद्धता जताई.

    संयुक्त बयान में कहा गया कि चारों देश ऐसी किसी भी एकतरफ़ा कार्रवाई का विरोध करते हैं, जिससे क्षेत्रीय शांति और स्थिरता प्रभावित होती है. इसमें बल या दबाव के ज़रिए मौजूदा स्थिति को बदलने की कोशिशें भी शामिल हैं.

    नेताओं ने आर्थिक दबाव बनाने की कोशिशों पर भी गंभीर चिंता जताई. इसमें मनमाने ढंग से निर्यात पर पाबंदियां लगाने जैसी कार्रवाइयां शामिल हैं.

    क्वाड देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री निगरानी और सूचनाओं के आदान-प्रदान को बेहतर बनाने के लिए 'इंडो-पैसिफ़िक मैरीटाइम सर्विलांस कोलैबोरेशन' नाम की नई पहल का एलान किया.

    ट्रंप मोदी
    इमेज कैप्शन, बयान में कहा गया कि क्वाड देश खुले और सुरक्षित साइबर स्पेस के लिए मिलकर काम करेंगे

    क्वाड देशों ने 2027 की शुरुआत में पहली बार 'क्वाड बिज़नेस लीडर्स फ़ोरम' आयोजित करने का एलान किया.

    चारों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भरोसेमंद आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) तक पहुंच और उसके इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए 'एआई एक्सेलरेटर' के महत्व को दोहराया.

    बयान में कहा गया कि क्वाड देश खुले और सुरक्षित साइबर स्पेस के लिए मिलकर काम करेंगे.

    क्वाड देशों ने संचार के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद बुनियादी ढांचे के विस्तार से जुड़ी साझेदारी में हुई प्रगति का स्वागत किया.

    चारों देशों ने बयान के अंत में आसियान की केंद्रीय भूमिका और एकता के प्रति अपना समर्थन दोहराया.

  9. बीबीसी दिनभर- मोदी-ट्रंप की मुलाक़ात, क्या हुई बात?

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  10. कार्टून: उधर देखो उधर...

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, दिल्ली में यमुना के प्रदूषण पर बीजेपी और आप के टकराव पर आज का कार्टून
  11. आईपीएल 2027 से पहले बड़े बदलाव, शमी-हर्षल समेत कई खिलाड़ियों की टीमें बदली

    मोहम्मद शमी
    इमेज कैप्शन, मोहम्मद शमी 8 करोड़ रुपये की नई फ़ीस पर राजस्थान रॉयल्स में शामिल होंगे

    आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2027 से पहले टीमों के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली का सिलसिला जारी है.

    तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी और एम सिद्धार्थ को राजस्थान रॉयल्स ने ट्रेड किया है. वहीं, सैम करन लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम में शामिल होंगे.

    लखनऊ सुपर जायंट्स ने शमी को 10 करोड़ रुपये में ख़रीदा था. अब वह 8 करोड़ रुपये की नई फ़ीस पर राजस्थान रॉयल्स में शामिल होंगे.

    दो बार पर्पल कैप जीत चुके तेज़ गेंदबाज़ हर्षल पटेल अब गुजरात टाइटंस की ओर से खेलेंगे. उन्हें सनराइज़र्स हैदराबाद से ट्रेड किया गया है.

    हर्षल पटेल को सनराइज़र्स हैदराबाद ने आईपीएल 2025 की नीलामी में 8 करोड़ रुपये में ख़रीदा था. अब वह 4 करोड़ रुपये में गुजरात टाइटंस से जुड़ेंगे.

    इससे पहले 11 नवंबर को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच भी बड़ा ट्रेड हुआ था. जिसके तहत हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स में शामिल होंगे, जबकि अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस की टीम में जाएंगे.

  12. ईरान ने बहरीन में अमेरिकी रडार सिस्टम को निशाना बनाने का दावा किया

    ईरान
    इमेज कैप्शन, कुछ दिन पहले भी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने बहरीन में अमेरिकी सेना के रडार सिस्टम को निशाना बनाने का दावा किया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है कि उसने बहरीन के शेख ईसा एयरबेस में अमेरिकी सेना के एक रडार सिस्टम को निशाना बनाया है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के जनसंपर्क विभाग ने कहा है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में अमेरिकी सेना की 'शत्रुतापूर्ण गतिविधियों' का जवाब देने के लिए की गई है.

    इससे कुछ दिन पहले भी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने बहरीन में अमेरिकी सेना के रडार सिस्टम को निशाना बनाने का दावा किया था.

    हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने उस दावे को ख़ारिज कर दिया था.

    ताज़ा कथित हमले पर सेंटकॉम की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

    दूसरी ओर, बहरीन के गृह मंत्रालय ने देश में संभावित ख़तरे को देखते हुए नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है.

    मंत्रालय ने लोगों से अपने नज़दीकी सुरक्षित स्थान पर जाने और जानकारी के लिए सरकारी स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की है.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, बहरीन की राजधानी मनामा में धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं.

  13. पीएम मोदी के साथ मुलाक़ात में क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?

    मोदी ट्रंप
    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने क्वाड नेताओं के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर उच्चस्तरीय बैठक की

    फ़िलीपींस के मनीला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ मुलाक़ात की.

    इस दौरान ट्रंप ने कहा, "वह (पीएम मोदी) बहुत सख़्त व्यक्ति हैं. और हो सकता है कि वह (जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची) उनसे भी ज़्यादा सख़्त हों."

    ट्रंप ने क्वाड नेताओं के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर उच्चस्तरीय बैठक की.

    इस दौरान उन्होंने कहा कि अगले 12 महीने लोगों को काफ़ी हैरान करेंगे.

    उन्होंने कहा, "हम इस बारे में बात कर रहे थे और जो चीज़ें हम कर रहे हैं वो पहले कभी नहीं हुईं."

    उन्होंने आगे कहा, "हम सभी देश इस मामले में बहुत देर कर चुके थे, लेकिन अब हम बहुत आगे हैं. हम इतनी तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी."

    पीएम मोदी के लिए ट्रंप ने कहा, "मैं आपको बताना चाहता हूं कि वह (मोदी) मेरे दोस्त हैं. वह एक महान नेता हैं. दुनिया भर में हर कोई उनका बहुत सम्मान करता है."

  14. धोनी के लिए एमके स्टालिन ने कहा- काश उन्हें विदाई देने का आख़िरी मौक़ा मिलता

    महेंद्र सिंह धोनी
    इमेज कैप्शन, स्टालिन ने कहा कि धोनी ने चेन्नई को ट्रॉफ़ियों से कहीं ज्यादा दिया (फ़ाइल फ़ोटो)

    महेंद्र सिंह धोनी अब आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर नहीं खेलेंगे.

    चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें टीम का मेंटर बनाया है. इस एलान के बाद कई लोगों ने धोनी को सोशल मीडिया पर बधाई दी है.

    तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एक्स पर कहा कि महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई को ट्रॉफ़ियों से कहीं ज्यादा दिया. उन्होंने एक ऐसा एहसास दिया जिसने कई पीढ़ियों को एकजुट किया और क्रिकेट से परे एक रिश्ता बनाया.

    उन्होंने कहा कि हर अच्छी चीज़ का एक दिन अंत होता है, लेकिन उनकी इच्छा थी कि तमिलनाडु के इस चहेते खिलाड़ी को वह विदाई देने का एक आख़िरी मौक़ा मिलता जिसके वे हक़दार थे.

    वहीं क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स के रिश्ते को एक दौर का अंत बताया.

    उन्होंने कहा कि धोनी और सीएसके एक-दूसरे के लिए ही बने थे. आईपीएल हर साल मज़बूत हो रहा है, लेकिन धोनी के जाने से आज यह कुछ छोटा और उदास लग रहा है.

    पूर्व क्रिकेटर इरफ़ान पठान ने धोनी को एक लीडर, मैच फ़िनिशर और दबाव में शांत रहने वाला खिलाड़ी बताया.

    उन्होंने कहा कि धोनी ने भारतीय क्रिकेट में जो विरासत बनाई है, उसकी बराबरी करना मुश्किल होगा.

    इरफ़ान पठान ने उम्मीद जताई कि धोनी का अनुभव और ज्ञान क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा.

  15. बिलकिस बानो ने क्यों कहा, 'कहीं न्याय से मेरा भरोसा फिर न उठ जाए'

    बिलकिस बानो
    इमेज कैप्शन, बिलकिस बानो ने सवाल उठाया कि दोषियों को राहत देने से पहले सुप्रीम कोर्ट ने उनकी बात सुनना क्यों ज़रूरी नहीं समझा (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिलकिस बानो ने सुप्रीम कोर्ट के 28 अक्तूबर के आदेश पर हैरानी और अविश्वास जताया है.

    इस आदेश में उनके साथ गैंगरेप और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या के दोषी दो लोगों की उम्रकैद की सज़ा निलंबित कर दी गई थी.

    क़ानूनी मामलों की वेबसाइट लाइव लॉ के मुताबिक़, उन्होंने कहा कि इस आदेश के बारे में उन्हें न तो पहले जानकारी दी गई और न ही उनकी बात सुनी गई.

    16 नवंबर को अपने वकील और वरिष्ठ अधिवक्ता शोभा गुप्ता के ज़रिए जारी एक बयान में बिलकिस बानो ने कहा कि उन्हें इस आदेश की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स से मिली.

    उन्होंने सवाल उठाया कि दोषियों को राहत देने से पहले सुप्रीम कोर्ट ने उनकी बात सुनना क्यों ज़रूरी नहीं समझा.

    बिलकिस बानो ने कहा, "मुझे अब भी यक़ीन नहीं हो रहा है कि दूसरी बार सुप्रीम कोर्ट ने मुझे बुलाए बिना और मेरी बात सुने आदेश पारित किया है. मुझे इसकी जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स से मिली."

    उन्होंने कहा कि साल 2002 की हिंसा ने उनकी ज़िंदगी तबाह कर दी थी. उस समय उनकी उम्र सिर्फ़ 19 साल थी और उन्होंने अपना परिवार, घर और सुरक्षा का एहसास खो दिया था.

    बिलकिस बानो ने न्याय के लिए अपनी 24 साल की लड़ाई का ज़िक्र करते हुए कहा कि लोगों के समर्थन और एकजुटता की वजह से ही उन्हें बार-बार इस कानूनी लड़ाई को आगे बढ़ाने की हिम्मत मिली.

    उन्होंने कहा कि परिवार और दोस्तों की मदद से उन्होंने धीरे-धीरे अपनी ज़िंदगी दोबारा बनाई थी और सुकून महसूस करने लगी थीं, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के ताज़ा आदेश ने उनके पुराने डर फिर से जगा दिए हैं.

    उन्होंने कहा, "आज मुझे लग रहा है कि जिस न्याय को हासिल करने के लिए मैंने इतनी लंबी लड़ाई लड़ी, उसे एक बार फिर खो रही हूं. पुराने डर फिर लौट रहे हैं. मुझे एक बार फिर अपने लिए, अपने परिवार और अपने बच्चों के लिए डर लग रहा है. मुझे इस बात का भी डर है कि कहीं न्याय से मेरा भरोसा फिर न उठ जाए."

  16. यूपी चुनाव आयोग के मतदाता सूची के मसौदे पर अखिलेश ने कसा तंज

    अखिलेश यादव ने बीजेपी पर वोट की हेराफेरी का आरोप लगाया है
    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने बीजेपी पर वोट की हेराफेरी का आरोप लगाया है

    उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (स्पेशल समरी रिवीजन) 2027 के तहत मतदाता सूची का मसौदा जारी कर दिया गया है.

    उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया है कि 10 अप्रैल से 17 नवंबर, 2026 के बीच प्रदेश में कुल 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है.

    उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंकड़ा नए नाम जुड़ने और पुराने नाम हटने, दोनों को ध्यान में रखने के बाद की बढ़ोतरी है.

    उन्होंने कहा कि यह धारणा ग़लत है कि मतदाता सूची में नाम केवल पुनरीक्षण के दौरान ही जुड़वाए या हटवाए जा सकते हैं.

    रिणवा के मुताबिक़, मतदाता सूची सालभर अपडेट होती रहती है. अंतिम सूची जारी होने के अगले दिन से भी लोग फ़ॉर्म छह, सात और आठ जमा कर सकते हैं.

    उन्होंने कहा कि मौजूदा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान पात्र होने वाले नए युवा मतदाता जुड़ेंगे. रिणवा ने उम्मीद जताई कि चार जनवरी को आंकड़ों की समीक्षा के समय 18-19 साल के मतदाताओं की संख्या में अच्छी बढ़ोतरी दिखेगी.

    उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की प्रेस कॉन्फ़्रेंस के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ‘फ़ॉर्म छह’ की किसी भी गड़बड़ी के लिए जनता भाजपाइयों व भ्रष्ट अधिकारियों को छठी का दूध याद दिला देगी.

    उन्होंने आगे कहा कि भाजपा अधिकारियों पर दबाव डालकर ग़ैरक़ानूनी रूप से नाम जुड़वाने की जो चाल चल रही है उसके ख़िलाफ़ एक-एक सबूत जुटाया जाएगा और एफ़आइआर भी कराई जाएगी.

  17. आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा- प्रवेश वर्मा मुद्दों को भटका रहे, उन्हें भागने नहीं देंगे

    सौरभ भारद्वाज
    इमेज कैप्शन, दिल्ली में यमुना की गंदगी पर आम आदमी पार्टी लगातार सवाल खड़े कर रही है तो बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा ने 'शीशमहल' को लेकर घोषणा की है

    दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि प्रवेश वर्मा अपनी बेइज़्ज़ती से बचने के लिए मुद्दों को डायवर्ट कर रहे हैं.

    सौरभ भारद्वाज ने कहा, "पिछले एक हफ़्ते में प्रवेश वर्मा की जितनी बेइज़्ज़ती हुई उससे वे लोगों को डायवर्ट करना चाहेंगे. उन्होंने कहा कि 60% यमुना साफ कर दी और फिर वहां हज़ारों की संख्या में मछलियां मरी हुई पाई गईं."

    सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा, "प्रवेश वर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के लोगों ने मरी हुई मछलियाँ लाकर डाल दीं. हमने कहा कि मछलियों का पोस्टमार्टम करा लो, पानी की रिपोर्ट साझा करो तो वह भाग गए."

    "जनता यमुना में झाग का वीडियो डाल रही थी और यमुना के पानी को सीवर जैसा बता रही है. सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने कह दिया कि यमुना पर इतना पैसा ख़र्च करने के बाद भी यमुना का प्रदूषण बढ़ गया."

    सौरभ भारद्वाज के मुताबिक़, "सीपीसीबी ने कह दिया कि दिल्ली के जितने भी एसटीपी (सीवेज़ ट्रीटमेंट प्लांट) चल रहे हैं उनमें से एक भी मानकों पर सही नहीं है. एसटीपी के मंत्री प्रवेश वर्मा ही हैं. हम उन्हें भागने नहीं देंगे."

    इससे पहले दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा है कि अगले हफ़्ते से दिल्ली के लोग 'शीश महल' देखने जा सकेंगे.

    दिल्ली के मुख़्यमंत्री पद पर होते हुए अरविंद केजरीवाल के सिविल लाइन्स स्थित 6 फ़्लैग रोड सरकारी आवास को बीजेपी ने 'शीशमहल' नाम दिया था.

    एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में प्रवेश वर्मा बताया कि टिकट बुकिंग और रिज़र्वेशन समेत दूसरी व्यवस्थाओं की जानकारी जल्द साझा की जाएगी.

  18. अभी तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    - सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च पर राहुल गांधी ने निजी ज़िंदगी के बारे में क्या बताया, ज‍िसकी चर्चा हो रही है

    - 'जेफ़्री एपस्टीन की हत्या हुई थी', फॉरेंसिक विशेषज्ञ ने ऑटोप्सी तस्वीरों के आधार पर किया दावा

    - बंगाल की खाड़ी में बन रहा साइक्लोन 'अक्वान' कितना ख़तरनाक हो सकता है, किन राज्यों में होगी बारिश?

  19. दिल्ली: इमारत गिरने से एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत

    दिल्ली के शाहदरा में एक इमारत गिर गई, मौके पर राहत कार्य जारी है
    इमेज कैप्शन, मंगलवार को दिल्ली के शाहदरा में एक इमारत गिर गई

    दिल्ली के शाहदरा इलाक़े के ज्वाला नगर में मंगलवार को एक मकान गिरने से एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई.

    नॉर्थ एमसीडी के चेयरमैन पंकज लूथरा ने बताया, ''यह इमारत 40–50 साल पुरानी थी. हादसे में तीन महीने के एक बच्चे की मौत हुई है.''

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ यह घटना विवेक विहार थाना क्षेत्र की है.

    एएनआई ने बताया, "सूचना मिलने पर दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं. बचाव अभियान के दौरान सात से आठ लोगों को बचाया गया."

  20. ईरान का दावा, होर्मुज़ स्ट्रेट में चौथे तेल टैंकर को निशाना बनाया

    ओमान के ख़ासब के पास हुई घटना में तेल टैंकर के चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं
    इमेज कैप्शन, ओमान के ख़ासब के पास हुई घटना में तेल टैंकर के चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं

    ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने सोमवार रात दावा किया कि उसने पिछले 24 घंटों में चौथे तेल टैंकर को निशाना बनाया है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ब्रिटेन के मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर (यूकेएमटीओ) ने बताया कि उसे ओमान के ख़ासब से सात समुद्री मील उत्तर में हुई इस घटना की रिपोर्ट मिली है.

    आईआरजीसी (रिवोल्यूशनरी गार्ड्स) ने इन टैंकरों पर होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है.

    यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) के मुताबिक़, जहाज़ पर सवार चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं. हालांकि, जहाज़ को हुए नुक़सान और पर्यावरण पर घटना के संभावित असर की जानकारी अभी जारी नहीं की गई है.

    ओमान की समुद्री सीमा के पास सोमवार शाम यह घटना ऐसे समय हुई, जब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ओमान की राजधानी मस्कट पहुंचे थे.