अमेरिका में उड़ानों पर लगी रोक हटी लेकिन आशंकाएं बरकरार, एयर इंडिया ने दी ये सलाह

मेक्सिको सिटी में एयरपोर्ट पर परेशान एक महिला
इमेज कैप्शन, अमेरिका में एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में आई समस्या के कारण दुनियाभर से अमेरिका आने वाले मुसाफ़िरों को परेशानी उठानी पड़ी है, यह तस्वीर मेक्सिको की ऐसी ही एक परेशान महिला की है
सारांश
  • फ़्लाइटरडार24 के अनुसार, जिस समय उड़ानों पर रोक लगाई गई, उस वक़्त 3,100 विमान हवा में थे और अमेरिकी हवाई अड्डों की ओर जा रहे थे, लेकिन किसी अतिरिक्त विमान उड़ान भरने की अनुमति नहीं थी.
  • विमान में सवार यात्रियों ने कहा कि जो उड़ानें उतर चुकी हैं, उन्हें रनवे से गेट तक जाने की अनुमति नहीं दी जा रही.
  • अमेरिका के कई प्रमुख हवाई अड्डों ने उड़ानों पर रोक की पुष्टि की और यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी.
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ऐसा नहीं लगता कि यह समस्या किसी साइबर हमले या एआई के कारण हुई.
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट
शिकागो एयरपोर्ट पर फ़्लाइट्स के बारे में सूचना देने वाले बोर्ड में कई उड़ानों के रद्द होने या उनके नए समय पर उड़ान भरने की जानकारी दी गई
इमेज कैप्शन, शिकागो एयरपोर्ट पर फ़्लाइट्स के बारे में सूचना देने वाले बोर्ड पर कई उड़ानों के रद्द किए जाने या उनके नए समय पर उड़ान भरने की जानकारी दी गई

अमेरिका में क़रीब चार घंटे तक विमान सेवाएं ठप रहने के बाद उड़ानों पर लगी रोक हटा ली गई है. व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि लाखों अमेरिकियों को प्रभावित करने वाली उड़ानों पर लगी रोक हटा दी गई है.

हालांकि, परिवहन मंत्री सीन डफी ने पत्रकारों को बताया कि उड़ानों पर रोक के कारण अन्य उड़ानों पर भी इसका असर पड़ा है और आने वाले कई दिनों तक समस्याएं जारी रह सकती हैं.

डफी ने पत्रकारों को बताया कि सिस्टम को दोबारा पूरी तरह से चालू होने में समय लगेगा, लेकिन अमेरिका में लोकप्रिय थैंक्सगिविंग यात्रा अवकाश से पहले सिस्टम अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करने लगेगा.

डफी और होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के मंत्री मार्कवेन मुलिन ने उड़ानों पर रोक के लिए पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस से पर्याप्त फंडिंग नहीं मिलने के कारण इन सिस्टम को अपडेट नहीं किया गया है.

मुलिन ने चेतावनी दी कि परिवहन व्यवस्था में "पूर्ण बदलाव" किए बिना आज जैसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं.

इससे पहले अमेरिका में एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में आई समस्या के कारण देशभर में उड़ानों को रोक दिया गया था.

अमेरिका में राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड के पूर्व प्रमुख ने कहा कि 11 सितंबर, 2001 के हमलों के बाद से अमेरिका में उड़ानों का इतना व्यापक निलंबन कभी नहीं हुआ.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा कि ऐसा नहीं लगता कि यह समस्या किसी साइबर हमले या एआई के कारण हुई है.

बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस न्यूज से बात करते हुए रॉबर्ट एल. सुमवाल्ट ने कहा, ''यह हैरान करने वाली बात है कि आज के दौर में भी ऐसा हो सकता है.''

अमेरिका की गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि इस घटना के पीछे अमेरिका पर किसी हमले का संकेत नहीं है और सभी लोग सुरक्षित हैं.

इस बीच एयर कनाडा ने कहा है कि कनाडा और अमेरिका के बीच सभी उड़ानें शुक्रवार शाम तक रद्द कर दी गई हैं.

एयर इंडिया ने जारी की एडवाइज़री

एयर इंडिया ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की ताज़ा जानकारी ले लें (फ़ाइल फ़ोटो)
इमेज कैप्शन, एयर इंडिया ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की ताज़ा जानकारी ले लें (फ़ाइल फ़ोटो)

अमेरिका में एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल के संचार सिस्टम में आई ख़राबी के बाद एयर इंडिया ने भी अपने यात्रियों के लिए सलाह जारी की.

एयरलाइन ने एक्स पोस्ट ने कहा कि इसका असर अमेरिका के अलग-अलग हवाई अड्डों से रवाना होने वाली उड़ानों पर पड़ रहा है.

अमेरिका में एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में आई समस्या के कारण देशभर में उड़ानों को रोक दिया गया था.

एयर इंडिया के मुताबिक़, इस वजह से अमेरिका आने-जाने वाली उसकी उड़ानों पर भी असर पड़ सकता है.

एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान का करंट स्टेटस ज़रूर देख लें.

एयर इंडिया ने कहा है कि उसकी टीमें स्थिति पर लगातार नज़र रख रही हैं और आगे की जानकारी मिलने पर यात्रियों को अपडेट दिया जाएगा.

व्हाइट हाउस में प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान परिवहन मंत्री सीन डफी (बाएं) और गृह सुरक्षा विभाग के मंत्री मार्कवेन मुलिन
इमेज कैप्शन, व्हाइट हाउस में प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान परिवहन मंत्री सीन डफी (बाएं) और गृह सुरक्षा विभाग के मंत्री मार्कवेन मुलिन

इस बीच व्हाइट हाउस में मार्कवेन मुलिन ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए बार-बार कहा कि यह 'एक और 9/11' जैसी घटना नहीं है.

इससे पहले अमेरिकी विमानन अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी उड़ानों को रोकने का आदेश दिया था. उन्होंने इसे 'असाधारण हालात' बताया.

व्हाइट हाउस की प्रेस ब्रीफिंग में मार्कवेन मुलिन ने उन दावों को खारिज किया कि यह आउटेज माइक्रोसॉफ्ट के उस आउटेज से जुड़ा है, जिसका सामना कई लोगों को एक दिन पहले करना पड़ा था.

मुलिन ने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए अभूतपूर्व तेजी से काम कर रहा है कि सभी सुरक्षित रहें और फंसे हुए यात्रियों की मदद की जा सके.

उन्होंने आगे कहा कि आम जनता कभी ख़तरे में नहीं थी. उनके शब्दों में, "किसी की जान को कभी कोई खतरा नहीं था."

क्या है कारण

फ़्लोरिडा में एयरपोर्ट पर लोग इंतज़ार में बैठे नज़र आए
इमेज कैप्शन, फ़्लोरिडा में एयरपोर्ट पर लोग इंतज़ार में बैठे नज़र आए

सीबीएस की रिपोर्ट में कहा गया कि नेटवर्क अपडेट के कारण कम्युनिकेशन सिस्टम में यह समस्या आई.

सीबीएस को कई सूत्रों ने बताया है कि देशभर में विमानों के उड़ान भरने पर रोक लगाने की जो तकनीकी ख़राबी वजह बनी, वह अमेरिका के एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल सिस्टम को जोड़ने वाले प्राइवेट कम्युनिकेशन नेटवर्क के अपडेट के कारण हुई.

सीबीएस के मुताबिक़, एल3हैरिस इस नेटवर्क का संचालन करती है. अपडेट के बाद नेटवर्क रीबूट हुआ और इसके बाद क्रैश हो गया.

एल3हैरिस अपनी वेबसाइट पर खुद को दुनिया के सबसे आधुनिक एयरस्पेस, हथियार प्रणालियों और कमांड एंड कंट्रोल प्लेटफ़ॉर्म के लिए कम्युनिकेशन सिस्टम उपलब्ध कराने वाली प्रमुख कंपनी बताती है.

एल3हैरिस ने बीबीसी के कमेंट के अनुरोध पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया है.

इस बीच ऑस्ट्रेलिया से बीबीसी संवाददाता सिमोन एट्किंसन ने बताया कि सिडनी में मौजूद देश के सबसे बड़े इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने कहा है कि अमेरिका से जुड़ी सभी उड़ानों को फ़िलहाल रोक दिया गया है.

2023 में भी हुआ था देशव्यापी असर

नाल्ड रीगन वाशिंगटन राष्ट्रीय हवाई अड्डे
इमेज कैप्शन, नाल्ड रीगन वाशिंगटन राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लाउंज में इंतज़ार करते यात्री
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

बीबीसी वेरिफ़ाई के जैक होर्टन के मुताबिक़ अमेरिका में विमानों की उड़ानों पर लगी रोक की तुलना पिछली घटनाओं से की जा रही है.

अमेरिका में देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप को लेकर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने बार-बार कहा कि यह घटना 9/11 जैसी नहीं है.

बीबीसी वेरिफ़ाई ने क्रैनफील्ड यूनिवर्सिटी में एविएशन एंड एनवायरनमेंट के एसोसिएट प्रोफ़ेसर डॉक्टर गाइ ग्रैटन से बात की.

उन्होंने कहा, "यह 9/11 के बाद की सबसे गंभीर घटना लग रही है, लेकिन स्पष्ट रूप से उस स्तर की नहीं है."

ऐसी ही घटनाओं के बारे में पूछे जाने पर डॉक्टर ग्रैटन ने साल 2023 में अमेरिका में हुई उस घटना का जिक्र किया, जब नोटिस टू एयर मिशन्स (NOTAM) सिस्टम में ख़राबी के कारण उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी.

उन्होंने कहा, "वह स्थिति 1 घंटे 52 मिनट तक रही थी. इस दौरान क़रीब 9,500 उड़ानों में देरी हुई और लगभग 1,300 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं."

इस सिस्टम में ख़राबी के कारण हवाई यातायात से जुड़े सुरक्षा नोटिस जारी नहीं किए जा सके थे. सिस्टम के दोबारा चालू होने तक उड़ानों पर रोक लगी रही.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.