अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट में भारत से हार के बाद क्या बोले पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर

भारत ने एशिया कप अंडर 19 पर क़ब्ज़ा कर लिया है
इमेज कैप्शन, भारत ने एशिया कप अंडर 19 पर क़ब्ज़ा कर लिया है
    • Author, रशीद शकूर
    • पदनाम, कराची से, बीबीसी न्यूज़ हिंदी के लिए
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 7 मिनट

शनिवार शाम ओमान में एशिया कप अंडर-19 के रोमांचक फ़ाइनल मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान की टीम को आख़िरी गेंद पर एक विकेट से हरा दिया.

इस नतीजे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारत-पाकिस्तान क्रिकेट चाहे सीनियर लेवल पर हो या जूनियर लेवल पर, पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी होने का जोश, जीतने की चाह और फिर रोमांचक मुक़ाबलों का पूरा असर हर जगह देखने को मिलता है.

अंडर-19 एशिया कप को लेकर भी बहुत से लोगों को अंदाज़ा था कि टूर्नामेंट में भले ही 8 टीमें मौजूद हैं, लेकिन निर्णायक मुक़ाबला इन्हीं दो पारंपरिक प्रतिद्वंद्वियों के बीच होगा, जो हर टूर्नामेंट में सभी के ध्यान और दिलचस्पी का केंद्र रहती हैं.

पाकिस्तान की इस हार पर सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट एक्सपर्ट और और देश के पूर्व क्रिकेटर भी टिप्पणी कर रहे हैं.

पाकिस्तानी टीम के चेहरे पर अच्छे प्रदर्शन के बाद भी हार की निराशा दिख रही थी
इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी टीम के चेहरे पर अच्छे प्रदर्शन के बाद भी हार की निराशा दिख रही थी

पाकिस्तान अंडर-19 की हार पर पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट क्रिकेटरों और विश्लेषकों ने दोनों टीमों की तुलना की है.

सोशल मीडिया पर भी इस फ़ाइनल को लेकर टिप्पणियां हो रही हैं.

इसके साथ ही वह वीडियो क्लिप भी वायरल हो रही हैं, जिनमें भारतीय खिलाड़ियों को जीत के बाद ज़रूरत से ज़्यादा जोश में देखा जा सकता है.

कई लोगों ने उनके इस व्यवहार को खेल भावना के ख़िलाफ़ बताया है.

शॉर्ट वीडियो देखिए
वीडियो कैप्शन, अंडर-19 एशिया कप में भारत की जीत के चार स्टार

क्या कह रहे हैं पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर

पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए विशाल स्कोर खड़ा किया
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए विशाल स्कोर खड़ा किया

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ़ ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी से बात करते हुए कहते हैं, "इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ़ाइनल में जगह बनाई थी और मैच बहुत शानदार रहा, जिसका फ़ैसला आख़िरी गेंद पर हुआ."

"पाकिस्तान में युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अच्छे मौक़े मिले हैं. अंडर-19 पाकिस्तान, इमर्जिंग और पाकिस्तान शाहीन के मंच पर प्रतिभाशाली क्रिकेटरों ने अच्छा प्रदर्शन किया है."

"इनमें अजान ओवैस, अराफ़ात मिन्हास, समीर मिन्हास, अब्दुल्ला फ़ज़ल और तैयब आरिफ़ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक पहुंचे हैं. मौजूदा अंडर-19 टीम में भी उस्मान ख़ान, फ़रहान यूसुफ़, अब्दुल क़ादिर और दूसरे खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जो अच्छी बात है."

शॉर्ट वीडियो देखिए
वीडियो कैप्शन, अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत की जीत

'भारत और पाकिस्तान की नीति अलग'

भारत ने एशिया कप अंडर 19 पर क़ब्ज़ा कर लिया है
इमेज कैप्शन, शनिवार का ख़िताबी मुक़ाबला काफ़ी रोमांचक रहा
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

राशिद लतीफ़ कहते हैं, "भारत की युवा प्रतिभाओं को लेकर नीति हमसे अलग है. वहां किसी भी युवा खिलाड़ी को एक अंडर-19 वर्ल्ड कप के बाद दोबारा नहीं खिलाया जाता. पाकिस्तान को भी इसी नीति को अपनाना होगा, जिससे और बेहतर नतीजे सामने आएंगे."

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अजहर अली बीबीसी न्यूज़ हिंदी से बातचीत में कहा, "भारत की इस क़ामयाबी की सबसे तारीफ़ के काबिल बात यह है कि वे अपने पुराने स्क्वॉड को दोबारा मौक़ा देने के बजाय एक नई टीम के साथ इस टूर्नामेंट में आए थे और चैंपियन बने."

"दूसरी ओर पाकिस्तान को सोचना पड़ेगा कि खिलाड़ियों को बार-बार खिलाने से आप नई प्रतिभाओं के आगे बढ़ने का रास्ता रोक रहे हैं. एक अंडर-19 एशिया कप और एक अंडर-19 वर्ल्ड कप की नीति होनी चाहिए, चाहे आप जीतें या हारें. कोई खिलाड़ी चाहे 16 साल का हो, उसे ज़्यादा से ज़्यादा दो साल अंडर-19 में रहना चाहिए और उसके बाद आगे बढ़ जाना चाहिए."

उन्होंने कहा, "पिछले दो-तीन वर्षों में अंडर-19 क्रिकेट नहीं हुआ, जिसका नुक़सान हमें हो रहा है. हमें बार-बार उन्हीं खिलाड़ियों को खिलाना पड़ रहा है, जबकि हमारे पास प्रतिभा मौजूद है. इसका एक उदाहरण अब्दुल क़ादिर हैं, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में बहुत शानदार प्रदर्शन किया है."

शनिवार को खेला गया मुक़ाबला अंतिम गेंद तक चला और पूरे मैच में रोमांच बना रहा
इमेज कैप्शन, शनिवार को खेला गया मुक़ाबला अंतिम गेंद तक चला

वरिष्ठ क्रिकेट विश्लेषक डॉक्टर नोमान नियाज बीबीसी न्यूज़ हिंदी से बात करते हुए कहते हैं, "पाकिस्तान की अंडर-19 टीम में इस समय तीन या चार खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्हें अंडर-19 एशिया कप में नहीं, बल्कि श्रीलंका के ख़िलाफ़ टेस्ट सीरीज़ में होना चाहिए था. इनमें फ़रहान यूसुफ़, अली रजा और अब्दुल सुबहान शामिल हैं."

उन्होंने कहा, "जहां तक भारत की बात है तो राहुल द्रविड़ ने एक नीति बनाकर दी है कि एक खिलाड़ी सिर्फ़ एक ही अंडर-19 वर्ल्ड कप खेलेगा. इस नीति का मक़सद यही है कि जूनियर स्तर पर उन्हें एक खिलाड़ी की प्रतिभा का पता चल जाता है. इसके बाद उसे इंडिया ए से खिलाया जाता है और फिर वह भारत की सीनियर टीम की ओर बढ़ता है."

डॉक्टर नोमान नियाज कहते हैं, "भारत का खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का सिस्टम बहुत अच्छा है. वह सही तरीके से खिलाड़ियों की पहचान करता है और उन्हें आगे बढ़ाता है. पाकिस्तान में जिन खिलाड़ियों को अंडर-19 स्तर पर नहीं खेलना चाहिए, वे इस समय वहां खेल रहे हैं."

'भारत की व्यवस्था पाकिस्तान से बेहतर'

पाकिस्तान ने इस मैच में कई बार अपनी पकड़ को मजबूत किया
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान ने इस मैच में कई बार अपनी पकड़ को मजबूत किया

पूर्व टेस्ट क्रिकेटर बाजिद ख़ान कहते हैं, "यह एक शानदार फ़ाइनल था, जिसमें उच्च स्तर की क्रिकेट खेली गई. अंडर-19 स्तर पर इस तरह का फ़ाइनल बहुत कम देखने को मिलता है, जहां आपको बेहतरीन क्रिकेट देखने को मिले और कोई टीम आख़िरी पलों में लक्ष्य हासिल करे."

"जहां तक खिलाड़ियों के ग्रोथ की बात है तो पाकिस्तान का मामला दूसरे देशों से अलग है. बाक़ी दुनिया में ऐसा कम ही होता है कि आप एक ही टीम या ज़्यादातर खिलाड़ियों के साथ दो-चार टूर्नामेंट खेलें. आमतौर पर अंडर-19 में ऐसा नहीं होता. अंडर-19 में खिलाड़ी आता है और जब उसका ग्रोथ हो जाता है तो उसे अगले स्तर पर भेज दिया जाता है. वह दोबारा अंडर-19 में वापस नहीं आता."

बाजिद ख़ान का कहना है, "भारत की नीति बिल्कुल स्पष्ट है कि वे किसी भी खिलाड़ी को एक से ज़्यादा बार अंडर-19 वर्ल्ड कप नहीं खिलाते. भारत का सिस्टम बहुत अच्छा है. वहां प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी सामने आ रहे हैं. अगर आप खिलाड़ियों को बार-बार आयु वर्ग में खिलाएंगे तो पीछे से जो लड़के मौक़े का इंतजार कर रहे हैं, उनका ग्रोथ रुक जाएगा."

"इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की जो टीम थी, वही पसंदीदा लग रही थी और उसे अनुभवी टीम कहा जा रहा था. अंडर-19 में ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है, जबकि दूसरी ओर भारतीय टीम नए खिलाड़ियों से बनी थी. इसलिए उसकी यह जीत ज़्यादा अहमियत रखती है."

उनका कहना है, "पाकिस्तान के नज़रिए से मुझे उसकी फ़ील्डिंग सबसे अच्छी लगी. पूरे टूर्नामेंट में उसका स्तर बहुत शानदार था."

स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट शाहिद हाशमी बीबीसी न्यूज़ हिंदी से बात करते हुए कहते हैं, "यह बेहद दिलचस्प फ़ाइनल था, लेकिन पाकिस्तान ने जीतने का अच्छा मौका गंवा दिया. दोनों पारियों के आख़िरी छह ओवर मैच के नतीजे पर असर डालने वाले रहे."

अंतिम ओवरों में दोनों टीमों के प्रदर्शन में बड़ा अंतर

भारत और पाकिस्ता की टीमें

शाहिद हाशमी के मुताबिक़, "पाकिस्तान ने आख़िरी छह ओवर में सिर्फ़ 38 रन बनाए और 6 विकेट गंवा दिए, वरना स्कोर 370 तक पहुंच सकता था. इसके उलट भारत ने आख़िरी छह ओवर में अपने बल्लेबाज़ों की शानदार बल्लेबाज़ी से मैच का नतीजा पलट दिया."

उनका कहना है, "252 रन पर आठ विकेट गिर चुके थे. इस मौक़े पर फ़रहान यूसुफ़ ने ग़लती की. उन्हें उसी समय किसी गैर-नियमित गेंदबाज़ से एक ओवर करवा लेना चाहिए था. कप्तान की रणनीति में इस ग़लती की वजह से आख़िरी ओवर स्पिनर से करवाना पड़ा. इसका पूरा श्रेय भारत के निचले क्रम के बल्लेबाज़ों को जाता है, ख़ासकर उल्वा ने कमाल की बल्लेबाज़ी की."

शाहिद हाशमी कहते हैं, "अगर दोनों टीमों की तुलना करें तो पाकिस्तान ने खिलाड़ियों के ग्रोथ का मौक़ा गंवाया है. भारत ने अपनी अंडर-19 टीम को बहुत बेहतर तरीक़े से तैयार किया है. इसका सबूत यह है कि 2025 के अंडर-19 एशिया कप का एक भी क्रिकेटर इस टीम में शामिल नहीं था, जबकि दूसरी ओर पाकिस्तान के छह-सात क्रिकेटर 2025 के एशिया कप में खेल चुके थे.

बल्कि फ़रहान यूसुफ़, अली रज़ा, उस्मान ख़ान और मोहम्मद हुजैफ़ा 2024 में भी अंडर-19 एशिया कप खेल चुके थे. यह दिखाता है कि आप युवा क्रिकेटरों का ग्रोथ रोक रहे हैं और इसके बावजूद आपको कुछ हासिल भी नहीं हुआ. यह भारत के सिस्टम की जीत और पाकिस्तान के सिस्टम की हार है."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.