संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र, कांग्रेस ने पूछा- शीतकालीन सत्र क्यों नहीं बुला रही सरकार?

संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि 30 को लोकसभा और दो दिसंबर को राज्यसभा की बैठक होगी
इमेज कैप्शन, संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि 30 को लोकसभा और दो दिसंबर को राज्यसभा की बैठक होगी
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट

केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा की है. लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी.

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक़, कामकाज को देखते हुए दोनों सदनों की बैठकें 3 दिसंबर को ख़त्म हो सकती हैं.

इस बीच चर्चा है कि सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन (डीलिमिटेशन) विधेयक को फिर संसद में ला सकती है, जो अप्रैल में आगे नहीं बढ़ पाया था.

प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं और शीतकालीन सत्र न बुलाए जाने की आशंका ज़ाहिर की है.

रिजिजू ने बीते गुरुवार को एक्स पर कहा कि ये बैठकें ज़रूरी सरकारी कामकाज के लिए बुलाई जा रही हैं. उन्होंने किसी विधेयक का नाम नहीं लिया.

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने एक्स पर पूछा कि सरकार नियमित शीतकालीन सत्र क्यों नहीं बुला रही.

उनका कहना है कि विशेष सत्र को नियमित सत्र की जगह नहीं लेनी चाहिए. सरकार अगर अप्रैल में पास नहीं हुए विधेयक को फिर लाना चाहती है, तो वह नियमित सत्र में भी ऐसा कर सकती है.

द इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि लोकसभा की बैठकें 30 नवंबर और 1 दिसंबर को, जबकि राज्यसभा की बैठकें 2 और 3 दिसंबर को हो सकती हैं. हालांकि, सरकार ने सिर्फ दोनों सदनों की पहली बैठक के लिए तारीख़ें सुझाई हैं.

इससे पहले, 13 अगस्त को लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें जब स्थगित हुई थीं तो अगली बैठक की तारीख़ तय नहीं थी.

लेकिन मानसून सत्र को औपचारिक तौर पर ख़त्म नहीं किया गया था. यानी उस दिन बैठकें रुकी थीं, सत्र समाप्त नहीं हुआ था.

हालांकि, सरकार का ताज़ा बयान किसी भी नियमित शीतकालीन सत्र का एलान नहीं है.

ग़ौरतलब है कि मानसून सत्र को स्थगित हुए 104 दिन हो चुके हैं. इसके स्थगन की घोषणा 13 अगस्त को की गई थी.

महिला आरक्षण और परिसीमन बिल की चर्चा क्यों लौटी?

नरेंद्र मोदी
इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने भी एएनआई से कहा कि सरकार अगर महिला आरक्षण और परिसीमन पर चर्चा करना चाहती है तो वह नियमित शीतकालीन सत्र में ऐसा कर सकती है
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव ने चुनी हैं ये ख़ास कहानियाँ

बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़

और जानें

समाप्त

संसद ने 2023 में लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का क़ानून पास किया था.

लेकिन आरक्षण तुरंत लागू नहीं होना था. क़ानून के मुताबिक़, इसके प्रभावी होने के बाद होने वाली पहली जनगणना के संबंधित आंकड़े प्रकाशित होने हैं. उन आंकड़ों के आधार पर परिसीमन के बाद आरक्षण लागू होगा.

परिसीमन में चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय की जाती हैं. अप्रैल 2026 में सरकार ने नई जनगणना का इंतज़ार किए बिना परिसीमन कराने और महिला आरक्षण जल्दी लागू करने का प्रस्ताव रखा था.

साथ ही लोकसभा की कुल सीटें बढ़ाने की बात भी थी. इसलिए बहस सिर्फ़ इस पर नहीं थी कि आरक्षण कब लागू होगा. सवाल यह भी था कि नई व्यवस्था में किस राज्य को लोकसभा की कितनी सीटें मिलेंगी.

17 अप्रैल को लोकसभा में 528 सांसदों ने वोट दिया. द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, 298 सांसदों ने संविधान संशोधन के पक्ष में और 230 ने विरोध में वोट दिया.

उस मतदान में दो-तिहाई समर्थन के लिए 352 वोट चाहिए थे. जो विधेयक पास नहीं हुआ, वह 2026 का संविधान संशोधन था, 2023 का महिला आरक्षण क़ानून नहीं.

इसके बाद सरकार ने परिसीमन और केंद्रशासित प्रदेशों से जुड़े दो अन्य विधेयकों को भी आगे नहीं बढ़ाया.

शशि थरूर ने क्या कहा

शशि थरूर
इमेज कैप्शन, शशि थरूर ने कहा कि संसद को बहस और जवाबदेही का मंच बने रहने देना चाहिए

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने संसद के शीतकालीन सत्र में देरी को लेकर केंद्र सरकार को घेरा है.

उन्होंने कहा कि सरकार संसद को बहस और जवाबदेही का मंच बनाने के बजाय केवल विधेयकों पर मुहर लगाने वाली संस्था बनाना चाहती है.

थरूर ने कहा, "1950 के दशक में संसद की बैठकें साल में 120 से 170 दिन तक होती थीं, जबकि अब यह घटकर करीब 70 दिन रह गई हैं."

उन्होंने संसदीय लोकतंत्र के प्रति सरकार के रवैये को 'अजीब' बताते हुए लिखा, "हमने देखा है कि गुजरात में मुख्यमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी का रिकॉर्ड विधानसभा सत्रों की अवधि कम करने का रहा है. मेरी जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल के आखिरी कुछ वर्षों में गुजरात विधानसभा की साल भर में केवल 50 से 55 दिन ही बैठकें होती थीं. हम निश्चित रूप से नहीं चाहते कि संसद में भी ऐसा हो."

थरूर ने संसद का कैलेंडर 9 से 12 महीने पहले जारी करने की मांग की. उन्होंने परिसीमन विधेयक पर भी गंभीर चर्चा की ज़रूरत बताई.

पी चिदंबरम ने पूछा- फिर से विधेयक क्यों

पी चिदंबरम
इमेज कैप्शन, पी चिदंबरम ने पूछा है कि नए विधेयक की क्या ज़रूरत है

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने एक्स पर लिखा, "गृह मंत्री अमित शाह या तो भूलने की बीमारी से पीड़ित हैं या फिर सच को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं."

"उनका दावा है कि कांग्रेस लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने के वादे को लागू होने से नहीं रोक सकती."

"संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम, 2023 पहले ही पारित हो चुका है. इस विधेयक को संसद के दोनों सदनों ने 20 और 21 सितंबर, 2023 को पारित किया था."

"कांग्रेस ने इस विधेयक के पारित होने का पूरा समर्थन किया था और लगातार इस अधिनियम को तत्काल लागू करने की मांग कर रही है. बीजेपी सरकार इस अधिनियम को लागू क्यों नहीं कर रही है?"

चिदंबरम ने पूछा कि नए विधेयक की क्या ज़रूरत है?

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने भी एएनआई से कहा कि सरकार अगर महिला आरक्षण और परिसीमन पर चर्चा करना चाहती है तो वह नियमित शीतकालीन सत्र में ऐसा कर सकती है.

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक़, प्रस्तावित बैठकों के लिए अपनी रणनीति तय करने को कांग्रेस ने 27 नवंबर को दिल्ली में अपने संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है.

फ़िलहाल सरकार ने बताया है कि वह दोनों सदनों को कब बुलाना चाहती है. अप्रैल में रुके प्रस्ताव इस विशेष सत्र में फिर पेश होंगे या नहीं, यह संसद के कामकाज की सूची आने पर साफ़ होगा.

पश्चिं बंगाल में बीजेपी नेता रोहन गुप्ता ने कहा, "यह सत्र बेहद महत्वपूर्ण होगा. आपने देखा होगा कि विपक्ष हर बार अपनी राजनीति के लिए एक के बाद एक संसद सत्र को बाधित करता रहा है. इस बार मैं विपक्ष को सलाह देना चाहूंगा कि संसद का सत्र सुचारू रूप से चलने दिया जाए, ताकि ऐतिहासिक तरीके से सभी विधेयक पारित हो सकें."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.