अमेरिका में तूफ़ान और भारी बारिश के बाद क़रीब 10 लाख लोग अंधेरे में, सैकड़ों फ़्लाइट्स रदद

इमेज स्रोत, Reuters
अमेरिका के मिडवेस्ट और उत्तर-पूर्वी इलाक़ों में भारी बारिश और तेज हवाओं के साथ थैंक्सगिविंग के दौरान आए भीषण तूफान ने लाखों लोगों के सामने मुश्किलें खड़ी कर दी हैं.
वहीं, पश्चिमी इलाकों में समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों के कारण भी देशभर में बड़े पैमाने पर जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
इस सप्ताह अमेरिका में 8 करोड़ से ज्यादा लोगों के यात्रा करने की उम्मीद है. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ़्लाइट अवेयर के मुताबिक़, स्थानीय समय के मुताबिक़ गुरुवार को अमेरिका में 400 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं.
वहीं अमेरिका आने-जाने वाली और देश के भीतर संचालित होने वाली 2,200 से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई.
थैंक्सगिविंग अमेरिका का एक पारंपरिक उत्सव है. इसमें लोग अच्छी फसल, पारिवारिक और अन्य खुशियों के लिए एक-दूसरे को धन्यवाद देते हैं.
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने पहले ही चेतावनी दी थी कि बारिश और तेज हवाओं के पूर्वानुमान के चलते पूरे सप्ताह उड़ानों में देरी हो सकती है.
इस बीच, गुरुवार रात तक क़रीब 10 लाख घरों की बिजली गुल हो गई. पेंसिल्वेनिया, मैरीलैंड और वर्जीनिया सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में शामिल रहे.
अमेरिका में सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक छुट्टियों में से एक, थैंक्सगिविंग डे के दिन, पश्चिमी तट पर कैलिफोर्निया से लेकर पूर्वी तट पर वाशिंगटन, डी.सी. तक के क्षेत्रों में खराब मौसम की स्थिति बनी रही.
बाढ़ के कारण कई लोगों को थैंक्सगिविंग की मेज पर बैठकर भोजन करने के बजाय पानी से भरे सड़कों और घरों में मुश्किल हालात का सामना कर रहे हैं.
