पाकिस्तान के एस्ट्रोनॉट ज़ीशान अली ने स्पेस में पहले दिन क्या कुछ किया?

ज़ीशान अली
इमेज कैप्शन, ज़ीशान अली अंतरिक्ष में जाने वाले पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट हैं
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 8 मिनट

'सितारों के आगे जहां और भी हैं, इश्क़ के इम्तिहां और भी हैं...'

अंतरिक्ष में जाने वाले पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट मोहम्मद ज़ीशान अली ने चीनी मिशन शेनझोउ-24 के साथ तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचने पर सबसे पहले यही कहा.

बुधवार को जियुक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से रवाना हुआ शेनझोउ-24 अंतरिक्ष मिशन चीनी अंतरिक्ष स्टेशन से डॉक हुआ. इसके बाद शेनझोउ-24 के चालक दल ने अंतरिक्ष स्टेशन में प्रवेश किया.

पाकिस्तान के अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन 'सुपार्को' के मुताबिक़, चीनी अंतरिक्ष स्टेशन पर पहले से मौजूद शेनझोउ-23 के चालक दल ने शेनझोउ-24 के सदस्यों का स्वागत किया. इस मौके पर अंतरिक्ष यात्रियों की तस्वीरें भी जारी की गईं.

शेनझोउ-24 मिशन के तहत तीन अंतरिक्ष यात्रियों को तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन भेजा गया है. इनमें तांग होंगबो मिशन के कमांडर, वू यी फ़्लाइट इंजीनियर और पाकिस्तान के पायलट मुहम्मद ज़ीशान अली पेलोड विशेषज्ञ के तौर पर शामिल हैं.

शेनझोउ-24 ने पृथ्वी से रवाना होने के करीब साढ़े तीन घंटे बाद अपनी यात्रा पूरी की और सुबह लगभग 8.56 बजे तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ गया.

इस मिशन में एक पाकिस्तान के एस्ट्रोनॉट भी शामिल हैं. इसे ध्यान में रखते हुए चीनी अंतरिक्ष कार्यक्रम के संबंधित विभाग ने चीनी और अंग्रेज़ी, दोनों भाषाओं में कामकाज से जुड़े निर्देश तैयार किए हैं. इसके अलावा, ज़ीशान की खान-पान संबंधी पसंद को ध्यान में रखते हुए हलाल अंतरिक्ष भोजन का इंतज़ाम भी किया गया है.

ज़ीशान अली तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर करीब एक सप्ताह बिताएंगे. इस दौरान वह वैज्ञानिक प्रयोगों और शोध गतिविधियों में हिस्सा लेंगे.

ज़ीशान अली शोध परियोजनाओं में पेलोड विशेषज्ञ के तौर पर काम करेंगे. इनमें सूक्ष्म शैवाल की वृद्धि और क्विनोआ के बीजों पर अंतरिक्ष के वातावरण के प्रभावों का अध्ययन शामिल है.

ज़ीशान अली की इस मिशन से वापसी करीब एक सप्ताह बाद निर्धारित है. चीनी मीडिया की कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, वापसी के दौरान वह अंतरिक्ष स्टेशन पर पहले से मौजूद शेनझोउ-23 के चालक दल के साथ लौटेंगे.

अंतरिक्ष में ऐसे हुआ स्वागत

जीशान
इमेज कैप्शन, अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने पर चीन के स्ट्रोनॉट्स ने ज़ीशान का स्वागत 'स्पेस केक' से किया
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव ने चुनी हैं ये ख़ास कहानियाँ

बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़

और जानें

समाप्त

जब शेनझोउ-24 मिशन के चालक दल ने चीनी अंतरिक्ष स्टेशन में प्रवेश किया, तो शेनझोउ-23 के अंतरिक्ष यात्रियों ने उनका स्वागत किया.

उन्होंने ख़ास तौर पर ज़ीशान अली को संबोधित करते हुए कहा कि वह किसी चीनी अंतरिक्ष मिशन में शामिल होने वाले पहले विदेशी एस्ट्रोनॉट बन गए हैं.

चीनी मीडिया के मुताबिक़, दोनों टीमें कई दिनों से इसकी तैयारी कर रही थीं और एक-दूसरे के संपर्क में थीं.

बुधवार को अंतरिक्ष में हुए इस छोटे से समारोह में शेनझोउ-24 मिशन पर गए तीनों अंतरिक्ष यात्रियों ने बारी-बारी से अपनी बात रखी.

ज़ीशान अली ने कहा कि अंतरिक्ष में जाने और चीनी अंतरिक्ष स्टेशन में दाख़िल होने वाले पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट बनकर उन्हें बेहद ख़ुशी हुई है.

उन्होंने पाकिस्तान के राष्ट्रीय कवि अल्लामा इक़बाल की एक कविता भी सुनाई, "सितारों के आगे जहां और भी हैं, और अब इश्क़ के इम्तिहां और भी हैं."

इसके बाद उन्होंने अपने साथियों को इसका चीनी अनुवाद भी सुनाया, जिसकी काफ़ी तारीफ़ हुई.

शेनझोउ-23 मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों ने कहा कि आने वाले दिनों में वे अपना काम नई टीम को सौंपेंगे और उन्हें अंतरिक्ष के माहौल में ढलने में मदद करेंगे.

एक महिला एस्ट्रोनॉट ने बताया कि उन्होंने शेनझोउ-24 की टीम के सदस्यों के लिए 'स्पेस केक' बनाए हैं. सभी ने बारी-बारी से केक को सूंघा और उसकी तारीफ़ की. ज़ीशान अली ने कहा कि केक देखने में बहुत अच्छे लग रहे हैं.

इसके बाद सभी छह अंतरिक्ष यात्रियों ने एक साथ तस्वीर खिंचवाई. चीनी मीडिया ने इस कार्यक्रम की कवरेज के दौरान बताया कि ज़ीशान अली ने बहुत कम समय में चीनी भाषा सीख ली है और उनके लिए रोज़मर्रा की ज़िंदगी मुश्किल नहीं होगी.

ज़ीशान अली
इमेज कैप्शन, जीशान अली को 'शेनझोउ 24' से तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन में स्थानांतरित करते समय की तस्वीर

कवरेज के दौरान बताया गया कि एस्ट्रोनॉट अब एक साथ खाना खा रहे हैं और ज़ीशान अली के लिए ख़ास भोजन तैयार किया गया है. यह भी बताया गया कि उनके लिए पाकिस्तान के व्यंजन के विकल्प उपलब्ध हैं, ताकि वह 'अंतरिक्ष में घर जैसे खाने का स्वाद ले सकें'.

इस रिपोर्ट में हमने यह जानने की कोशिश की है कि ज़ीशान अली और दूसरे एस्ट्रोनॉट अंतरिक्ष में अपने दिन और रात कैसे बिताएंगे.

यानी वे क्या खाएंगे, शौचालय का इस्तेमाल कैसे करेंगे, कसरत कैसे करेंगे, सोएंगे कैसे और उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी कैसी होगी?

शिन्हुआ, चाइना डेली, सीजीटीएन और चाइना मैन्ड स्पेस एजेंसी समेत चीनी सरकारी मीडिया तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन को अंतरिक्ष में एक ऐसे घर के तौर पर पेश करता है, जहां एस्ट्रोनॉट कई दिनों तक रहते हैं, काम करते हैं, कसरत करते हैं और सोते हैं.

एस्ट्रोनॉट क्या खाएंगे?

Zeeshan Ali
इमेज कैप्शन, चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार, तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर अंतरिक्ष यात्रियों के लिए लगभग 200 प्रकार के भोजन उपलब्ध हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर प्लेट या कटोरियां नहीं होतीं, क्योंकि अंतरिक्ष में हर चीज़ तैरती रहती है. वहां खाया जाने वाला भोजन आम तौर पर प्रोसेस किया हुआ होता है और उसका वज़न कम करने के लिए उसमें से पानी निकाल दिया जाता है.

एस्ट्रोनॉट स्टेशन पर गर्म और ठंडे पानी के डिस्पेंसर की मदद से खाने में दोबारा पानी मिलाते हैं.

खाना आम तौर पर पैकेट में दिया जाता है. इन्हीं पैकेटों को प्लेट की तरह इस्तेमाल किया जाता है और ख़ास चम्मच से खाना खाया जाता है.

चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक, तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर अंतरिक्ष यात्रियों के लिए करीब 200 तरह के खाद्य पदार्थ उपलब्ध हैं. इनमें कुंग पाओ चिकन, मापो टोफ़ू, फ़्राइड राइस, पकौड़ियां, मून केक और कई तरह के मांसाहारी व्यंजन शामिल हैं.

अंतरिक्ष स्टेशन पर एक रसोई भी है, जिसमें खाना गर्म करने की व्यवस्था, गर्म पानी के डिस्पेंसर और अंतरिक्ष में इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया बेकिंग ओवन शामिल हैं. इनकी मदद से एस्ट्रोनॉट गर्म खाना खा सकते हैं.

कभी-कभी अंतरिक्ष यात्रियों की निजी पसंद के मुताबिक भी मेन्यू तैयार किया जाता है. उदाहरण के लिए, शेनझोउ-13 मिशन के दौरान एस्ट्रोनॉट वांग यापिंग को सीफ़ूड डम्पलिंग और एस्ट्रोनॉट गुआंगफू को तीखे व्यंजन परोसे गए थे.

मार्च 2023 में बीबीसी रेडियो के कार्यक्रम 'फ़ूड चेन' में नासा की पूर्व एस्ट्रोनॉट निकोल स्टॉट से बात की गई थी. इस बातचीत के ज़रिए यह जानने की कोशिश की गई कि अंतरिक्ष स्टेशन में ज़िंदगी कैसी होती है और वहां रोज़मर्रा के कामों के साथ खाने-पीने का इंतज़ाम कैसे किया जाता है.

निकोल स्टॉट अंतरिक्ष में 100 से ज़्यादा दिन बिता चुकी हैं. उनका कहना है कि अंतरिक्ष में मिलने वाले खाने में बदलाव किया जाता है, क्योंकि उसे शून्य गुरुत्वाकर्षण के माहौल के मुताबिक तैयार करना पड़ता है. यही वजह है कि वहां ब्रेड नहीं भेजी जाती, बल्कि उसकी जगह कॉर्नब्रेड भेजी जाती है.

उन्होंने कहा, 'आप नाश्ते में अंडे खा सकते हैं. अगर चाहें तो ऑमलेट भी खा सकते हैं.'

स्टैट के मुताबिक, एस्ट्रोनॉट अक्सर एक-दूसरे का खाना भी खाते हैं, ठीक वैसे ही जैसे स्कूल के बच्चे आपस में अपना खाना साझा करते हैं.

उनके मुताबिक, "खाना खाने की पूरी प्रक्रिया बेहद मनोरंजक होती है. एक-दूसरे की तरफ़ खाना उछालना या अंतरिक्ष में उसे खाने की कोशिश करना मज़ेदार होता है."

अंतरिक्ष स्टेशन पर पानी कहां से आता है?

अंतरिक्ष में प्यास बुझाना और लगातार पानी पीते रहना ज़रूरी है. लेकिन सवाल है कि यह पानी आता कहां से है? कुछ पानी एस्ट्रोनॉट पृथ्वी से अपने साथ ले जाते हैं और बाकी का पुनर्चक्रण अंतरिक्ष में ही किया जाता है.

स्पेस शटल में अपशिष्ट, नमी और मूत्र की भी रिसाइक्लिंग की जाती है.

नासा का दावा है कि रिसाइकिल्ड पानी पृथ्वी पर हमारे पीने के पानी से भी ज़्यादा साफ़ होता है.

चीनी सरकारी मीडिया शिन्हुआ की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर 95% से ज़्यादा पानी का रिसाइकिल किया जाता है.

एक्सरसाइज़

जीशान अली
इमेज कैप्शन, तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर व्यायाम सुविधाएं (फ़ाइल फोटो)

चीनी अंतरिक्ष कार्यक्रम के मुताबिक, भारहीनता की स्थिति में मांसपेशियों और हड्डियों को कमज़ोर होने से बचाने के लिए एस्ट्रोनॉट आम तौर पर रोज़ाना एक से दो घंटे कसरत करते हैं.

अंतरिक्ष स्टेशन पर कसरत के लिए ट्रेडमिल, रोइंग मशीन और प्रतिरोध प्रशिक्षण से जुड़े उपकरण मौजूद हैं.

चीनी मीडिया के मुताबिक, अंतरिक्ष यात्रियों की शारीरिक स्थिति पर लगातार नज़र रखी जाती है. पृथ्वी पर मौजूद चिकित्सा विशेषज्ञ उनके स्वास्थ्य से जुड़े अलग-अलग मानकों की निगरानी करते हैं और उसी के मुताबिक फ़ैसले लिए जाते हैं.

रोज़मर्रा की दिनचर्या

एस्ट्रोनॉट अपना समय वैज्ञानिक प्रयोग करने, अंतरिक्ष स्टेशन का रखरखाव करने, उपकरणों की जांच करने, कसरत करने और पृथ्वी को देखने में बिताते हैं.

तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन के मुख्य मॉड्यूल में काम करने, खाना खाने, कसरत करने और आराम करने के लिए अलग-अलग जगहें हैं.

चीनी सरकारी वीडियो और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद यात्री सुलेख कर सकते हैं, ताई ची का अभ्यास कर सकते हैं, पृथ्वी की तस्वीरें ले सकते हैं और यहां तक कि त्योहार भी मना सकते हैं.

सीजीटीएन के मुताबिक, लंबे अंतरिक्ष मिशनों के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों के मनोरंजन के लिए कराओके जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं.

एस्ट्रोनॉट कैसे सोते हैं?

अंतरिक्ष में अच्छी नींद लेना आसान नहीं है, क्योंकि वहां बिस्तर या तकिए नहीं होते. एस्ट्रोनॉट दीवार से बंधे स्लीपिंग बैग में सोते हैं.

चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक, तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर हर एस्ट्रोनॉट के लिए अलग निजी सोने का केबिन है, जहां वे आराम करते हैं और अपना निजी सामान रखते हैं.

अंतरिक्ष में गुरुत्वाकर्षण नहीं होने के कारण एस्ट्रोनॉट सामान्य बिस्तरों पर नहीं सोते. वे ख़ुद को स्लीपिंग बैग या ख़ास डिब्बेनुमा जगह में बांध लेते हैं, ताकि सोते समय इधर-उधर न तैरने लगें.

हालांकि अंतरिक्ष स्टेशन पृथ्वी का एक चक्कर करीब हर 90 मिनट में पूरा करता है और वहां हर दिन कई बार सूर्योदय और सूर्यास्त दिखाई देते हैं, फिर भी एस्ट्रोनॉट पृथ्वी जैसी दिनचर्या बनाए रखते हैं. स्टेशन की प्रकाश व्यवस्था उनके शरीर की जैविक घड़ी को नियमित रखने में मदद करती है.

(ये लेख बीबीसी न्यूज़ उर्दू से लिया गया है)

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.