सैफ चैंपियनशिप 2026: फ़ाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराया

मंगलवार को ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुक़ाबले में भारत ने जीत हासिल की.

सारांश

लाइव कवरेज

अभिषेक प्रताप सिंह, तेजस्वी सिंह

  1. दिल्ली में 'यमुना की गंदगी' और 'शीश महल', को लेकर सियासत तेज

    दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने जनता के लिए 'शीशमहल' को खोलने का एलान किया है
    इमेज कैप्शन, दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने जनता के लिए 'शीशमहल' को खोलने का एलान किया है

    आम आदमी पार्टी दिल्ली में प्रदूषण और यमुना की सफ़ाई को लेकर दिल्ली सरकार पर सवाल खड़े कर रही है तो वहीं बीजेपी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने अरविंद केजरीवाल के पुराने आवास का मुद्दा उठाया है.

    दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा है कि अगले हफ़्ते से दिल्ली के लोग 'शीश महल' देखने जा सकेंगे.

    दिल्ली के मुख़्यमंत्री पद पर होते हुए अरविंद केजरीवाल के सिविल लाइन्स स्थित 6 फ़्लैग रोड सरकारी आवास को बीजेपी ने 'शीशमहल' नाम दिया था.

    एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में प्रवेश वर्मा बताया कि टिकट बुकिंग और रिज़र्वेशन समेत दूसरी व्यवस्थाओं की जानकारी जल्द साझा की जाएगी.

    प्रवेश वर्मा ने कहा, ''सबसे पहले हम अपने मीडिया के साथियों के लिए दौरा आयोजित करना चाहते हैं. यह अगले दो से तीन दिनों में होगा और इसकी जानकारी कल दी जाएगी.''

    वर्मा ने कहा कि अब जनता को पूरे परिसर का दौरा कराया जाएगा, ताकि लोग ख़ुद इसे देख सकें. उन्होंने इसे भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण बताया.

    आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाए हैं कि दिल्ली सरकार यमुना की सफ़ाई के नाम पर बड़ी रखम ख़र्च कर रही है, लेकिन इसका कोई फ़ायदा नहीं हो रहा है.

  2. सुप्रीम कोर्ट ने आज़म ख़ान से जुड़ी यूपी सरकार की ये अपील की ख़ारिज

    फ़र्ज़ी जन्म प्रमाणपत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आज़म ख़ान की दोषसिद्धि पर रोक बरक़रार रखते हुए उनकी पत्नी और बेटे को भी यही राहत दी है
    इमेज कैप्शन, फ़र्ज़ी जन्म प्रमाणपत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट ने आज़म ख़ान की दोषसिद्धि पर रोक बरक़रार रखते हुए उनकी पत्नी और बेटे को भी यही राहत दी है

    सुप्रीम कोर्ट ने फ़र्ज़ी जन्म प्रमाणपत्र मामले में समाजवादी पार्टी के नेता आज़म ख़ान को दोषी ठहराए जाने के फ़ैसले पर लगी रोक के ख़िलाफ़ उत्तर प्रदेश सरकार की अपील ख़ारिज कर दी है.

    लाइव लॉ न्यूज नेटवर्क से मिली जानकारी के मुताबिक, अदालत ने मंगलवार को उनकी पत्नी तज़ीन फ़ातिमा और बेटे अब्दुल्लाह आज़म ख़ान को भी यही राहत दी है. दोनों ने अपनी दोषसिद्धि पर रोक लगाने की मांग की थी.

    जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने इन अपीलों पर फ़ैसला सुनाया.

    इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 24 मई, 2024 को आज़म ख़ान की दोषसिद्धि पर रोक लगाई थी, लेकिन उनकी पत्नी और बेटे को ऐसी राहत देने से इनकार कर दिया था.

    इसके ख़िलाफ़ उत्तर प्रदेश सरकार और आज़म ख़ान की पत्नी व बेटे ने अलग-अलग सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया था.

    यह मामला अब्दुल्लाह आज़म के दो जन्म प्रमाणपत्रों से जुड़ा है, जिनमें जन्म की अलग-अलग तारीख़ें दर्ज थीं.

    बीजेपी विधायक आकाश सक्सेना ने शिकायत में आरोप लगाया था कि इनमें से एक प्रमाणपत्र धोखाधड़ी से बनवाया गया और उसका इस्तेमाल 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब्दुल्लाह की चुनाव लड़ने की पात्रता साबित करने के लिए किया गया.

    रामपुर की निचली अदालत ने 18 अक्तूबर, 2023 को आज़म ख़ान, तज़ीन फ़ातिमा और अब्दुल्लाह को धोखाधड़ी, जालसाज़ी और आपराधिक साज़िश सहित कई अपराधों में दोषी ठहराया था. तीनों को सात-सात साल की जेल की सज़ा सुनाई गई थी.

    बाद में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने तीनों की सज़ा पर रोक लगाकर उन्हें ज़मानत दी थी. हालांकि, दोषी ठहराए जाने के फ़ैसले पर रोक की राहत केवल आज़म ख़ान को मिली थी.

  3. युद्ध रोकने की बातचीत के बीच यूक्रेन की राजधानी पर रूस का मिसाइल हमला

    रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीएव पर मिसाइल हमला किया है
    इमेज कैप्शन, रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीएव पर मिसाइल हमला किया है

    यूक्रेन की राजधानी कीएव के मेयर विटाली क्लिचको ने कहा है कि रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमले में शहर के दो बड़े पुलों को निशाना बनाया गया है.

    कीएव के मेयर विटाली क्लिचको के मुताबिक़, नीप्रो नदी पर बने नॉर्दर्न और सदर्न पुलों पर मिसाइलें गिरी हैं. शहर में पानी और बिजली की सप्लाई भी बाधित हुई है.

    उन्होंने बताया कि ज़रूरी इंफ़्रास्ट्रक्चर को नुक़सान पहुंचा है और कुछ इलाक़ों में पानी और घरों को गर्म रखने वाली हीटिंग सिस्टम ठप पड़ गए हैं.

    नीप्रो नदी पर बने आठ प्रमुख पुल कीएव के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ते हैं. शहर के क़रीब 30 लाख लोग आने-जाने के लिए इन पुलों पर निर्भर हैं.

    रूस के हमले में कई गाड़ियां जलकर ख़ाक हो गई
    इमेज कैप्शन, रूस के हमले में कई गाड़ियां जलकर ख़ाक हो गई

    ये हमले अमेरिका, यूक्रेन और यूरोपीय अधिकारियों के बीच युद्ध ख़त्म करने की कोशिशों पर हुई ऑनलाइन बातचीत के बाद हुए हैं. इसमें अमेरिकी दूत जैरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ़ भी शामिल थे.

    बातचीत के बाद कुशनर ने कहा कि अमेरिका यूक्रेन को मज़बूत और भरोसेमंद सुरक्षा गारंटी देने और यूरोपीय संघ की सदस्यता की दिशा में रास्ता तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बातचीत को ''मुश्किल'' बताया. उन्होंने कहा कि रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमलों से यूक्रेन की रक्षा के लिए और मदद की ज़रूरत है.

  4. उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में 100 मीटर खाई में गिरी बस, कम से कम 8 लोगों की मौत

    उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में एक बस 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई
    इमेज कैप्शन, उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में एक बस 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई

    उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल ज़िले में सोमवार तड़के एक यात्री बस क़रीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है और 26 घायल हुए हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई से मिली जानकारी के मुताबिक़, बस में क़रीब 30 से 35 लोग सवार थे.

    हादसे में घायल ने ड्राइवर पर तेज़ रफ़्तार से बस चलाने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा, “ड्राइवर बहुत तेज़ चला रहा था. मैंने भी उससे धीरे चलाने को कहा था. मेरी आंख लग गई, फिर पता नहीं क्या हुआ… यात्रियों ने दो-तीन बार धीरे चलाने को कहा, लेकिन वह तेज़ रफ़्तार से चला रहा था.”

    इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में हुई एक दुर्घटना में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में, मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुलार के इस हादसे के साथ ही रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ और टिहरी की डोगी पट्टी के बांसकाटल में हुए सड़क हादसों में लोगों की मौत पर दुख जताया है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा कि अधिकारियों को घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए गए हैं.

  5. कांग्रेस में वापसी पर बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने क्या कहा ?

    सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में पहुंचे कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस में दोबारा शामिल होने के सवाल पर जवाब दिया है
    इमेज कैप्शन, सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में पहुंचे कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस में दोबारा शामिल होने के सवाल पर जवाब दिया है

    सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव’ के विमोचन में पहुंचे पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस में वापसी पर जवाब दिया है.

    कांग्रेस फ़िर से ज्वाइन करने के सवाल पर उन्होंने कहा, “नहीं… सोनिया जी भी मेरी किताबों के विमोचन में आई थीं, इसलिए उनकी किताब के विमोचन में आकर मुझे बहुत ख़ुशी हो रही है.”

    आगे उन्होंने कहा कि इस इवेंट को राजनीतिक मत बनाइए.

    अमरिंदर सिंह ने किताब की तारीफ़ करते हुए कहा कि उन्होंने इसे पढ़ा है और यह बहुत अच्छी तरह लिखी गई है.

    कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते से जुड़ी यादें साझा कीं.

    उन्होंने कहा, ''हमने उन्हें बहस करते देखा था, लेकिन झगड़ते सिर्फ़ एक बार देखा. संयोग की बात है कि उस समय मेरे पिता अमरिंदर सिंह से फ़ोन पर बात कर रहे थे.''

  6. ''मैं अपनी बेगुनाही तभी साबित कर सकूंगा, जब ज़िंदा रहूंगा'', इमरान ख़ान ने लगाई गुहार

    इमरान ख़ान ने चिट्ठी में तत्काल इलाज की मांग की है, जबकि अधिकारियों का कहना है कि उनकी नियमित जांच होती है और सेहत संतोषजनक है
    इमेज कैप्शन, इमरान ख़ान ने चिट्ठी में तत्काल इलाज की मांग की है, जबकि अधिकारियों का कहना है कि उनकी नियमित जांच होती है और सेहत संतोषजनक है

    जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने बिगड़ती सेहत का हवाला देते हुए तत्काल इलाज की अपील की है.

    उनके वकील सलमान सफ़दर की ओर से सार्वजनिक की गई चिट्ठी में इमरान ख़ान ने लिखा, ''74 साल की उम्र में यह बेरहम सत्ता मुझे ऐसी जगह ले जा रही है, जहां से शायद मैं ज़िंदा वापस न आ सकूं.''

    वहीं, इस्लामाबाद के अधिकारियों का कहना है कि डॉक्टर हर हफ़्ते उनकी जांच करते हैं और उनकी सेहत ''संतोषजनक'' पाई गई है.

    इमरान ख़ान ने चिट्ठी में दावा किया कि डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन हैमरेज और कार्डियक अरेस्ट का गंभीर ख़तरा बताया है. उनके मुताबिक़, उनके दिल को पहले ही नुक़सान पहुंच चुका है.

    पिछले एक साल में इमरान ख़ान की सेहत को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं. उनके परिवार का आरोप है कि जेल अधिकारियों के समय पर क़दम नहीं उठाने के कारण उनकी दाईं आंख की ज़्यादातर रोशनी चली गई है.

    इमरान ख़ान ने कहा ''मैं अपनी बेगुनाही तभी साबित कर सकूंगा, जब ज़िंदा रहूंगा.''
    इमेज कैप्शन, इमरान ख़ान ने कहा ''मैं अपनी बेगुनाही तभी साबित कर सकूंगा, जब ज़िंदा रहूंगा.''

    इमरान ख़ान ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें रोज़ाना 22 घंटे तक अकेले रखा जाता है. उनके मुताबिक़, न परिवार से मिलने दिया जाता है और न किताबों या टेलीविज़न की सुविधा मिलती है. उन्होंने कहा कि इसका उनके मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ा है.

    उनका दावा है कि पिछले एक साल में वह अपने वकीलों से सिर्फ़ चार बार मिल सके हैं.

    उन्होंने लिखा, ''मैं अपनी बेगुनाही तभी साबित कर सकूंगा, जब ज़िंदा रहूंगा.''

    पाकिस्तान के संसदीय मामलों के मंत्री तारिक़ फ़ज़ल चौधरी ने इन दावों को ख़ारिज किया है. उन्होंने कहा कि इमरान ख़ान को जेल में अपनी पसंद के खाने समेत सभी सुविधाएं दी जा रही हैं.

    इमरान ख़ान ने आरोप लगाया है कि उन्हें जेल में किसी से मिलने नहीं दिया जा रहा है
    इमेज कैप्शन, इमरान ख़ान ने आरोप लगाया है कि उन्हें जेल में किसी से मिलने नहीं दिया जा रहा है

    उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''इस समय पाकिस्तान में सबसे ज़्यादा सुविधाएं पाने वाले क़ैदी वही हैं.''

    अधिकारियों के मुताबिक़, एक हफ़्ते पहले ख़ान को आंख में इंजेक्शन लगाने के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई थी.

  7. इन देशों में टेलीग्राम बैन, सामने आई वजह

    इराक और जॉर्डन ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देकर टेलीग्राम पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है
    इमेज कैप्शन, इराक और जॉर्डन ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देकर टेलीग्राम पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है

    इराक और जॉर्डन ने सोमवार को टेलीग्राम पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है. दोनों देशों ने सुरक्षा चिंताओं और चरमपंथी सामग्री फैलाने के लिए इस मैसेजिंग ऐप के इस्तेमाल को इसकी वजह बताया है.

    जॉर्डन के सार्वजनिक सुरक्षा निदेशालय के मुताबिक़, यह फ़ैसला डिजिटल सुरक्षा को मज़बूत करने और साइबर क्राइम, धमकियों, जबरन वसूली तथा अवैध सामग्री के बढ़ावे से निपटने के लिए लिया गया है.

    बीबीसी पर्शियन से मिली जानकारी के मुताबिक, जॉर्डन के अधिकारियों ने चरमपंथ के प्रसार और राष्ट्रीय सुरक्षा को होने वाले ख़तरों को रोकने का भी हवाला दिया.

    वहीं, इराक के संचार एवं मीडिया आयोग ने कहा कि प्रधानमंत्री अली ज़ैदी के फ़ैसले के तहत टेलीग्राम पर प्रतिबंध लगाया गया है. आयोग के मुताबिक़, इसका मक़सद चरमपंथ, हिंसा और नफ़रत फैलाने के लिए सोशल नेटवर्क का दुरुपयोग रोकना है.

    टेलीग्राम को अपना कामकाज इराकी क़ानूनों और नियमों के मुताबिक़ ढालने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है.

    यह फ़ैसला इराकी प्रधानमंत्री और ईरान समर्थित एक शक्तिशाली सशस्त्र समूह के बीच बढ़ते तनाव के दौरान आया है.

    इस समूह से जुड़े लोग टेलीग्राम का सक्रिय रूप से इस्तेमाल करते हैं. इराक में सरकारी संस्थान, मीडिया संस्थान और सशस्त्र समूह भी इस ऐप का व्यापक इस्तेमाल करते हैं.

  8. राहुल गांधी ने किया अपनी गर्लफ़्रेंड का ज़िक्र, क्या बताया?

    सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के दौरान राहुल गांधी ने अपनी गर्लफ़्रेड से जुड़ा किस्सा साझा किया
    इमेज कैप्शन, सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के दौरान राहुल गांधी ने अपनी गर्लफ़्रेड से जुड़ा किस्सा साझा किया

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ़ लव’ के विमोचन के दौरान अपने माता-पिता और अपनी गर्लफ़्रेड से जुड़ा एक क़िस्सा सुनाया.

    राहुल ने कहा कि उन्हें राजनीति पर बात नहीं करने के सख़्त निर्देश मिले हैं, लेकिन एक बेटे के तौर पर वह अपनी मां के बारे में कुछ बताना चाहते हैं.

    उन्होंने कैंब्रिज की एक तस्वीर का ज़िक्र किया, जिसमें उनकी मां झूले से उलटी लटकी हुई थीं. राहुल ने कहा कि बचपन में उनकी मां ऐसी ही थीं.

    इसके बाद उन्होंने कैंब्रिज के ‘वर्सिटी रेस्तरां’ का क़िस्सा सुनाया, जहां उनके माता-पिता की मुलाक़ात हुई थी.

    राहुल ने बताया कि कई साल बाद कैंब्रिज जाने पर उन्होंने अपनी गर्लफ़्रेंड से उस रेस्तरां में चलने को कहा. वह देखना चाहते थे कि उनके माता-पिता कहां मिले थे.

    राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में पहुंचे थे
    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी की किताब के विमोचन में पहुंचे थे

    राहुल गांधी के मुताबिक़, रेस्तरां में मौजूद एक व्यक्ति को जब उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता की मुलाक़ात वहीं हुई थी, तो उसने तुरंत कहा कि वह उन दोनों को जानता है.

    राहुल ने बताया कि उसी व्यक्ति की सलाह पर उन्होंने चिकन की एक डिश मंगाई. खाने को लेकर उन्होंने मज़ाक़ में कहा, “अगर आपको प्यार में पड़ना है तो वर्सिटी रेस्तरां जाइए,”

    उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता को वहां का खाना बहुत अच्छा याद था, लेकिन उन्हें खाना अच्छा नहीं लगा.

    राहुल गांधी की स्पीच खत्म होने के बाद उनसे पूछा गया कि अभी आपकी वो गर्लफ़्रेंड कहां हैं जिसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा, “वह मेरी एक दोस्त हैं.”

  9. अमेरिका में कई बैंकों में आई तकनीकी ख़राबी, क्या है वजह?

    चेज़ बैंक के मुताबिक़, सॉफ़्टवेयर में गड़बड़ी से कुछ ग्राहकों के अनुरोधों पर काम करने में सामान्य से ज़्यादा समय लग रहा है.
    इमेज कैप्शन, चेज़ बैंक के मुताबिक़, सॉफ़्टवेयर में गड़बड़ी से कुछ ग्राहकों के अनुरोधों पर काम करने में सामान्य से ज़्यादा समय लग रहा है.

    अमेरिका में बैंक ऑफ़ अमेरिका, जेपी मॉर्गन चेज़ और वेल्स फ़ार्गो समेत कई बैंकों और वित्तीय संस्थानों के ग्राहकों ने कुछ बैंकिंग सेवाओं तक पहुंचने में दिक़्क़त की शिकायत की है.

    ऑनलाइन सेवाओं में रुकावटों से जुड़ी उपयोगकर्ताओं की रिपोर्ट दर्ज करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक़, क़रीब 4,500 लोगों ने जेपी मॉर्गन चेज़ की ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं में परेशानी की सूचना दी.

    बीबीसी को मिली जानकारी के मुताबिक़, चेज़ बैंक में तकनीकी ख़राबी आई थी और यह मामला किसी हमले या साइबर सुरक्षा से जुड़ा नहीं लगता है.

    चेज़ ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि बैंक के अपने हार्डवेयर सिस्टम में सॉफ़्टवेयर की गड़बड़ी के कारण कामकाज अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है.

    लेनदेन की समस्या को दूर करने का काम जारी है
    इमेज कैप्शन, लेनदेन की समस्या को दूर करने का काम जारी है

    बैंक के मुताबिक़, “इस बात का कोई सबूत नहीं है कि यह रुकावट किसी साइबर हमले से जुड़ा है. कुछ ग्राहकों के अनुरोधों पर काम करने में सामान्य से ज़्यादा समय लग रहा है.”

    चेज़ ने कहा कि जिन लेनदेन में वह दूसरे बैंकों के साथ शामिल रहा है, उनमें उन बैंकों पर भी असर पड़ सकता है. हालांकि, उसने स्पष्ट किया कि यह पूरे बैंकिंग नेटवर्क में फैली समस्या नहीं है.

    वहीं, कैपिटल वन और पीएनसी समेत कई दूसरे बैंकों का कहना है कि उनकी बैंकिंग प्रणालियां प्रभावित नहीं हुई हैं.

    चेज़ ने बताया कि ग्राहक अब भी अपने खातों और पैसे तक पहुंच सकते हैं और समस्या दूर करने के लिए काम जारी है.

  10. जेनसन हुआंग की वापसी की अटकलों पर आया एनवीडिया का बयान, माइकल रेस, बीबीसी न्यूज़

    कथित चीनी जासूस से संबंधों के आरोप के बाद जेनसन हुआंग को एनवीडिया से इस्तीफ़ा देना पड़ा
    इमेज कैप्शन, कथित चीनी जासूस से संबंधों के आरोप के बाद जेनसन हुआंग को एनवीडिया से इस्तीफ़ा देना पड़ा

    एनवीडिया के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसन हुआंग को दोबारा पद सौंपने की मुहिम को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई प्रमुख लोगों का समर्थन मिला है.

    बीबीसी को बताया गया है कि कंपनी का बोर्ड उन्हें वापस लाने में दिलचस्पी नहीं रखता.

    ट्रंप ने सोमवार को कहा कि हुआंग को उनका पद वापस दिए जाने पर उन्हें “निश्चित तौर पर कोई आपत्ति नहीं होगी.”

    स्पेसएक्स के एलन मस्क और फ़ोर्टनाइट बनाने वाली कंपनी एपिक गेम्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम स्वीनी ने भी हुआंग की वापसी का समर्थन किया है.

    दो कथित विवाहेतर संबंधों की जानकारी सामने आने के बाद हुआंग ने पिछले हफ़्ते इस्तीफ़ा दिया था.

    इनमें से एक संबंध संदिग्ध चीनी जासूस एलिस हुआंग और दूसरा एनवीडिया की एक अधिकारी के साथ होने का आरोप है, जो सीधे उन्हें रिपोर्ट करती थीं.

    चीन ने एलिस हुआंग के जासूस होने से इनकार किया है.

    एलिस हुआंग पर संदिग्ध चीनी जासूस होने का आरोप है
    इमेज कैप्शन, एलिस हुआंग पर संदिग्ध चीनी जासूस होने का आरोप है

    हुआंग को आंतरिक जांच जारी रहने के दौरान दोबारा पद पर बहाल करने की मांग वाले खुले पत्र पर 1.75 लाख से ज़्यादा लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं.

    इनमें मस्क और स्वीनी भी शामिल हैं. ‘स्टैंड विद जेन्सेन’ मुहिम का दावा है कि इसे एनवीडिया के मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों, साझेदारों, शेयरधारकों और समर्थकों ने शुरू किया था.

    उनका कहना है कि हुआंग को हटाने से पहले उचित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया.

    फ़ाइनेंशियल टाइम्स के मुताबिक़, हुआंग अपने भरोसेमंद लोगों से एनवीडिया में संभावित वापसी पर चर्चा कर रहे थे.

    उनके एक प्रतिनिधि ने इस रिपोर्ट पर टिप्पणी करने से इनकार किया. ट्रंप का रुख़ उनके वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट से अलग है.

    बेसेंट ने एनवीडिया से अगला मुख्य कार्यकारी अधिकारी कंपनी के बाहर से चुनने को कहा है.

    इस बीच, ट्रंप प्रशासन ने सोमवार को विदेशों में मौजूद डेटा सेंटरों को उन्नत एआई चिप के निर्यात पर नई पाबंदियां लगाई हैं.

    एलिस हुआंग की पूर्व कंपनी मेगास्पीड को एनवीडिया की उन्नत चिप भेजे जाने को लेकर अमेरिकी वित्त और वाणिज्य विभागों के बीच तनाव पैदा हुआ है. इस मामले से सवाल उठे हैं कि क्या अमेरिकी निर्यात पाबंदियों के बावजूद ये चिप चीन पहुंची हैं.

  11. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    सोनिया गांधी ने बताया क्यों लगता था इंदिरा गांधी से डर?

    न्यूज़ीलैंड में वनडे सिरीज़ जीतकर भी क्यों परेशान हैं गौतम गंभीर, शास्त्री ने भी जताई चिंता