भैंस ने दिया दो सिर वाले बच्चे को जन्म, 'चमत्कार' या 'शारीरिक विकृति'?

इमेज स्रोत, paresh padhiyar
गुजरात के बनासकांठा ज़िले के वडगाम तालुका के डालवाणा गांव से एक 'अनोखी और हैरान करने वाली घटना' सामने आई है.
बीबीसी गुजराती के बनासकांठा में सहयोगी परेश पधियार के मुताबिक़, यहां एक भैंस ने ऐसे बच्चे को जन्म दिया है, जिसका शरीर एक है, लेकिन दो मुंह (सिर) हैं.
हैरानी और कौतूहल के इस माहौल में, जिस परिवार में इस बछिया का जन्म हुआ है, उसके सदस्य इस नवजात की ख़ास देखभाल कर रहे हैं.
हालांकि, पशु चिकित्सा विज्ञान के मुताबिक़, यह कोई चमत्कार नहीं है.
गर्भ के शुरुआती विकास के दौरान जब कोशिकाओं का विभाजन ठीक से नहीं होता, तो एक ही शरीर में दो सिर या दो चेहरे वाले जीव का जन्म हो सकता है. पशु चिकित्सक इसे बेहद दुर्लभ आनुवंशिक या गर्भ से जुड़ी जन्मजात विकृति मानते हैं.
क्या यह एक अनोखी घटना है?

इमेज स्रोत, paresh padhiyar
डालवाणा गांव में रहने वाले पशुपालक बाबूजी ठाकोर की भैंस ने इस अनोखे बच्चे को जन्म दिया है.
यह ख़बर तेज़ी से फैलने के बाद आसपास के गांवों से लोग दो मुंह वाले इस बच्चे को देखने डालवाणा पहुंच रहे हैं.
स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इस घटना को 'कुदरत का चमत्कार' बता रहे हैं.
हालांकि, पशु चिकित्सा विज्ञान इस रहस्य से पर्दा उठाता है और इसके पीछे की तार्किक और वैज्ञानिक वजह भी बताता है.
पशु चिकित्सक क्या कह रहे हैं?

इमेज स्रोत, paresh padhiyar
बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़
और जानें
समाप्त
इस बारे में पशु चिकित्सक रमेश पटेल कहते हैं, "इस मामले में किसी भी तरह का अंधविश्वास पालने या अफ़वाह फैलाने की ज़रूरत नहीं है."
वह इसकी वैज्ञानिक प्रक्रिया समझाते हुए कहते हैं, "विज्ञान के मुताबिक़, गर्भ के विकास के दौरान, ख़ासकर गाय या भैंस के मामले में, 13वें या 14वें दिन कोशिकाओं का विभाजन होता है. एक कोशिका के विभाजन के बाद अगर यह प्रक्रिया बीच में रुक जाती है, तो ऐसी घटनाएं हो सकती हैं."
डॉ. पटेल आगे स्पष्ट करते हैं, "कोशिकाओं का विभाजन बीच में रुकने की वजह से किसी जानवर के एक से ज़्यादा मुंह (सिर) हो सकते हैं. उसके चार की जगह पांच पैर हो सकते हैं, दो पूंछ या दो रीढ़ की हड्डियां भी हो सकती हैं. यानी कोशिका विभाजन रुकने से शरीर का कोई हिस्सा पूरी तरह विकसित नहीं हो पाता."
वह आगे कहते हैं, "इस मामले में भी कोशिका विभाजन रुकने की वजह से दो बच्चे अलग होने के बजाय आपस में जुड़ गए और उनके दो मुंह हो गए. अगर कोशिका विभाजन नहीं रुका होता, तो दो अलग-अलग बच्चों का जन्म होता."
उनका साफ़ मानना है कि यह कोई 'दैवीय चमत्कार' नहीं है.
वह कहते हैं, "जानवरों में ऐसी घटनाएं कई बार देखने को मिलती हैं. इंसानों में भी ऐसे मामले सामने आते हैं, जब जुड़वां बच्चे आपस में जुड़े हुए पैदा होते हैं."
"दरअसल, आप ऐसा पेड़-पौधों में भी देख सकते हैं. दो आलू आपस में जुड़े हों या दो फल एक-दूसरे से जुड़े हों, ऐसा अक्सर देखने को मिलता है. विज्ञान की भाषा में यह बहुत सामान्य बात है. इसमें कोई चमत्कार नहीं है."
जेनेटिक विशेषज्ञ क्या कह रहे हैं?
गांधीनगर के सरकारी पशु अस्पताल के पशु चिकित्सा अधिकारी (वेटरनरी ऑफ़िसर) डॉ. जिगर कंसारा ने बीबीसी गुजराती से बातचीत में बताया कि आमतौर पर कोशिका विभाजन के दौरान सबसे पहले एक भ्रूण बनता है. इसके बाद निषेचन (फर्टिलाइज़ेशन) की प्रक्रिया पूरी होने पर उससे पूरे शरीर का विकास होता है.
डॉ. कंसारा कहते हैं, "इंसान हो या जानवर, सभी जीवों में भ्रूण के विकास की यह प्रक्रिया एक जैसी होती है."
वह आगे समझाते हैं, "कभी-कभी हम देखते हैं कि इंसानों में जुड़वां बच्चों का जन्म होता है. विज्ञान की भाषा में इसे 'मोनोज़ाइगोटिक ट्विन्स' कहते हैं. कोशिका विभाजन के दौरान जब एक भ्रूण दो हिस्सों में बंट जाता है, तो ऐसे जुड़वां बच्चे पैदा होते हैं."
वह स्पष्ट करते हैं, "जानवरों में भी यह प्रक्रिया इसी तरह होती है. लेकिन कभी-कभी कोशिका विभाजन के दौरान कोशिकाएं पूरी तरह अलग नहीं हो पातीं. जब यह विभाजन बीच में रुक जाता है, तो दो सिर वाले जानवर पैदा होते हैं. वैज्ञानिक भाषा में इसे 'डाइसेफेलिक हेड' कहा जाता है."
डॉ. कंसारा के मुताबिक़, कोशिका विभाजन पूरी तरह नहीं होने से इसके अलावा भी कई तरह की असामान्यताएं पैदा हो सकती हैं.
वह कहते हैं, "कोशिका विभाजन रुकने की वजह से कभी-कभी जानवरों के शरीर पेट के हिस्से से जुड़े रह जाते हैं, तो कभी उनका सिर असामान्य रूप से बड़ा होता है. आनुवंशिक स्तर पर गुणसूत्रों के विभाजन में गड़बड़ी होने से ऐसी स्थिति पैदा होती है. हालांकि, अब तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है जिसमें इसकी वजह कोई एक ख़ास जीन हो."
नवजात जानवर के जीवन की संभावना के बारे में पशु चिकित्सक कहते हैं, "ऐसे ज़्यादातर मामलों में दो सिर वाले जानवर जन्म के कुछ ही समय बाद मर जाते हैं. कुछ मामलों में जानवर बच भी जाएं, तो वे पूरी तरह विकसित नहीं हो पाते और सामान्य जीवन नहीं जी सकते."
दो सिर वाले भैंस के बच्चे के मालिक ने क्या कहा?

इमेज स्रोत, paresh padhiyar
पशुपालक और दो सिर वाले भैंस के बच्चे के मालिक चंदाजी बाबूजी ठाकोर ने बीबीसी गुजराती के सहयोगी परेश पधियार से बातचीत में बताया, "हमारी भैंस ने एक बच्चे को जन्म दिया है."
उन्होंने गर्व और हैरानी के साथ कहा, "इस बच्चे का जन्म तो सामान्य तरीके से ही हुआ था, लेकिन इसे देखकर हमें बहुत हैरानी हुई कि यह क्या है! इसका शरीर तो एक ही है, लेकिन इसके दो सिर (मुंह) हैं."
चंदाजी ठाकोर ने आगे कहा, "हमने लोगों से ऐसी अनोखी घटनाओं के बारे में सिर्फ़ सुना था, लेकिन जब अपनी आंखों से देखा तो हमें बहुत अचरज हुआ."
वह बताते हैं, "यह ख़बर तेज़ी से फैलने के बाद अब आसपास के गांवों के अलावा खेरालू, विसनगर और पालनपुर जैसे दूर-दराज़ के इलाक़ों से भी बहुत से लोग यह अनोखा नज़ारा देखने हमारे घर आ रहे हैं."
चंदाजी ठाकोर कहते हैं, "किसी के लिए भी यह आसानी से यक़ीन करना मुश्किल है कि ऐसा भी हो सकता है. मुझे लगता है कि यह कुदरत का ही एक चमत्कार है, जो हमारे यहां हुआ है. हमारे घर इतनी बड़ी संख्या में लोगों को आते देखकर हमें भी हैरानी हो रही है."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.




















