जेनसन हुआंग फिर से एनवीडिया के प्रेसिडेंट और सीईओ बनाए गए

ब्रेकिंग न्यूज़
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

एनवीडिया ने सोमवार को घोषणा की कि जेनसन हुआंग को फिर से कंपनी का प्रेसिडेंट और मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ नियुक्त कर दिया गया है.

उन्हें कंपनी के निदेशक मंडल में भी दोबारा शामिल किया गया है. कंपनी के मुताबिक जेनसन हुआंग की ये नियुक्ति तत्काल प्रभाव से होगी.

एनवीडिया के बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स ने जेनसन हुआंग के साथ कई दौर की बातचीत और बैठकों के बाद सर्वसम्मति से उनकी बहाली के पक्ष में वोट किया.

एनवीडिया की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक इन चर्चाओं के बाद बोर्ड इस नतीजे पर पहुंचा कि जेनसन हुआंग ने अपनी बात पूरी स्पष्टता और ईमानदारी से रखी है और वे एनवीडिया का नेतृत्व करने में सक्षम हैं.

यह फ़ैसला लेने की प्रक्रिया में बोर्ड ने अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी राय मशविरा किया. उनके सुझावों के आधार पर बोर्ड इस नतीजे पर पहुंचा कि जेनसन हुआंग की बहाली से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई ख़तरा नहीं है.

बोर्ड के चेयरमैन हार्वे सी. जोन्स ने कहा, "बोर्ड का मानना है कि एनवीडिया के नेतृत्व के लिए जेनसन सही व्यक्ति हैं. उनकी बहाली कंपनी के शेयरधारकों, कर्मचारियों, साझेदारों और ग्राहकों के हित में है."

उन्होंने कहा, "हमें जेनसन पर पूरा भरोसा है और कंपनी का नेतृत्व दोबारा संभालने पर उनके साथ काम करने को लेकर हम उत्साहित हैं. हम कोलेट क्रेस के भी आभारी हैं, जिन्होंने अंतरिम सीईओ के तौर पर शानदार काम किया. इसके साथ ही उन्होंने एनवीडिया की मुख्य वित्तीय अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियां भी निभाईं."

हार्वे जोन्स कंपनी के बोर्ड के चेयरमैन बने रहेंगे.

एक के बाद एक लगातार दो अफ़ेयर्स की ख़बरें सामने आने के बाद जेनसन हुआंग ने 12 नवंबर को इस्तीफ़ा दे दिया था.

ट्रंप क्या बोले?

ट्रंप के साथ जेनसन

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया में जेनसन हुआंग की वापसी का स्वागत किया है. उन्होंने इसे "सही और उचित फैसला" बताया है.

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "कंपनी की सफलता और समृद्धि के साथ-साथ अमेरिकी अर्थव्यवस्था की तरक्की सुनिश्चित करने के लिए देश को एनवीडिया में जेनसन के नेतृत्व की ज़रूरत है."

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सरकार के पास यह मानने की कोई वजह नहीं है कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई ख़तरा पैदा होगा.

ट्रंप ने हुआंग को "देशभक्त और राष्ट्रीय धरोहर" बताया.

पहले वापसी को खारिज किया था

छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

पिछले हफ़्ते एनवीडिया ने जेनसन हुआंग की कंपनी में वापसी की संभावना को सिरे से ख़ारिज कर दिया था.

हुआंग के अचानक पद छोड़ने के बाद कंपनी ने पहली बार अपने वित्तीय नतीजे जारी किए. इस दौरान अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी कोलेट क्रेस ने कहा कि कंपनी में सब कुछ सामान्य रूप से चल रहा है.

उन्होंने निवेशकों से कहा, "हमने सब संभाल लिया है."

इसके पहले एलन मस्क ने भी जेनसन हुआंग की तारीफ की थी. उन्होंने 14 नवंबर को एक्स पोस्ट में कहा था कि हुआंग ने कंपनी की सप्लाई चेन को शानदार तरीक़े से संभाला.

मस्क के मुताबिक, कंपनी के कई अहम सौदे लिखित कॉन्ट्रैक्ट के बजाय हुआंग के साथ आपसी भरोसे और सहमति पर हुए थे. उन्होंने कहा कि हुआंग के बिना इनमें से कुछ अहम सौदे हाथ से निकल सकते हैं.

खु़द जेनसन हुआंग ने 17 नवंबर को इसी मुद्दे पर एक एक्स पोस्ट किया था. उन्होंने कहा था कि उनके कंपनी छोड़ने के बाद एनवीडिया के कर्मचारियों, निवेशकों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों ने उनसे सीईओ के तौर पर वापस लौटने की अपील की है.

हुआंग ने कहा था कि अगर कंपनी का बोर्ड यह तय करता है कि उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, कंपनी और अमेरिका के हित में है, तो वह सीईओ के तौर पर लौटने के लिए तैयार हैं.

एक के बाद एक लगातार दो अफ़ेयर्स की ख़बरें सामने आने के बाद जेनसन हुआंग ने 12 नवंबर को इस्तीफ़ा दे दिया था.

पहली ख़बर में एक कारोबारी महिला के साथ उनके संबंधों की बात सामने आई. इस महिला पर चीनी जासूस होने का आरोप लगाया गया है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.