आज़म ख़ान ने ओवैसी की यूपी में रैलियों पर उठाए सवाल, अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर क्या बोले?

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान ने जेल से छूटने के बाद बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को दिए एक इंटरव्यू में असदुद्दीन ओवैसी, अखिलेश यादव, राम मंदिर, कांग्रेस, जौहर यूनिवर्सिटी और अपने क़ानूनी मामलों सहित कई मुद्दों पर बात की.
ओवैसी और समाजवादी पार्टी को लेकर पूछे गए एक सवाल पर आज़म ख़ान ने कहा कि ओवैसी राज्य में बीजेपी को फ़ायदा पहुंचाना चाहते हैं.
उन्होंने कहा, "यही समझ में नहीं आ रहा है कि वो बीजेपी से लड़ रहे हैं या समाजवादी पार्टी से लड़ रहे हैं. अगर समाजवादी का नुक़सान होगा तो फ़ायदा ज़ाहिर है बीजेपी का होगा."
आज़म ख़ान ने असदुद्दीन ओवैसी की उत्तर प्रदेश में रैलियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि वह बीजेपी से लड़ रहे हैं या समाजवादी पार्टी से.
उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी को नुक़सान होगा तो इसका फ़ायदा बीजेपी को ही मिलेगा. आज़म ने ओवैसी की हमदर्दी पर भी सवाल उठाए.
उन्होंने कहा कि जब ओवैसी उनके घर के सामने से गुज़र रहे थे, तब मिलने क्यों नहीं आए या उनकी पत्नी को फ़ोन क्यों नहीं किया.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से ठीक पहले सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के बाद उन्होंने भावुक अंदाज़ में कहा था कि 'अब चुनाव नहीं होगा, इंक़लाब होगा.'
आज़म ख़ान ग़ाज़ियाबाद की डासना जेल में बंद थे. इससे एक दिन पहले इलाहाबाद हाई कोर्ट ने ईडी की ओर से दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में उन्हें अंतरिम ज़मानत दी थी.
हालांकि, आज़म ख़ान की रिहाई के कुछ घंटे बाद ही इस आदेश पर रोक लगाने के लिए ईडी सुप्रीम कोर्ट पहुंची और तत्काल सुनवाई की मांग की. लेकिन अदालत ने यह मांग स्वीकार नहीं की.
आज़म ख़ान और उनके बेटे अब्दुल्ला आज़म दो पैन कार्ड रखने के मामले में पहले जेल में थे.
इस मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 29 अक्तूबर को उन्हें ज़मानत दी थी. 31 अक्तूबर को जैसे ही आज़म ख़ान जेल से बाहर आए, ईडी ने उन्हें हिरासत में ले लिया.
ईडी की यह कार्रवाई मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में हुई. इस मामले में आरोप है कि किसानों की कृषि भूमि पर मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी ने ज़बरन क़ब्ज़ा किया था.
'अखिलेश के जेल में आने से परेशानी बढ़ जाती है'

इमेज स्रोत, Getty Images
बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़
और जानें
समाप्त
अखिलेश यादव के जेल में मिलने जाने के सवाल पर आज़म ख़ान ने कहा कि उनके जेल में मिलने आने से काफ़ी परेशानी होती है.
उन्होंने कहा, "आप अंदाज़ा नहीं लगा सकते कि अखिलेश साहब के आने के पहले और आने के बाद हम पर कितने सितम के पहाड़ टूटते हैं. जेल में आने से पहले सख़्ती बढ़ा दी जाती है."
उन्होंने कहा कि अगर कोई चीज़ छुपाकर इस्तेमाल भी कर रहे हैं, जैसे शेविंग क्रीम, तो वह भी कूड़ेदान में डाल दी जाती है.
आज़म ख़ान ने कहा कि इसलिए वह नहीं चाहते थे कि अखिलेश यादव उनसे मिलने आएं.
अपने ख़िलाफ़ दर्ज दो पैन कार्ड से जुड़े मामले पर आज़म ख़ान ने कहा कि उनके पास एक ही वैध पैन कार्ड था.
उन्होंने कहा, "एक पैन कार्ड जिससे किसी किस्म का कोई कारोबार नहीं हुआ, कोई ट्रांज़ैक्शन नहीं हुआ, उसका कोई इस्तेमाल ही नहीं हुआ. वो पैन कार्ड सरेंडर कर दिया गया. और उन्हीं नियमों के तहत दूसरा नया पैन कार्ड बन गया. तो एक वक्त में एक ही पैन कार्ड रहा, दो रहे ही नहीं."
जेल से रिहाई के बाद ईडी की कार्रवाई के बारे में उन्होंने कहा, "हम तो बहुत मुतमइन होकर बाहर आए थे और यह अंदाज़ा भी नहीं कर सकते थे कि आठ साल पहले जो एफआईआर लिखी गई हो, उसके लिए आज का ही दिन तय होगा."
जौहर यूनिवर्सिटी पर क्या बोले आज़म ख़ान
बीती 15 जुलाई को रामपुर विकास प्राधिकरण ने दावा किया कि जौहर यूनिवर्सिटी के 40 में से 38 भवनों का निर्माण बिना स्वीकृत नक़्शा पास कराए किया गया है.
रामपुर की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की नींव क़रीब दो दशक पहले आज़म ख़ान ने रखी थी. आज़म ख़ान तब रामपुर के विधायक थे. अलग-अलग मौक़ों पर उन्होंने इस यूनिवर्सिटी को अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बताया था.
मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े विवाद पर बात करते हुए आज़म ख़ान भावुक भी दिखाई दिए.
जब उनसे पूछा गया कि यूनिवर्सिटी की 38 इमारतें गिराए जाने की ख़बर मिलने पर उनके मन में पहला ख़याल क्या आया था, तो इसके जवाब में आज़म ख़ान ने कहा कि अगर बेटा साथ न होता तो उनका हार्ट फ़ेल हो जाता. दिल की धड़कन रुक जाती.
उन्होंने दावा किया कि यूनिवर्सिटी के निर्माण से जुड़े सभी काम क़ानून के दायरे में किए गए.
उन्होंने कहा कि उस समय आरडीए नहीं था. जब कैंपस आरडीए के दायरे में आया, तो उसके बाद बनने वाली इमारतों के नक़्शे उससे पास कराए गए.
उन्होंने कहा, "मैं तो कह रहा हूं कि जब बीएचयू (बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी) और एएमयू (अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी) बने थे, उस समय ये सारे क़ानून रहे होते तो मोहन मालवीय जी और सर सैयद साहब दोनों जेल में होते."
"मैंने ग़ाज़ियाबाद में जज साहब से टपकते हुए आंसुओं के साथ ये कहा था कि जज साहब अगर मुझे ये मालूम होता कि यूनिवर्सिटी और स्कूल बनाने की इतनी बड़ी सज़ा मिलेगी तो मैं रिक्शा चला लेता, स्कूल नहीं जाता. और अपने बेटे को बीड़ियाँ बनाने बैठा देता, एम. टेक. नहीं कराता."
अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने पर क्या बोले आज़म ख़ान?

इमेज स्रोत, ShriRamTeerth X/ANI Photo
आज़म ख़ान बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के सह-संयोजकों में से एक थे और उनकी राजनीति का एक बड़ा हिस्सा राम मंदिर आंदोलन और बाबरी मस्जिद के मुद्दे से भी जुड़ा रहा है.
अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की ख़बरों पर प्रतिक्रिया देते हुए आज़म ख़ान ने कहा, "जब हज के लिए हम लोग जाते हैं तो बहुत से लोग ऐसे हैं जो जवानी में कर लेते हैं. कुछ अधेड़ उम्र में करते हैं, कुछ बुढ़ापे में करते हैं, कुछ नहीं कर पाते. तो यही मान्यता है हमारे यहां कि जब अल्लाह ताला बुलाएगा तब हम जाएंगे."
उन्होंने कहा, "यही मान्यता आपके यहां है कि जब आपके प्रभु बुलाएंगे तब आप जाएंगे. अब हुक्म हुआ होगा उनके लिए जा रहे हैं तो अब इसमें ख़ुदाई में लोग दावेदार ना बनें."
आलोचक अक्सर ये आरोप लगाते हैं कि अखिलेश यादव मुसलमानों से जुड़े मुद्दों पर उतने मुखर नहीं रहते हैं, जितना उन्हें होना चाहिए. कई राजनीतिक विश्लेषक इसके दो पक्ष बताते हैं.
एक तो कहते हैं कि वक्त की मांग है, तो यह करना एक तरह से सही भी है. वहीं, कुछ का कहना है कि यह तो बीजेपी की पिच है. अगर इस पर अखिलेश यादव खेलना शुरू करते हैं तो यह खुद को नुक़सान पहुंचाने जैसा है.
वो कहते हैं, "अच्छा हिंदू मुसलमानों का दुश्मन हो ही नहीं सकता. तो अगर अखिलेश यादव अच्छे हिंदू हैं, वह धार्मिक हिंदू हैं, वह तिलक लगाते हैं. मुझे क्या परेशानी है तिलक से? हां, लेकिन यह शर्त है मेरी कि मेरे माथे पर जो नमाज़ का निशान है, फिर उससे भी घृणा नहीं होनी चाहिए."
वो कहते हैं, "मेरा दृढ़ विश्वास है कि यह चुनाव धर्म और जाति पर नहीं होगा, ये मुद्दों पर होगा, काम पर होगा, विकास पर होगा."
कांग्रेस को लेकर अपनी पिछली टिप्पणियों की चर्चा पर आज़म ख़ान ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी पार्टी के बजाय उसके नेतृत्व के बारे में थी.
उन्होंने कहा, "मैंने लीडरशिप के बारे में कहा था. ज़ाहिर है राहुल गांधी उन सब में बेहतर हैं, मज़बूत हैं, अच्छे हैं."
प्रदेश में कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति पर उन्होंने कहा, "अभी वर्कर नहीं है उनके पास. कैंडिडेट होना तो बहुत दूर की बात है."
जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में अपनी ज़मीन मज़बूत करने में कितना समय लगेगा, तो उन्होंने जवाब दिया कि कांग्रेस को अपनी स्थिति मज़बूत करने में अभी 100 से 150 साल लगेंगे.
'नेताजी में एक कमी थी, जो अखिलेश यादव में नहीं है'

इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और मौजूदा अध्यक्ष अखिलेश यादव की तुलना करने के सवाल पर आज़म ख़ान ने कहा कि दोनों की कार्यशैली अलग रही है.
उन्होंने कहा, "नेताजी में एक कमी थी जो इनमें अभी नहीं आई है."
जब उनसे पूछा गया कि वह कमी क्या थी, तो उन्होंने कहा, "ग़ुस्सा कभी-कभी कर जाते थे और ख़ूब कर जाते थे."
वहीं, अखिलेश यादव के बारे में उन्होंने कहा, "ये ग़ुस्सा नहीं करते कभी. और कभी-कभी उससे नुक़सान भी हो जाता है."
अपने राजनीतिक जीवन पर बात करते हुए आज़म ख़ान ने कहा कि उनकी मूल रुचि शिक्षा के क्षेत्र में थी.
उन्होंने कहा, "मैं तो बच्चों को पढ़ाना चाहता था."
उन्होंने बताया कि आपातकाल के दौरान उन्हें जेल भेजा गया और इसी कारण उनका शैक्षणिक करियर आगे नहीं बढ़ सका.
सियासत में आने के बारे में उन्होंने कहा, "मेरी दिलचस्पी सियासत में बहुत थी भी नहीं. लेकिन जब सियासत में आया मैं तो उसमें भी मैं ईमानदार रहा तो कामयाब रहा."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.






















