यमन की सेना ने सना में हूतियों के ख़िलाफ़ हमले का एलान किया

इमेज स्रोत, Ahmad AL-BASHA / AFP via Getty
यमन के सशस्त्र बलों ने रविवार सुबह घोषणा की कि वे राजधानी सना और सादा में हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ हमले कर रहे हैं. सादा, यमन में हूतियों का मुख्य अड्डा है.
यमन की सेना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमन की सरकार के समर्थन से काम करती है.
बीबीसी न्यूज़ फ़ारसी के मुताबिक़, सेना के एक प्रवक्ता ने न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि सेनाएं 'महत्वपूर्ण लक्ष्यों' को निशाना बना रही हैं. हालांकि, प्रवक्ता ने इन हमलों के बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं दी.
इससे पहले, यमन के हूती समर्थित अल-मसीरा टीवी ने सना पर हुए हमले की ख़बर दी थी. इन हमलों के बारे में कहा गया कि ये सऊदी अरब की ओर से किए गए. सऊदी अरब ने अब तक इन ख़बरों की पुष्टि नहीं की है.
यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब समर्थित सरकार से जुड़ी सेना के बीच लड़ाई साल 2022 के बाद हुए युद्धविराम के बाद काफ़ी हद तक रुक गई थी, लेकिन ईरान-अमेरिका संघर्ष से पैदा हुए तनाव के कारण अब यह फिर से शुरू हो गई है.













