आईएएफ़ प्रमुख ने फ़्लाईदुबई जैसी घटनाओं को लेकर वायुसेना के बारे में क्या कहा

इमेज स्रोत, ANI
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने फ़्लाईदुबई के एक यात्री विमान के कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी की सराहना की है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, वायुसेना प्रमुख ने कैप्टन स्मित की शारीरिक और मानसिक मजबूती की विशेष प्रशंसा की. साथ ही बताया कि वायु सेना में ऐसी घटना होने की आशंका क्यों बेहद कम है.
एयर चीफ मार्शल ने कहा, "यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण थी. लेकिन उस मुश्किल घड़ी में भारतीय कैप्टन ने जिस तरह की प्रेसेंस ऑफ माइंड दिखाया और जिस शारीरिक व मानसिक संकल्प का परिचय दिया, वह काबिले-तारीफ है. हर भारतीय को उन पर गर्व होना चाहिए."
हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय वायुसेना के कामकाज के संदर्भ में ऐसी स्थिति की संभावना बहुत कम होती है. उन्होंने कहा कि वायुसेना में कर्मी एक-दूसरे के साथ बेहद नजदीकी तालमेल में काम करते हैं, इसलिए किसी के व्यवहार या किसी संभावित खतरे के संकेत समय रहते सामने आ जाते हैं.
गौरतलब है कि उड़ान के दौरान कथित रूप से को-पायलट ने कैप्टन स्मित पर हमला कर दिया था और विमान को नीचे गिराने की कोशिश की थी. ऐसे हालात में कैप्टन स्मित ने विमान, यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए स्थिति पर काबू पाया.






















