नेपाल में आई बाढ़ से लांगटांग हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी परियोजना में काम करने वाले 60 लोग लापता

इमेज स्रोत, Getty Images
नेपाल की सरकारी समाचार एजेंसी आरएसएस ने बताया है कि भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ की वजह से लांगटांग खोला हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी प्रोजेक्ट में काम करने वाले 60 लोग लापता हो गए हैं.
समाचार एजेंसी के मुताबिक़ लांगटांग हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी प्रोजेक्ट के प्रबंध निदेशक और नेपाल स्वतंत्र विद्युत उत्पादक संघ के सचिव, विजय मोहन भट्टराई ने सरकार से परियोजना में कार्यरत इंजीनियरों सहित कर्मचारियों की तलाश करने का आग्रह किया है.
उन्होंने आरएसएस को बताया, ''परियोजना की सुरंग का कंक्रीट ढलान बिछाया जा रहा था. इस दौरान 60 से अधिक कर्मचारी लापता हो गए. इसलिए मैं सरकार से उनकी तलाश करने का अनुरोध करता हूं.''
आरएसएस के मुताबिक़, बाढ़ से हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी प्रोजेक्ट के स्ट्रक्चर को गंभीर नुक़सान पहुंचा है.
आरएसएस ने भट्टराई के हवाले से एक रिपोर्ट प्रकाशित की है जिसमें कहा गया है कि बाढ़ ने नदी के स्तर से 10 मीटर ऊपर स्थित सुरंग को भी प्रभावित किया है.




















