मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को लेकर अब क्या कहा?

इमेज स्रोत, Deepak Gupta/Hindustan Times via Getty Images
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने कहा कि अब ऐसी स्थिति नहीं बनेगी जिसकी वजह से उन्हें अपने भतीजे आकाश आनंद फिर से पार्टी से अलग करना पड़े.
मायावती ने सोमवार को ही आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कोऑर्डिनेटर) नियुक्त किया था.
इसके बाद मायावती ने मंगलवार को एक्स पर लिखा, "आकाश आनंद में सुधार लाने के ख़ास उद्देश्य से इनको पार्टी से कई बार निकालना भी पड़ा है और ग़लती का एहसास होने के बाद फिर इनको वापस भी लेना पड़ा है."
"लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि अशोक सिद्धार्थ के संन्यास लेने के बाद से अब ऐसी कोई भी स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए कि पार्टी को फिर से इनको अलग करना पड़े."
मायावती ने लिखा, "अशोक सिद्धार्थ के संन्यास लेने के बाद तो कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है कि इनको अब आगे कभी भी पार्टी से निकालने की ज़रूरत पड़ेगी और अब वे राजनीति में आगे ही बढ़ेंगे, ऐसी सभी को पूरी-पूरी उम्मीद भी है."
गौरतलब मायावती ने आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ पर पार्टी के मिशन से ज़्यादा निजी और पारिवारिक स्वार्थों को महत्व देने का आरोप लगाया था.
मायावती के आरोपों के बाद अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति छोड़ने का एलान कर दिया था.























