लाइव, सऊदी हवाई क्षेत्र में कार्रवाई को लेकर हूती विद्रोहियों ने एयरलाइंस को क्या दी चेतावनी

बीबीसी अरबी के मुताबिक़, बयान में कहा गया है कि सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने वाली एयरलाइंस सावधानी बरतें, क्योंकि अब इसे सुरक्षित नहीं माना जा सकता.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • रात में थाने के बाहर बैठे पत्रकार
  • तोशिसुके कनाज़ावा
  • नुसरत भरूचा
  • modi captain smit talk
  • कैप्टन स्मित जिन्हें सब बता रहे हीरो
  • दोनों पत्थरों की तस्वीर
  • इंडिया ब्लॉक की मीटिंग

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. सऊदी हवाई क्षेत्र में कार्रवाई को लेकर हूती विद्रोहियों ने एयरलाइंस को क्या दी चेतावनी

    हूती विद्रोही
    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब को लेकर अपनी चेतावनी और बढ़ा दी है. उन्होंने कहा है कि सऊदी अरब का हवाई क्षेत्र अब सुरक्षित नहीं है और वो वहां भी कार्रवाई कर सकते हैं.

    हूती विद्रोहियों की समाचार एजेंसी सबा के मुताबिक़, उनके मानवीय अभियानों के समन्वय केंद्र ने सभी नागरिक एयरलाइंस को चेतावनी दी है.

    बीबीसी अरबी के मुताबिक़, बयान में कहा गया है कि सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने वाली एयरलाइंस सावधानी बरतें, क्योंकि अब इसे सुरक्षित नहीं माना जा सकता.

    बयान में कहा गया, "हम नागरिक विमानों की सुरक्षा और लोगों की जान बचाने के लिए यह चेतावनी जारी कर रहे हैं. सऊदी अरब का हवाई क्षेत्र हमारी सेना की सैन्य कार्रवाई का इलाक़ा होगा."

    यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के समर्थन वाली यमनी सरकारी सेना के बीच संघर्ष बढ़ रहा है.

    हाल के दिनों में दोनों पक्ष एक-दूसरे के ख़िलाफ़ हमले करने के दावे कर रहे हैं. ऐसे में हूतियों की इस चेतावनी से इलाके में सुरक्षा और हवाई यात्रा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

  3. जावेद अख्तर बोले, 'मैंने अभिजीत दीपके और सीजेपी की आलोचना नहीं की'

    मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर
    इमेज कैप्शन, मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर (फ़ाइल फ़ोटो)

    मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने अपने नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट पर सफ़ाई दी है.

    उनका कहना है कि उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और उसके संस्थापक अभिजीत दीपके की आलोचना नहीं की है.

    जावेद अख्तर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं सभी को बताना चाहता हूं कि सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा यह संदेश, जिसमें कहा गया है कि मैंने सीजेपी की आलोचना की है और अभिजीत दीपके को नीचा दिखाया है, पूरी तरह फ़र्जी है."

    उन्होंने आगे कहा, "मुझे हैरानी है कि दीपके और सीजेपी का विरोध करने वाले लोगों को अपनी बात को विश्वसनीय बनाने के लिए मेरे जैसे व्यक्ति की साख उधार लेनी पड़ रही है. आखिर हालात इतने खराब हो गए हैं?"

  4. फ़्रांस में स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान 15 वर्षीय छात्र का हाथ उड़ा, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, बेन हैटन

    जापान में प्रदर्शन करते छात्र
    इमेज कैप्शन, सोमवार सुबह फ़्रांस के उत्तर-पूर्वी शहर लेंस में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के दौरान छात्र का एक हाथ उड़ गया

    फ़्रांस में स्कूलों की बदहाल स्थिति और स्टाफ की कमी को लेकर हो रहे स्टूडेंट प्रोटेस्ट के बीच 15 साल का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया.

    अधिकारियों के मुताबिक़, सोमवार सुबह उत्तर-पूर्वी शहर लेंस में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के दौरान छात्र का एक हाथ उड़ गया.

    पास-दे-कैले के अधिकारी फ्रांस्वा-ज़ेवियर लॉश ने इस घटना को "बेहद गंभीर" बताया.

    उन्होंने कहा कि छात्र की जान को ख़तरा नहीं है. उसे तुरंत नज़दीकी अस्पताल ले जाया गया.

    सोमवार को देशभर में छात्र प्रदर्शनों के चलते करीब 500 स्कूल आंशिक या पूरी तरह बंद रहे. हाल के दिनों में कई जगह छात्रों और पुलिस के बीच झड़पें हुई हैं.

    इस घटना को लेकर फ्रांसीसी मीडिया में अलग-अलग दावे सामने आए हैं.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी ने पुलिस यूनियन के एक सूत्र के हवाले से बताया कि दंगा-रोधी पुलिस ने स्टिंग-बॉल ग्रेनेड दागा था. सूत्र के मुताबिक़, छात्र ने उसे उठा लिया और वह उसके हाथ में फट गया.

  5. सीईसी ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ 'जनता के महाभियोग' का नोटिस जारी, योगेंद्र यादव ने क्या कहा

    योगेंद्र यादव
    इमेज कैप्शन, राजनीतिक एक्टिविस्ट योगेंद्र यादव ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    पॉलिटिकल एक्टिविस्ट योगेंद्र यादव और नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को 'जनता के महाभियोग' का नोटिस जारी किया है.

    योगेंद्र यादव के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग, पूर्व गृह सचिव जी.के. पिल्लई, पूर्व केंद्रीय सचिव अमिताभ पांडेय, पूर्व राजनयिक अशोक शर्मा समेत कई और रिटायर ऑफिसर और सोशल एक्टविस्ट शामिल हैं.

    योगेंद्र यादव सोमवार को प्रतिनिधिमंडल के साथ चुनाव आयोग के कार्यालय जाकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को 'जनता के महाभियोग' का नोटिस देना चाहते थे, लेकिन उन्हें नहीं जाने दिया गया.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "चुनाव आयोग को किले में तब्दील कर दिया गया है और आयोग तक जाने वाले हर रास्ते पर बैरिकेडिंग है. हमने आयोग तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन रास्ते बंद कर दिए गए थे."

    इसके बाद उन्होंने शाम 5 बजे प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ज्ञानेश कुमार को नोटिस देने का फैसला किया.

    उन्होंने कहा, "संवैधानिक अधिकार के साथ संवैधानिक जवाबदेही भी ज़रूरी है और ज्ञानेश कुमार को जनता और संविधान के प्रति जवाबदेह होना चाहिए."

  6. मायावती ने आकाश आनंद को फिर सौंपी बड़ी ज़िम्मेदारी, क्या कहा?

    बीएसपी प्रमुख मयावती
    इमेज कैप्शन, मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक संदेश में आकाश आनंद को बीएसपी का नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाने की घोषणा की (फ़ाइल फ़ोटो)

    बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने सोमवार को अपने भतीजे आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कोऑर्डिनेटर) नियुक्त कर दिया.

    मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक संदेश में इस फैसले की घोषणा की.

    मायावती ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के आदर्शों से प्रेरित होकर बसपा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है.

    उन्होंने कहा, "पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और इसी कारण पिछले दिनों कई कठोर फैसले लेने पड़े."

    बसपा प्रमुख ने स्वीकार किया कि आकाश आनंद का पार्टी में योगदान काफी हद तक सकारात्मक रहा है, लेकिन कुछ परिस्थितियों के कारण संगठन में समय-समय पर बदलाव करने पड़े.

    उन्होंने कहा, "आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद उनके व्यवहार और कार्यशैली में बदलाव देखने को मिला है."

    मायावती ने आकाश आनंद के हाल ही में एक्स पर किए गए एक पोस्ट का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने पार्टी में वापसी की इच्छा जताई थी.

    मायावती के मुताबिक, पार्टी कार्यकर्ताओं के एक बड़े वर्ग ने आकाश आनंद को दोबारा ज़िम्मेदारी देने की मांग की थी. उनके पिता आनंद कुमार और छोटे भाई ईशान आनंद ने भी इसका समर्थन किया. इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने व्यापक विचार-विमर्श के बाद उन्हें फिर से राष्ट्रीय संयोजक की ज़िम्मेदारी सौंपने का फैसला किया.

    मायावती ने जारी बयान में उम्मीद जताई कि भविष्य में पार्टी संगठन सुचारु रूप से काम करेगा और बार-बार बदलाव की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. साथ ही उन्होंने आकाश आनंद, ईशान आनंद और आनंद कुमार को अपना आशीर्वाद देते हुए बहुजन समाज और पार्टी समर्थकों का आभार भी व्यक्त किया.

  7. तेजस्वी यादव ने ज्ञानेश कुमार का नाम लेकर पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा

    तेजस्वी यादव
    इमेज कैप्शन, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के विधायक तेजस्वी यादव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और बीजेपी पर निशाना साधा.

    पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार से ही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) की शुरुआत की गई थी.

    उन्होंने आरोप लगाया, "जिस तरह की धांधली हुई, उसे देखते हुए हमारी पार्टी उस समय भी कहती थी कि चुनाव आयोग ईमानदारी से काम नहीं कर रहा है, पक्षपात कर रहा है और बीजेपी की कठपुतली बना हुआ है."

    तेजस्वी यादव ने कहा कि कई लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए. उन्होंने दावा किया कि उनके विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में कई जीवित लोगों को मृत घोषित कर दिया गया.

    उन्होंने कहा कि जो षड्यंत्र अब सामने आया है, उसके बारे में उनकी पार्टी पहले से ही बात करती रही है.

  8. कार्टून: बसें और सवारी

    आज का कार्टून
    इमेज कैप्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के ख़िलाफ़ प्रदर्शन और एसआईआर पर आज का कार्टून
  9. सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग, क्या बोली कांग्रेस

    प्रमोद तिवारी
    इमेज कैप्शन, प्रमोद तिवारी ने कहा, "अपने पद और संस्थान की गरिमा बनाए रखने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए"

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि अगर जरा भी नैतिकता बची हो, तो आज सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पद से इस्तीफ़ा दे देना चाहिए.

    प्रमोद तिवारी ने कहा, "अपने पद और संस्थान की गरिमा बनाए रखने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए. अगर वे इस्तीफ़ा नहीं देते हैं, तो हम कल शांतिपूर्ण मार्च निकालेंगे."

    उन्होंने कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चलेगी और पूरी उम्मीद है कि प्रदर्शनकारियों को निर्धारित स्थान तक शांतिपूर्वक जाने की अनुमति मिलेगी.

    तिवारी ने कहा, "अगर सांसदों को ही खतरा माना जा रहा है, तो फिर देश की स्थिति के बारे में क्या कहा जाए. मुझे पूरी उम्मीद है कि हमें कल आगे बढ़ने की अनुमति मिलेगी."

    सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए इस्तेमाल होने वाले फ़ॉर्म 6 को लेकर अहम टिप्पणी की है.

    बार एंड बेंच और लाइव लॉ के मुताबिक़ चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया(सीजेआई) सूर्यकांत ने सुनवाई के दौरान कहा कि, 'सुप्रीम कोर्ट ने फॉर्म-6 के किसी संशोधित रूप को मंज़ूरी नहीं दी थी.'

    उन्होंने कहा, "किसी भी मोडीफ़ाइड फ़ॉर्म-6 को हमने मंज़ूर नहीं किया है. यह साफ़ है."

  10. यूपी राज्यसभा चुनाव: बीजेपी ने 8 उम्मीदवारों के नामों का किया एलान, मंत्री हरदीप सिंह का नाम नहीं

    हरदीप सिंह पुरी
    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री और मौजूदा राज्यसभा सांसद हरदीप सिंह पुरी का नाम लिस्ट में शामिल नहीं है

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए आठ उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी है.

    बीजेपी ने सोमवार को प्रेस रिलीज़ जारी कर इसकी जानकारी दी.

    बीजेपी ने जो सूची जारी की है, उसके मुताबिक, उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया गया.

    इन सीटों पर 16 अक्तूबर को राज्यसभा चुनाव होने वाले हैं. लेकिन बीजेपी ने जो लिस्ट जारी की है उनमें कई मौजूदा बीजेपी सांसद को दोबारा टिकट नहीं दिया गया है. इसमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी शामिल हैं.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, ऑप्टोजेनेटिक्स की खोज पर तीन वैज्ञानिकों को मिला मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार 2026

    डीसरोथ, पीटर हेगेमान और जॉर्ज नेगल
    इमेज कैप्शन, मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार 2026 संयुक्त रूप से कार्ल डीसरोथ, पीटर हेगेमान और जॉर्ज नेगल को दिया गया है

    फिजियोलॉजी या मेडिसिन के क्षेत्र में वर्ष 2026 का नोबेल पुरस्कार संयुक्त रूप से कार्ल डीसरोथ, पीटर हेगेमान और जॉर्ज नेगल को दिया गया है.

    नोबेल समिति ने उन्हें "लाइट-गेटेड आयन चैनलों और ऑप्टोजेनेटिक्स से जुड़ी खोजों" के लिए यह सम्मान देने की घोषणा की.

    इन वैज्ञानिकों की खोजों ने यह समझने में मदद की कि प्रकाश (लाइट) की मदद से कोशिकाओं, खासकर तंत्रिका कोशिकाओं (न्यूरॉन्स), की गतिविधियों को कैसे नियंत्रित किया जा सकता है.

    इस तकनीक को ऑप्टोजेनेटिक्स कहा जाता है, जिसने मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र के अध्ययन के तरीके को बदल दिया है.

    नोबेल समिति ने कहा कि इन खोजों से आधुनिक विज्ञान में बड़ा बदलाव आया है और मानव स्वास्थ्य से जुड़े अनुसंधान के लिए नए रास्ते खोले हैं.

  12. सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव से कहा, 'आपकी जगह जेल में है'

    राजपाल यादव
    इमेज कैप्शन, सोमवार को सुनवाई के दौरान जब अदालत के सामने 50 लाख रुपये के डिमांड ड्राफ्ट की केवल फोटोकॉपी पेश की गई, तो न्यायालय ने इस पर नाराज़गी जाहिर की

    सुप्रीम कोर्ट ने अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में भुगतान संबंधी अपने आदेश का समय पर पालन नहीं करने पर कड़ी फटकार लगाई है.

    सोमवार को सुनवाई के दौरान जब अदालत के सामने 50 लाख रुपये के डिमांड ड्राफ्ट की केवल फोटोकॉपी पेश की गई, तो न्यायालय ने इस पर नाराज़गी जाहिर की.

    बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, सुनवाई कर रहे न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची ने कड़े शब्दों में कहा, "वे भले ही आपसे ज़्यादा अमीर हों, लेकिन आपने उन्हें जितना ठगा है, उस हिसाब से वे गरीब हैं. इस घमंड को सही जगह दिखाना ज़रूरी है. आपको पता होना चाहिए कि कब बोलना है. आपकी जगह जेल में है."

    अदालत की इस टिप्पणी से मामले की गंभीरता साफ दिखाई दी.

    कोर्ट ने कहा कि वह राजपाल यादव की याचिका खारिज करने के पक्ष में है, लेकिन ऐसा इसलिए नहीं कर रही क्योंकि अदालत चाहती है कि शिकायतकर्ता को उसका पैसा मिल जाए. मामले में कुल 7.5 करोड़ रुपये की राशि का विवाद है.

    सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव को निर्देश दिया कि बकाया भुगतान हर हाल में कल तक किया जाए. अदालत ने यह भी कहा कि मामले की अगली सुनवाई परसों होगी और इसे उस दिन की कार्यसूची में सबसे पहले रखा जाएगा.

    यह मामला चेक बाउंस से जुड़ा है, जिसमें भुगतान में लगातार देरी को लेकर अदालत ने सख्त रुख अपनाया है. न्यायालय ने स्पष्ट संकेत दिया कि उसके आदेशों का पालन समय पर होना चाहिए और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

    साल 2010 में राजपाल यादव ने अपनी एक फ़िल्म 'अता, पता, लापता' के लिए 'मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' नाम की एक निजी कंपनी से क़रीब पांच करोड़ रुपये का कर्ज़ लिया था.

    हालांकि, फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने में असफल रही और यह निवेश कथित तौर पर डूब गया, जिसके कारण वह कंपनी को कर्ज़ वापस नहीं कर पाए.

    इस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें तीन महीने की सजा भी सुनाई थी.

  13. हूतियों से बढ़ते तनाव के बीच सऊदी में पाकिस्तान समेत ये देश करेंगे बैठक

    मक्का समझौता वाले देश
    इमेज कैप्शन, रियाद में सोमवार को 'मक्का संयुक्त रक्षा समझौते' के सदस्य देशों की अहम बैठक होगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    सऊदी अरब की राजधानी रियाद में सोमवार को 'मक्का संयुक्त रक्षा समझौते' के सदस्य देशों की अहम बैठक होगी. तुर्की के विदेश मंत्रालय ने बैठक की जानकारी साझा की है.

    बैठक में तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फ़िदान और रक्षा मंत्री याशर गुलेर शामिल होंगे. इसके अलावा सऊदी अरब और पाकिस्तान के प्रतिनिधि भी बैठक में हिस्सा लेंगे.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, विदेश मंत्री इसहाक़ डार, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ़ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर रियाद पहुंचेंगे.

    तुर्की के विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, बैठक में क्षेत्र में हालिया घटनाक्रम और रक्षा गठबंधन को स्थाई स्वरूप देने की दिशा में अब तक हुई प्रगति पर चर्चा की जाएगी.

    यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब सऊदी अरब के समर्थन वाली यमन सरकार ने ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ बड़े सैन्य अभियान की घोषणा की है.

    यमन सरकार का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य हूतियों के क़ब्ज़े वाले इलाकों पर दोबारा नियंत्रण हासिल करना है.

    वहीं, हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने सऊदी अरब की राजधानी रियाद और ख़ुरैस में बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया. हूतियों के मुताबिक, इन हमलों के बाद बड़े पैमाने पर आग लग गई.

    हूतियों ने यह भी दावा किया कि इससे पहले सऊदी अरब की ओर से 50 हवाई और मिसाइल हमले किए गए थे, जिसके जवाब में उन्होंने ये हमले किए.

  14. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  15. इंडिगो ने बढ़ाया फ़्यूल सरचार्ज, छह अक्तूबर से लागू होंगी नई दरें

    इंडिगो
    इमेज कैप्शन, इंडिगो ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ़्यूल चार्ज में मामूली बदलाव किया गया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ़्यूल सरचार्ज बढ़ाने का एलान किया है.

    इंडिगो ने बताया है कि नई दरें 6 अक्तूबर से लागू होंगी.

    एयरलाइन के मुताबिक़, घरेलू उड़ानों में दूरी के आधार पर फ़्यूल सरचार्ज में 100 रुपये से 350 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है. अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी फ़्यूल सरचार्ज बढ़ाया गया है.

    इंडिगो ने अपने बयान में कहा, "पिछले कुछ महीनों में एटीएफ की कीमतों में लगातार बदलाव हुआ है, ख़ासकर मध्य पूर्व में चल रही जियोपॉलिटिकाल घटनाओं के बाद."

    इंडिगो ने कहा, "ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है और पिछले महीने की तुलना में इसमें 14 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है. इसके चलते एटीएफ की कीमतें पिछले एक दशक के सबसे ऊंचे स्तरों में पहुंच गई हैं."

    इंडिगो ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ़्यूल चार्ज में मामूली बदलाव किया गया है.

  16. स्पेन के पीएम पेद्रो सांचेज़ ने अचानक किया आम चुनाव का एलान

    पेद्रो सांचेज़
    इमेज कैप्शन, स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने आम चुनाव का एलान किया

    स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने सोमवार को अचानक आम चुनाव कराने का एलान किया है.

    स्पेन में अगला आम चुनाव 2027 की गर्मियों में होना तय था, लेकिन देश में अब 29 नवंबर 2026 को आम चुनाव होंगे.

    दरअसल, 87 वर्षीय एक महिला के घर का किराया अचानक बढ़ाए जाने का मामला सामने आने के बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए. इसके बाद सरकार ने आवास संकट से निपटने के लिए कई प्रस्ताव तैयार किए.

    पेद्रो सांचेज़ की सरकार ने आवास संकट से निपटने के लिए कुछ अहम प्रस्ताव पेश किए थे, लेकिन संसद में उन्हें समर्थन नहीं मिला और ये ख़ारिज हो गए थे.

    महिला का किराया 500 यूरो से बढ़ाकर 2,650 यूरो कर दिया गया था.

    बाद में इसे घटाकर 1,650 यूरो किया गया, लेकिन यह उनकी 1,350 यूरो की मासिक पेंशन से अब भी 300 यूरो अधिक था. इस मामले के सामने आने के बाद देश भर में प्रदर्शन हुए.

    गौरतलब है कि पेद्रो सांचेज़ 2018 से स्पेन के प्रधानमंत्री हैं. हालांकि अधिकतर सर्वेक्षणों में अगले चुनाव में कंज़रवेटिव पार्टी को सबसे अधिक सीटें मिलने का दावा किया गया है.

  17. दिल्ली दंगों पर हाई कोर्ट: सोनिया, अनुराग और कपिल समेत नेताओं के ख़िलाफ़ एफ़आईआर की मांग ख़ारिज

    अनुराग ठाकुर, सोनिया गांधी, कपिल मिश्रा

    दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को 2020 के दिल्ली दंगों और 2019 में जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में हुई हिंसा की एसआईटी या स्वतंत्र जांच की मांग करने वाली याचिकाओं को ख़ारिज कर दिया.

    जस्टिस विवेक चौधरी और जस्टिस मनोज जैन की पीठ ने नेताओं के ख़िलाफ़ 'नफ़रत भरे भाषण' देने पर एफ़आईआर दर्ज करने और पुलिस अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग वाली याचिका को भी ख़ारिज कर दिया.

    लाइव लॉ के अनुसार, फ़ैसला सुनाते हुए कोर्ट ने कहा, “फ़ैसलों में बताए गए कारणों के लिए दोनों याचिकाएं (याचिकाओं का समूह) ख़ारिज की जाती हैं.”

    बार एंड बेंच के मुताबिक़, शेख मुजतबा फ़ारूक़ की ओर से दायर एक याचिका में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं अनुराग ठाकुर, कपिल मिश्रा और प्रवेश साहिब सिंह वर्मा के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने की मांग की गई थी.

    वहीं, लॉयर्स वॉइस की एक अन्य याचिका में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मनीष सिसोदिया, असदुद्दीन ओवैसी समेत कई विपक्षी नेताओं और हाई कोर्ट के एक रिटायर्ड जज के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की गई थी.

    फ़ैसले की पूरी कॉपी अभी जारी नहीं हुई है.

    गौरतलब है कि दिसंबर 2021 में सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाई कोर्ट से नेताओं के खिलाफ एफ़आईआर और जांच की मांग वाली एक याचिका पर जल्द फैसला लेने को कहा था.

  18. कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े समेत ये तीन मांगें रखीं, खड़गे बोले- इन पर कोई समझौता नहीं

    मल्लिकार्जुन खड़गे
    इमेज कैप्शन, मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस के लिए ये तीनों मांगें ‘नॉन-नेगोशिएबल’ हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर पार्टी की तीन प्रमुख मांगें सामने रखी हैं.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस के लिए ये तीनों मांगें ‘नॉन-नेगोशिएबल’ हैं.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "कांग्रेस पार्टी की 3 मांगें नॉन-नेगोशिएबल हैं. पहली, ज्ञानेश कुमार का इस्तीफ़ा. दूसरी, एसआईआर को रद्द करना. तीसरी, बैलट पेपर पर चुनाव कराना."

    "देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता और इंडिया गठबंधन के साथी इन तीन मुद्दों को लेकर सड़कों पर हैं. जो भी सिविल सोसायटी मेंबर और युवा संगठन इन मुद्दों पर देश में जगह-जगह संघर्ष कर रहे हैं, हम उनके साथ हैं."

    खड़गे ने लिखा, "दूसरी ओर बीजेपी ने दिल्ली में महिला पत्रकारों का उत्पीड़न किया, वो बेहद निंदनीय है. तानाशाह बहुत घबराया हुआ है, ध्यान भटकाने के एक और अध्याय के लिए तैयार रहिए."

    गौरतलब है कि कांग्रेस के स्टूडेंट संगठन एनएसयूआई ने सोमवार को दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है.

  19. पाकिस्तान: इमरान ख़ान की रिहाई की मांग को लेकर इस्लामाबाद की ओर समर्थकों का मार्च, केली एनजी और बीबीसी उर्दू

    इमरान खान के समर्थकों का मार्च
    इमेज कैप्शन, पीटीआई के नेतृत्व में हो रहे इस प्रदर्शन का उद्देश्य सरकार पर इमरान ख़ान की रिहाई के लिए दबाव बनाना है (तस्वीर 4 अक्तूबर 2026 की है)

    पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की रिहाई की मांग को लेकर उनके हज़ारों समर्थक राजधानी इस्लामाबाद की ओर मार्च कर रहे हैं.

    इमरान ख़ान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) के समर्थकों का यह मार्च रविवार को ख़ैबर पख़्तूनख़्वा के लक्की मरवत शहर से शुरू हुआ था. यह शहर इस्लामाबाद से करीब 275 किलोमीटर दूर है.

    तहरीक-ए-इंसाफ़ के नेतृत्व में हो रहे इस प्रदर्शन का उद्देश्य सरकार पर इमरान ख़ान की रिहाई के लिए दबाव बनाना है.

    इस बीच 73 वर्षीय इमरान ख़ान की सेहत को लेकर चिंता भी बढ़ रही है. उनके परिवार का दावा है कि जेल प्रशासन की ओर से समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी दाईं आंख की अधिकांश रोशनी चली गई है.

    क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान ख़ान पर 100 से अधिक मामले दर्ज हैं. पिछले साल भ्रष्टाचार के एक मामले में उन्हें 17 साल जेल की सज़ा सुनाई गई थी. हालांकि, इमरान ख़ान लगातार इन मामलों को 'राजनीतिक रूप से प्रेरित' बताते रहे हैं.

    इस्लामाबाद की ओर होने वाला यह मार्च पहले पिछले सप्ताह प्रस्तावित था. हालांकि, सरकार और इमरान ख़ान की पार्टी पीटीआई के बीच बातचीत का रास्ता खोलने के लिए इसे टाल दिया गया था.

    दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी और गतिरोध के बाद मार्च फिर शुरू किया गया.

  20. बंगाली अभिनेत्री कोयल मलिक बीजेपी में शामिल, राज्यसभा चुनाव के लिए दाख़िल करेंगी नामांकन

    कोयल मलिक
    इमेज कैप्शन, बीजेपी ने एक दिन पहले ही कोयल मलिक को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया था

    बंगाली फ़िल्मों की अभिनेत्री कोयल मलिक सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गईं.

    पार्टी ने उन्हें एक दिन पहले ही राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया था.

    दिग्गज बंगाली अभिनेता रंजीत मलिक की बेटी कोयल मलिक इससे पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की ओर से राज्यसभा सांसद रह चुकी हैं.

    विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद उन्होंने पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    पश्चिम बंगाल बीजेपी के महासचिव शशि अग्निहोत्री ने बताया कि कोयल मलिक सोमवार को राज्यसभा सीट के लिए अपना नामांकन दाख़िल करेंगी.