नेपाल ने तय की विदेशी शवों को सौंपने की प्रक्रिया, भारतीय दूतावास ने क्या बताया
नेपाल ने पिछले सप्ताह बुधवार को आई भीषण बाढ़ में मारे गए विदेशी लोगों के शव को सौंपने के लिए प्रक्रिया तय कर दी है.
नेपाल में भारतीय दूतावास ने एक प्रेस रिलीज कर इसकी जानकारी दी है.
नेपाल सरकार के मुताबिक़, विदेशी नागरिकों के शव उनके परिवारों को सौंपने के लिए कई प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
इनमें शव से संबंधित दस्तावेज तैयार कराना, शव की तस्वीरें और अन्य विवरण दर्ज कराना, पोस्टमार्टम जांच और मौत के कारण की पुष्टि शामिल है.
अगर मृतक के रिश्तेदार और परिवार वाले नेपाल पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध मृतकों की तस्वीरों और विवरण के जरिए शव की पहचान कर सकते हैं, तो काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय करके शव सौंपने और भारत भेजने की प्रक्रिया में मदद करेगा.
भारतीय दूतावास ने कहा है कि बड़ी संख्या में शवों से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को देखते हुए नेपाल सरकार ने शवों को अस्थायी रूप से सुरक्षित रखने की व्यवस्था की है.
इन शवों की पहचान पहले दर्ज किए गए निकटतम रिश्तेदारों के डीएनए से मिलान करके की जाएगी.
अगर शव की पहचान संभव नहीं हो पाती है या शव को अस्थायी रूप से दफना दिया गया है, तो नेपाल सरकार डीएनए मिलान की प्रक्रिया में मदद करेगी.
नेपाल में अधिकारी शवों से डीएनए के नमूने ले रहे हैं, ताकि डीएनए प्रोफ़ाइल तैयार की जा सके.
डीएनए मिलान के लिए मृतक के पहले दर्जे के रिश्तेदार ईमेल के जरिए अपना डीएनए प्रोफ़ाइल भेज सकते हैं या ख़ून का नमूना दे सकते हैं. इसके लिए नेपाली अधिकारियों की ओर से कुछ शुरुआती जानकारी मांगी जा सकती है.
भारतीय दूतावास की मदद से पहले दर्जे के रिश्तेदारों के डीएनए प्रोफ़ाइल भी एक निर्धारित ईमेल पते पर भेजे जा सकते हैं.
डीएनए प्रोफ़ाइल से संबंधित पूरी जानकारी नेपाल पुलिस की वेबसाइट पर उपलब्ध है. हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है.
किसी भी अन्य सहायता या जानकारी के लिए काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के हेल्पलाइन नंबरों पर व्हॉट्सऐप के जरिए संपर्क किया जा सकता है. ये नंबर है- + 9779841616095
काठमांडू में भारतीय दूतावास के इन हेल्पलाइंस पर भी मदद ले सकते हैं.
+9779851316807
+9779709107500
+9779810326117