कनाडा: कौन था 'हमलावर' माइकल ज़ेहाफ़?

प्रकाशित

कनाडा की संसद के पास बुधवार को हुए हमले में कथित बंदूकधारी की पहचान माइकल ज़ेहाफ़ बिबेऊ के रूप में हुई है.

क़रीब तीस वर्षीय माइकल ज़ेहाफ़ कनाडा का ही नागरिक था और पुलिस के अनुसार हाल ही में वह इस्लाम क़बूल करके मुसलमान हुआ था.

हाल ही में इस्लामी चरमपंथियों से सहानुभूति रखने के शक़ में उसका पासपोर्ट जब्त हुआ था.

इससे पहले माइकल ज़ेहाफ़ पर चोरी और ड्रग संबंधी मामूली अपराधों के मामले दर्ज हुए थे.

हमले के बाद प्रधानमंत्री स्टीवन हार्पर ने माइकल ज़ेहाफ़ को 'आतंकवादी' बताया और कहा कि उनका देश ऐसे हमलों से डरने वाला नहीं है.

कनाडा में हमला

कनाडा की पुलिस ने इस संभावना से इंकार नहीं किया है कि माइकल ज़ेहाफ़ के और सहयोगी हो सकते हैं.

सुरक्षाकर्मी मारा गया

बुधवार को संसद के नज़दीक युद्ध स्मारक पर हुए हमले में एक कनाडाई सुरक्षाकर्मी मारा गया था.

कनाडा में हमला

इसके बाद बंदूक लिए कथित हमलावर राष्ट्रीय संसद में घुसने में कामयाब रहा.

फिर कई सुरक्षाकर्मियों के साथ हुई गोलीबारी में कथित हमलावर मारा गया.

क्यूबेक हमला
इमेज कैप्शन, सोमवार को क्यूबेक में हुए कार हमले में एक सैनिक की मौत हो गई थी.

इससे पहले सोमवार को क्यूबेक में हुए एक हमले में भी एक सैनिक की मौत हो गई थी.

टीवी पर प्रसारित अपने संदेश में प्रधानमंत्री स्टीवन हार्पर ने कहा कि वे कनाडा की धरती पर हमले करने की साज़िश रच रहे लोगों के ख़िलाफ़ अपने प्रयासों को दोगुना कर देंगे.

अमरीका भी चौकस

अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हमले को क्रूरतापूर्ण कार्रवाई बताते हुए कहा कि, "हमें चौकस रहने की ज़रूरत है."

हमले के कुछ घंटे बाद राजधानी ओटावा से सुरक्षा नाकेबंदी हटा ली गई. हालांकि संसद के आसपास के इलाक़े अभी भी बंद हैं.

वहीं भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा, "संसद लोकतंत्र का मंदिर होता है और लोकतांत्रिक मूल्यों में आस्था रखने वालों के हृदय में इसके लिए ख़ास जगह होती है."

<bold>(बीबीसी हिंदी का <link type="page"><caption> एंड्रॉयड मोबाइल ऐप</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi&hl=en" platform="highweb"/></link> डाउनलोड करने के लिए <link type="page"><caption> क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi&hl=en" platform="highweb"/></link>. आप हमसे <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पर भी जुड़ सकते हैं.)</bold>