पंजाब चुनाव: अकाली दल ने बीजेपी के साथ गठबंधन का फ़ैसला क्यों किया?

सुखबीर सिंह बादल, नितिन नबीन और अमित शाह
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 5 मिनट

शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) और बीजेपी ने पंजाब विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने की घोषणा की है.

2020 में अकाली दल ने किसानों के आंदोलन के समर्थन में एनडीए से अलग होने का फ़ैसला किया था. अब क़रीब छह साल बाद फिर से अकाली दल की एनडीए में वापसी हुई है.

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या अकाली दल का साथ मिलने से बीजेपी को पंजाब विधानसभा चुनाव में फ़ायदा मिलेगा?

दोनों पार्टियां 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव और 2024 में लोकसभा चुनाव अलग-अलग लड़ चुकी हैं और बुरी तरह से नाकाम रही थीं. अकाली दल को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक रूप से फिर प्रासंगिक होने का रास्ता तलाशना है.

24 नवंबर 2026 को गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और एसएडी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन का एलान किया.

अमित शाह ने कहा कि पंजाब में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और मुख्यमंत्री का पद भी उसी को मिलेगा. हालांकि, सीटों के बँटवारे का सटीक फॉर्मूला अभी घोषित नहीं हुआ है.

2022 में एसएडी ने बीएसपी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, जबकि बीजेपी के साथ दूसरे सहयोगी दल थे. 2024 में दोनों पार्टियों ने पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर अलग-अलग चुनाव लड़ा. लोकसभा चुनाव में बीजेपी को एक भी सीट नहीं मिली जबकि अकाली दल को एक सीट मिली थी.

2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में अकाली दल महज तीन सीट जीत पाई थी जबकि बीजेपी को दो सीटें मिली थीं.

क्यों हैरान कर रही है ये घोषणा

बीजेपी-अकाली दल के बीच गठबंधन का जश्न मनाते कार्यकर्ता
इमेज कैप्शन, बीजेपी-अकाली दल के बीच गठबंधन का जश्न मनाते कार्यकर्ता
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

पंजाब यूनिवर्सिटी में राजनीति विज्ञान के प्रोफ़ेसर आशुतोष कुमार इस गठबंधन की घोषणा से हैरान हैं. प्रोफ़ेसर कुमार को लगता है कि यह गठबंधन साथ में चुनाव हारने के लिए ज़्यादा प्रतीत होता है.

प्रोफ़ेसर आशुतोष कुमार ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, ''बीजेपी पंजाब में ड्रग्स का मुद्दा उठाती है लेकिन ड्रग्स के कई मामले अकाली सरकार में आए हैं. बीजेपी के पास इस मुद्दे को उठाने का नैतिक अधिकार नहीं रहेगा. दूसरी तरफ़ अकाली ख़ुद को पंथी पार्टी कहती है लेकिन बीजेपी के साथ आने से ये छवि कमज़ोर होगी और अमृतपाल सिंह की वारिस-ए-पंजाब को फ़ायदा हो सकता है. किसी भी राजनीतिक दल के लिए गठबंधन हमेशा दूसरी पसंद होता है. कोई भी राजनीतिक दल, जो अपने आप में कुछ हैसियत रखता है, अपने दम पर सत्ता में आना चाहेगा.''

''अगर आप आधुनिक पंजाब का इतिहास देखें तो 1966 के बाद से अकाली दल और बीजेपी, या उससे पहले जनसंघ कभी अपने दम पर सत्ता में नहीं आई हैं. यहाँ तक कि 1997 में भी, जब अकाली दल को 75 सीटें मिली थीं और उसे स्पष्ट बहुमत हासिल था, तब भी उसने बीजेपी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था. वास्तव में, बादल ने गठबंधन सरकार बनाई थी. वे अपने दम पर अकाली सरकार बना सकते थे, लेकिन उन्होंने गठबंधन चुना.''

प्रोफ़ेसर आशुतोष कुमार कहते हैं, ''कांग्रेस के उलट, इन दोनों पार्टियों के सामने गठबंधन करने की मजबूरी है, क्योंकि दोनों का आधार बहुत सीमित है.अकाली दल एक ग्रामीण पार्टी है. उसका समर्थन आधार सिखों के बीच है. बीजेपी का समर्थन ज़्यादातर हिंदुओं के बीच है और वह शहरी पार्टी है. लेकिन मेरा मानना है कि यह समीकरण काम नहीं करेगा.''

सुखबीर सिंह बादल के साथ बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और गृह मंत्री अमित शाह
इमेज कैप्शन, सुखबीर सिंह बादल के साथ बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और गृह मंत्री अमित शाह

बीजेपी पहले कह रही थी कि वह गठबंधन नहीं करेगी, अपने दम पर चुनाव लड़ेगी. अब उसने गठबंधन कर लिया है. कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह संभव है कि यह हाईकमान का फ़ैसला हो, स्टेट यूनिट सहमत ना हो.

प्रोफ़ेसर आशुतोष कुमार कहते हैं, ''संभव है कि अकाली दल संसाधनों की तलाश कर रहा हो. वह बीजेपी से ऐसा सहयोग चाहता हो, जो चुनाव अभियान चलाने में उसकी मदद करे. वैसे भी अकाली दल गिरावट के दौर से गुज़र रहा है. ऐसे में किसी राष्ट्रीय पार्टी के साथ गठबंधन करना, वह भी इतनी ताक़तवर पार्टी के साथ, और नरेंद्र मोदी जैसा लोकप्रिय चेहरा मिलना उसके लिए फ़ायदेमंद हो सकता है.

हालांकि, नरेंद्र मोदी पंजाब में कितने लोकप्रिय हैं, यह सवाल का विषय है. लेकिन बीजेपी की अपनी चुनावी मशीनरी है, जो अकाली दल की मदद कर सकती है. इसलिए यह गठबंधन बीजेपी की तुलना में अकाली दल के लिए ज़्यादा फ़ायदेमंद है.''

गठबंधन टूटने के बाद दोनों पार्टियां पंजाब की राजनीति में हाशिये पर चली गई थीं. वहीं, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने राज्य की चुनावी राजनीति में अपनी मज़बूत जगह बनाए रखी.

बीजेपी के पूर्ववर्ती संगठन भारतीय जनसंघ के साथ अकाली दल का सहयोग 1960 के दशक में शुरू हुआ था, जबकि मौजूदा एसएडी-बीजेपी गठबंधन 1990 के दशक के मध्य में बना.

1967 से पहले पंजाबी भाषी राज्य और भाषा नीति के मुद्दे पर अकाली दल और जनसंघ के बीच गंभीर मतभेद थे. दोनों स्वाभाविक वैचारिक सहयोगी नहीं थे. बाद में इन मतभेदों के बावजूद सहयोग शुरू हुआ.

2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पंजाब की 13 में से सात सीटें जीती थीं. उसका वोट शेयर क़रीब 26 फ़ीसदी था. कांग्रेस को अपने प्रतिद्वंद्वी दलों के वोट बंटने का काफ़ी फायदा मिला था. बीजेपी और एसएडी के एक साथ आने से यह चुनावी लाभ प्रभावित हो सकता है.

अगर बीजेपी के विरोध में रहने वाले मतदाता या कृषि क़ानूनों के मुद्दे पर अकाली दल से नाराज़ ग्रामीण मतदाता गठबंधन से दूर होते हैं, तो कांग्रेस को फ़ायदा भी मिल सकता है.

बीजेपी के लिए क्या गठबंधन में जोखिम है?

अमित शाह से मिलते पंजाब के नेता

प्रदेश की राजनीति पर करीबी नज़र रखने वालों का कहना है कि सबसे बड़ा जोखिम यह है कि बीजेपी को अकाली दल की राजनीतिक कमज़ोरियों और विवादों की ज़िम्मेदारी भी उठानी पड़ सकती है. बीजेपी को ग्रामीण सिख मतदाताओं का समर्थन कितना मिलेगा, यह स्पष्ट नहीं है.

अकाली दल को 2015 की बेअदबी की घटनाओं, उसके बाद हुई पुलिस फायरिंग और अपनी पिछली सरकार के कार्यकाल को लेकर सवालों का सामना करना पड़ता रहा है.

चूंकि बीजेपी उस समय अकाली दल की गठबंधन सहयोगी थी, इसलिए वह उस दौर की राजनीतिक ज़िम्मेदारी से पूरी तरह दूरी नहीं बना सकती.

आम आदमी पार्टी पहले ही बेअदबी, नशे और कृषि क़ानूनों के मुद्दे उठाकर नए गठबंधन पर हमला कर रही है.

पहले गठबंधन में बीजेपी को 23 सीटें मिलती थीं. इस बार वह इससे कहीं ज़्यादा सीटों की मांग कर रही है.

द ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि गठबंधन का फ़ैसला अप्रत्याशित था, हालांकि पार्टी कार्यकर्ता नेतृत्व के फैसले का पालन करेंगे.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.