इमरान ख़ान को अस्पताल से दोबारा जेल शिफ्ट किया गया

इमरान ख़ान को अस्पताल से दोबारा जेल शिफ्ट किया गया
प्रकाशित

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को गुरुवार 20 अगस्त की देर रात रावलपिंडी की अदियाला जेल से इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाया गया था.

हालांकि, उन्हें शुक्रवार सुबह फिर से जेल शिफ़्ट कर दिया गया. पाकिस्तान सरकार के मंत्री अताउल्लाह तराड़ ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी.

तराड़ ने एक्स पर लिखा, "सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद 20 और 21 अगस्त की रात को इमरान ख़ान को कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल ले जाया गया.

डॉक्टरों की एक टीम, जिसमें नेत्र रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ और फिजिशियन शामिल थे, ने उनकी अच्छी तरह से जाँच की और उन्हें स्वस्थ बताया. सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 21 अगस्त की सुबह लगभग 05:00 बजे उन्हें वापस अदियाला जेल भेज दिया गया."

अताउल्लाह तराड़ ने ये भी कहा कि इमरान ख़ान की जाँच और इलाज के वक़्त उनकी बहन डॉ. उजमा ख़ान भी वहाँ मौजूद थीं.

इससे पहले इमरान ख़ान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ यानी पीटीआई के एक प्रवक्ता और इस्लामाबाद पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इमरान खान को जेल से अस्पताल ले जाने की जानकारी बीबीसी न्यूज़ उर्दू को दी थी.

उस वक़्त इस्लामाबाद प्रशासन या पाकिस्तान सरकार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया था.

बीती 18 अगस्त को पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने इमरान ख़ान को दो दिनों के भीतर अदियाला जेल से शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में शिफ्ट करने का आदेश दिया था.

कोर्ट ने एक मेडिकल बोर्ड बनाने का भी निर्देश दिया था, जिसमें इमरान ख़ान के निजी डॉक्टर डॉ. फैसल और उनकी बहन डॉ. उजमा ख़ान को शामिल किया जाना है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.