लखनऊ की मशहूर 'पंडिताइन की मस्जिद' किसने बनवाई थी?

 लखनऊ के अमीनाबाद इलाके में स्थिति मशहूर पंडिताइन की मस्जिद
इमेज कैप्शन, लखनऊ के अमीनाबाद इलाक़े में स्थिति मशहूर 'पंडिताइन की मस्जिद'
    • Author, सैयद मोज़‍िज़ इमाम
    • पदनाम, बीबीसी ह‍िन्‍दी के ल‍िए
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 8 मिनट

उत्तर प्रदेश राज्य के प्रशासनिक चिह्न में दो मछलियाँ हैं. इनका जुड़ाव अवध के पहले नवाब सआदत ख़ाँ से बताया जाता है. इनका असली नाम मीर मोहम्मद अमीन था.

यही नहीं, ऐसा बताया जाता है क‍ि उत्तर प्रदेश के राज्य न‍िशान में दिखने वाला धनुष और बाण भगवान राम से प्रेरित है तो लहरें गंगा-यमुना और संगम स्थल को द‍िखाती हैं.

माना जाता है क‍ि यह राज्‍य का प्रशासनिक चिह्न उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और गंगा-जमुनी तहज़ीब का प्रतीक है.

इतिहासकार योगेश प्रवीण की किताब 'दास्ताने अवध' के मुताबिक़, "एक बार नवाब साहब (नवाब सआदत ख़ाँ) नदी पार कर रहे थे. तब नदी से बाहर आई एक मछली नाव पर आ गई. नवाब ने इसे शुभ माना और अपने शासन के च‍िह्नों में मछलियों का प्रयोग किया."

इतिहासकार बताते हैं क‍ि नवाब सआदत ख़ाँ गंगा-जमुनी तहज़ीब यानी सांप्रदायिक सौहार्द और बंधुता के बड़े पैरोकार थे.

लखनऊ में ऐसी ही संस्कृति की एक मिसाल आज भी है. वो है- 'पंड‍िताइन की मस्जिद'.

'पंड‍िताइन की मस्जिद' जिसे आम बोलचाल में 'पड़ान की मस्जिद' भी कहा जाता है. उसका इतिहास अवध के छठवें नवाब सआदत अली ख़ाँ से जुड़ता है.

सआदत अली ख़ाँ ने साल 1798 में अवध के सिंहासन पर अपने सौतेले भतीजे, मिर्ज़ा वज़ीर अली की जगह गद्दी संभाली थी.

क़रीब 300 साल से ज़्यादा पुरानी है मस्जिद

लखनऊ के अमीनाबाद इलाके में स्थिति मस्जिद का बाहरी गेट
इमेज कैप्शन, लखनऊ के अमीनाबाद इलाके में स्थिति मस्जिद का बाहरी गेट

लखनऊ के क़ैसरबाग़ बस स्टैंड से जब अमीनाबाद की तरफ़ चलें तो बीच में 'पंडिताइन की मस्जिद' भी पड़ती है. अमीनाबाद टैक्सी स्टैंड के सामने मौजूद यह मस्जिद क़रीब 300 साल से ज़्यादा पुरानी बताई जाती है.

इतिहास के जानकार बताते हैं क‍ि यह लखनऊ की पहली मस्जिद है जिसे किसी ग़ैर मुस्लिम महिला ने बनाया था. उनका मानना है कि इस मस्जिद का निर्माण अवध के नवाब सआदत अली ख़ाँ की माँ की दोस्त ने करवाया था.

स्थानीय इतिहासकार रौशन तक़ी ने बीबीसी न्यूज़ हिन्‍दी को बताया, "सआदत अली ख़ाँ जब अवध के नवाब बने तो अपनी माँ, जो तीसरे नवाब शुजाउद्दौला की पत्नी थीं, उनको बनारस से लेकर आए. उनका असली नाम छतर कुँवर था."

"इनको 'बेगम आलिया' का ख़िताब दिया गया था. छतर कुँवर की एक दोस्त ब्राह्मण महिला थीं. उन्‍हें अमीनाबाद और आसपास का इलाक़ा दे दिया गया था. इसको पहले 'पंडिताइन का बाग़' भी कहा जाता था."

रौशन तक़ी ने बताया, "उस मह‍िला ने इसी में अपनी दोस्त बेगम आलिया के लिए मस्जिद का निर्माण कराया. इसलिए इसका नाम 'पंडिताइन की मस्जिद' पड़ गया था."

'आज भी नमाज़ पढ़ती हैं महिलाएं'

इतिहासकार रौशन तक़ी
इमेज कैप्शन, इतिहासकार रौशन तक़ी
छोड़कर बीबीसी हिंदी मोबाइल ऐप आगे बढ़ें
नितिन श्रीवास्तव
आपके लिए चुनी गईं खास कहानियाँ, नितिन श्रीवास्तव द्वारा

आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ

और जानें

समाप्त

'पंडिताइन की मस्जिद' के बारे में कुछ और क़‍िस्से भी हैं. हालांकि रौशन तक़ी के उलट इतिहासकार रवि भट्ट बताते हैं, "अवध के पहले नवाब सआदत ख़ाँ की पत्नी ख़दीजा ख़ानम की एक दोस्त थीं- जय कुँवर. यह ब्राह्मण महिला थीं. उन्होंने ख़दीजा ख़ानम के कहने पर इस मस्जिद का निर्माण कराया था. हालाँक‍ि, बाद में उन्होंने मुस्लिम धर्म अपना लिया लेकिन मस्जिद का नाम 'पंडिताइन की मस्जिद' पड़ गया."

इतिहासकार रवि भट्ट के मुताबिक़, इस मस्जिद की बनावट अवधी वास्तुकला पर आधारित है. इसमें पुराने लखौरी ईंटों और चूने-सुर्ख़ी के गारे का इस्तेमाल करके नक्काशी की गई है. यह अवध की इमारतों की पहचान है.

उनके मुताब‍िक़, मस्जिद के प्रार्थना कक्ष के प्रवेश द्वार पर बेहद ख़ूबसूरत और बड़े मेहराब बने हुए हैं. ये मेहराब न केवल इमारत को मज़बूती देते हैं बल्कि इसकी सुंदरता में भी चार चाँद लगाते हैं.

यही नहीं, मस्जिद के एक हिस्से में इमामबाड़ा बना है. इमामबाड़े के पास महिलाएँ आज भी नमाज़ पढ़ती हैं.

लखनऊ के रहने वाले नवाब काज़िम अब्बास दशकों से यहाँ पर आते रहे हैं. वो बताते हैं, ''रमज़ान भर यहाँ रोज़ शाम को इफ़्तार कराया जाता है. 18 रमज़ान को मौला अली का ताबूत उठाया जाता है.''

हालाँकि, इस पूरे इलाक़े को अमीनाबाद कैसे कहा जाने लगा है, इसका क़‍िस्सा भी दिलचस्प है.

अमीनाबाद का इतिहास

लखनऊ के अमीनाबाद इलाके में स्थिति मस्जिद की दीवार की नक्काशी
इमेज कैप्शन, लखनऊ के अमीनाबाद इलाके में स्थिति मस्जिद की दीवार की नक्काशी

अवध के पहले नवाब सआदत ख़ाँ को मुगल सम्राट ने अवध के इलाक़े का नाज़िम बनाया था.

इतिहासकार रौशन तक़ी के मुताबिक़, "मुगल बादशाह मुहम्मद शाह ने उन्हें बुरहानुल मुल्क की उपाधि दी थी. हालांकि इनका असली नाम मीर मोहम्मद अमीन था."

रौशन तक़ी के मुताबिक़, "बाद में हालात ऐसे बने कि सआदत ख़ाँ ने ख़ुद को अवध के नाज़िम से नवाब की उपाधि देकर एक स्वायत्त राज्य की स्थापना की. "

नवाब सआदत ख़ाँ जब दिल्ली से लखनऊ आए तो उन्होंने इस इलाक़े में एक दो मंज़िला इमारत का निर्माण कराया था.

इतिहासकार रौशन तक़ी के मुताबिक़, सआदत ख़ाँ का नाम मीर मोहम्मद अमीन था तो इसका नाम अमीनाबाद रखा गया था.

नई इमारत में नवाब सआदत ख़ाँ रहते थे. इसमें दो फाटक थे- कलाँ फाटक और ख़ुर्द फाटक. कलाँ फाटक के नाम से ही एक मस्जिद अभी भी है.

नवाब सआदत ख़ाँ की पत्नी का नाम ख़दीजा ख़ानम था. इतिहासकार रौशन तक़ी ने बीबीसी न्यूज़ हिन्‍दी को बताया, "ख़दीजा ख़ानम की कब्र अमीनाबाद पार्क, जिसे झंडे वाला पार्क कहते हैं, वहां पर है."

रौशन तक़ी ने बताया कि इसी इलाक़े को बाद में 'पंडिताइन का बाग़' कहा जाने लगा था.

"1912 में अंग्रेजों ने की थी इलाके में तोड़फ़ोड़"

टीले वाली मस्जिद
इमेज कैप्शन, लखनऊ की टीले वाली मस्जिद

लेकिन 1912 में 'लार्ड लाटूश' यहाँ के प्रशासक बने तो उन्होंने यहाँ का मास्टर प्लान बनाया.

इसके बाद इस इलाक़े में काफ़ी तोड़-फोड़ हुई लेकिन इसके पुराने नाम से ही इसका नाम 'अमीनाबाद' रखा गया.

हालाँकि, इस दौरान मस्जिद को कोई नुक़सान नहीं पहुँचाया गया.

'लार्ड लाटूश' का वास्तविक नाम सर जेम्स जॉन डिक लॉ टूश था, जो कि ब्रिटिश काल में भारत के एक प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी थे.

उनके नाम से लखनऊ में लाटूश रोड है. हालाँकि इसका आधिकारिक नाम अब बदल दिया गया है. लेकिन आम बोलचाल में इसे लाटूश रोड ही कहा जाता है.

अवध रियासत की बुनियाद

नवाब सआदत खाँ ईरान के नेशाबुर से भारत आए थे. योगेश प्रवीण की किताब 'दास्ताने अवध' के मताबिक़, पहले वह गुजरात के नवाब सरबुलंद ख़ान के यहाँ नौकरी करते थे. बाद में वहाँ से दिल्ली आ गए.

इतिहासकार रौशन तक़ी ने बताया, "दिल्ली में सआदत ख़ाँ ने मुगल सम्राट मोहम्मद शाह की मदद की थी. मोहम्मद शाह को दिल्ली की गद्दी तक पहुंचाने में उनके योगदान की वजह से मुगल शासक ने इन्हें अवध भेज दिया."

"सआदत ख़ाँ अवध के नाज़िम या यूं कहें कि राज्यपाल बनकर आए थे, जिसके कुछ साल बाद उन्होंने अवध में एक स्वायत्त राज्य की स्थापना की. जल्द ही उन्हें नवाब के ख़िताब से भी नवाज़ दिया गया."

अवध में नवाबों के दौर से पहले शेख़ज़ादों की हुकूमत थी. जो मुग़ल सल्तनत के अधीन थे. इतिहासकारों के मुताबिक़, मुग़ल शासन ने शेख़ अब्दुल रहीम को सआदत ख़ाँ से पहले अवध की जागीर दे रखी थी.

नवाब सआदत ख़ाँ ने लखनऊ में शेख़ों को हराकर उनका 'लिखना किला' जीता था, जो गोमती नदी के किनारे हुआ करता था.

इस जीत से पहले ही एक नाव यात्रा के दौरान उनकी नाव पर मछली के आने वाली घटना हुई थी.

'गंगा-जमुनी तहज़ीब को दिया बढ़ावा'

बड़ा इमामबाड़ा
इमेज कैप्शन, लखनऊ का बड़ा इमामबाड़ा

योगेश प्रवीण की किताब 'दास्ताने अवध' के मुताबिक़, "किले को जीतने के बाद नवाब ने उसका नाम मछली भवन रखा और अपनी रियासत का चिह्न भी मछली को बनाया था. नवाब सआदत ख़ाँ ने सत्ता में आते ही अवध की इबारत लिखने का काम शुरू कर दिया था."

"उन्होंने कर संबंधी और कई सैनिक सुधार लागू किए. उन्होंने गंगा-जमुनी तहज़ीब को बढ़ावा दिया. नियुक्तियों में हिंदू-मुस्लिम में भेद नहीं किया. 17 साल तक अवध पर शासन करने के बाद साल 1739 में नवाब सआदत अली ख़ाँ की मौत हो गई."

नवाब सआदत अली खाँ ने अयोध्या में भी प्रवास किया था इसलिए बाद में अवध के नवाबों ने लखनऊ और फ़ैज़ाबाद में कई इमारतों का निर्माण कराया.

लखनऊ में बड़ा इमामबाड़ा और छोटा इमामबाड़ा ऐतिहासिक तौर पर प्रसिद्ध है. इसका निर्माण भी सआदत खाँ के वशंज नवाब आसफ़ुद्दौला ने कराया था.

बड़े इमामबाड़े में आसिफ़ी मस्जिद

ऐतिहासिक बड़ा इमामबाड़ा के परिसर में आसिफ़ी मस्जिद है. इस मस्जिद का निर्माण नवाब आसफ़ुद्दौला ने कराया था.

आसफ़ुद्दौला ही राजधानी को फैज़ाबाद से लखनऊ लेकर आए थे. इनका शासन काल 1775-1797 तक था.

नवाब के दरबार में हिंदू समुदाय के लोगों को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया था. योगेश प्रवीण की किताब 'दास्ताने अवध' में लिखा है, "राजा झाउलाल और टिकैतराय को नवाब आसफ़ुद्दौला ने नायब नियुक्त किया था."

हालाँकि, 1857 की क्रांति के बाद आसिफ़ी मस्जिद अंग्रेज़ों के कब्ज़े में हो गयी थी.

इतिहासकार रवि भट्ट के मुताबिक, "1857 से लेकर 1884 तक इस मस्जिद पर ब्रिटिश सरकार का कब्जा रहा. इसका इस्तेमाल गन पाउडर और गोला बारूद रखने के लिए किया जाता था. 27 साल बाद इसे अंग्रेज़ों से मुक्त करवाने के बाद यहाँ नमाज़ अदा की गई थी."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.