You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कॉमनवेल्थ गेम्स: महिला खिलाड़ियों ने लगाई गोल्ड की झड़ी, मेडल लिस्ट में भारत इस मुकाम पर
शनिवार को स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 10वें दिन यानी एक अगस्त को भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा.
शनिवार को भारत की झोली में कुल 16 पदक आए. इनमें आठ गोल्ड, पांच सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज़ मेडल शामिल हैं.
बॉक्सिंग में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया है. शनिवार को सचिन सिवाच, अंकुश पंघाल, प्रीति पवार, जैस्मिन लंबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घनघस और अरुंधति चौधरी ने भारत को गोल्ड मेडल दिलाया.
वहीं बॉक्सिंग में लवलीना बोरगोहेन और नरेंद्र बरवाल को सिल्वर मेडल मिला. वहीं उन्नति शर्मा ने जूडो में ब्रॉन्ज़ मेडल जीता.
वहीं, पुरुषों के एफ़ 57 शॉट पुट इवेंट में भारत ने पहला और दूसरा स्थान हासिल किया. भारत के सोमैन राणा ने गोल्ड और शुभम जुयाल ने सिल्वर मेडल जीता.
साथ ही, प्रवीण चित्रवेल ने 16.58 मीटर की बेस्ट जंप के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया. वहीं सेल्वा प्रभु तिरुमारन ने 16.52 मीटर की बेस्ट जंप के साथ ब्रॉन्ज़ मेडल जीता.
भारत ने अब तक कुल 39 मेडल जीते हैं, जिसमें 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज़ शामिल है. 39 मेडल्स के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है.
ऑस्ट्रेलिया 65 गोल्ड मेडल के साथ पदक तालिका में पहले पायदान पर है. जबकि इंग्लैंड 26 गोल्ड और कनाडा 18 गोल्ड के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं.
भारत के लिए ख़ास मुक़ाबले
भारतीय मुक्केबाज़ प्रीति पवार, साक्षी चौधरी, जैस्मीन लम्बोरिया, प्रिया घनघस, अरुंधति चौधरी, लवलीना बोर्गोहाईं, जादुमणि सिंह, सचिन सिवाच, अंकुश पंघाल और नरेंद्र बरवाल स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला था.
ओलंपिक पदक विजेता लवलीना ने महिला 75 किलोग्राम फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीनट्री के ख़िलाफ़ चुनौती पेश की.
10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीत चुके गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 5000 मीटर फ़ाइनल में ब्रॉन्ज़ मेडल हासिल किया. इस तरह उनके खाते में दो मेडल आ गए.
पुरुष ट्रिपल जंप फाइनल में प्रवीण चित्रावेल ने सिल्वर और सेल्वा प्रभु तिरुमारन ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीता.
महिला खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
अब तक कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला भारतीय मुक्केबाज़ों का प्रदर्शन शानदार रहा है.
अरुंधति चौधरी: महिलाओं के 70 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल जीतने के लिए इंग्लैंड की ओलंपियन और वर्ल्ड चैंपियनशिप की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट चैंटेल रीड को 5-0 से हराया.
प्रीति पवार: स्वर्ण, महिला 54 किग्रा फ़ाइनल में कनाडा की स्कार्लेट सवाना डेलगाडो को 5-0 से हराया.
जैस्मीन लम्बोरिया: स्वर्ण, महिला 57 किग्रा फ़ाइनल में नॉर्दर्न आयरलैंड की माइकेला वॉल्श को 5-0 से हराया.
जादुमणि सिंह: रजत, पुरुष 55 किग्रा फ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया के जाई डिक्सन से हारकर रजत पदक पर रहे.
साक्षी चौधरी: स्वर्ण, महिला 51 किग्रा फ़ाइनल में इंग्लैंड की रूबी व्हाइट को हराया.
प्रिया घनघस: स्वर्ण, महिला 60 किग्रा फ़ाइनल में कनाडा की मैरी-बाथूल अल-अहमदीह को 4-1 से हराया.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.