विराट कोहली ने जब दिखाए '60 ओवर्स ऑफ़ हेल'
वो उस टेस्ट मैच का आख़िरी दिन था. सामने वाली टीम को अपने ही घर में जीतने के लिए 272 रन चाहिए थे, और बस 60 ओवर बाक़ी थे.
क्रिकेट फैन्स इसे एक ड्रा होता हुआ मैच मान चुके थे. लेकिन फिर कैप्टन कोहली ने एक लाइन कही, जिसने सब बदल दिया.
ये कहानी है साल 2021 में हुए लॉर्ड्स टेस्ट मैच की. इंडिया ने पहले खेलते हुए 364 रन बनाये, केएल राहुल ने शानदार शतक जड़ा.
जवाब में इंग्लैंड ने भी तगड़ी बैटिंग की. जो रूट ने अकेले 180 रन बनाये और टीम का स्कोर पहुंचा 391 रन.
इंग्लैंड मैच में लीड ले चुका था. फिर दूसरी पारी में इंडिया का टॉप ऑर्डर कॉलैप्स हो गया. लेकिन असली कमाल किया बुमराह और शमी की जोड़ी ने.
मैच के आख़िरी दिन, दोनों ने नाबाद 89 रन की पार्टनरशिप की.
कैप्टन विराट ने पारी घोषित की और इंग्लैंड को 272 रन का टारगेट दिया. मैच में बस 60 ओवर बचे थे.
कोहली ने टीम हडल में कहा- 'फ़ॉर 60 ओवर्स, दे शुड फील लाइक हेल आउट देयर.'
मतलब सीधा था: एक भी गेंद ढीली नहीं, एक भी पल की राहत नहीं, और फिर लॉर्ड्स में वही हुआ.
बुमराह, सिराज, शमी और ईशांत की गेंदें क़हर बरपाने लगीं.
इंग्लैंड की पूरी टीम 120 पर ढेर हो गई और वो भी महज़ 51.5 ओवर में. 60 ओवर भी पूरे नहीं हुए.
सिराज ने उस मैच में सबसे ज़्यादा 8 विकेट निकाले थे.
मैच के बाद कोहली ने कहा कि 'पिच से कोई ज़्यादा मदद नहीं मिल रही थी. लेकिन आख़िरी दिन हमने तय किया कि हमारे पास 60 ओवर हैं, हम जान लगा देंगे. हमारे बॉलर्स ने ऐसा ही किया.'
उस दिन टीम इंडिया ने दुनिया को दिखाया कि मैच में सिर्फ़ वक़्त नहीं जज़्बा मायने रखता है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.



