यूक्रेन का दावा, ड्रोन हमले में रूस के छह लड़ाकू विमान बर्बाद

इस हमले में 20 सैनिकों के हताहत होने का अनुमान लगाया गया है.

लाइव कवरेज

संदीप राय and चंदन शर्मा

  1. संदेशखाली पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने कहा- 'अगर 1% भी सच है तो यह शर्मनाक है'

    कलकत्ता हाईकोर्ट

    पश्चिम बंगाल में संदेशखाली हिंसा को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार को आड़े हाथों लिया है.

    अदालत ने कहा कि 'अगर एक प्रतिशत मामले भी सच हुए तो यह पूरी तरह शर्मनाक है.'

    वेबसाइट लाइव लॉ के अनुसार, चीफ़ जस्टिस टीएस शिवगणनम की अगुवाई वाली बेंच ने संदेशखाली में महिलाओं के ख़िलाफ़ हिंसा और ज़मीन हड़पने की जांच की मांग करने वाली कई याचिकाओं पर अपना फ़ैसला सुरक्षित रखते हुए ये बात कही.

    इन घटनाओं में टीएमसी नेता शाहजहां शेख और उनके सहयोगियों पर शामिल होने के आरोप लगे हैं.

    ममता बनर्जी की सरकार पर कड़ी टिप्पणी करते हुए जस्टिस टीएस शिवगणनम ने कहा, "पूरे ज़िला प्रशासन और सरकार को इसकी नैतिक ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए. अगर दायर किए गए हलफ़नामे में एक प्रतिशत भी सच्चाई है तो यह पूरी तरह शर्मनाक है और पश्चिम बंगाल का कहना है कि यह महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित है? अगर एक हलफ़नामा भी सच साबित हुआ तो सारे दावे ख़त्म हो जाएंगे."

    बीती फ़रवरी, हाई कोर्ट ने महिलाओं के ख़िलाफ़ कथित रूप से बंदूक की नोक पर यौन हिंसा और आदिवासी ज़मीन ट्रांसफ़र को लेकर स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की थी.

    मार्च में कोर्ट ने संदेशखाली में पांच जनवरी को ईडी की टीम पर हुए हमले की जांच और मुख्य अभियुक्त शाहजहां शेख की हिरासत को सीबीआई के हवाले करने का आदेश दिया था.

  2. ईरान के हमले की आशंका से इसराइल में जीपीएस ब्लॉक, सेना ने रद्द की छुट्टियां

    इसराइली सेना

    ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच इसराइल के एक बड़े हिस्से में जीपीएस को ब्लॉक कर दिया गया है ताकि मिसाइल और ड्रोन के हमले को रोका जा सके.

    मध्य इसराइल में टैक्सी ड्राइवर, फ़ूड डिलीवरी एजेंसियों समेत कई सेक्टर प्रभावित हुए हैं.

    एक टैक्सी ड्राईवर ने बताया कि जीपीएस में उनकी लोकेशन बेरूत आ रही है.

    इसराइली सेना के प्रवक्ता जनरल हगारी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

    बीते सोमवार को सीरिया में ईरान के वाणिज्य दूतावास की इमारत पर हुए हमले में एक सीनियर जनरल समेत 13 लोग मारे गए थे जिसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी.

    जीपीएस

    इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्सेस ने कॉम्बैट यूनिट के सैनिकों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं. एक दिन पहले इसराइली एयर डिफ़ेंस से जुड़े रिज़र्विस्ट सैनिकों को भी अपनी यूनिटों में बुला लिया गया है.

    ऐसा लगता है कि इसराइल को ईरान की ओर से जवाबी हमले का ख़तरा नज़र आ रहा है.

    गुरुवार को सेंट्रल इसराइल के कई हिस्सों में जीपीएस सिस्टम बाधित रहा. इसराइली सेना की ओर से ये एक रक्षात्मक उपाय है जिसमें जीपीएस इंटरफ़ेयर का इस्तेमाल किया जाता है ताकि निर्धारित लोकेशन के आधार पर दागी गई मिसाइलों या ड्रोन को भटकाया जा सके.

  3. ग़ज़ा में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए इसराइल अपने बॉर्डर समेत इन तीन रास्तों को खोलेगा

    ग़ज़ा

    इसराइल ने कहा है कि वह ग़ज़ा में और अधिक राहत सामग्री जाने देने के लिए तीन ह्यूमैनिटेरियन रूट खोलेगा.

    उत्तरी ग़ज़ा में इरेज़ गेट को युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार अस्थाई तौर पर खोला जाएगा.

    अशदोद पोर्ट को भी मानवीय सहायता सामग्री के लिए खोला जाएगा. इसके अलावा जॉर्डन से राहत सामग्री गज़ा में प्रवेश करने देने के लिए केरेम शैलोम क्रॉसिंग भी खुलेगी.

    बीते दिनों राहत सामग्री वितरण करने वाले सात कर्मचारियों की मौत होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ पीएम नेतन्याहू की बातचीत के बाद ये फैसला लिया गया है.

    बीते सोमवार को ग़ज़ा में इसराइली हमले में एक फ़ूड एंड चैरिटी वर्ल्ड सेंट्रल किचन के सात लोग मारे गए थे, जिसके बाद इस संस्था ने राशन वितरण का काम रोक दिया था.

    हमला उस वक्त हुआ जब इसराइल की ओर निर्धारित रास्ते पर दक्षिणी तट के करीब डब्ल्यूसीके का काफ़िला जा रहा था. सहायता कर्मचारियों ने हमले से ठीक पहले दैर अल-बालाह के एक गोदाम में 100 टन सामग्री उतार चुके थे. यह हमला गोदाम से ढाई किलोमीटर दूर हुआ.

    जब से युद्ध शुरू हुआ है राहत सामग्री वितरण में लगे कम से कम 196 राहतकर्मियों की मौत हो चुकी है.

    सात अक्बूटर के हमास हमले के बाद ग़ज़ा में 33,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं. यह आंकड़ा हमास संचालित ग़ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किया गया है.

    इसराइली ब्लॉकेड की वजह से ग़ज़ा पट्टी में रह रही क़रीब 20 लाख की आबादी के सामने भुखमरी का संकट पैदा हो गया है और संयुक्त राष्ट्र की मानवीय सहायता एजेंसी ने भी इसे लेकर चेतावनी जारी की है.

  4. नमस्कार!

    आपका दिन शुभ हो.

    बीबीसी हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है.

    4 अप्रैल की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.