आदित्य एल-1 पर आया इसरो का नया अपडेट, दी ये जानकारी

इसरो ने आदित्य एल-1 को लेकर एक अपडेट दिया है जिसमें बताया गया है कि भारत का यह सूर्य अभियान अब तक धरती से रिकॉर्ड 9.2 लाख किलोमीटर की दूरी तय कर चुका है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. लॉ कमीशन सहमति से यौन संबंध कायम करने की उम्र घटाने के पक्ष में नहीं

    सांकेतिक तस्वीर
    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    लॉ कमीशन पॉक्सो एक्ट के तहत आपसी सहमति से यौन संबंध बनाने की उम्र 18 साल से घटाकर 16 साल करने के पक्ष में नहीं है.

    सरकार को सौंपी अपनी 283वीं रिपोर्ट में आयोग ने कहा है कि आपसी सहमति की उम्र को 18 से घटा कर 16 करने के नतीजे सही नहीं होंगे.

    लॉ कमीशन ने कहा है कि इससे वयस्कों का नाबालिग के साथ यौन संबंध बनाना आसान हो जाएगा भले ही नाबालिग की इसमें सहमति हो.

    इसका असर बाल विवाह और बच्चों की तस्करी के ख़िलाफ़ चल रहे अभियान पर भी पड़ेगा. साथ ही इससे जांच एजेंसियों के लिए बाल यौन अपराध में अभियुक्तों के ख़िलाफ़ जांच और कठिन हो जाएगी.

    भारत में फिलहाल आपसी सहमति से यौन संबंध कायम करने की उम्र 18 साल है.

    आयोग का कहना है कि ऐसे दौर में जब बच्चों के ख़िलाफ़ साइबर स्पेस में यौन अपराध और फुसलाकर अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं तो सहमति से यौन संबंध कायम करने की उम्र घटाने के बेहद घातक परिणाम हो सकते हैं.

    डेटा
  2. पेरिस में होने वाले ओलंपिक में हिजाब पहनने को लेकर हुआ अहम फ़ैसला

    ओलंपिक

    अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक कमेटी ने कहा है कि अगले साल होने वाले ओलंपिक खेलों के दौरान ओलंपिक विलेज में हिजाब पहनने पर पाबंदी नहीं होगी.

    अगले साल ओलंपिक खेल फ्रांस में होंगे और वहां की खिलाड़ियों के लिए हिजाब प्रतिबंधित है.

    फ्रांस की खेल मंत्री एमिली ओदे केस्तेरा ने कहा है कि 'उनके देश में हिजाब को धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों के सम्मान में प्रतिबंधित किया गया है. लेकिन अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक कमेटी ने 2024 में होने वाले पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले देशों पर हिजाब पर प्रतिबंध का नियम लागू नहीं होगा.'

    अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक कमेटी एक प्रवक्ता ने कहा, ''ओलंपिक विलेज के लिए अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक कमेटी के नियम ही लागू होंगे. यहां हिजाब या कोई धार्मिक-सांस्कृतिक पोशाक पहनने पर कोई रोक नहीं है. लेकिन खेल मुकाबलों के दौरान इंटरनेशनल फेडरेशन के मौजूदा नियम ही लागू होंगे.''

    संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने एथलीटों के हिजाब पहनने पर लगाई गई पाबंदी की आलोचना की है.

  3. कनाडा पर जयशंकर का निशाना, कहा-दूसरों से अभिव्यक्ति की आज़ादी सीखने की ज़रूरत नहीं

    एस जयशंकर
    इमेज कैप्शन, एस जयशंकर

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि भारत को किसी से अभिव्यक्ति का पाठ सीखने की ज़रूरत नहीं है.

    उनका इशारा कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिस ट्रूडो के उस बयान की ओर था, जिसमें उन्होंने ख़ालिस्तानी समर्थक प्रदशर्नों के बारे में कहा था कि उनका देश अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करता है. जयशंकर इस वक्त अमेरिकी दौरे पर हैं.

    वॉशिंगटन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जयशंकर ने कहा, ''मैं यहां और कनाडा के लोगों का भी ध्यान इस बात की ओर दिलाना चाहता हूं कि हम लोकतांत्रिक देश हैं."

    "हमें दूसरे लोगों से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के बारे में सीखने की ज़रूरत नहीं है. लेकिन हम लोगों को ये कह सकते हैं कि हमारे लिए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मतलब ये नहीं है कि ये हिंसा भड़काने तक पहुंच जाए. हमारे लिए ये अभिव्यक्ति की आज़ादी का दुरुपयोग है.ऐसा करके हम आज़ादी का बचाव नहीं करते.''

    उन्होंने कहा, ''ज़रा सोचिए, अगर भारत के राजनयिकों, दूतावासों और नागरिकों पर हमले या धमकी जैसी चीज़ों को सामना दूसरे देशों को करना पड़ता तो उनकी क्या प्रतिक्रिया होती."

    जयशंकर ने ये टिप्पणी इस साल जुलाई में सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हुए हमले से जुड़े सवाल के जवाब में की.

  4. नमस्कार! आपका दिन शुभ हो.

    ये लाइव पेज 24 घंटे के लिए उपलब्ध रहेगा.

    29 सितंबर के लाइव अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.