श्रीलंका पर धमाकेदार जीत के हीरो विराट कोहली क्या बोले?

विराट कोहली ने कहा है कि वो कोई ‘कीर्तिमान हासिल करने के लिए बेताब नहीं’ है लेकिन अच्छा क्रिकेट खेलते रहना चाहते हैं.

लाइव कवरेज

कमलेश मठेनी and दीपक मंडल

  1. एयर इंडिया मामला: महिला ने खुद सीट पर पेशाब करने के आरोपों पर दिया जवाब

    एयर इंडिया

    एयर इंडिया की फ्लाइट में एक महिला यात्री पर पेशाब करने के मामले में अभियुक्त शंकर मिश्रा के आरोपों का महिला ने जवाब दिया है.

    शंकर मिश्रा ने आरोप लगाया था कि उन्होंने महिला पर पेशाब नहीं किया बल्कि महिला ने खुद सीट पर पेशाब किया है.

    अब महिला ने कहा है कि ये आरोप पूरी तरह से झूठे, मनगढ़ंत और अपमानजनक हैं.

    शंकर मिश्रा पर आरोप है कि उन्होंने फ्लाइट के दौरान बुज़ुर्ग महिला यात्री पर पेशाब किया. उस दौरान वो नशे में भी थे. ये घटना 26 नवंबर 2022 को न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही फ़्लाइट में हुई थी.

    मजिस्ट्रेट अदालत ने हिरासत में शंकर मिश्रा से पुलिस पूछताछ ना किए जाने का आदेश दिया था जिसके ख़िलाफ़ पुलिस ने याचिका दायर की थी.

    इस याचिका के ख़िलाफ़ दलील देते हुए अभियुक्त के वकील ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्होंने अपराध नहीं किया था बल्कि महिला ने खुद सीट पर पेशाब किया था.

    अब महिला के वकील अंकुर महिंद्रो ने कहा है, ''ये आरोप पूरी तरह गलत और मनगढ़ंत हैं. साथ ही ये महिला के लिए अपमानजनक भी हैं. ये आरोप उन बयानों से पूरी तरह विरोधाभासी हैं जो अभियुक्त ने ज़मानत की याचिका में दिए हैं.''

  2. चीन और भूटान के बीच सीमा विवाद सुलझाने को लेकर बनी सहमति

    चीन और भूटान

    चीन और भूटान सीमा विवाद सुलझाने के लिए बातचीत में तेज़ी लाने के लिए एक ''सकारात्मक सहमति'' पर पहुंच गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक इससे तीन-चरणीय रोडमैप पर हुए समझौते को लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे.

    चीन-भूटान सीमा विवाद पर 11वीं विशेषज्ञ समूह बैठक चीन के कनमिंग शहर में 10 से 13 जनवरी के बीच हुई थी. इसके बाद दोनों देशों ने शुक्रवार को संयुक्त बयान जारी किया है.

    भूटान की चीन के साथ 477 किलोमीटर लंबी सीमा है. दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को सुलझाने के लिए 24 राउंड की बैठकें हो चुकी हैं.

    चीन और भूटान केबीच राजनयिक संबंध नहीं हैं लेकिन संपर्क बनाए रखने के लिए दोनों देशों में अधिकारी स्तर के दौरे होते हैं.

    भारत और भूटान के साथ चीन का सीमा विवाद चल रहा है. कई प्रयासों के बाद भी किसी नतीजे पर सहमति नहीं बन पाई है.

    दोनों देशों ने संयुक्त बयान में कहा कि 11वीं समूह बैठक एक स्पष्ट, सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक माहौल में हुई. साथ ही सीमा वार्ता में तेज़ी लाने के लिए तीन-चरणीय रोडमैप पर समझौता ज्ञापन को लागू करने को लेकर विचारों का गहन आदान-प्रदान हुआ.

    चीन और भूटान ने एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए ताकि सीमा विवाद को लेकर बातचीत में तेज़ी लाई जा सके.

  3. पीएम नेतन्याहू की नई सरकार बनने के बाद इसराइल में हुआ सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन

    इसराइल में विरोध प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, इसराइल में विरोध प्रदर्शन

    इसराइल में न्यायपालिका में सरकार के लाए जा रहे सुधारों के ख़िलाफ़ 80 हज़ार से ज़्यादा लोगों ने राजधानी तेल अवीव में विरोध प्रदर्शन किया.

    इन सुधारों के बाद सरकार के लिए सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसलों को पलटना आसान हो जाएगा.

    इसके अलावा न्यायाधीशों की नियुक्ति में नेताओं का प्रभाव बढ़ जाएगा क्योंकि चयन समिति में अधिकतर लोग सत्ताधारी दल के होंगे.

    प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के लाए इन बदलावों को लोकतंत्र के ख़िलाफ़ बता रहे हैं.

    स्थानीय मीडिया के मुताबिक यरुशलम में प्रधानमंत्री आवास के बाहर और उत्तरी शहर हाफिया में भी विरोध प्रदर्शन किए गए.

    इसराइल में विरोध प्रदर्शन

    तेल अवीव में एक बड़ी सड़क को रोकने के चलते प्रदर्शनकारियों की पुलिस से भी झड़प हो गई.

    प्रदर्शनकारी पीएम नेतन्याहू के नेतृत्व में बनी गठबंधन की सरकार का भी विरोध कर रहे थे. इस गठबंधन में धुर दक्षिणपंथी पार्टियां भी शामिल हैं.

    दिसंबर में गठबंधन की सरकार के बनने के बाद ये अब तक का सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन है.

    आलोचकों का कहना है कि ये सुधार न्यायापालिक की स्वतंत्रता को ख़त्म कर देंगे, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देंगे, अल्पसंख्यकों के अधिकारों का हनन करेंगे और इसराइल की न्यायिक व्यवस्था की विश्वसनीयता को नुक़सान पहुंचाएंगे.

  4. रूस ने यूक्रेन पर किए नए मिसाइल हमले, 12 लोगों की मौत

    यूक्रेन

    रूस ने शनिवार को यूक्रेन में कई जगहों पर नए मिसाइल हमले किए. पूर्वी शहर नीप्रो में एक अपार्टमेंट ब्लॉक में हुए हमले में 12 लोगों की मौत हो गई.

    इसके अलावा अन्य शहरों जैसे कीएव, ख़ारकीएव, ओडेसा में भी हमले किए गए हैं.

    कई शहरों के बिजली आपूर्ति स्रोतों पर हमले होने के कारण यूक्रेन के अधिकतर हिस्सों में बिजली चली गई है.

    नीप्रो में अपार्टमेंट में हुए हमले के बाद रातभर बचाव कार्य किया गया और मलबा हटाया गया.

    इससे पहले ब्रिटेन ने कहा था कि वो यूक्रेन को मदद के तौर पर चैलेंजर-2 टैंक देने वाला है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने कहा था कि इन टैंक के ज़रिए यूक्रेन को रूस की सेनाओं को पीछे ढकेलने में मदद मिलेगी.

    इससे पहले शनिवार को ओल्ड न्यू ईयर के मौके पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा था कि रूस के हमले तभी रोके जा सकते हैं जब पश्चिम सहयोगी देश यूक्रेन को हथियार दें.

  5. नमस्कार, बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. अभिवादन स्वीकार कीजिए.

    ये लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध रहेगा. 14 जनवरी के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.