लक्षद्वीप के मुसलमानों की देशभक्ति पर सवाल उठाने की किसी में हिम्मत नहीं: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने महात्मा गांधी की 152वीं जयंती के मौके पर केंद्र शासित प्रदेश लश्रद्वीप में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया.

लाइव कवरेज

  1. ताइवान के हवाई क्षेत्र में घुसे चीन के 38 विमान

    लड़ाकू विमान

    ताइवान ने कहा है कि चीन ने उसके हवाई क्षेत्र का अब तक का सबसे बड़ा अतिक्रमण किया है.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक ताइवान ने दावा किया कि चीन के राष्ट्रीय दिवस पर शुक्रवार को 38 लड़ाकू विमानों ने ताइवान के हवाई क्षेत्र में दो बार उड़ान भरी.

    ताइवान ने एक साल में कई बार चीन द्वारा उसके हवाई क्षेत्र के अतिक्रमण की शिकायत की है, ख़ासतौर पर ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में जो ताइवान नियंत्रित प्रतास द्वीप के पास है.

    ताइवान खुद को एक स्वतंत्र देश मानता है लेकिन चीन उसे अपने भूभाग का हिस्सा बताता है
    इमेज कैप्शन, ताइवान खुद को एक स्वतंत्र देश मानता है लेकिन चीन उसे अपने भूभाग का हिस्सा बताता है

    ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि चीन के 18 जे-16, चार सुखोई-30 लड़ाकू विमान, परमाणु क्षमता वाले दो एच-6 बॉम्बर्स और एक एंटी-सबमरीन लड़ाकू विमान ताइवान की सीमा में घुस आए थे, जिसका ताइवान के लड़ाकू विमानों ने जवाब दिया.

    इसके बाद शुक्रवार को रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 13 और चीनी लड़ाकू विमान उनकी हवाई सीमा में घुसे थे. इनमें 10 जे-16एस, 2 एच-6एस और एक पूर्व चेतावनी विमान शामिल थे.

    मंत्रालय ने ये भी बताया कि ताइवान ने चीनी विमानों को चेतावनी देने के लिए लड़ाकू विमान भेजे और निगरानी के लिए मिसाइल सिस्टम तैनात किए थे.

    चीन के लड़ाकू विमानों ने पहले प्रतास द्वीप के पास और फिर ताइवान व फिलीपींस को अलग करने वाले बाशी चैनल के ऊपर उड़ान भरी.

    चीन की तरफ़ से फिलहाल इसे लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है. इससे पहले चीन कहता रहा है कि ऐसी उड़ानों का मकसद देश की संप्रभुता को बचाना है.

  2. महात्मा गाँधी भारत में कैसा किसान और मज़दूर चाहते थे?

  3. पाकिस्तान पहुँचने से पहले अमेरिकी उप-विदेश मंत्री दे दिया ये संदेश

    अमेरिका की उप-विदेश मंत्री वेंडी शरमन
    इमेज कैप्शन, अमेरिका की उप-विदेश मंत्री वेंडी शरमन

    अमेरिका की उप-विदेश मंत्री वेंडी शरमन ने पाकिस्तान की यात्रा से पहले कहा कि पाकिस्तान को सभी चरमपंथी समूहों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करनी होगी.

    उन्होंने कहा कि अमेरिका चरमपंथ के ख़िलाफ़ पाकिस्तान के साथ मज़बूत साझेदारी चाहता है.

    उप-विदेश मंत्री वेंडी शरमन पाकिस्तान में सात-आठ अक्टूबर को पाकिस्तान के अधिकारियों के साथ मुलाक़ात करने वाली हैं.

    अमेरिका में पाकिस्तान पर अफ़ग़ानिस्तान को लेकर दोहरी चाल चलने का आरोप लगता रहा है.

    वेंडी शरमन ने स्विट्ज़रलैंड से कहा, “हम आतंकवाद के ख़िलाफ़ पाकिस्तान के साथ मज़बूत साझेदारी चाहते हैं और सभी चरमपंथियों और आतंकी समूहों के ख़िलाफ़ बिना कोई भेद किए लगातार कार्रवाई की उम्मीद करते हैं.”

    उन्होंने कहा, “दोनों ही देश आतंकवाद से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं और हम सभी क्षेत्रीय और वैश्विक आतंकी ख़तरों को ख़त्म करने के लिए सहयोग की आशा रखते हैं.”

    वेंडी शरमन पाकिस्तान जाने से पहले भारत और उज़्बेकिस्तान की यात्रा करने वाली हैं.

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान

    पाकिस्तान तालिबान से बातचीत

    पाकिस्तान चरमपंथी समूहों के ख़िलाफ़ अपने प्रयासों की तरफ़ ध्यान दिलाता रहता है लेकिन फिर भी चरमपंथ के ख़िलाफ़ सख़्त क़दम ना उठाने को लेकर पाकिस्तान को आलोचना का सामना करना पड़ता है.

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने एक शुक्रवार को एक साक्षात्कार में कहा कि उनकी सरकार पाकिस्तान तालिबान के साथ बातचीत कर रही है ताकि वो हथियार डाल दें. ये बातचीच अफ़ग़ानिस्तान में हो रही है.

    उन्होंने बताया कि वो सैन्य समाधानों पर भरोसा नहीं करते हैं.

    वहीं, वेंडी शरमन ने ये भी कहा कि वो अफ़ग़ानिस्तान में समावेशी सरकार को लेकर पाकिस्तान की मांग की सराहना करती हैं.

    उन्होंने कहा, “हम ये नतीजे पाने के लिए इसमें पाकिस्तान की अहम भूमिका देखते हैं.”

  4. पाकिस्तान में पेट्रोल हुआ और महंगा, सरकार क्या दे रही तर्क?

    पाकिस्तान के वित्त मंत्री शौकत तारिन

    पाकिस्तान के वित्त मंत्री शौकत तारिन ने कहा कि पाकिस्तान में पेट्रोल की क़ीमतें इस क्षेत्र के दूसरे देशों जैसे भारत और बांग्लादेश से कम हैं.

    शौकत तारिन ने शुक्रवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा, “दुनिया में सिर्फ़ 16 देश हैं, जहाँ पेट्रोल की कीमतें कम हैं. ये सभी देश तेल उत्पादक हैं और उनका अपना तेल है. हमारे यहाँ इस क्षेत्र में और दुनिया में सबसे ज़्यादा सस्ता तेल है. क्या हम इसे और कम करना चाहते हैं?”

    उनके साथ इस प्रेस कांफ्रेंस में सूचना राज्य मंत्री फ़ारूक़ हबीब भी मौजूद थे.

    शौकत तारिन ने कहा कि मसला ये है कि अगर सरकार पेट्रोल की क़ीमतें घटाती है तो उसे राजस्व अपनी जेब से पूरा करना होगा. पेट्रोलियम पर लगने वाले कर को 2018 के 30 रुपए प्रति लीटर से घटाकर 2 से 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है.

    इस्लामाबाद में पेट्रोल पंप

    बढ़ीं पेट्रोल की क़ीमतें

    वित्त मंत्री ने कहा, “हम पेट्रोलियम पर उत्पाद कर भी नहीं ले रहे हैं जबकि हमने इसके लिए इस बजट में 600 अरब का बजट रखा है. लेकिन हमने और प्रधानमंत्री ने इसकी परवाह नहीं की.”

    “प्रधानमंत्री ने कहा कि हम लोगों पर और बोझ नहीं डाल सकते. ये दिखाता है कि मौजूदा सरकार ग़रीबों के लिए क्या सोचती है.”

    इस प्रेस कॉन्फ्रेंस से एक दिन पहले सरकार ने पेट्रोल की क़ीमतों में चार रुपये की बढ़ोतरी की थी. पाकिस्तान में एक अक्टूबर से पेट्रोल की कीमतें 127.30 रुपये प्रति लीटर है.

    पेट्रोल पंप

    क़ीमतें बढ़ने की वजह

    सरकार ने क़ीमतों में बढ़ोतरी की वजह अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की बढ़ी क़ीमतों और पिछले दो हफ़्तों में विनिमय दर में आए बदलावों को बताया गया है.

    शौकत तारिन ने बताया कि प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने क़ीमतों को लेकर मिलीं "सिफ़ारिश के ख़िलाफ़ फ़ैसला किया और क़ीमतों में न्यूनतम वृद्धि की अनुमति दी.”

    इस दौरान उन्होंने अन्य सामानों की क़ीमतें बढ़ने और महंगाई को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में कोरोना महामारी की वजह से क़ीमतें बढ़ रही हैं.

    हालांकि, विपक्षी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज़) के नेता शहबाज़ शरीफ़ ने बढ़ती कीमतों के लिए कोविड को ज़िम्मेदार ठहराने के लिए सरकर पर निशाना साधा है.

    उन्होंने इसे खराब नेतृत्व का नतीजा बताया और कहा कि बाहरी कारणों को दोष देना दिखाता है कि सरकार अपनी ज़िम्मेदारी से भाग रही है.

  5. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिन भर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 1 अक्टूबर, शुक्रवार के अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिककर सकते हैं.