उपचुनावों के लिए बीजेपी उम्मीदवारों की सूची जारी, वायनाड में प्रियंका के सामने किसे उतारा?

भारतीय जनता पार्टी ने कई राज्यों में होने वाले विधानसभा उपचुनावों और लोकसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और सौरभ यादव

  1. दिल्ली से लंदन जा रही विस्तारा की फ़्लाइट को धमकी मिलने के बाद फ़्रैंकफ़र्ट डायवर्ट किया गया

    विस्तारा एयरलाइन (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, विस्तारा एयरलाइन (फ़ाइल फ़ोटो)

    शुक्रवार को दिल्ली से लंदन के लिए जा रहे एयरलाइन कंपनी ‘विस्तारा’ की एक फ़्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद उसे फ्रैंकफर्ट डायवर्ट कर दिया गया.

    शनिवार की सुबह ‘विस्तारा’ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया, “दिल्ली से लंदन जा रही फ़्लाइट नंबर यूके 17 को फ्रैंकफर्ट डायवर्ट कर दिया गया है.”

    एक और ‘एक्स’ में विस्तारा ने लिखा कि फ़्लाइट नंबर यूके 17 जिसे कि फ्रैंकफर्ट डायवर्ट किया गया था, वह फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट से उड़ान भर चुकी है और जल्द ही लंदन पहुंच जाएगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, शनिवार की सुबह ‘विस्तारा’ के प्रवक्ता ने कहा था कि फ्लाइट फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गई है और अनिवार्य जांच की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियों द्वारा मंजूरी मिलने के बाद फ्लाइट लंदन के लिए रवाना होगी.

    प्रवक्ता ने कहा, "18 अक्टूबर, 2024 को दिल्ली से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली विस्तारा की फ्लाइट यूके17 को सोशल मीडिया पर सुरक्षा संबंधी धमकी मिली. प्रोटोकॉल के अनुसार, सभी संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया गया और एहतियाती उपाय के तौर पर पायलटों ने फ्लाइट को फ्रैंकफर्ट डायवर्ट करने का फैसला किया."

  2. भारत-न्यूज़ीलैंड टेस्ट: सरफ़राज़ ख़ान ने करियर का पहला शतक लगाया

    सरफ़राज़ ख़ान
    इमेज कैप्शन, सरफ़राज़ ख़ान.

    भारत-न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच के चौथे दिन भारतीय बल्लेबाज़ सरफ़राज़ खान ने शतक लगा दिया है.

    सरफ़राज़ ख़ान का यह पहला टेस्ट शतक है और वह 106 रन बनाकर क्रीज़ पर मौजूद हैं. इससे पहले टेस्ट क्रिकेट में सरफ़राज़ ख़ान का बेस्ट स्कोर 95 रन था.

    तीसरे दिन का ख़ेल खत्म होने तक सरफ़राज ख़ान ने विराट कोहली के साथ मिलकर पारी को संभाला था.

    हालांकि, विराट कोहली तीसरे दिन का खेल ख़त्म होने से ठीक पहले ही 70 रन के स्कोर पर आउट हो गए थे.

    लेकिन सरफ़राज़ ख़ान ने एक छोर थामे रखा और चौथे दिन का खेल शुरू होने पर आक्रामक अंदाज़ में खेलने हुए अपना शतक पूरा किया. दूसरे छोर पर ऋषभ पंत उनका साथ दे रहे हैं.

    बेंगलुरू में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का आज चौथा दिन है. पहली पारी में महज़ 46 रनों पर सिमटने के बाद दूसरी पारी में भारतीय टीम ने वापसी की है.

  3. भारत-न्यूज़ीलैंड टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल शुरू, शतक की ओर सरफ़राज़ ख़ान

    दूसरी पारी में अर्धशतक लगाने के बाद सरफ़राज़ ख़ान
    इमेज कैप्शन, दूसरी पारी में अर्धशतक लगाने के बाद सरफ़राज़ ख़ान

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच बेंगलुरु में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का शनिवार को चौथा दिन है.

    तीसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत ने तीन विकेट खोकर 231 रन बना लिए हैं और अभी न्यूज़ीलैंड की पहली पारी के मुक़ाबले 125 रन से पीछे है.

    चौथे दिन अर्धशतक लगा चुके सरफ़राज़ ख़ान (87 रन) विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत के साथ बल्लेबाज़ी कर रहे हैं.

    इससे पहले तीसरे दिन बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया.

    ओपनर यशस्वी जायसवाल और कप्तान रोहित शर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी हुई.

    हालांकि, यशस्वी अच्छी शुरुआत को बरकरार नहीं रख पाए और 35 रन बना कर आउट हो गए.

    कप्तान रोहित शर्मा ने अर्धशतक लगाते हुए 52 रन बनाए और विराट कोहली ने भी अर्धशतक लगाते हुए 70 रन की पारी खेली.

    दिन का खेल ख़त्म होने से कुछ ही देर पहले विराट कोहली ग्लेन फ़िलिप्स की गेंद पर टॉम बंडल को अपना कैच थमा बैठे.

    दूसरा और तीसरा दिन न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ों के नाम रहा. न्यूज़ीलैंड ने पहली पारी में 402 रनों का स्कोर खड़ा किया और मेहमान टीम के लिए रचिन रविंद्र ने शतक लगाते हुए 134 रनों की पारी खेली थी.

    वहीं अपनी पहली पारी में भारतीय टीम महज़ 46 रनों पर ही सिमट गई थी. यह टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम का तीसरा न्यूनतम स्कोर भी है. इस टेस्ट मैच का पहला दिन बारिश की वजह से रद्द करना पड़ा था.

  4. महिला टी-20 विश्व कप: फ़ाइनल में पहुंची न्यूज़ीलैंड, दक्षिण अफ़्रीका के साथ होगा ख़िताबी मुक़ाबला

    न्यूज़ीलैंड की महिला क्रिकेट टीम
    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड की महिला क्रिकेट टीम इससे पहले दो बार फ़ाइनल में जगह बना चुकी है और दोनों बार हार का सामना करना पड़ा था.

    महिला टी-20 विश्व कप के दूसरे सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में न्यूज़ीलैंड ने वेस्टइंडीज़ को हराते हुए फ़ाइनल में अपनी जगह बना ली है.

    शारजाह में खेले गए इस रोमांचक सेमीफ़ाइनल मैच में न्यूज़ीलैंड ने वेस्टइंडीज़ की टीम को आठ रनों के बेहद ही क़रीबी अंतर से हराया.

    न्यूज़ीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया और तय 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 128 रन का स्कोर खड़ा किया.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज़ की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 120 रन ही बना पाई.

    न्यूज़ीलैंड से पहले दक्षिण अफ़्रीका फ़ाइनल में अपनी जगह बना चुकी है. दक्षिण अफ़्रीका ने पहले सेमीफ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया था.

    20 अक्तूबर को होने वाले फ़ाइनल मैच को जीतने वाली टीम पहली बार आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप के ख़िताब की विजेता बनेगी.

    हालांकि, साल 2023 के महिला टी-20 विश्व कप के फ़ाइनल में भी दक्षिण अफ़्रीकी टीम ने अपनी जगह बनाई थी. लेकिन तब उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों ख़िताबी हार का सामना करना पड़ा था.

    महिला क्रिकेट में अब तक आठ आईसीसी टी-20 विश्व कप टूर्नामेंट हुए हैं जिनमें सबसे ज़्यादा 6 बार ऑस्ट्रेलिया ने ट्रॉफ़ी जीती है. इंग्लैंड और वेस्टइंडीज़ ने भी एक-एक बार ख़िताब जीता है.

  5. हमास ने कहा, 'ग़ज़ा के शरणार्थी शिविर पर इसराइल का हमला, 33 लोगों की मौत'

    जबालिया में इसी महीने हुए हमले के बाद का दृश्य
    इमेज कैप्शन, जबालिया कैंप में इसी महीने हुए हमले के बाद का दृश्य.

    ग़ज़ा के उत्तरी हिस्से जबालिया में मौजूद एक शराणार्थी शिविर पर किए गए ताज़ा इसराइली हमले में 33 लोगों की जान गई है.

    ग़ज़ा में हमास के अधिकारियों ने इस हमले की जानकारी दी है. जानकारी के मुताबिक़, इस हमले में 21 महिलाओं की मौत हुई है.

    हालांकि जबालिया पर किए गए इस ताज़ा हमले के आरोपों को लेकर इसराइल ने अभी तक कोई भी टिप्पणी नहीं की है.

    इसराइली सेनाएं पिछले कई हफ़्ते से घनी आबादी वाले शिवरों की घेराबंदी कर रही थीं. इसी हफ़्ते एक इसराइली हमले में हमास के प्रमुख नेता याह्या सिनवार की भी मौत हो गई.

    वहीं युद्ध विराम की कोशिशों पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का भी ताज़ा बयान सामने आया है.

    बाइडन के मुताबिक़, “लेबनान में युद्ध विराम की दिशा में काम करने की ज़्यादा संभावनाएं हैं. लेबनान में इसराइल हिज़बुल्लाह के साथ युद्ध लड़ रहा है. लेकिन ग़ज़ा में युद्ध विराम की कोशिशें काफ़ी कठिन हैं.”

    ग़ज़ा में हमास संचालित मीडिया के एक बयान के मुताबिक़, "शुक्रवार को किए गए इसराइली हमलो में 85 से भी ज़्यादा लोग घायल हुए हैं. हमास संचालित मीडिया का कहना है कि इस ताज़ा इसराइली हमले में मारे जाने वालों की संख्या 50 तक भी जा सकती है."

    वहीं समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, "ग़ज़ा में हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि ताज़ा इसराइली हमले में कम से कम 39 फ़लस्तीनियों की मौत हुई है."

  6. कमला हैरिस ने डोनाल्ड ट्रंप की सेहत पर उठाए सवाल, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने दिया ये जवाब

    कमला हैरिस (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, कमला हैरिस (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के राष्ट्रपति चुनावों का प्रचार अंतिम दौर में है और इस दौरान डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस ने अपने प्रतिद्वंद्वी रिपब्लिकन कैंडिडेट डोनाल्ड ट्रंप की सेहत पर सवाल खड़े किए हैं.

    हैरिस ने ट्रंप को लेकर कहा कि वह मीडिया के सामने आने से बचते हैं क्योंकि वे चुनाव प्रचार करने में थक जा रहे हैं.

    मिशिगन में एक रैली को संबोधित करते हुए कमला हैरिस ने कहा, "ट्रंप के पास अमेरिका के लिए कोई भी योजना नहीं है. जैसा कि हमने देखा है कि वे केवल खुद पर ध्यान दे रहे हैं. वे बहस से बच रहे हैं और अपने इंटरव्यू को रद्द कर रहे हैं."

    ट्रंप ने पिछले ही हफ़्ते तीन मीडिया इंटरव्यू कैंसल कर दिए थे. हैरिस ने कहा कि मेरी टीम ने बताया है कि उन्होंने ऐसा थकान की वजह से किया है.

    हैरिस ने कहा कि अगर आप प्रचार में ही थक जा रहे हैं तो इससे यह सवाल खड़ा होता है कि क्या आप दुनिया के इस सबसे कठिन काम (अमेरिका का राष्ट्रपति बनना) के योग्य भी हैं या नहीं?

    इससे पहले पॉलिटिको एक्सटर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, ट्रंप अभियान के एक सदस्य ने कहा था कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने थकावट की वजह से कुछ इंटरव्यू को कैंसल किया था.

    डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    ट्रंप ने हैरिस के आरोपों पर क्या कहा?

    कमला हैरिस के अपनी सेहत को लेकर दिए गए बयानों के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "हैरिस ने मेरे ऊपर थकावट की वजह से मीडिया इंटरव्यू को कैंसल करने का आरोप लगाया है."

    ट्रंप ने कहा, "मैंने पिछले 48 दिनों से आराम नहीं किया है. हैरिस हारी हुई हैं और उनके अंदर कोई भी ऊर्जा नहीं बची है."

  7. नमस्कार

    बीबीसी हिंदी के लाइव पन्ने पर आपका स्वागत है. मैं अभिषेक पोद्दार आप तक आज की ताज़ा ख़बरें पहुंचाऊंगा. बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर मौजूद ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारी वेबसाइट की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर सकते हैं.

    कनाडा की विपक्षी पार्टियां भारत के मामले में क्या जस्टिन ट्रूडो के साथ हैं?- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    सत्येंद्र जैन को कोर्ट ने दी ज़मानत, जेल से बाहर आने पर क्या बोले जैन- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    इसराइली हमले से उपजी त्रासदी में एक फ़लस्तीनी गर्भवती महिला और उनके दो बच्चों की कहानी- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    इसराइल लेबनान में यूएन के शांति सैनिकों से क्यों ख़फ़ा है?- पूरी ख़बर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.