उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दिया पद से इस्तीफ़ा

भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को लिखे पत्र में उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी कारणों और चिकित्सा सलाह का हवाला दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी की मांग- आज संसद का सारा काम रोक कर ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा हो

    कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी

    कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा है कि विपक्ष चाहता है कि आज संसद का सारा काम रोक कर उन मुद्दों पर चर्चा हो, जिस पर विपक्ष लगातार चर्चा की मांग करता आया है.

    आज से संसद का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है. इससे पहले कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने मीडिया से बात की.

    प्रमोद तिवारी ने कहा, "हम चाहते हैं कि आज प्रधानमंत्री सदन में आएं. आज संसद का सारा काम रोककर पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद संघर्ष विराम पर चर्चा हो."

    वहीं बीजेपी सांसद सांसद संजय जायसवाल ने कहा, "कल संसदीय कार्य मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वो (विपक्ष) जिस पर चर्चा चाहते हैं, हम तैयार हैं...किस विषय पर क्या बोलना है और किसको बोलना है, वो सरकार तय करती है...लोकसभा का काम है अच्छे से चर्चा कराना और बिल पास कराना."

  2. मध्य ग़ज़ा में इसराइली सेना के हालिया आदेश पर संयुक्त राष्ट्र ने जताई चिंता

    ग़ज़ा
    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना के आदेश के बाद देर अल-बलाह क्षेत्र से लोगों का पलायन

    ग़ज़ा के देर अल-बलाह क्षेत्र को खाली करने के इसराइली सेना के आदेश पर संयुक्त राष्ट्र ने चिंता जताई है.

    संयुक्त राष्ट्र की मानवीय मामलों की एजेंसी ऑफ़िस फ़ॉर द कोऑर्डिनेशन ऑफ़ ह्यूमैनिटेरियन अफ़ेयर्स (ओसीएचए) ने कहा कि इस आदेश के साथ 21 लाख लोग ग़ज़ा पट्टी के 12 प्रतिशत हिस्से में सिमट गए हैं, जहां आवश्यक सेवाएं ठप हैं.

    इसराइली सेना का आदेश

    रविवार को इसराइल डिफ़ेंस फोर्स (आईडीएफ़) ने देर अल-बलाह में रह रहे लोगों को वहां से तुरंत निकलने का आदेश दिया था.

    इसराइली सेना ने लोगों को अल-मवासी की ओर जाने के लिए कहा, जो मेडिटेरेनियन तट पर स्थित है.

    ओसीएचए ने कहा कि इसराइली सेना का आदेश ग़ज़ा के लोगों के लिए 'एक और विनाशकारी झटका' है.

  3. जापान चुनाव: मौजूदा सरकार ने बहुमत खोया, लेकिन पीएम पद पर बने रहेंगे शिगेरू इशिबा

    जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा
    इमेज कैप्शन, जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने कहा है वो पीएम पद पर बने रहेंगे

    जापान की सत्तारूढ़ गठबंधन को रविवार को हुए चुनावों में संसद के ऊपरी सदन में बहुमत नहीं मिल सका है.

    इससे प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा की राजनीतिक स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है.

    लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के नेतृत्व वाले गठबंधन को 248 सदस्यीय ऊपरी सदन में सिर्फ 47 सीटें मिलीं, जो बहुमत के लिए ज़रूरी 50 सीटों से कम हैं.

    गौरतलब है कि जापान की संसदीय व्यवस्था में निचला सदन अधिक शक्तिशाली माना जाता है. सत्तारूढ़ गठबंधन पिछले साल अक्टूबर में ही निचले सदन में बहुमत गंवा चुका है.

    हालांकि, प्रधानमंत्री इशिबा ने स्पष्ट किया है कि वे पद पर बने रहेंगे. उन्होंने इसकी वजह अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते को बताया.

    इशिबा ने कहा, "जापान को पहली अगस्त तक अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप देना है. यह मेरी प्राथमिक ज़िम्मेदारी है."

  4. मानसून सत्र से पहले बोले पप्पू यादव- एसआईआर वोट चुराने की साज़िश

    बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव

    बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव सोमवार 21 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंचे हैं.

    मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) यानी मतदाता सूची में सुधार बड़ा मुद्दा है.

    पप्पू यादव ने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) 'वोट चुराने की साज़िश' है.

    उन्होंने कहा, "एसआईआर...वोट चुराने की साज़िश है, उसको नहीं चलने दिया जाएगा. बिहार और बिहारी पर जो हमले हुए हैं, गरीबी और गरीब पर जो हमले किए गए हैं, वो मुद्दा सबसे बड़ा है. जब तक सरकार इन मुद्दों को वापस नहीं ले लेती है, तब तक सदन नहीं चलेगा."

    पप्पू यादव ने कहा कि एसआईआर के अलावा ऑपरेशन सिंदूर और टैरिफ़ भी अहम मुद्दे हैं.

    वहीं बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, "सभी विषयों को स्पीकर साहब (सदन में) उठाने का समय देते हैं. ऐसे में सदन को बाधित करना जनता की बहुमूल्य कमाई का अपव्यय है, इससे सदन का समय बर्बाद होता है. वे (विपक्ष) सवाल कर सकते हैं, सरकार को कटघरे में खड़ा कर सकते हैं लेकिन इसके बावजूद उनके पास कोई मुद्दा है नहीं."

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगी.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.