चीन की चेतावनी- अमेरिका जैसा भी युद्ध चाहता है, चीन हर युद्ध के लिए है तैयार

डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ़ लगाने को लेकर चीन ने खुलकर अमेरिका को चेतावनी दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. ट्रंप का भाषण शुरू, बाइडन, महंगे होते अंडे, क्रिटिकल मिनरल्स और यूक्रेन होंगे अहम बिंदु

    अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप आज कई अहम घोषणाएं कर सकते हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करना शुरू कर दिया है.

    इस बीच आज ट्रंप के भाषण के जो अंश बीबीसी को मिले हैं उनमें यूक्रेन को सैन्य मदद, क्रिटिकल मिनरल्स और महंगाई को कम करने जैसे विषय शामिल हैं.

    अमेरिका में महंगाई के लिए ट्रंप पिछले बाइडन प्रशासन को ज़िम्मेदार ठहराते हुए कुछ बड़ी घोषणाएं करेंगे.

    ट्रंप अंडों की क़ीमतें बढ़ने के लिए बाइडन को ज़िम्मेदार ठहराएंगे और कहेंगे, “हम इसे कम करने की कड़ी मेहनत कर रहे हैं.”

    अमेरिकी राष्ट्रपति यह भी कहेंगे, बाइडन की ग्रीन एनर्जी नीतियों की वजह से बिजली उत्पादन के प्लांट और पाइपलाइनें बंद हो गईं, “और इसीलिए मैंने कार्यभार ग्रहण करने के पहले ही दिन एनर्जी इमरजेंसी की घोषणा की थी.”

    ट्रंप कहेंगे, “मेरा प्रशासन अलास्का में एक विशाल पाइपलाइन बनाने को लेकर काम कर रहा है, जोकि दुनिया की सबसे बड़ी पाइपलाइन होगी, जहां जापान, दक्षिण कोरिया और अन्य देश हमारे पार्टनर बनना चाहेंगे.”

    ट्रंप के भाषण में यूक्रेन का ज़िक्र करते हुए कहेंगे, “यूरोप ने यूक्रेन की रक्षा करने से अधिक रूसी तेल खरीदने पर खर्च किया है. मैं यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने की जी-जान से कोशिश कर रहा हूं.”

    ट्रंप आप्रवासियों के निष्कासन के लिए और फ़ंडिंग मुहैया कराने के लिए भी कांग्रेस से कहेंगे.

  2. ट्रंप के ‘ग़ज़ा प्लान’ के बदले अरब नेताओं ने 53 अरब डॉलर की ‘अरब योजना’ मंज़ूर की

    ग़ज़ा
    इमेज कैप्शन, रमज़ान का महीना चल रहा है और ग़ज़ा में खंडहरों के बीच इफ़्तार का आयोजन किया जा रहा है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति के ‘ग़ज़ा प्लान’ के विकल्प के रूप में अरब नेताओं ने 53 अरब डॉलर की एक अलग ‘अरब योजना’ को मंज़ूरी दी है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने ग़ज़ा के पुनर्निर्माण करने के लिए ग़ज़ा को अमेरिकी अधिकार में लेने और क़रीब 20 लाख फ़लस्तीनियों को बाहर निकालने की योजना पेश की थी.

    ट्रंप की इस योजना को अरब देशों ने सिरे से ख़ारिज कर दिया था.

    हालांकि अरब लीग के महासचिव अहम अबुल ग़ैत ने अरब प्लान की घोषणा करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप के प्लान का ज़िक्र नहीं किया.

    उन्होंने स्वैच्छिक या ज़बरिया किसी भी तरह के विस्थापन को ख़ारिज करने के अरब पक्ष को दुहराया.

    मिस्र ने 91 पृष्ठों का एक विस्तृत ख़ाका पेश किया है जिसमें हरे भरे इलाक़े और बड़ी सार्वजनिक इमारतों का ख़ाका है.

    ग़ौरतलब है कि अमेरिका ने ग़ज़ा को ‘मिडिल ईस्ट का रिवेरा’ यानी मध्य पूर्व की सबसे ख़ूबसूरत जगह बनाने की बात कही थी, जिसने पूरे अरब जगत और दुनिया को हैरान कर दिया था.

    संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि क़रीब डेढ़ साल चले हमास इसराइल युद्ध के दौरान ग़ज़ा पट्टी में 90% घर, इमारतें और सार्वजनिक जगहें तबाह हो चुकी हैं.

  3. ट्रंप करेंगे अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित, बड़ी घोषणा करने की कह चुके पहले ही बात

    ट्रंप
    इमेज कैप्शन, ट्रंप आज अमेरिकी संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करने वाले हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप आज भारतीय समयानुसार सुबह 7.30 बजे अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करने वाले हैं.

    एक दिन पहले ही उन्होंने यूक्रेन को सैन्य मदद रोकने और कनाडा और मैक्सिको पर 25% टैरिफ़ लगाने जैसे कड़े फ़ैसले लिए थे और कहा था कि वह आज बड़ी घोषणा करेंगे.

    जनवरी में राष्ट्रपति का कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली बार होगा जब वह अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को वह संबोधित करेंगे.

    इस दौरान दोनों सदनों हाउस ऑफ़ रिप्रेजेंटेटिव और सीनेट के रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक सदस्य उपस्थित होंगे. हालांकि कुछ डेमोक्रेट सदस्यों ने कहा है कि वे ग़ैर हाज़िर रहेंगे.

    उम्मीद की जा रही है कि अरबपति और ट्रंप के सहयोगी एलन मस्क भी दर्शक दीर्घा में मौजूद रहेंगे.

    ट्रंप के संबोधन के बाद डेमोक्रेट पार्टी की ओर सीनेटर एलिसा स्लॉटकिन बोलेंगी.

    डेमोक्रेटिक सदस्यों ने ट्रंप पर 'चुनावी वायदे से उलट काम करने' और 'अमेरिकी लोगों की ज़िंदगी को मुश्किल' बनाने का आरोप लगाया है.

    हालांकि रिपब्लिकन सीनेटर एरिक श्मिट ने बीबीसी से बातचीत में दावा किया कि ट्रंप 'संपन्नता के स्वर्ण युग की रूपरेखा' प्रस्तुत करेंगे.

    हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव और सीनेट में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के पास प्रचंड बहुमत नहीं है.

  4. नमस्ते!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

    कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा, क्या है बढ़ते गोल्ड लोन का आर्थिक संकट से कनेक्शन

    चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा भारत, सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से दी मात

    उत्तर प्रदेश में कई जगह मस्जिद गिराने पर क्या है विवाद, जिसे लेकर सरकार पर उठ रहे सवाल

    यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य मदद रोक रहा है अमेरिका- ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट

    कनाडा, मैक्सिको और चीन पर मंगलवार से अमेरिका में लागू हो जाएगा टैरिफ़