मोजतबा ख़ामेनेई के सलाहकार की इराक़ को चेतावनी, 'ट्रंप के हाथों का औज़ार न बने'

ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई के सलाहकार मोहम्मद मुख़बर ने इराक़ को चेतावनी दी है कि वह "ट्रंप के हाथों का औज़ार" न बने.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • क्यों झड़ते हैं लोगों के बाल
  • डीलिमिटेश बिल पर बोलीं सुप्रिया सुले
  • मीडिया के लिए खुला केजरीवाल का पुराना आवास
  • मध्य प्रदेश के सागर में शराब न पीने को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है.
  • pakistan china astronaut
  • pakistan social media sensation
  • जेनसन हुआंग

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, शिवांगी जायसवाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. अरुंधति रॉय, अशोक वाजपेयी समेत कई हस्तियों ने संवैधानिक मूल्यों पर बढ़ते हमलों को लेकर जताई चिंता

    लेखिका अरुंधति रॉय (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, लेखिका अरुंधति रॉय (फ़ाइल फ़ोटो)

    कवि अशोक वाजपेयी, लेखिका अरुंधति रॉय और नृत्यांगना मल्लिका साराभाई समेत देश के कई प्रमुख लेखकों, कलाकारों और सांस्कृतिक कर्मियों ने संविधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर बढ़ते हमलों को लेकर चिंता जताई है.

    शनिवार को नई दिल्ली के जवाहर भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में जारी एक घोषणा-पत्र में उन्होंने कहा कि भारत की बहुलतावादी, लोकतांत्रिक और सांस्कृतिक विविधता वाली पहचान गंभीर दबाव में है.

    घोषणा-पत्र में आरोप लगाया गया कि देश की विविध ऐतिहासिक परंपराओं, विचारों और जीवन-अनुभवों को एकल पहचान और एकल नैरेटिव से बदलने की कोशिश की जा रही है. इसमें स्वतंत्र सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, शिक्षा की आज़ादी और बौद्धिक विमर्श के लिए उपलब्ध जगह के लगातार सिमटने पर भी चिंता जताई गई.

    हस्ताक्षरकर्ताओं ने कहा, "इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है और आलोचनात्मक सोच को सीमित किया जा रहा है."

    उन्होंने चेतावनी दी कि भय, सेंसरशिप और एकरूप सोच के माहौल में न तो नए विचार विकसित हो सकते हैं और न ही लोकतांत्रिक जीवन फल-फूल सकता है.

    घोषणा-पत्र में कश्मीर से मणिपुर तक धार्मिक अल्पसंख्यकों, आदिवासी समुदायों और हाशिए पर मौजूद अन्य समूहों के अधिकारों और पहचान पर हमलों का भी उल्लेख किया गया. सम्मेलन में शामिल लोगों ने विविधता, बौद्धिक स्वतंत्रता और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता जताई.

  3. यमन में मालवाहक जहाज़ पर कब्ज़ा, रियाद की ओर मिसाइल दागे जाने के बाद बढ़ा तनाव

    यमन में हमला
    इमेज कैप्शन, हूती विद्रोहियों की ओर से संचालित यमनी समाचार एजेंसियों के अनुसार, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने राजधानी सना समेत कई इलाक़ों में हवाई हमले किए हैं

    यमन और सऊदी अरब के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है. यमन के दक्षिणी तट के पास बंदूकधारियों ने एक मालवाहक जहाज़ पर क़ब्ज़ा कर लिया है.

    वहीं, सऊदी अरब का कहना है कि उसने पिछले दो दिनों में रियाद और देश के दक्षिणी हिस्से को निशाना बनाकर दागी गई हूती समूह की दो मिसाइलों को मार गिराया है.

    ब्रिटेन की समुद्री निगरानी एजेंसी यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) के अनुसार, यमन के तटीय शहर बलहाफ़ से लगभग 120 किलोमीटर दूर एक मालवाहक जहाज़ पर "अनधिकृत लोगों" ने चढ़कर उसका नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया.

    यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अफ़्रीका के हॉर्न क्षेत्र और अदन की खाड़ी के आसपास समुद्री डकैती की घटनाएं बढ़ रही हैं.

    दूसरी ओर, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने कहा कि हूती समूह ने सऊदी अरब के दक्षिणी क्षेत्र की ओर एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी. हवाई रक्षा प्रणाली ने रास्ते में ही उसे नष्ट कर दिया.

    एक दिन पहले सऊदी अधिकारियों ने घोषणा की थी कि रियाद की ओर दागी गई एक क्रूज़ मिसाइल को भी मार गिराया गया था. हूती समर्थक मीडिया संस्थानों ने दावा किया कि यह कार्रवाई सऊदी हवाई हमलों के जवाब में की गई थी.

    सैटेलाइट तस्वीर
    इमेज कैप्शन, यमन के दक्षिणी तट के पास बंदूकधारियों ने एक मालवाहक जहाज़ पर क़ब्ज़ा कर लिया है

    हूती विद्रोहियों द्वारा संचालित यमनी समाचार एजेंसियों के अनुसार, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने राजधानी सना समेत कई इलाक़ों में हवाई हमले किए हैं.

    हूती टीवी चैनल अल-मसीरा ने दावा किया कि सना के एक रिहायशी इलाक़े पर हुए हमले में 13 लोग घायल हो गए. साथ ही कई घरों और दुकानों को नुक़सान पहुंचा.

    इस बीच, हूती आंदोलन से संबद्ध यमनी सशस्त्र बलों के प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया कि पिछले 24 घंटों में सऊदी बलों ने यमन के नौ प्रांतों में 104 हवाई और मिसाइल हमले किए हैं. इनमें सना भी शामिल है.

    उनके अनुसार, अल-जौफ़, ताइज़, इमरान, हज्जा, सादा, अल-हुदैदह, लहज, अल-बैदा और अल-धाले इलाक़े निशाना बनाए गए.

    यमनी मीडिया के अनुसार, सऊदी लड़ाकू विमानों ने ताइज़, अब और सना में बिजलीघरों, गैस प्रतिष्ठानों और ईंधन भंडारण केंद्रों पर भी हमला किया.

    रिपोर्टों के मुताबिक़, मोखा पावर स्टेशन को एक बार फिर निशाना बनाया गया. गैस के प्रसारण और वितरण से जुड़ी सुविधाओं को भी नुक़सान पहुंचा है.

  4. मोजतबा ख़ामेनेई के सलाहकार की इराक़ को चेतावनी, 'ट्रंप के हाथों का औज़ार न बने'

    ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता मोजतबा ख़ामेनेई के सलाहकार मोहम्मद मुख़बर
    इमेज कैप्शन, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई के सलाहकार मोहम्मद मुख़बर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर यह चेतावनी जारी की

    ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई के सलाहकार मोहम्मद मुख़बर ने इराक़ को चेतावनी दी है कि वह "ट्रंप के हाथों का औज़ार" न बने.

    मुख़बर ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर यह चेतावनी जारी की.

    यह बयान उन रिपोर्टों के बाद आया है जिनमें कहा गया कि अमेरिका के दबाव के बाद इराक़ ने ईरान से लगे कई सीमा पार मार्गों को बंद कर दिया है.

    करीब तीन सप्ताह पहले इराक़ के विदेश मंत्री फ़वाद हुसैन ने अल जज़ीरा को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि अमेरिकी वित्त विभाग ने बग़दाद से औपचारिक रूप से ईरान के साथ सभी सीमा चौकियों को बंद करने का अनुरोध किया था. केवल दो चौकियों को खुला रखने की बात कही गई थी.

    फ़वाद हुसैन ने बताया था कि ईरान और इराक़ के बीच सालाना व्यापार 15 से 18 अरब डॉलर के बीच है. उन्होंने चेतावनी दी थी कि सीमा चौकियों के बंद होने से इराक़ पर गंभीर आर्थिक असर पड़ सकता है.

    अमेरिका ने जुलाई से ईरानी बंदरगाहों की समुद्री नाकेबंदी फिर शुरू कर दी है. इसी महीने उसने एक विशेष कार्यदल बनाने की घोषणा भी की, जिसका उद्देश्य ईरान की ज़मीनी सीमाओं और कैस्पियन सागर के रास्ते हथियारों तथा प्रतिबंधित वस्तुओं के आवागमन को सीमित करना है.

    ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी के बाद पड़ोसी देशों के साथ ईरान की ज़मीनी सीमाओं का महत्व बढ़ गया है. इन मार्गों के ज़रिए सामान की आपूर्ति और व्यापारिक गतिविधियों को जारी रखने में मदद मिलती है.

  5. पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री से शहबाज़ शरीफ़ और आसिम मुनीर ने की ये बात

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख ने अंतरिक्ष यात्री विंग कमांडर मोहम्मद जीशान अली ने बात की है
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख ने अंतरिक्ष यात्री विंग कमांडर मोहम्मद जीशान अली ने बात की है

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने चीन के तियानगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री विंग कमांडर ज़ीशान अली से सीधे बातचीत की.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, उन्होंने उनके ऐतिहासिक मिशन को पाकिस्तान और चीन के सहयोग में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया.

    शनिवार को इस्लामाबाद में सुपारको के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि ज़ीशान अली की सफलता पाकिस्तान के 24 करोड़ लोगों के लिए गर्व का स्रोत है.

    उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, समर्पण और अटूट संकल्प ने ज़ीशान अली को इस मुक़ाम तक पहुंचाया है. उनकी सफलता युवा पीढ़ी के लिए एक मिसाल है.

    चीन के अंतरिक्ष स्टेशन से सीधे बातचीत करते हुए विंग कमांडर मुहम्मद ज़ीशान अली ने कहा, "पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है. पृथ्वी की कक्षा में 7.9 किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ़्तार से यात्रा करते हुए अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है."

    उन्होंने कहा कि वह न सिर्फ़ पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री हैं, बल्कि चीनी अंतरिक्ष स्टेशन में प्रवेश करने वाले पहले अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष यात्री भी हैं.

    ज़ीशान अली ने पाकिस्तानी युवाओं के नाम अपने संदेश में कहा कि आज पाकिस्तान के बहादुर पुरुष और महिलाएं ज़मीन, समुद्र और अंतरिक्ष में देश की सेवा कर रहे हैं.

    वहीं एक पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी से 400 किलोमीटर ऊपर राष्ट्रीय ध्वज के साथ पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर रहा है.

    इस मौक़े पर फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने कहा कि चीनी अंतरिक्ष स्टेशन पर एक पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री की मौजूदगी पाकिस्तान और चीन की लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी की गर्वपूर्ण अभिव्यक्ति है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की जनता और सशस्त्र बलों को मुहम्मद ज़ीशान अली पर गर्व है.

  6. सत्यजीत रे फ़िल्म इंस्टीट्यूट के परिसर में स्टूडेंट्स के अस्थायी धरना स्थल को पुलिस ने हटाया, मयूरी सोम, कोलकाता से बीबीसी बांग्ला संवाददाता

    पुलिस की मौजूदगी में अस्थायी ठांचा हटाया गया
    इमेज कैप्शन, पुलिस की मौजूदगी में अस्थायी ठांचा हटाया गया

    कोलकाता के सत्यजीत रे फ़िल्म एंड टेलीविज़न इंस्टीट्यूट (एआरएफ़टीआई) के स्टूडेंट्स ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह क़रीब 6 बजे नक़ाब पहने कुछ लोगों का एक समूह कैंपस में घुस आया और कैंपस के भीतर बने उनके प्रदर्शन स्थल में तोड़फोड़ की.

    संस्थान के एक मौजूदा छात्र ने बीबीसी से कहा, "लॉन में हमने जो पंडाल बनाया था, उसे कुछ नक़ाबपोश लोगों ने तोड़ दिया. वे पुलिस की वर्दी में नहीं थे. वे गुंडों जैसे लग रहे थे और उन्होंने पूरे पंडाल को नुक़सान पहुंचाया. वे संस्थान की संपत्ति भी अपने साथ ले गए."

    छात्र ने आरोप लगाया कि जब उनके कुछ साथी उस वाहन के आगे बैठ गए तो पुलिस ने उन्हें घसीटा और बदसलूकी की.

    यह प्रदर्शन स्थल 12 अक्तूबर से चल रहा था. स्टूडेंट्स ने उस हिंसा के विरोध में प्रदर्शन शुरू किया था, जो कैंपस के ऑडिटोरियम में आरएसएस से जुड़े एक संगठन के कार्यक्रम के दौरान भड़क गई थी.

    छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि फीमेल स्टूडेंट्स को महिला पुलिसकर्मियों ने थप्पड़ मारे और बाल पकड़कर घसीटा.

    एसआरएफ़टीआई के रजिस्ट्रार की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "स्थानीय पुलिस प्रशासन की मदद से आज संस्थान परिसर में बनाई गई एक अनधिकृत अस्थायी संरचना को हटाने की कार्रवाई की."

    संस्थान का कहना है कि पिछले लगभग 60 दिनों से संस्थान का सामान्य कामकाज प्रभावित हो रहा था. प्रशासन की ओर से कई बार निर्देश और नोटिस देने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ. इसी वजह से यह कार्रवाई ज़रूरी हो गई.

    दोपहर क़रीब 1:30 बजे संस्थान के एक छात्र ने बीबीसी को बताया कि स्टूडेंट्स को कैंपस के अंदर बंद कर दिया गया है और उन्हें बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.

    इस मामले में कोलकाता पुलिस ने कहा है कि एसआरएफ़टीआई कैंपस में कुछ छात्रों ने एक ग़ैर-क़ानूनी ढांचा बनाया था. आज इस ग़ैर-क़ानूनी ढांचे को अदालत के हस्तक्षेप और कोलकाता पुलिस के सहयोग से हटाया गया.

    कुल्हाड़ी से टेंट को हटाने की कोशिश करते लोग
    इमेज कैप्शन, कुल्हाड़ी से टेंट को हटाने की कोशिश करते लोग
    धरने से जुड़े ठांचे का सामान वाहन से ले जाने के दौरान स्टूडेंट्स रास्ता रोककर खड़े हो गए
    इमेज कैप्शन, धरने से जुड़े ठांचे का सामान वाहन से ले जाने के दौरान स्टूडेंट्स रास्ता रोककर खड़े हो गए
  7. उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में सड़क हादसा, सात लोगों की मौत

    राहतकर्मियों की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, फ़ाइल फ़ोटो

    उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल ज़िले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए.

    अधिकारियों के मुताबिक़, हादसा लैंसडाउन क्षेत्र के कलवाड़ी गांव के पास हुआ, जब यात्रियों से भरा एक मैक्स वाहन गहरी खाई में गिर गया.

    लैंसडाउन की उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने बताया कि दुर्घटना के समय वाहन में 12 लोग सवार थे. हादसे में जान गंवाने वालों में छह महिलाएं शामिल हैं. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

    लैंसडाउन से बीजेपी विधायक दिलीप रावत ने बताया कि वाहन में सवार महिलाएं रिखणीखाल में आयोजित एक समूह बैठक में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रही थीं. इसी दौरान कलवाड़ी के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

    हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हज़ार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की.

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि घटना अत्यंत दुःखद है और जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेज़ करने के निर्देश दिए गए हैं.

    मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ़्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं.

  8. संसद में 850 सीटें हुईं तो ये सरकार के लिए ब्लैंकचेक मिलने जैसा होगा - राहुल गांधी

    राहुल गांधी (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी (फ़ाइल फ़ोटो)

    राहुल गांधी नई दिल्ली में केंद्र सरकार और अपने वोट चोरी के दावे को लेकर प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर रहे हैं.

    उनका कहना है कि केंद्र सरकार कह रही है कि लोकसभा में 543 सदस्यों की जगह 850 सदस्य होने चाहिए. इसके लिए वह महिला आरक्षण का तर्क दे रहे हैं.

    राहुल गांधी का दावा है कि ऐसा करके उनके पास भारत के मानचित्र में बड़े राजनीतिक बदलाव करने का मौका होगा. जैसे कोई कोरे कैन्वॉस पर जैसे चाहे वैसे पेंटिंग कर सकता है. ठीक वैसे ही एक बड़ी संसदीय सीटों वाले देश में वे अपने हिसाब से ज़्यादा राजनीतिक बदलाव ला सकते हैं.

    "उनके पास मौका होगा कि वे जिस तरह चाहे भारतीय लोकतंत्र को रीड्रॉ करके ध्वस्त करें." उन्होंने कहा कि इस तरह से क्षेत्रों को रिमैप किया जाएगा, जिसमें वे अपने मुताबिक़ इलाकों और लोगों का चुनाव करेंगे.

    राहुल गांधी ने कहा कि यह कहा जा रहा है कि हर राज्य को समान अनुपात में 50 फ़ीसदी बढ़ी हुई सीटे मिलेंगी. उनका कहना है कि "यह मुद्दा ही नहीं है क्योंकि जब सरकार को 850 सीटें बढ़ाकर एक ब्लैकचेक मिल जाएगा तो वे जैसा मन चाहेंगे, लोकतंत्र में वैसा बदलाव करेंगे."

    ग़ौरतलब है कि अप्रैल में सरकार ने जो प्रस्ताव संसद में पेश किया था, उसमें संसद की सीटें बढ़ाकर 850 सीटें किए जाने का प्रस्ताव था जो पारित होने में विफल रहा.

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, प्रेस कॉन्फ्रे़स में प्रिजेंटेशन देते एलओपी राहुल गांधी

    उन्होंने कहा कि 543 सीटों पर भी कॉन्टीट्यूएंसी बदलकर राजनीतिक बदलाव लाया जा सकता है, मगर 850 जैसे बहुत बड़ी संख्या वाली सीटों पर ये सरकार अपने मनमुताबिक काम कर पाएंगे.

    उन्होंने कहा कि जेनज़ी को इस बात का ध्यान रखना चाहिए, इस तरह नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार आपके भविष्य को तबाह कर देंगे.

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि "परिसीमन करने वालों में पीएम मोदी के चुने एक रिटायर जज होंगे, मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे और तीसरा सदस्य वह होगा जिसे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चुनेंगे. जो कि पहले से आरोपों से घिरे हैं."

  9. मदुरै: तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कड़ी सुरक्षा के बीच जला कार्तिगई दीपम

    मदुरै के तिरुपरंकुंड्रम पहाड़ की चोटी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर 28 नवंबर को शाम 5 बजे कार्तिगई दीपम प्रज्ज्वलित किया गया
    इमेज कैप्शन, मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर 28 नवंबर को शाम 5 बजे कार्तिगई दीपम प्रज्ज्वलित किया गया

    तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार शाम कार्तिगई दीपम प्रज्ज्वलित किया गया.

    यह कार्यक्रम सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की प्रशासनिक समिति की निगरानी में आयोजित किया गया.

    बीबीसी तमिल के मुताबिक़, समिति ने पहले घोषणा की थी कि 28 नवंबर को शाम 5 बजे पहाड़ी की चोटी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा. सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार इसके लिए विशेष तैयारियां की गई थीं.

    सुरक्षा व्यवस्था के तहत तिरुपरनकुंद्रम मंदिर और पहाड़ी क्षेत्र में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) की तैनाती की गई थी.

    बता दें कि तमिलनाडु के मदुरै में स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी हिन्दुओं और मुसलमानों, दोनों के लिए धार्मिक महत्व रखती है. पहाड़ी पर एक ओर प्रसिद्ध तिरुपरनकुंद्रम सुब्रमण्य स्वामी मंदिर है, जो भगवान मुरुगन के छह प्रमुख तीर्थस्थलों (आरुपडई वीडु) में से एक माना जाता है. वहीं पहाड़ी पर सिकंदर दरगाह भी स्थित है, जहां मुस्लिम श्रद्धालु जाते हैं.

    सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त किए गए तो रिटायर्ड जजों की मौजूदगी में यह कार्यक्रम हुआ
    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त किए गए तो रिटायर्ड जजों की मौजूदगी में यह कार्यक्रम हुआ

    कार्यक्रम से पहले सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त सेवानिवृत्त न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन और वी. पार्थिबन ने तिरुपरनकुंद्रम सुब्रमण्य स्वामी मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया.

    इसके बाद दोनों न्यायाधीश दीप प्रज्ज्वलन के लिए आवश्यक सामग्री के साथ पहाड़ी मार्ग से ऊपर गए.

    उधर, पहाड़ी पर स्थित सिकंदर दरगाह में भी विशेष दुआ और प्रार्थना का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती गई थी.

    स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई थी कि पूरे कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न होगा.

    दीप प्रज्ज्वलित होने के साथ ही कार्तिगई दीपम का यह आयोजन बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुआ.

    प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए हैं.

  10. ग़ज़ा के क्लिनिक में काम करने वाले दो लोगों की हमले में मौत, इसराइल ने हमास से जुड़ा बताया

    ग़ज़ा
    इमेज कैप्शन, डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स ने इस हमले को अपने लिए 'सीधा झटका' बताया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइली सेना ने दावा किया है कि उसने ग़ज़ा में हमास के दो सदस्यों को मार गिराया है.

    ये दोनों लोग वहां एक क्लिनिक में काम करते थे. यह क्लिनिक डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स नाम के संगठन का है.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, ये दोनों व्यक्ति ग़ज़ा शहर के इस क्लिनिक में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करते थे.

    इसराइली सेना ने इनमें से एक को हमास की तोपख़ाना यूनिट का कमांडर बताया है.

    डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स ने दोनों की मौत पर दुख जताया है. संगठन ने इस हमले को अपने लिए 'सीधा झटका' बताया है.

    संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "हमारी इमारतों पर डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स के निशान साफ़ तौर पर लगे हुए थे. हमने इसराइली सेना को अपने ठिकानों की जानकारी दी थी और उसे इनके बारे में पता था."

    डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स ने पहले कहा था कि इन दो कर्मचारियों की मौत के साथ ग़ज़ा में मारे गए उसके कर्मचारियों की संख्या 17 हो गई है.

    इसराइली सेना ने अस्पताल को निशाना बनाने या स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को नुक़सान पहुंचाने से इनकार किया है.

    सेना ने टेलीग्राम पर एक बयान में लिखा, "यह अंतरराष्ट्रीय संगठनों में हमास के 'आतंकवादी संगठन' की घुसपैठ का एक और उदाहरण है."

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, अफ़ग़ानिस्तान में स्कूल में विस्फोट, बच्चों समेत कम से कम दस लोगों की मौत, 100 घायल

    अफ़ग़ानिस्तान
    इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान के स्कूल में विस्फोट के दौरान घायल बच्चे का अस्पताल में इलाज चल रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान के एक स्कूल में हुए धमाके में सात बच्चों समेत दस लोगों की मौत हो गई और कम से कम 100 लोग घायल हैं. मरने वालों में दो महिलाएं शामिल हैं.

    बीबीसी की पश्तों सर्विस के मुताबिक़, यह घटना शनिवार सुबह कुनार प्रांत की राजधानी असदाबाद के अंदारसैर इलाक़े में हुई.

    कुनार के सूचना और संस्कृति विभाग के प्रमुख समीउल्लाह हक़बयान ने बीबीसी को बताया कि धमाका शनिवार सुबह क़रीब 10 बजे हुआ.

    स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि धमाका राजधानी असदाबाद के अंदार सिर इलाक़े में हुआ.

    कुनार के एक अधिकारी ने कहा कि यह धमाका स्थानीय लोगों के खदानों में विस्फोट करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले विस्फोटकों की वजह से हुआ.

    अधिकारी के मुताबिक़, बारूद असदाबाद के एक घर में रखा गया था, जिसकी दीवार एक स्कूल से लगी हुई थी.

    तालिबान सरकार के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल मतीन क़ानी ने बीबीसी से कहा, "शुरुआती जांच के आधार पर यह धमाका स्कूल के पास मौजूद एक खनन कंपनी के विस्फोटक गोदाम में लापरवाही और असावधानी की वजह से हुआ. घटना की पूरी जानकारी के लिए आगे की जांच जारी है."

  12. संविधान संशोधन विधेयक को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने ये फ़ायदे गिनाए

    गृहमंत्री अमित शाह
    इमेज कैप्शन, गृहमंत्री अमित शाह ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक को लेकर प्रतिक्रिया दी है

    गृहमंत्री अमित शाह ने संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने वाले संविधान संशोधन विधेयक को लेकर बयान दिया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिए एक पोस्ट में उन्होंने बीते शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट में मंजूर हुए 132वें संविधान संशोधन विधेयक की तारीफ़ की.

    अमित शाह ने कहा कि इस विधेयक के जरिए राज्यों में जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने का रास्ता साफ़ होगा.

    केंद्रीय कैबिनेट में पास होने के बाद ही कोई विधेयक सरकार की ओर से संसद में पेश किया जाता है.

    केंद्र सरकार ने घोषणा की है कि वह 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाएगा.

    अमित शाह ने यह भी कहा कि विशेष रूप से अनुच्छेद 170(1) में प्रस्तावित संशोधन के तहत राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर लगभग 650 किए जाने का प्रावधान जनसंख्या के अनुरूप बेहतर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करेगा.

    साथ ही उन्होंने अपने बयान में उत्तर प्रदेश का विशेष रूप से ज़िक्र करते हुए लिखा है, "इस प्रावधान से उत्तर प्रदेश अविभाजित रहते हुए विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व बढ़ा सकेगा.''

    साथ ही, महिलाओं को मिलने वाले एक-तिहाई आरक्षण से प्रदेश की महिलाओं को अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधित्व मिलेगा."

  13. लखनऊ: केजीएमयू में रैगिंग के ख़िलाफ़ कड़ा रुख़, 38 एमबीबीएस स्टूडेंट्स पर ये एक्शन, प्रेरणा, बीबीसी संवाददाता

    एंटी रैगिंग
    इमेज कैप्शन, केजीएमयू में रैगिंग से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई (प्रतीकात्मक फ़ोटो)

    लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी(केजीएमयू) ने जूनियर्स से रैगिंग के मामले में 38 एमबीबीएस स्टूडेंट्स पर कार्रवाई की है.

    केजीएमयू प्रवक्ता केके सिंह ने मीडिया को दिए बयान में बताया कि एंटी रैगिंग कमेटी की सिफ़ारिश पर रैगिंग के आरोपी 38 मेडिकल स्टूडेंट्स को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है.

    उन्होंने बताया कि इस मामले में एमबीबीएस 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के 2 स्टूडेंट्स पर कार्रवाई हुई है.

    इन सभी विद्यार्थियों पर 25-25 हज़ार रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

    यह भी जानकारी मिली है कि इन निलंबित स्टूडेंट्स को हॉस्टल में भी तीन महीने तक रहने नहीं दिया जाएगा.

    साथ ही उनकी एक साल तक स्कॉलरशिप पर भी रोक लगाई गई है.

    केजीएमयू प्रवक्ता केके सिंह
    इमेज कैप्शन, केजीएमयू प्रवक्ता केके सिंह

    केके सिंह ने यह भी बताया कि अगर इनमें से कोई स्टूडेंट किसी अन्य स्कॉलरशिप का लाभ प्राप्त करने योग्य हैं तो भी यूनिवर्सिटी उन्हें रिकमेंड नहीं करेगी.

    सोशल मीडिया पर वायरल हुए रैगिंग से जुड़े एक वीडियो के सामने आने के बाद केजीएमयू प्रशासन ने यह कार्रवाई की है.

    रैगिंग का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें जूनियर स्टूडेंट्स को लाइन में खड़े होकर सीनियर्स का अभिवादन करने के लिए मजबूर करते देखा गया.

    इस वीडियो के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच कराई जिसमें दोषी पाए गए स्टूडेंट्स पर कार्रवाई हुई है.

  14. पेरू में सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश, आठ सैन्यकर्मियों की मौत, जेसिका लैम्ब

    पेरू
    इमेज कैप्शन, पेरू के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि हादसे में पायलट ही एकमात्र जीवित बचा है

    पेरू में एक हेलीकॉप्टर क्रैश होने से सेना के आठ कर्मचारियों की मौत हो गई है.

    यह हादसा देश के एक दूरदराज़ के इलाके में हुआ है, जहां नशीले पदार्थों की खेती और तस्करी होती है.

    बीबीसी न्यूज़ के मुताबिक़, हेलीकॉप्टर गुरुवार रात लापता हो गया था. इससे पहले उसने सेना के तीन जवानों को बचाया था.

    अधिकारियों के मुताबिक़, हेलीकॉप्टर अपुरिमैक, एने और मंतारो नदियों की घाटी में स्थित सनाबाम्बा शहर के पास गिरा. यह इलाका वीआरएईएम के नाम से जाना जाता है.

    हेलीकॉप्टर सेना की एक गश्ती टुकड़ी को वहां से निकालने के मिशन पर था.

    इस इलाके को अक्सर 'कोकीन वैली' भी कहा जाता है.

    यह पेरू की सबसे बड़ी कोका की खेती वाली घाटी है.

    यहां गिरोहों के अलावा पूर्व विद्रोही संगठन शाइनिंग पाथ के बचे हुए सदस्य भी सक्रिय हैं.

    पेरू के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि हादसे में पायलट ही एकमात्र जीवित बचा है. हेलीकॉप्टर क्रैश होने की वजह अभी पता नहीं चल पाई है.

    मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि तलाशी और बचाव अभियान के दौरान हेलीकॉप्टर और उसमें सवार नौ सैन्यकर्मियों का पता लगाया गया.

    हालांकि, यह नहीं बताया गया है कि उन जवानों को किस वजह से बचाने की ज़रूरत पड़ी थी.

    लेकिन अधिकारियों ने पुष्टि की है कि वे भी हेलिकॉप्टर हादसे में मारे गए लोगों में शामिल थे.

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  16. अभिजीत दीपके का दावा- डीलिमिटेशन से बदल सकते हैं चुनावी नतीजे

    अभिजीत दीपके
    इमेज कैप्शन, अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि इससे बीजेपी को फ़ायदा होगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने डीलिमिटेशन (परिसीमन) के संभावित चुनावी असर को लेकर एक पोस्ट किया है.

    उन्होंने कहा कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलने से बीजेपी को बिना नए वोट मिले भी सीटों का फ़ायदा हो सकता है.

    शनिवार को अभिजीत दीपके ने इसके लिए एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखी.

    उनके अनुसार, "1,000 मतदाताओं एक निर्वाचन क्षेत्र में अगर इस क्षेत्र में बीजेपी को 400 और विपक्ष को 600 वोट मिलते हैं, तो विपक्ष यह सीट जीत जाएगा."

    "लेकिन परिसीमन के बाद इसी क्षेत्र को 500-500 मतदाताओं वाले दो निर्वाचन क्षेत्रों में बांट दिया जाए, तो नतीजा बदल सकता है. पहले निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी को 260 और विपक्ष को 240 वोट मिलते हैं. इस तरह बीजेपी यह सीट जीत जाती है. दूसरे निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी को 140 और विपक्ष को 360 वोट मिलते हैं. यहां विपक्ष जीत जाता है."

    उन्होंने दावा किया कि इस तरह पहले जहां विपक्ष के पास एक सीट थी, वहीं परिसीमन के बाद बीजेपी और विपक्ष दोनों को एक-एक सीट मिलती है.

    दीपके ने कहा, "इस स्थिति में विपक्ष अपनी मौजूदा सीट बरकरार रखता है. शायद यही वजह है कि कुछ दल परिसीमन का समर्थन कर रहे हैं. लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए कि बीजेपी को उस इलाके में भी एक सीट मिल जाती है, जहां पहले उसकी कोई सीट नहीं थी."

    उन्होंने कहा, "परिसीमन से बीजेपी को भविष्य में यही चुनावी फ़ायदा मिल सकता है. मतदाता वही रहते हैं और उनके वोट देने का रुझान भी नहीं बदलता, लेकिन निर्वाचन क्षेत्रों की नई सीमाएं चुनाव के नतीजे बदल देती हैं."

    गुरुवार को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने बताया था कि संसद का विशेष सत्र 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है.

    इस सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन से संबंधित संशोधित विधेयक फिर से पेश करने की तैयारी में है. शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने डीलिमेटेशन बिल को पास कराने की मंज़ूरी दे दी है.

  17. डीलिमिटेशन विधेयक पर अखिलेश यादव, महबूबा मुफ़्ती और संजय सिंह क्या बोले

    अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, विपक्ष के कई नेताओं ने डीलिमिटेशन बिल का विरोध किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    डीलिमिटेशन (परिसीमन) विधेयक को लेकर विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.

    समाजवादी पार्टी, पीडीपी और आम आदमी पार्टी समेत कई विपक्षी दलों ने इस विधेयक का विरोध किया है.

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "बीजेपी के लिए चुनाव ही सब कुछ है, देश नहीं. इसीलिए उसे लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं की चिंता है, देश की सीमाओं की नहीं."

    महबूबा मुफ़्ती ने एक्स पर कहा, "जम्मू-कश्मीर को बार-बार ख़तरनाक राजनीतिक प्रयोगों की प्रयोगशाला बनाया गया है. उन्होंने कहा कि जब जम्मू-कश्मीर में परिसीमन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए थे, तब देश के बाकी हिस्सों ने चुप्पी साधे रखी थी."

    उन्होंने कहा, "आज वही ख़तरा देश के बाकी हिस्सों पर मंडरा रहा है. महबूबा ने चेतावनी दी कि जम्मू-कश्मीर में आज जो प्रयोग किया जा रहा है, उसे कल पूरे देश पर लागू किया जा सकता है."

    वहीं, आप सांसद संजय सिंह ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए परिसीमन विधेयक को 'बीजेपी जिताओ विधेयक' बताया. उन्होंने कहा कि विधेयक पारित होने के बाद असली खेल शुरू होगा.

    संजय सिंह ने आरोप लगाया, "बीजेपी असम और जम्मू-कश्मीर में किए गए प्रयोग को पूरे देश में दोहराना चाहती है."

    वहीं केंद्रीय मंत्री एनडीए सरकार में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इस विधेयक का स्वागत किया है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में कैबिनेट ने महिला आरक्षण को सुनिश्चित किया है. इस ऐतिहासिक निर्णय का मैं स्वागत एवं अभिनंदन करता हूँ. यह कदम विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में बड़ा योगदान देगा."

    गुरुवार को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने बताया था कि संसद का विशेष सत्र 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है.

    इस सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन से संबंधित संशोधित विधेयक फिर से पेश करने की तैयारी में है. शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने डीलिमेटेशन बिल को पास कराने की मंज़ूरी दे दी है.

  18. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ भारत की पहली पारी लड़खड़ाई, छह विकेट गिरे

    टीम इंडिया
    इमेज कैप्शन, भारत की ओर से केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल ख़त्म हो गया है.

    दिन का खेल ख़त्म होने तक भारत ने छह विकेट पर 116 रन बना लिए हैं. ध्रुव जुरेल सात रन बनाकर क्रीज़ पर हैं.

    भारत की ओर से केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 25 रन बनाए.

    पहली पारी में न्यूज़ीलैंड की टीम 356 रन पर ऑलआउट हो गई.

    न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से टॉम ब्लंडेल ने सबसे ज़्यादा 89 रन बनाए. कप्तान टॉम लैथम ने 59 रन की पारी खेली.

  19. डीएमके ने डीलिमिटेशन बिल के समर्थन का किया एलान

    मोदी और एमके स्टालिन
    इमेज कैप्शन, शनिवार को डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन की अध्यक्षता में पार्टी सांसदों की बैठक हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    डीलिमिटेशन विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट की मंज़ूरी मिलने के बाद डीएमके ने इसके नए मसौदे का समर्थन करने का एलान किया है.

    बीबीसी तमिल के मुताबिक़, शनिवार को डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन की अध्यक्षता में पार्टी सांसदों की बैठक हुई जिसके बाद डीएमके सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री ए राजा ने पत्रकारों से बात की.

    उन्होंने कहा, "1971 में डीएमके समेत सभी राजनीतिक दलों ने मिलकर संसद में सीटों की संख्या तय की थी. उस समय तमिलनाडु की दो सीटें कम हुई थीं. इसके बावजूद डीएमके ने देश के हित में इसे स्वीकार किया था."

    ए राजा ने कहा कि हर राज्य को एक निश्चित हिस्सेदारी दी गई है और उसमें बदलाव नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा, "अब दो सीटें कम नहीं हो रही हैं, बल्कि अतिरिक्त सीटें मिलने वाली हैं."

    उन्होंने कहा कि पिछले परिसीमन के दौरान तमिलनाडु की हिस्सेदारी 7.18 थी. उचित परिसीमन के लिए इस हिस्सेदारी को बरकरार रखना ज़रूरी है.

    उनके मुताबिक़, कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दलों ने भी यही मांग की थी.

    ए राजा स्टालिन
    इमेज कैप्शन, सांसद ए. राजा डीएमके नेता एम.के. स्टालिन के साथ

    ए राजा ने आगे कहा, "यह फ़ैसला उसी प्रस्ताव के मुताबिक़ लिया गया है. टीवीके सरकार की ओर से लाए गए प्रस्ताव के दौरान भी हमने यही मांग रखी थी कि तमिलनाडु की हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए. हमने उसी आधार पर अपना रुख़ तय किया है. राष्ट्रीय स्तर और विधानसभा में लिए गए फ़ैसलों के आधार पर ही यह निर्णय लिया गया है."

    केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने बताया था कि संसद का सत्र 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है.

    इस सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन से संबंधित संशोधित विधेयक फिर से पेश करने की तैयारी में है. शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने डीलिमेटेशन बिल को पास कराने की मंज़ूरी दे दी है.

  20. महिला आरक्षण और डीलिमिटेशन पर बसपा अध्यक्ष मायावती ने क्या कहा?

    मायावती
    इमेज कैप्शन, मायावती ने महिला आरक्षण में एससी और एसटी की महिलाओं के लिए अलग से प्रावधान करने की मांग की (फ़ाइल फ़ोटो)

    बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) अध्यक्ष मायावती ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फ़ीसदी आरक्षण देने के केंद्र सरकार के फ़ैसले का स्वागत किया है.

    शनिवार को उन्होंने एक्स पर कहा, "उनकी पार्टी शुरू से ही महिलाओं को राजनीति में उचित अवसर देने की पक्षधर रही है. बीएसपी लगातार मांग करती रही है कि महिलाओं के लिए 33 फ़ीसदी आरक्षण जल्द से जल्द लागू किया जाए."

    हालांकि, उन्होंने कहा, "बेहतर होता अगर अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) की महिलाओं के लिए इसमें अलग से आरक्षण का प्रावधान किया जाता."

    मायावती ने केंद्र सरकार से इस मांग पर विचार करने की अपील की है.

    उन्होंने लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या 50 फ़ीसदी बढ़ाने से जुड़े तीन विधेयकों का ज़िक्र करते हुए डीलिमिटेशन प्रक्रिया पर अपनी बात रखी.

    मायावती ने कहा, "डीलिमिटेशन (परिसीमन) के दौरान सीटों की सीमाएं तय करने में गड़बड़ी करके राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ साधने के आरोप कोई नई बात नहीं हैं."

    उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियां अक्सर देश और जनता के हितों से ज़्यादा अपनी पार्टी के हितों को महत्व देती हैं.

    केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को संसद का विशेष सत्र बुलाने का एलान किया. शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने डीलिमेटेशन बिल को पास कराने की मंज़ूरी दे दी है.