कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा- 'संसद की स्थायी समिति में यूपीआई टैक्स प्रस्ताव पर नहीं हुई थी चर्चा'

इमेज स्रोत, ANI
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में पार्टी के उप नेता गौरव गोगोई ने कहा है कि संसद की वित्त संबंधी स्थायी समिति ने हाल ही में मोदी सरकार की ओर से घोषित यूपीआई टैक्स प्रस्ताव पर चर्चा नहीं की थी.
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया, "जब वित्त विभाग के अधिकारी वित्त संबंधी समिति के सदस्यों से मिले थे, तब उनके पास यूपीआई टैक्स को लेकर कोई विशेष प्रस्ताव नहीं था."
गौरव गोगोई के मुताबिक़, "एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) की ज़रूरत पर सवाल उठाए गए थे, लेकिन उस समय सरकार के प्रतिनिधियों के पास कोई स्पष्ट या संतोषजनक जवाब नहीं था."
गौरव गोगोई ने लिखा, "मैं फिर से कह रहा हूं कि हाल की यूपीआई टैक्स पॉलिसी छोटे व्यापारियों, विक्रेताओं और कारोबारों को नुक़सान पहुंचाने वाली हैं और यह बड़ी अमेरिकी कंपनियों के फ़ायदे के लिए है."
उन्होंने लिखा, "टैक्स वापस लें और प्रधानमंत्री मोदी, आत्मसमर्पण करना बंद करें."
वहीं कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने गौरव गोगोई के पोस्ट को शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि संसद की स्थायी समितियों की कार्यवाही, जिन्हें विशेषाधिकार प्राप्त और गोपनीय माना जाता है, उसका इस्तेमाल अब सरकार अपनी उपलब्धियां गिनाने और राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए कर रही है."
मनीष तिवारी के मुताबिक़, ये कहना कि यूपीआई से जुड़े हालिया फ़ैसले का समिति के "कुछ सदस्यों ने समर्थन किया था", संसद की समिति की गोपनीय कार्यवाही को ग़लत और भ्रामक तरीके से पेश करना है.














