अमेरिका ने क्यों हटाया ‘मिस्टर सिंह वापस जाओ’ वाला विज्ञापन

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी ने गुरुवार को “मिस्टर सिंह” से अमेरिका से स्वेच्छा से चले जाने की अपील करने वाला विज्ञापन हटा दिया है.
भारतीय-अमेरिकी संगठनों और डेमोक्रेटिक नेताओं ने इसे ''नस्लवादी प्रोपेगैंडा'' बताते हुए इसकी आलोचना की थी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ होम लैंड सिक्योरिटी ने बिना लाइसेंस वाले कॉमर्शियल ड्राइवरों के ख़िलाफ़ अपने अभियान के तहत एक्स पर एआई से बनाई गई तस्वीर का इस्तेमाल किया था.
इसमें दाढ़ी वाले एक सांवले रंग के व्यक्ति को दिखाया गया था और लिखा था, ''हमारी सड़कों से चले जाओ, तुम्हें गाड़ी चलाना नहीं आता, मिस्टर सिंह.''
इस विज्ञापन पर भारतीय-अमेरिकी और सिख अधिकारों की वकालत करने वाले संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई.
कैलिफ़ोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम और सांसद राजा कृष्णमूर्ति समेत डेमोक्रेटिक नेताओं ने भी इसका विरोध किया था.












