यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की बोले- हम हमले रोकने को तैयार बशर्ते रूस भी ऐसा करे

यूक्रेन जंग को रोकने की कोशिशों को तेज़ करने के लिए अमेरिका के दो राजनयिक शनिवार को रूस पहुंचे हैं. इस पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने प्रतिक्रिया दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और सौरभ यादव

  1. सहारनपुर: कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद गिराई गई, सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया था 'अवैध'

    सहारनपुर मस्जिद
    इमेज कैप्शन, सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत ने पिछले महीने मस्जिद को अवैध घोषित करते हुए इसे गिराने का आदेश दिया था

    उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में बनी मस्जिद शनिवार सुबह गिरा दी गई. मस्जिद एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में गिराई गई.

    सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत ने पिछले महीने मस्जिद को अवैध घोषित करते हुए इसे गिराने का आदेश दिया था.

    कोर्ट के आदेश को बरक़रार रखे जाने के बाद डीएम कार्यालय परिसर में मस्जिद गिराने की कार्रवाई शुरू हुई.

    इस मामले पर सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह ने कहा, "सहारनपुर के कलेक्ट्रेट में एक मस्जिद थी, जिसे सिटी मजिस्ट्रेट के कोर्ट ने अवैध पाया था. यह सरकारी ज़मीन थी. इस आदेश के ख़िलाफ़ मस्जिद कमिटी ने अपील की थी, जो ख़ारिज हो गई. इसी अवैध निर्माण को हटाने के लिए कार्रवाई की गई."

    डीआईजी ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए सहारनपुर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और सोशल मीडिया पर भी नज़र रखी जा रही है.

    उन्होंने कहा कि इस मामले में कोई भी अफ़वाह फैलाने पर कार्रवाई की जाएगी.

    इस मामले पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "हमारे लोग पूरी रात जागते रहे. हम अधिकारियों से लगातार संपर्क करने की कोशिश करते रहे. सारी जानकारी देने के बावजूद मस्जिद तोड़ दी गई. दरअसल मस्जिद नहीं तोड़ी गई है, वहां संविधान की धज्जियाँ उड़ाई गई हैं."

    उन्होंने कहा, "यह मस्जिद सन 1911 से भी पहले की है. आज भी मस्जिद की मिल्कियत वहिद खां और याकूब खां के नाम है. सारी जानकारी देने के बाद भी सिटी मजिस्ट्रेट ने आदेश दिया. हाई कोर्ट में हर बात को नज़रअंदाज किया गया. न तो वक़्फ बोर्ड को मामले में पक्ष बनाया गया और न ही उसे कार्यवाही में शामिल किया गया.''

    इमरान मसूद ने आरोप लगाया,"मस्जिद को चारों तरफ से घेर लिया गया. लोगों को उनके घरों में क़ैद कर दिया गया. इसके बाद मस्जिद गिरा दी गई."

  2. बिहार: पटना समेत कई ज़िलों में बाढ़ का ख़तरा बढ़ा, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    पटना के दीघा इलाक़े में बाढ़ के पानी से घिरा एक मकान
    इमेज कैप्शन, पटना के दीघा इलाक़े में बाढ़ के पानी से घिरा एक मकान

    बिहार के पटना में गंगा नदी के गांधी घाट पर जल स्तर में पिछले तीन घंटे में 8 सेंटीमीटर की अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

    बिहार के जल संसाधन विभाग के मुताबिक़ यहां शनिवार सुबह 9 बजे का जल स्तर 50.51 सेंटीमीटर दर्ज किया गया है, जो उच्चतम जल स्तर (एचएफ़एल) से एक सेंटीमीटर ही नीचे है.

    नए पूर्वानुमान के अनुसार, यह उच्चतम जल स्तर क्रॉस कर सकता है.

    प्रशासन ने लोगों को ज़रूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है.

    पटना के दानापुर और मनेर ब्लॉक में गंगा और सोन नदी का जलस्तर काफ़ी बढ़ गया है
    इमेज कैप्शन, पटना के दानापुर और मनेर ब्लॉक में गंगा और सोन नदी का जलस्तर काफ़ी बढ़ गया है

    गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से दीघा के नकटा दियारा इलाक़े में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है.

    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बिहार के कई ज़िलों में बाढ़ की स्थिति पर कहा, "बाढ़ की स्थिति पर लगातार मुख्यमंत्री खुद निगरानी कर रहे हैं. सरकार का पूरा ध्यान है. हम सभी का प्रयास है कि लोगों को इस आपदा के समय में भी कम से कम समस्या हो."

    सारण ज़िले में कई इलाक़े के लोग बाढ़ की वजह से प्रभावित हुए हैं
    इमेज कैप्शन, सारण ज़िले के कई इलाक़े में लोग बाढ़ की वजह से प्रभावित हुए हैं

    गंगा, सरयू और गंडक का जलस्तर बढ़ने से सारण में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, कई पंचायतें प्रभावित हैं.

  3. न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने स्कूलों को लेकर किया अहम फ़ैसला

    ज़हरान ममदानी
    इमेज कैप्शन, इस नीति के तहत स्कूलों में बच्चों के स्क्रीन टाइम को लेकर नए दिशा-निर्देश भी लागू किए जाएंगे

    अमेरिका में न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने शहर के सरकारी स्कूलों में जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल पर अस्थायी रोक की घोषणा की है.

    जनरेटिव एआई चैटजीपीटी की तरह ऐसे एल्गोरिदम हैं जो यूज़र के दिए निर्देश या प्रॉम्प्ट के आधार पर कंटेंट तैयार कर सकते हैं.

    ज़ोहरान ममदानी ने घोषणा की कि स्कूल अगले सत्र में प्राथमिक और मिडिल स्कूल के छात्रों, यानी 14 साल तक की उम्र के बच्चों को एआई का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी. इस फैसले से क़रीब 6 लाख छात्र प्रभावित होंगे.

    ममदानी ने कहा, "बच्चों को सीखने और आगे बढ़ने के लिए अपने शिक्षकों और मानवीय जुड़ाव की ज़रूरत होती है."

    "उन्हें अपने साथियों के साथ मिलकर हुनर विकसित करने, शिक्षकों के साथ संबंध बनाने और कठिन समस्याओं से ख़ुद निपटने की जरूरत है."

    इस नीति के तहत स्कूलों में बच्चों के स्क्रीन टाइम को लेकर नए दिशा-निर्देश भी लागू किए जाएंगे.

    सिफारिश की गई है कि तीसरी से पांचवीं कक्षा के छात्रों का स्कूल में स्क्रीन टाइम 30 मिनट तक सीमित होना चाहिए. वहीं छठी से आठवीं कक्षा के छात्रों के लिए यह सीमा 45 मिनट होगी.

    हाई स्कूल समेत सभी कक्षाओं के छात्रों को कंपेनियन चैटबॉट के इस्तेमाल पर रोक होगी.

    हाई स्कूल के छात्रों को साल में दो बार एआई की जानकारी के लिए पढ़ाई करनी होगी. साथ ही पूरे साल एआई शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों की जांच की जाएगी.

    मेयर ममदानी ने कहा कि इस नीति की पूरे साल क़रीबी निगरानी की जाएगी. उन्होंने कहा कि नीति "पत्थर की लकीर" नहीं है और अधिकारी यह देखेंगे कि नीति कारगर है या नहीं.

  4. बीबीसी की रिपोर्ट के बाद कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने 'आम जनमत पार्टी' को लेकर की ये मांग

    दिग्विजय सिंह
    इमेज कैप्शन, बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक़ साल 2022-23 में आम जनमत पार्टी को 216 करोड़ रुपये मिले और फिर साल 2023-24 में चंदा बढ़कर 620 करोड़ रुपये हो गया (सांकेतिक तस्वीर)

    भारत की काग़ज़ी राजनीतिक दलों पर बीबीसी की रिपोर्ट के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने चुनाव आयोग और सरकार से मामले की जांच की मांग की है.

    दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में सवाल किया, "क्या चुनाव आयोग आम जनमत पार्टी के बैंक अकाउंट की छानबीन कराएगा? क्या वित्त मंत्रालय इसकी ईडी और आईटी विभाग से जाँच कराएगा?”

    इस पोस्ट में बीबीसी की रिपोर्ट को शेयर करते हुए सवाल किया गया है, "ये पार्टी अब बिहार से गुजरात चली गई. लेकिन जिसके बैंक अकाउंट में 620 करोड़ रुपये हैं, वह अब कहाँ है? उसका अकाउंट अभी भी चालू है. चंदा अभी भी स्वीकार हो रहा है. मोदी है तो सब मुमकिन है."

    चंदा पाने वाली पार्टियां

    इससे पहले बीबीसी न्यूज़ हिन्दी ने अपनी एक खोजी रिपोर्ट में भारत के उन काग़ज़ी राजनीतिक दलों के बारे में बताया था कि जिन्हें सैकड़ों करोड़ का चंदा मिलता है, लेकिन वे चुनाव बहुत कम लड़ती हैं.

    बीबीसी ने बताया है कि साल 2022-23 में आम जनमत पार्टी को 216 करोड़ रुपये मिले और फिर साल 2023-24 में चंदा बढ़कर 620 करोड़ रुपये हो गया. जबकि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में उसने केवल एक उम्मीदवार उतारा था.

  5. शांति समझौते की एक और कोशिश में अमेरिकी दूत करेंगे रूस और यूक्रेन का दौरा, जारोस्लाव ल्युकीव

    कुशनर और विटकॉफ
    इमेज कैप्शन, कुशनर और विटकॉफ कई बार रूस का दौरा कर चुके हैं, लेकिन प्रस्तावित बातचीत में वे पहली बार यूक्रेन जा रहे हैं

    रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म कराने की एक और कोशिश में अमेरिकी वार्ताकार स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर रूस और यूक्रेन का दौरान करने वाले हैं.

    इस दौरे का मक़सद रूस और यूक्रेन को युद्धविराम समझौते तक लाना है.

    दौरों के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "वे युद्ध ख़त्म करने का प्रस्ताव लेकर जा रहे हैं."

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेंलेंस्की ने पुष्टि की है कि वह रविवार को दोनों अमेरिकी दूतों से मुलाक़ात करेंगे. इससे पहले शनिवार को दोनों अमेरिकी दूत मॉस्को जाकर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत करेंगे.

    विटकॉफ और कुशनर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से शांति समझौता कराने के प्रयासों का नेतृत्व कर रहे हैं. हालांकि, दोनों युद्धरत पक्षों के बीच अभी भी बड़ा मतभेद बना हुआ है.

    ट्रंप के दामाद कुशनर और विटकॉफ कई बार रूस का दौरा कर चुके हैं, लेकिन प्रस्तावित बातचीत यूक्रेन में उनकी पहली यात्रा होगी.

    जेलेंस्की ने कहा कि वह अमेरिकी दूतों की यात्रा के दौरान रूसी हवाई क्षेत्र की सुरक्षा की गारंटी देंगे और रूस से भी यूक्रेन के लिए ऐसा ही करने की अपील की.

  6. ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध को कहा ‘मामूली बात’, दी नए हमले की चेतावनी

    ट्रंप ने कहा है कि बहुत से लोग ईरान के साथ संघर्ष को युद्ध नहीं मानते
    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा है कि बहुत से लोग ईरान के साथ अमेरिका के संघर्ष को युद्ध नहीं मानते

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को पत्रकारों से कहा कि अमेरिका बहुत जल्द ईरान में स्थित कलांग पर्वत पर हमला कर सकता है.

    नतांज़ परमाणु संयंत्र के पास स्थित माउंट कलांग एक क़िलेबंद ठिकाना है, जिसमें दो कई गहरे सुरंग मौजूद हैं.

    ट्रंप ने साथ ही कहा कि ईरान के साथ अमेरिका का संघर्ष कोई बड़ी बात नहीं है.

    उन्होंने कहा, "बहुत से लोग इसे युद्ध नहीं कहते. मैं इसे सैन्य संघर्ष कहता हूं, क्योंकि यह हमारे लिए बहुत मामूली है. यह कोई बड़ी बात नहीं है."

    ट्रंप ने कहा, "हमने वेनेज़ुएला में कार्रवाई की और हमने उसे अंजाम दिया. वेनेज़ुएला में हमारा कोई हताहत नहीं हुआ. ईरान के साथ संघर्ष में हमने 18 लोग खोए. वियतनाम में हमने एक लाख लोग खोए थे."

    इससे पहले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी कहा था कि ईरान में महीनों से जारी अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को युद्ध नहीं कहा जाना चाहिए. उन्होंने इसे "सैन्य संघर्ष" बताया और कहा कि अमेरिका के लिए यह "बहुत मामूली" है.

  7. ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आने पर ‘थाईलैंड-दिल्ली फ्लाइट’ के पायलट को एयर इंडिया ने हटाया

    एयर इंडिया के एक विमान के 4 अगस्त को उड़ान के दौरान अचानक क़रीब 300 फीट नीचे आने के बाद पायलट की जांच चल रही थी (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, एयर इंडिया के एक विमान के 4 अगस्त को उड़ान के दौरान अचानक क़रीब 300 फीट नीचे आने के बाद पायलट की जांच चल रही थी (सांकेतिक फ़ोटो)

    एयर इंडिया ने फुकेत-दिल्ली फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड की सेवाएं समाप्त कर दी हैं. पायलट का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ एयरलाइन ने यह घोषणा जांच एजेंसी एयरक्राफ़्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की फुकेत फ्लाइट घटना पर आई शुरुआती रिपोर्ट के कुछ घंटे बाद की.

    रिपोर्ट में पायलट के ड्रग इस्तेमाल को गंभीर चिंता का विषय बताया गया था और नियामक डीजीसीए से उचित कार्रवाई करने को कहा गया था.

    एयर इंडिया ने एक बयान में कहा, "फुकेत-दिल्ली फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड का साइकोएक्टिव (नशीले) पदार्थ का टेस्ट पॉजिटिव आया. सुरक्षा और फिटनेस ज़रूरतों के उल्लंघन को लेकर एयर इंडिया की ज़ीरो-टॉलरेंस नीति के तहत पायलट की नौकरी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है."

    ठीक एक महीने पहले चार अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के एयरबस ए320 की ऊंचाई अचानक लगभग 91 मीटर (300 फ़ीट) कम हो गई.

    इससे 13 यात्री और चार क्रू सदस्य घायल हो गए. 137 यात्रियों और आठ क्रू सदस्यों वाला यह विमान दिल्ली में सुरक्षित उतर गया.

    इसी घटना की जांच के सिलसिले में पाया गया कि पाटलट ने नशीले पदार्थ का सेवन किया था.

  8. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.